Download
Mobile App

android apple
signal

June 8, 2025 10:14 PM

printer

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के संकल्प में देश की नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी को महत्‍वपूर्ण बताया।

  • सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में अग्रिम चौकियों पर परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।

  • मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्‍थान और उत्‍तर-पश्चिम राज्‍यों के कुछ भागों में तीन दिन और लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भारत के रणनीतिक संबंध प्रगाढ करने के लिए फ्रांस और बेल्जियम की यात्रा पर।

  • रूस ने कहा – उसकी सेनाएं यूक्रेन के पूर्वी-मध्य क्षेत्र नीप्रोपेत्रोवास्‍क तक पहुंची।

  • फ्रेंच ओपन टेनिस में, पुरुष सिंग्‍लस के फाइनल में वर्तमान चैंपियन कार्लोस अल्‍कराज और शीर्ष वरीयता प्राप्‍त खिलाडी यानिक सिनर के बीच मुकाबला जारी।

 

 

———-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की नारी शक्ति विभिन्न क्षेत्रों में उदाहरण प्रस्तुत कर रही है और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय रूप से शामिल हो रही हैं। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि सरकार ने पिछले 11 वर्षों में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर ध्‍यान केंद्रित किया है, जो महत्‍वपूर्ण है। इनमें स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से नारी सम्मान सुनिश्चित करना, जन धन खातों के माध्यम से वित्तीय समावेशन और जमीनी स्तर पर नारी सशक्तिकरण शामिल हैं।

 

 

श्री मोदी ने उज्ज्वला योजना को महत्‍वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे कई घरों की रसोई धुंआ मुक्‍त हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि मुद्रा ऋणों से लाखों महिलाओं का उद्यमी बनने का सपना पूरा हुआ है। नारी शक्ति की यात्रा पर हमारी संवाददाता की रिपोर्ट –

 

 

पिछले दशक में, महिला सशक्तिकरण के प्रति भारत के दृष्टिकोण में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। सरकार की प्रमुख पोषण योजना मिशन पोषण का दूसरा चरण बच्चों, किशोरियों और माताओं पर केंद्रित है। इसका मुख्य हिस्सा पोषण अभियान है, जिसे 2018 में शुरू किया गया था। दो लाख से ज़्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा देने के लिए सुधारा जा रहा है। इसके तहत पोषण भी, पढ़ाई भी जैसी योजनाएं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अच्छी प्री-स्कूल शिक्षा देने के लिए प्रशिक्षण देती हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम और जननी सुरक्षा योजना जैसी योजनाओं ने खासकर गांवों और पिछड़े इलाकों में सुरक्षित प्रसव और मां की देखभाल सुनिश्चित की है। महिलाओं को रोज़मर्रा की ज़िंदगी में सम्मान देने की दिशा में भी बड़े कदम उठाए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से ज़्यादा शौचालय बनाए गए हैं, जिससे महिलाओं की सुरक्षा में सुधार हुआ है। उज्ज्वला योजना के ज़रिए 10 करोड़ से ज़्यादा रसोई गैस कनेक्शन दिए गए, जिससे महिलाओं को धुएं से राहत मिली। जल जीवन मिशन ने 15 करोड़ से ज़्यादा ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचाया है, जिससे पानी लाने का बोझ भी कम हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों के स्कूल में दाखिले की दर 75.5 प्रतिशत से बढ़कर 78 प्रतिशत हो गई है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.2 करोड़ से ज़्यादा खाते खोले गए हैं, जिससे बेटियों के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है। कानूनी सुधारों में भी बड़ा बदलाव लाया गया है। तीन तलाक को खत्म करना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम, जो संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करता है, लैंगिक न्याय और भागीदारी की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। यह सफर केवल मदद देने का नहीं है, बल्कि एक ऐसा भारत बनाने का है जहां महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर सकें। अक्षित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी।

 

———

 

बिहार ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को लागू करने में देश में प्रथम स्‍थान हासिल किया है और स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल व्‍यवस्‍था को डिजीटल रूप में परिवर्तित करने में राष्‍ट्रीय स्‍तर पर सबसे आगे है। बिहार में सरकारी स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा केंद्रों में ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण 92 प्रतिशत और राज्‍य ने रोगी सेवा के लिए क्‍यूआर कोड स्‍कैन करने में सर्वाधिक उच्‍च स्‍थान हासिल किया है।

राज्‍य स्‍वास्‍थ्‍य समिति के प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार ने आकाशवाणी को बताया कि कमान और नियंत्रण केंद्र समन्‍वयक के तौर पर काम कर रहा है। उन्‍होंने बताया कि भविष्‍य में इस तरह केंद्र से 25 हजार अस्‍पताल और जोड़ें जाएंगे।

 

 

डिजिटाइजेशन ऑफ हेल्‍थ सर्विस के बहुत सारे फायदे हम लोगों को दिख रहे हैं। रियल टाइम हम लोगों को इर्न्‍फोमेशन देता है, सारी मॉनिटरिंग होती है। साथ ही साथ हम लोग इसके थ्रू किस तरह से पेशेंट की जर्नी को आसान बनाएं, कम समय लगे, उनको कम परेशानी हो, दवा ढंग से मिल जाए, सारे टेस्‍ट हो जाए और फाइनली उनका इलेक्‍ट्रॉनिक हेल्‍थ रिकॉर्ड भी जनरेट हो जाए, ताकि वो भविष्‍य में अगर किसी फैसिलिटी पे जाता है तो उसके पास कोई  सूचना नहीं रहने पर भी आभा लिंक उनका इलेक्‍ट्रॉनिक हेल्‍थ रिकॉर्ड बन रहा है।

 

———

 

थल सेना अध्‍यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आज उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में अग्रिम सैन्‍य चौकियों पर तैनात सैन्य बलों की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। उन्‍होंने वहां सैनिकों से बातचीत की और देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने सैनिकों से परिचालन तैयारियों में उच्च मानकों को बनाए रखने और निरंतर सतर्क रहने की आवश्‍यकता पर बल दिया। जनरल द्विवेदी ने ज्योतिर्मठ में अपनी तरह के पहले सामुदायिक रेडियो स्टेशन का भी उद्घाटन किया। इस पर शिक्षा, पर्यावरण, मौसम, मनोरंजन, रोजगार, आपदा तैयारी, पर्यटन, स्वास्थ्य और पारंपरिक कलाओं से जुड़े कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे। थल सेना अध्‍यक्ष ने इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए कुछ पूर्व सैनिकों को वेटरन्स अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया।

 

———

 

महाराष्‍ट्र के अहमदनगर में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ के वाहन अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान-वीआरडीई ने दस भारतीय उद्योगों को नौ रक्षा प्रणालियों की तकनीक हस्‍तांतरित की है। तकनीक हस्‍तांतरण समारोह में डीआरडीओ के अध्‍यक्ष डॉक्‍टर समीर वी. कामत शामिल हुए। इस अवसर पर उन्‍होंने डीआरडीओ और उद्योगों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्‍वदेशी उपकरणों के असाधारण प्रदर्शन पर बधाई दी।

 

———

 

गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने  तमिलनाडु में डीएमके सरकार पर जनविरोधी नीतियों में लिप्त होने का आरोप लगाया है। उन्‍होंने मदुरै में पार्टी की बैठक में डीएमके पर 39 हजार 7 सौ 75 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। श्री अमित शाह ने कहा कि डीएमके सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। श्री अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

 

गृह मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहलगाम में अपराध करने वालों को सबक सिखाया गया है।

 

 

 

मैं तमिलनाडु की जनता का इसलिए भी आभार करना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद हमारी वीर सेना और हमारे नेता नरेन्‍द्र मोदी जी के समर्थन में जो तिरंगा यात्रा है तमिलनाडु में निकली है, वो देश के किसी भी हिस्‍से से कम नहीं है।

 

———-

 

भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जर्मनी की अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद आज दिल्ली पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त नहीं करने के भारत के कड़े संदेश को आगे बढ़ाया। यात्रा से लौटने के बाद श्री रविशंकर ने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर यूरोप भारत के साथ खड़ा है।

 

 

 

हर जगह संसद के वरिष्‍ठ लोग, मंत्रीगण, थींक टैंक, मीडिया और भारतीय कम्‍युनिटी से बातचीत हुई। भारत के प्रति पहलगाम के बर्बर आतंकवाद के खिलाफ बहुत गुस्‍सा है और सबोने कन्‍डेम किया है।

———-

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज से फ्रांस, यूरोपीय संघ और बेल्जियम की सात दिन की यात्रा पर हैं। डॉक्‍टर जयशंकर फ्रांस में विदेश मंत्री ज्‍यां नोएल बैरोट के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे फ्रांस के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे और योजनाकारों तथा मीडिया से बातचीत करेंगे। वे भूमध्य सागरीय रायसीना वार्ता में भी शामिल होंगे। यूरोपीय संघ की यात्रा के दौरान, डॉक्‍टर जयशंकर यूरोपीय संघ की शीर्ष प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष काजा कलास के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे। वे यूरोपीय आयोग के शीर्ष नेतृत्व और यूरोपीय संसद के वरिष्ठ सांसदों से भी मिलेंगे। बेल्जियम में, डॉक्टर जयशंकर का उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट के साथ विचार-विमर्श का कार्यक्रम है।

 

———

 

रूस ने कहा है कि उसकी सेनाएं यूक्रेन के पूर्वी-मध्य क्षेत्र के नीप्रोपेत्रोवास्‍क की सीमा तक पहुंच गई है, जिससे दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष बढ गया है। यह सैन्य कदम रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता और हजारों शहीद सैनिकों के शवों की वापसी के बारे में उठे सार्वजनिक विवाद के बीच उठाया गया है। यूक्रेन समर्थक ओपन सोर्स मानचित्रों के अनुसार, रूसी सेना ने एक महीने से भी कम समय में यूक्रेन के सुमी क्षेत्र में 190 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।

इस बीच, यूक्रेन ने भी अपनी सैन्य कार्रवाइयों को बढ़ा दिया है। इसमें रूस के परमाणु-सक्षम बमवर्षक बेड़े और रेलवे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर हाई-प्रोफाइल ड्रोन हमले शामिल हैं।

 

———-

 

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में बुधवार तक लू चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी का अनुमान है।

 

 

मौसम विभाग ने कल तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी भीतरी कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा होने की भी आशंका जताई है।

 

 

 

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों के दौरान तेज़ हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि कल पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, ओडिशा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मौसम गर्मी और उमस भरा रहने की संभावना है, जबकि दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में रात में तापमान अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से गर्मी से बचने के लिए सभी तरह की सावधानी बरतने की सलाह दी है। अनुमान है कि दिल्‍ली में इस दौरान तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। प्रिया मोंडल, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

इस बीच राजस्‍थान के ज्‍यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

———-

 

खेल:-

 

फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स फाइनल में मौजूदा चैम्पियन स्‍पेन के कार्लोज अल्‍कराज का सामना दुनिया के नम्‍बर एक खिलाड़ी इटली के यानिक सिनर से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक सिनर ने पहला सेट 6-4 से जीतकर एक-शून्‍य से बढ़त बना ली है। इससे पहले महिला डबल्‍स का खिताब इटली की सारा ईरानी और जैस्‍मीन पाओलिनी की जोड़ी ने जीता।

 

 

——–

 

ताइवान ओपन एथलेटिक्‍स टूर्नामेंट में भारत ने 12 स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक के साथ कुल 16 पदक हासिल कर अपने अभियान का शानदार समापन किया। चार गुणा चार सौ मीटर रिले स्‍पर्धा में भारतीय पुरूष टीम ने तीन मिनट शून्‍य पांच दशमलव पांच-आठ सेकेंड के समय के साथ स्‍वर्ण पदक जीतने में सफलता पाई। भाला फेंक स्‍पर्धा के महिला वर्ग में अन्‍नू रानी ने जबकि पुरूष वर्ग में रोहित यादव ने स्‍वर्ण पदक जीता। चार सौ मीटर बाधा दौड़ स्‍पर्धा के महिला वर्ग में विथ्‍या रामराज ने स्‍वर्ण पदक जीता। आठ सौ मीटर दौड़ में, महिला वर्ग का स्‍वर्ण पदक पूजा के नाम रहा।

 

——–

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीकमें कल रात साढे नौ बजे शारीरिक और मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य के लिए योग पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें योग विशेषज्ञ डॉक्‍टर सुरक्षित गोस्‍वामी और कमल किशोर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रोता स्‍वास्‍थ्‍य के लिए योगाभ्‍यास और इसके लाभ के बारे में प्रश्न पूछ सकते है।

 

———-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के संकल्प में देश की नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी को महत्‍वपूर्ण बताया।

  • सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में अग्रिम चौकियों पर परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।

  • मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्‍थान और उत्‍तर-पश्चिम राज्‍यों के कुछ भागों में तीन दिन और लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भारत के रणनीतिक संबंध प्रगाढ करने के लिए फ्रांस और बेल्जियम की यात्रा पर।

  • रूस ने कहा – उसकी सेनाएं यूक्रेन के पूर्वी-मध्य क्षेत्र नीप्रोपेत्रोवास्‍क तक पहुंची।

  • फ्रेंच ओपन टेनिस में, पुरुष सिंग्‍लस के फाइनल में मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्‍कराज और शीर्ष वरीयता प्राप्‍त खिलाडी यानिक सिनर के बीच मुकाबला जारी।

 

 

——–