April 8, 2026 9:44 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  1. सरकार ने इस वर्ष खरीफ सीजन के लिए फॉस्फेट और पोटैशियम उर्वरकों पर 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पोषण आधारित सब्सिडी को मंजूरी दी।
  2. असम, केरलम् और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कल।
  3. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहासरकार एलपीजी, पेट्रोल, डीज़ल, उर्वरकों और कोयले की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
  4. भारत ने अमरीका और ईरान के बीच संघर्षविराम समझौते का स्वागत करते हुए बातचीत और कूटनीति पर बल दिया।
  5. अमरीका ने कहासंघर्ष विराम के बाद होर्मुज़ जलडमरूमध्य व्यावसायिक जहाज़ों के लिए खुलने को तैयार। ईरान को हथियार सप्लाई करने वाले देशों पर 50 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने की चेतावनी दी।
  6. अमरीका और ईरान के बीच संघर्षविराम की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाज़ार में तेज़ी। सेंसेक्स में करीब तीन हजार अंक का उछाल और निफ़्टी में 873 अंक की बढ़त।
  7. एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में पी.वी. सिंधु, एच.एस. प्रणॉय और आयुष शेट्टी प्रीक्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचे।

 

*****

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ मौसम 2026 के लिए फॉस्फेट और पोटैशियम उर्वरकों पर 41 हजार 534 करोड़ रुपये की पोषण आधारित सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस फैसले से किसानों को रियायती, किफायती और उचित कीमतों पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि यह सब्सिडी पिछले खरीफ मौसम में दी गई सब्सिडी से चार हजार 317 करोड़ रुपये अधिक है।

 

खरीफ सीजन के लिए न्यूट्रिएंट बेस्‍ड सब्सिडी स्कीम में 415034 करोड़ रूपीज का सब्सिडी का पैकेज माननीय प्रधानमंत्री से नरेंद्र मोदी जी ने कोविड हो चाहे वेस्ट एशिया में कनफ्लिक्ट हो, किसान भाइयों के लिए हमेशा एक तरीके से सेफ्टी शील्ड बनके खड़े हुए हैं और किसी भी तरह के फर्टिलाइजर में ऑप्स एंड डाउन्‍स जो भी आए कभी उसका प्रभाव हमारे किसानों पर पडने नहीं दिया है।

 

सरकार ने जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण में प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को भी स्‍वीकृति दी। इसमें 36 स्टेशन होंगे। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इस परियोजना पर 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।

 

41 किलोमीटर का है, जिसमें 34 तो एलिवेटेड है और 2 किलोमीटर अंडरग्राउंड है। टोटल 13038 करोड़ रूपीस का आउटलेट है। साढे पांच साल में प्रोजेक्ट को कंप्लीट करेंगे और डायरेक्ट जो फेज वन है उसके साथ खासा कोठी में इसका एंट्री चेंज होगा।

 

मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्य समिति ने एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड परियोजना की लागत 43 हजार 129 करोड़ रुपये से बढ़ाकर उनासी हजार 459 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से पेट्रोकेमिकल क्षेत्र की आयात पर निर्भरता कम होगी।

 

श्री वैष्‍णव ने बताया कि समिति ने पूर्वोत्तर राज्यों में दो जलविद्युत परियोजना को भी मंजूरी दी।

 

नॉर्थ ईस्ट में दो हाइड्रो पावर प्लांट्स हैं। बड़े पावर प्लांट्स हैं। एक कमला हाइड्रो पावर प्लांट है यह 1720 मेगावाट का है। 26 हजार करोड़ का है दूसरा कलई टू यह 1200 मेगावाट का है।

 

*****

 

केरलम, असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान कल सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में एक ही चरण में मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी।

 

केरलम् से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्‍य में स्वतंत्र और निष्‍पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा के कडे प्रबंध किए गए हैं।

 

केरलम की 140 सीटों पर 883 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2 करोड़ 71 लाख मतदाता हैं, और कुल 30 हजार 495 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 2 हजार 40 केंद्रों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है। सुरक्षा के कडे इंतजाम किए गए है। लगभग 76 हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इस बीच, मतदान के मद्देनजर कल सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश निजी संस्‍थानों के कर्मचारियों पर भी लागू होगा, ताकि सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरुथी, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

असम में सभी 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। पुद्दुचेरी की सभी 30 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। एक रिपोर्ट-

 

पुद्दुचेरी में 1,099 मतदान केंद्रों में से 209 को संवेदनशील और पाँच को अतिसंवेदनशील चिन्हित किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए इन केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथसाथ पर्यवेक्षकों को भी तैनात किया गया है। महिलाओं द्वारा संचालित 30 ‘पिंकमतदान केंद्र, युवाओं द्वारा संचालित 15 केंद्र और दिव्यांगजनों द्वारा संचालित दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग, बैठने की व्‍यवस्‍था, बिजली, रैंप, संकेतक, पीने का पानी और शौचालय की सुविधा उपलब्‍ध कराई गई है। दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं, जिनमें व्हीलचेयर, और प्रशिक्षित स्वयंसेवक शामिल हैं। सक्षममोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से भी सहायता प्रदान की जा रही है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ, की रिपोर्ट के साथ समाचार, कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

*****

 

उधर, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए कल तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं।

 

*****

 

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार के नेतृत्‍व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पर निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राज्य में भय और अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है।

 

इससे पहले आयोग ने आश्वासन दिया कि राज्‍य में चुनाव किसी भी प्रकार के भय, हिंसा, धमकी, प्रलोभन और बिना किसी बाधा के संपन्न होंगे। आयोग ने तृणमूल कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में यह बात कही।

 

*****

 

गोआ में बंबई उच्‍च न्‍यायालय की पीठ ने पोंडा विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना रद्द कर दी है। इससे नौ अप्रैल को होने वाला मतदान रद्द हो गया है। यह फैसला प्रीतम हरमलकर और अंकिता कामत की याचिकाओं पर सुनवाई के बाद आया है।

 

*****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में पश्चिम एशिया घटनाक्रम पर मंत्रियों के समूह की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की। श्री सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के मद्देनजर उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार एलपीजी, पेट्रोल और डीजल, किसानों के लिए उर्वरक की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है और देश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुगम बना रही है।

 

*****

 

भारत ने अमरीका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम का स्वागत किया है। नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर आयोजित अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी और होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार जारी रहेगा।

 

भारत हमेशा से ही शांति के पक्ष में रहा है। हम शांति के हर पहल का स्वागत करते हैं। हम आशा करते हैं कि पश्चिम एशिया की यह पहला यूक्रेन में भी शांति बहाल करने के प्रयासों को प्रोत्साहित करेगा।

 

सरकार ने आज कहा कि देशभर की खदानों और बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार है। मीडिया को संबोधित करते हुए कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कस्सी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर कोयले की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है और कोयले का पर्याप्त भंडार बनाए रखा गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देशभर में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं

 

घरेलू एलपीजी की सप्लाई नॉर्मल है। सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त स्टॉक अवेलेबल है, कहीं कोई ड्राई आउट रिपोर्टेड नहीं है। लगभग 95 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही है और लगभग 91 प्रतिशत रिफिल की डिलीवरी डीएससी कोड के साथ हो रही है। और यह 91 परसेंट जो फिगर है वो ये इंश्‍योर करता है कि डायवर्सन ना हो।

 

*****

 

विदेश मंत्रालय ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भारतीय दूतावास के समन्वय और अधिकारियों द्वारा सुझाए गए मार्गों का उपयोग करते हुए शीघ्र ही ईरान छोड़ने की सलाह दी है। मंत्रालय ने कहा है कि दूतावास से पूर्व परामर्श और समन्वय के बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास जाने का प्रयास न करें। साथ ही, उनसे आधिकारिक अपडेट पर नज़र रखने का अनुरोध किया गया है।

 

*****

 

अमरीका ने कहा है कि युद्धविराम के अंतर्गत होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्‍ते वाणिज्यिक जहाजों का आवागमन फिर शुरू होने वाला है। इस बीच राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान को सैन्य हथियार की आपूर्ति करने वाले देशों पर 50 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की चेतावनी दी है। यह शुल्‍क तत्काल प्रभाव से लागू होगा। श्री ट्रम्प ने दावा किया था कि ईरान एक समझौते के अंतर्गत अपने यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को रोकने पर सहमत हो गया है।

 

*****

 

पश्चिम एशिया संघर्ष विराम समझौते के बाद खाड़ी देशों के हालात में भी राहत देखी जा रही है। एक रिपोर्ट-

 

पश्चिम एशिया में, युद्धविराम की घोषणा से ऊर्जा बाजारों और समुद्री व्‍यापारिक मार्गों को राहत मिली है, लेकिन अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। होर्मुज जलडमरूमध्य अभी आंशिक रूप से ही चालू है। सौ से अधिक टैंकर फंसे हुए हैं, बीमा कंपनियां सतर्क हैं और ऊर्जा कारोबारी भूराजनीतिक जोखिम को ध्यान में रखते हुए कीमतों का आकलन कर रहे हैं। अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण हैं क्‍योंकि क्षेत्र में  अंतरराष्ट्रीय शांति सेना की तैनाती न होने के कारण अमरीका युद्ध विराम अनुपालन की निगरानी के लिए पूरी तरह उपग्रह है और समुद्री निगरानी पर निर्भर है। ईरान के खार्ग द्वीप निर्यात टर्मिनल पर भी सबकी नजर है जहां हाल ही में हुए हमलों में भंडारण सुविधाओं को निशाना बनाया गया था। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

 

*****

 

युद्ध विराम की घोषणा के बाद आज घरेलू शेयर बाजार में जोरदार खरीदारी देखी गई। वहीं वैश्विक कच्‍चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई और रुपया भी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ। विस्‍तृत आर्थिक जगत की खबरों के साथ है मनोज पाठक।  

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स कारोबार के अंत में दो हजार 946 अंक की शानदार बढ़त लेकर 77 हजार 563 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 874 अंक बढ़कर 23 हजार 997 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया, चालीस पैसे मजबूत होकर 92 रुपये 58 पैसे पर बंद हुआ, अंतरराष्‍ट्रीय बाजारों में ब्रेंट कच्‍चे तेल की कीमतों में बडी गिरावट हुई। ब्रेंट के दाम लगभग 16 दशमलव पांच प्रतिशत घटकर 91 डॉलर 27 सेंट प्रति बैरल पर आ गये।

 

*****

 

देश ने पिछले वित्त वर्ष में गैर-जीवाश्म ईंधन से 55 गीगावाट से अधिक का ऊर्जा उत्‍पादन किया है। नई दिल्ली में नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि देश में अब तक गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से कुल 283 गीगावाट से अधिक का ऊर्जा उत्‍पादन किया जा चुका है। नवीकरणीय ऊर्जा के उत्‍पादन के मामले में भारत वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है।

 

*****

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय क्वांटम मिशन ने दो साल से भी कम समय में एक हजार किलोमीटर लंबा क्वांटम संचार नेटवर्क सफलतापूर्वक तैयार किया गया है। यह विश्व के सबसे लंबे नेटवर्कों में से एक है।

 

*****

 

वैश्विक आर्थिक संकट के मद्देनजर, नागर विमानन मंत्रालय ने घरेलू विमानन कंपनियों के लिए लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में तीन महीने के लिए 25 प्रतिशत की कमी की घोषणा की है।

 

*****      

 

खेल समाचार

 

पीवी सिंधु, एच.एस. प्रणॉय और आयुष शेट्टी बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप के प्री-क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। पीवी सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को एच.एस. प्रणॉय ने गुयेन हाई डांग को और आयुष शेट्टी ने चीन के ली शी फेंग को हराया।

 

*****

 

किर्गिस्तान में सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सचिन सेहरावत और प्रिंस ने ग्रीको रोमन वर्ग में दो कांस्य पदक जीत लिए हैं। कल ललित ने र‍जत पदक और सुनील कुमार ने कांस्‍य पदक अपने नाम किए थे।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला जारी है। गुजरात ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में दो विकेट पर 175 रन बना लिए हैं।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. सरकार ने इस वर्ष खरीफ सीजन के लिए फॉस्फेट और पोटैशियम उर्वरकों पर 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पोषण आधारित सब्सिडी को मंजूरी दी।
  2. असम, केरलम् और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कल।
  3. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहासरकार एलपीजी, पेट्रोल, डीज़ल, उर्वरकों और कोयले की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
  4. भारत ने अमरीका और ईरान के बीच संघर्षविराम समझौते का स्वागत करते हुए बातचीत और कूटनीति पर बल दिया।
  5. अमरीका ने कहासंघर्ष विराम के बाद होर्मुज़ जलडमरूमध्य व्यावसायिक जहाज़ों के लिए खुलने को तैयार। ईरान को हथियार सप्लाई करने वाले देशों पर 50 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने की चेतावनी दी।
  6. अमरीका और ईरान के बीच संघर्षविराम की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाज़ार में तेज़ी। सेंसेक्स में करीब तीन हजार अंक का उछाल और निफ़्टी में 873 अंक की बढ़त।
  7. एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप में पी.वी. सिंधु, एच.एस. प्रणॉय और आयुष शेट्टी प्रीक्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचे।

 

*****