मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कहा– सरकार की प्राथमिकता पश्चिम एशिया के संघर्षरत क्षेत्रों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा। पालक्कड़ में चुनावी रैली को संबोधित किया।
- कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 284 उम्मीदवारों की सूची जारी की।
- प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी से ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में पश्चिम एशिया की स्थिति के मद्देनजर नागरिकों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने का आग्रह किया।
- अफगानिस्तान में बाढ़ और भूस्खलन से 17 लोगों की मौत; 26 घायल।
- आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी।
******
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने संघर्षरत क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। श्री मोदी ने आज केरलम के पालक्काड़ में एक चुनावी जनसभा में पश्चिम एशिया संघर्ष पर सरकार के दृष्टिकोण का उल्लेख किया।
युद्ध शुरू होने के बाद से ही मैं इन देशों के सभी राष्ट्राध्यक्षों से लगातार बात कर रहा हूं, सम्पर्क में हूं। सारे ही देश युद्ध क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहां पर हमारे भाई–बहनों को कोई तकलीफ न हो, इसके लिए भारतीय दूतावास भी दिन–रात काम कर रहा हैं। भारतीयों के हितों की सुरक्षा भाजपा एनडीए सरकार के लिए सर्वपरि है।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रमुख राजनीतिक दलों, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की आलोचना करते हुए उन पर राज्य को भ्रष्टाचार के जाल में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केवल एनडीए गठबंधन ही जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सकता है। बाद में, प्रधानमंत्री ने त्रिशूर जिले में रोड शो किया।
******
केरलम के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के बीच हुए समझौते के आरोपों को झूठा बताया है। तिरूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा-यूडीएफ राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे दावे कर रहा है।
******
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि उनकी पार्टी ने असम में अवैध प्रवासियों के प्रवेश को रोक दिया है। सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अगले पांच वर्ष में, अवैध प्रवासियों को निर्वासित करने के लिए काम करेगी।
दस साल के अंदर हमने बोडो शांति समझौता किया। कार्बी आंलॉन्ग का समझौता किया, आदिवासी समझौता किया। बीएनएलए समझौता किया, उल्फा के साथ समझौता किया और दस हजार लोग मशीनगन छोड़कर आज आम आदमी का जीवन जी रहे हैं।
श्री शाह ने कहा कि पिछले दस वर्ष में असम काफी हद तक उग्रवाद से मुक्त हो गया है, जिससे क्षेत्र में शांति और नए अवसर आए हैं।
******
असम में, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट, धेमाजी विधानसभा क्षेत्र में राज्य की बाकी 125 विधानसभा सीटों के साथ 9 अप्रैल को मतदान होना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह क्षेत्र मुख्य रूप से ग्रामीण है, जहां कृषि मुख्य आजीविका है, इसलिए बार-बार आने वाली बाढ़, यहां मतदाताओं के लिए चिंता का विषय है। एक रिपोर्ट –
असम में, 2023 के परिसीमन के बाद, ऊपरी असम के धेमाजी विधानसभा क्षेत्र में इस बार चुनावी परिदृश्य काफी बदला हुआ है। सबसे उल्लेखनीय परिवर्तन मतदाताओं की संख्या में कमी है। 2021 में परिसीमन से पहले, इस निर्वाचन क्षेत्र में 2 लाख 47 हज़ार से अधिक मतदाता थे और 77 दशमलव 47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस बार कुल 1 लाख 78 हज़ार 880 मतदाता है, जो काफी गिरावट है। इसके बावजूद, इस निर्वाचन क्षेत्र का राजनीतिक महत्व बरकरार है। दिलचस्प बात यह है कि अब महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। इस बार मुकाबला छह–कोणीय है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मौजूदा मंत्री डॉ. रानोज पेगु फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस पार्टी के शैलेन सोनोवाल, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के नरेंद्र कुमार पाव और तीन अन्य उम्मीदवारों से होगा। गुवाहाटी से राकेश डोले की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनीषा खन्ना।
******
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी दल पर दंगे भड़काने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अन्य राज्यों में बंगाली भाषी लोगों पर हमला कर रही है।
******
इस बीच, कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 284 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने बहरामपुर से पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी, भवानीपुर से प्रदीप प्रसाद, मालतीपुर से पूर्व सांसद मौसम नूर, नंदीग्राम से एस के जरियातुल हुसैन, पानीहाटी से शुभाशीष भट्टाचार्य और बिधाननगर से रणजीत मुखर्जी को उम्मीदवार बनाया है।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जायेंगे। मतगणना 4 मई को होगी।
******
पश्चिम बंगाल में, क्षेत्रीय पार्टी इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट विधानसभा चुनाव में दार्जिलिंग पहाड़ी और तराई की पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी। फ्रंट के अध्यक्ष अजय एडवर्ड ने आज पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम एशिया की स्थिति ने भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए चुनौती उत्पन्न कर दी है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में आज श्री मोदी ने कहा कि यह मुश्किल समय है।
जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केन्द्र है। इसकी वजह से दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है। हमारे वैश्विक सम्बंध, अलग–अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले एक दशक में देश का जो सामर्थ बना है। इनकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा दिलाया कि कोविड महामारी की तरह ही देश इस मुश्किल हालात से भी बाहर निकल जाएगा। श्री मोदी ने सभी नागरिकों से इस चुनौती से एकजुट होकर निपटने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने का आग्रह किया।
निश्चित तौर पर यह चुनौतिपूर्ण समय है। सभी देशवासियों से फिर यह आग्रह करूगा कि हमे एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकलना है। जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह देश के एक सौ चालीस करोड देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है। मैं सभी देशवासियों से अपील भी करूगा कि वह जागरूक रहे, अफवाहों के बहकावे में न आए, सरकार की तरफ से जो आपको निरंतर जानकारी दी जा रही है उस पर भरोसा करें।
******
सरकार ने कहा है कि देशभर के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार ने जनता से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील दोहराई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सहयोग देने के लिए, पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर घटा दिया गया है। घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क भी लगाया गया है।
मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति संकट से पहले स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
******
इस बीच, सऊदी अरब में ईरान के जवाबी हमले के बाद अमरीकी सैन्य विमान को हुए नुकसान की खबरों के बीच पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति और बिगड़ गई है। हमले में निगरानी और युद्ध प्रबंधन के लिए इस्तेमाल होने वाला अमरीकी ई-3 सेंट्री ए.डब्ल्यू.ए.सी.एस. विमान क्षतिग्रस्त हो गया।
ईरान के प्रेस टीवी द्वारा जारी तस्वीरों में विमान को हुए व्यापक नुकसान को दिखाया गया है। ईरान ने यह भी दावा किया कि उसने एक अमरीकी एमक्यू-9 ड्रोन को मार गिराया और एक एफ-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया।
उधर, इस्राएल ने ईरान के कई हिस्सों पर दोबारा हवाई हमले किए। दक्षिणी लेबनान में एक इस्राएली सैनिक शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हो गए।
इस बीच, अमरीका ने यू.एस.एस. ट्रिपोली पर अतिरिक्त मरीन सैनिक तैनात किए हैं।
******
अफगानिस्तान में बाढ़, भूस्खलन और आंधी-तूफान के कारण पिछले 24 घंटों में 17 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। अफगानिस्तान के 34 प्रांतों में से कुल 13 प्रांत इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है।
एक प्रवक्ता ने बताया कि इस आपदा ने बुनियादी ढांचे और कृषि को भी व्यापक नुकसान पहुंचाया है। लगभग एक सौ 47 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से नष्ट हो गए, और लगभग 80 किलोमीटर सड़कें बह गईं।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि न्याय सभी के लिए सुलभ और उस पर होने वाला व्यय वहन करने योग्य होना चाहिए। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में विधि और न्याय मंत्रालय द्वारा दिशा योजना के अंतर्गत आयोजित टेली-लॉ कार्यक्रम गतिविधियों पर राष्ट्रीय परामर्श को संबोधित करते हुए कही। उपराष्ट्रपति ने कहा कि न्याय की समयबद्ध पहुंच प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
******
छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी के मारे जाने की खबर है। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जिला रिजर्व गार्ड की टीम ने पोलमपल्ली क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।
******
आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक कोलकाता नाइट राइडर्स ने 17वें ओवर में 3 विकेट पर 187 रन बना लिए हैं।
इससे पहले, कल खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया था।
******
10वीं विश्व वुशू चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने आज दो कांस्य पदक जीते। चार अन्य खिलाडी अलग-अलग वर्ग में फाइनल में पहुंच गए हैं।
महिला वर्ग के सेमीफाइनल में भारत की अनु ने कांस्य पदक जीता। वहीं पुरुष सेमीफाइनल में गौतम मनकास को भी कांस्य पदक मिला।
इसके अलावा चार भारतीय खिलाड़ियों उपेंद्रो थौगम, पामा हेइबा सिंह, युवराज और विक्टर ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
******
मौसम विभाग ने कल जम्मू-कश्मीर, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक से बारिश की संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश, केरल और माहे के कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और बादल गरजने का अनुमान है।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कहा- सरकार की प्राथमिकता पश्चिम एशिया के संघर्षरत क्षेत्रों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा। पालक्कड़ में चुनावी रैली को संबोधित किया।
- कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 284 उम्मीदवारों की सूची जारी की।
- प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी से ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में पश्चिम एशिया की स्थिति के मद्देनजर नागरिकों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने का आग्रह किया।
- अफगानिस्तान में बाढ़ और भूस्खलन से 17 लोगों की मौत; 26 घायल।
- आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी।
******