मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के वाव-थराद जिले में लगभग बीस हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कहा- सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष का प्रभाव नागरिकों पर नहीं पड़ने दिया।
- केन्द्र ने देश भर में पीएनजी विस्तार में तेजी बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय पीएनजी अभियान को इस वर्ष जून तक बढ़ाया।
- जनगणना-2027 का पहला चरण कल से शुरू होगा। प्रमुख कर और बैंकिंग सुधार भी कल से लागू होंगे।
- अमरीका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ की चेतावनी- ईरान के लिए आने वाले दिन निर्णायक होंगे।
- आईपीएल क्रिकेट में न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला जारी।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद भारत में स्थिति नियंत्रण में है। श्री मोदी आज गुजरात के वाव-थराद जिले के नानी में 19 हजार आठ सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे थे। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष का प्रभाव देश के नागरिकों पर पड़ने नहीं दिया।
भारत की हमेशा से बड़ी ताकत रही है कितना ही कठिन समय क्यों ना आए मुश्किल के समय हमारा देश एकजुट होकर खड़ा होता है। बीते कुछ समय से आप देख रहे हैं दुनिया के कई देश युद्ध, अशांति और अस्थिरता से घिरे हैं। वेस्ट एशिया में जो हालत बने हुए हैं उनका असर पूरी दुनिया पर है। ऊर्जा जरूरतों की डीजल, पेट्रोल और गैस की दिक्कत पूरी दुनिया में बढ़ गई है। ऐसे संकट में भी भारत ने हालातों को नियंत्रण में बनाए रखा है।
श्री मोदी ने कहा कि उत्तरी गुजरात के डीसा में खोला गया वायुसेना अड्डा पश्चिमी भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। इन परियोजनाओं में केंद्र सरकार के ऊर्जा, सड़क, परिवहन और राजमार्ग तथा रेल मंत्रालय के 10 हजार 921 करोड़ रुपये के विकास कार्य और राज्य सरकार की शहरी विकास, जल संसाधन, जल आपूर्ति, सड़क और आवास, जीआईडीसी, स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण, पर्यटन और जनजातीय विकास विभागों के आठ हजार 886 करोड़ रुपये के विकास कार्य शामिल हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने साणंद में केयन्स सेमीकंडक्टर के ओएसएटी संयंत्र का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संयंत्र द्वारा किया जाने वाला उत्पादन सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस वर्ष के बजट में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की घोषणा की गई है। इस फेस का फोकस भारत में सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट और मैटेरियल्स के प्रोडक्शन पर है। अब हमारा प्रयास फुल स्टैग भारतीय सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करने का है ताकि हम डोमेस्टिक और ग्लोबल सप्लाई चैन में बड़ी पार्टनरशिप कर सकें।
आज महावीर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने गांधीनगर के कोबा में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन भी किया।
******
देश भर में प्राकृतिक गैस -पीएनजी के विस्तार में तेजी बनाए रखने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय पीएनजी अभियान के दूसरे चरण को इस वर्ष 30 जून तक बढ़ा दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि मार्च माह के दौरान घरेलू, वाणिज्यिक, छात्रावास, मेस और कैंटीन सहित 31 लाख से अधिक कनेक्शनों को गैसयुक्त किया गया है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी का पर्याप्त भंडार है।
******
जनगणना-2027 का पहला चरण कल से शुरू होगा। ये विश्व की सबसे बड़ी जनगणना होगी। पहली बार डिजिटल रूप से आयोजित इस जनगणना में स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध होगा। स्व-गणना कल से 15 अप्रैल तक चलेगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद क्षेत्र और दिल्ली छावनी बोर्ड, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा तथा सिक्किम में 16 अप्रैल से 15 मई तक एक महीने के लिए गृह सूचीकरण और आवास जनगणना आयोजित की जाएगी। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में पहली मई से 30 मई तक गृह सूचीकरण जनगणना शुरू होगी, जिसमें स्व-गणना 16 से 30 अप्रैल तक चलेगी। दिल्ली नगर निगम, महाराष्ट्र, मेघालय, राजस्थान और झारखंड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के लिए स्व-गणना अवधि पहली मई से 15 मई तक है। स्व-गणना एक सुरक्षित वेब-आधारित सुविधा है जिसके माध्यम से घर-घर सर्वेक्षण से पहले 16 भाषाओं में अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती हैं।
******
भारत के महारजिस्ट्रार और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में डिजिटल जनगणना के फायदों के बारे में बताया।
डिजिटल में सबसे पहला फायदा तो यह है कि आंकड़े ज्यादा शुद्ध तरीके से संग्रहित होंगे, जो फिजिकल आंकड़े इकट्ठा करते हैं, उनको डिजिटलाइज करने में त्रुटियों की संभावना रहती है। जनगणना के आंकड़े हैं, उनका प्रकाशन शीघ्रता से संपन्न हो सकेगा।
******
नए वित्तीय वर्ष के कल से शुरु होने के साथ ही प्रमुख वित्तीय नियमों में बदलाव सहित कई सुधार लागू हो जाएंगे। एक रिपोर्ट-
छह दशक से भी अधिक पुराना आयकर अधिनियम 1961 कल से नए आयकर अधिनियम, 2025 द्वारा प्रतिस्थापित हो जाएगा। इसे पुराने प्रावधानों को हटाकर, जटिल नियमों को सुव्यवस्थित करके और करदाताओं के लिए अनुपालन को अधिक सरल बनाकर कर प्रणाली को आसन बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार कल से देश में सभी डिजिटल भुगतान लेनदेन के लिए टू–फैक्टर ऑथेंटिकेशन–दो–कारक प्रमाणिकरण के मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्ट टैक वार्षिक पास का संशोधित शुल्क भी कल से लागू हो जाएगा। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति की। बिहार काडर के 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा -आई ए एस अधिकारी चंचल कुमार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के मौजूदा सचिव संजय जाजू को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। भुवनेश कुमार को पर्यटन सचिव और श्रीवत्स कृष्णा को अल्पसंख्यक मामलों का सचिव नियुक्त किया गया है। रोहित कंसल को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
******
भारतीय जनता पार्टी ने आज गुवाहाटी में असम विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी किया। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की उपस्थिति में इसे जारी किया। घोषणापत्र में “सुरक्षित असम, विकसित असम” के नारे के अंतर्गत 31 प्रतिबद्धताओं का उल्लेख है। इसमें सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने, आप्रवासी (असम से निष्कासन) अधिनियम, 1950 को लागू करने और सभी वास्तविक नागरिकों को भूमि अधिकार प्रदान करने के उपाय शामिल हैं। घोषणापत्र में छठी अनुसूची के क्षेत्रों और आदिवासी समुदायों को छोड़कर समान नागरिक संहिता का प्रस्ताव है। पार्टी ने दो लाख सरकारी नौकरियों और 8वें वेतन आयोग को लागू करने का वादा किया है। इसमें ओरुनोदोई सहायता को बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने और गरीब बच्चों के लिए बालवाड़ी से स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा का भी प्रस्ताव है। साथ ही, राज्य में एक्सप्रेसवे और वंदे भारत ट्रेन परियोजनाओं में निवेश का भी प्रस्ताव है।
******
केरलम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे। निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी से जुड़ी हमारी इस विशेष श्रृंखला में, आज चर्चा, कोल्लम जिले के पुनालूर निर्वाचन क्षेत्र की।
केरलम के कोल्लम जिले की पुनालूर विधानसभा सीट पर छह उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पुनालूर से सीपीआई के सी. अजयप्रसाद एलडीएफ के उम्मीदवार हैं। यूडीएफ ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नौशाद यूनुस को मैदान में उतारा है। एनडीए के रघुनाद कामुकुमचेरी ट्वेंटी-20 पार्टी के उम्मीदवार हैं। अन्य उम्मीदवारों में बहुजन समाज पार्टी के जोस सारनाथ, एसयूसीआई कम्युनिस्ट पार्टी से के. महेश और इक्विटी पार्टी ऑफ इंडिया के नेदुमोनकावु गोपालकृष्णन शामिल हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों में सीपीआई के पी.एस. सुपाल ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के अब्दुल रहमान रंदथानी को 37 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। 2016 के चुनावों में भी सीपीआई के उम्मीदवार के. राजू ने यहां 33 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।
******
प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले और कोयला घोटाले के संबंध में कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा के उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास को तलब किया है। उन्हें 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे नई दिल्ली में निदेशालय के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है।
******
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आज तैंतीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें सत्रह महिला माओवादी शामिल हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में आज पच्चीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसके अलावा दंतेवाड़ा जिले में पांच, कांकेर जिले में दो और नारायणपुर जिले में एक माओवादी ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया करीब सात किलो सोना और लगभग तीन करोड़ रूपये की नगद रकम बरामद की है। बरामद सोने और नगद रकम का कुल मूल्य चौदह करोड़ रूपये से अधिक है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
******
अमरीका के रक्षा मंत्री और पेंटागन प्रमुख पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है कि ईरान के साथ संघर्ष के आगामी दिन निर्णायक होंगे। एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ, एक महीने से अधिक समय से चल रहे अमरीकी-इस्राएली सैन्य अभियान के बावजूद, संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत में तेजी आई है। परंतु रक्षा मंत्री ने संघर्ष में अमरीकी जमीनी सेना की भूमिका से इंकार नहीं किया। इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट में यूरोपीय सहयोगियों की संघर्ष में अधिक सक्रिय भागीदारी न निभाने के लिए फिर से आलोचना की और मांग की कि ब्रिटेन और अन्य ईंधन की जरूरत वाले देशों को होर्मुज जल-डमरू-मध्य से अपना तेल खुद प्राप्त करना चाहिए। इस बीच, दुबई के पास लाखों बैरल कच्चे तेल से भरे एक कुवैती तेल टैंकर पर हमला हुआ है, जिसके लिए अधिकारियों ने ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।
******
पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते संयुक्त अरब अमीरात-यूएई में हवाई रक्षा प्रणालियां हाई अलर्ट पर हैं।अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ घंटों में ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और नए ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया गया है।
******
देशभर में आज 24वें और अंतिम जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दी हैं।
******
आईपीएल क्रिकेट-2026 में न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 17वें ओवर में 4 विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के वाव-थराद जिले में लगभग बीस हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कहा- सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष का प्रभाव नागरिकों पर नहीं पड़ने दिया।
- केन्द्र ने देश भर में पीएनजी विस्तार में तेजी बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय पीएनजी अभियान को इस वर्ष जून तक बढ़ाया।
- जनगणना-2027 का पहला चरण कल से शुरू होगा। प्रमुख कर और बैंकिंग सुधार भी कल से लागू होंगे।
- अमरीका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ की चेतावनी- ईरान के लिए आने वाले दिन निर्णायक होंगे।
- आईपीएल क्रिकेट में न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला जारी।
******