March 28, 2026 9:41 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- सरकार विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक अवसंरचना में अभूतपूर्व निवेश कर रही है। उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का लोकार्पण किया।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति और संबंधित मुद्दों पर जोखिम की समीक्षा के लिए मंत्री समूह की बैठक की अध्यक्षता की। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
  3. ईरान ने दुबई में 500 से अधिक सैनिकों को शरण देने वाले अमरीकी ठिकानों पर हमले का किया दावा।
  4. भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल सरकार पर राज्य में सुरक्षा संबंधी चूक और आर्थिक संकट का आरोप लगाया। कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सभी दो सौ 94 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
  5. मौसम विभाग ने कल उत्तर पूर्वी क्षेत्र में तेज बारिश और गरज के साथ तूफान की आशंका व्‍यक्‍त की है।
  6. छत्‍तीसगढ में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्‍स में कर्नाटक 15 स्‍वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर।

———

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक अवसंरचना में अभूतपूर्व निवेश कर रही है। उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का लोकार्पण करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में अवसंरचना में छह गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।

 

 

बीते 11 वर्षों में 17 लाख करोड़ रुपये हाईवे और एक्सप्रेसवे पर खर्च किए गए हैं। एक लाख किलोमीटर से अधिक के हाईवे का निर्माण किया गया है। 2014 के बाद से रेलवे में 40 हजार किलोमीटर से ज्यादा रेलवे ट्रैक का बिजलीकरण किया गया है। आज ब्रॉडगेज नेटवर्क का लगभग शत-प्रतिशत बिजलीकरण हो चुका है।  

 

     

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार कश्मीर घाटी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की राजधानियों को रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। पिछले एक दशक में बंदरगाह क्षमता दोगुनी से अधिक हो गई है और अंतर्देशीय जलमार्गों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन ‘विकसित यूपी, विकसित भारत’ अभियान का एक नया अध्याय है।

 

 

नोएडा का ये एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद, इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिन्दुस्तान को और उत्तर प्रदेश को तो होना ही होना है।  यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही, ये विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा।  

 

     

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण कई देशों में भोजन, पेट्रोल-डीजल, गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी हो रही है। उन्होंने कहा कि हर देश इस संकट से निपटने के लिए प्रयासरत है।

 

 

भारत बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, ये जहां युद्ध चल रह है ना, इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता रहा है। इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर इस संकट का बोझ न पड़े। संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज़ विकास को निरंतर जारी रखा है।

 

———

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से टेलीफोन पर बातचीत में पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और जहाजरानी मार्गों को खुला तथा सुरक्षित रखने पर सहमति व्यक्त की। श्री मोदी ने क्षेत्रीय ऊर्जा केन्‍द्रों पर हमले की निंदा की। प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

 

———-

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार पश्चिम एशिया संघर्ष पर कडी नज़र रख रही है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए वो प्रतिबद्ध है। श्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में मंत्री समूह की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के लचीलेपन और भारत की आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती से जुड़े जोखिमों की समीक्षा के लिए यह बैठक बुलाई गई थी।

 

     

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, विद्युत मंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा इस बैठक में शामिल हुए।   

 

——-

 

पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सरकार ने कहा कि देश भर के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। एक वक्तव्य में सरकार ने बताया कि कल देश में 54 लाख से अधिक एलपीजी रिफिल वितरित किए गए। सभी तेल शोधक कारखाने उच्च क्षमता पर काम कर रहे हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जा रहा है। इसके अलावा, वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन संकट-पूर्व स्तर के 70 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

 

     

सरकार ने बताया कि अब तक लगभग पांच लाख यात्री खाडी क्षेत्र से स्‍वदेश लौट चुके हैं।

 

     

सरकार ने अब तक 938 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है। पिछले 24 घंटों में 25 नाविक भी स्‍वदेश लौट आए हैं। 

 

————

 

गुजरात के वाडीनार बंदरगाह पर एलपीजी की एक और खेप पहुंच गयी है। दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण के अध्‍यक्ष सुशील कुमार सिंह ने बताया कि जग वसंत टैंकर 47 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आया है।

 

 

जग वसंत वडिनार में है। कल रात में साढ़े आठ बजे आया था। 17 थाउजेंड टन एलपीजी मदर से डॉटर वेसल को ट्रांसफर किया जाएगा और ये 17 हजार टन लेकर कांडला पोर्ट आ जाएगा। जो बाकी बची क्‍वांटिटी मदर वेसल जग वसंत में है, वो आगे मुम्‍बई पोर्ट और न्यू मंगलौर पोर्ट के लिए डिस्‍पैच होगा।

 

————

 

पश्चिम एशिया में ईरान ने आज दुबई में अमरीकी सेना के दो ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान ने दावा किया कि दोनों ठिकानों पर 500 से अधिक सैनिक थे। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने इन पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। उधर, अमरीकी अधिकारियों ने अभी तक इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

 

———

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सुरक्षा संबंधी चूक और आर्थिक संकट का आरोप लगाया है। पश्चिम बंगाल में एक कार्यक्रम में उन्होंने ममता बनर्जी की अवैध प्रवासियों को खुश करने की नीति के कारण पश्चिम बंगाल के मजदूरों की कम मजदूरी और दयनीय स्थिति को भी उजागर किया।

 

 

घुसपैठिया न केवल देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ी चिंता का विषय है। वह हमारे गरीब श्रमिकों की मजदूरी में भी हिस्सेदारी लेते हैं और अनाज में भी हिस्सेदारी प्राप्त करते हैं और युवाओं की रोजगारी बीच में आज ममता बनर्जी जी को स्पष्ट पूछना चाहता हूं कि घुसपैठिये इतने आ गए क्‍या आपकी सरकार सो रही है वो कहेगी कि बीएसएफ क्या करेंगे, बीएसएफ तभी रोक सकती है, जब आप बॉर्डर पर बाड़ लगाने की हमें भूमि दे।   

 

———–

 

कांग्रेस ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों में सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने नई दिल्ली में यह जानकारी दी।

 

———

 

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में तृणमूल कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत लंबित मामलों की सूची के निपटारे में शामिल दो न्यायाधीशों को कथ‍ित धमकी दी है। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पाल ने राज्य पुलिस महानिदेशक को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

 

———-

 

केरलम, असम और पुद्दुचेरी में 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है।

 

———-

 

असम विधानसभा चुनाव में जलुकबारी एलएसी एक प्रमुख और प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्र है।

 

 

37वां जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र असम के 126 विधानसभा सीटों में से एक है। यहां 9 अप्रैल को मतदान होना है। इस विधानसभा चुनाव में, इस क्षेत्र से तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का मुकाबला भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस की बिदिशा नियोग और एक निर्दलीय उम्मीदवार दीपिका दास से है। जालुकबारी में 2 लाख 6 हज़ार से अधिक मतदाता हैं। 247 मतदान केंद्रों में 7 ट्रांसजेंडर मतदाता  हैं। यहां 21 महिला नेतृत्‍व वाले और एक ‘मॉडल मतदान केंद्र’ है। 2021 के चुनाव में 5 उम्मीदवार थे। भाजपा के हिमंत बिस्वा सरमा, कांग्रेस के रामेन चंद्र बोरठाकुर, और तीन निर्दलीय उम्मीदवार। हिमंत बिस्वा सरमा ने 78 प्रतिशत से अधिक वोटों के साथ चुनाव जीता था। अमीनुल हक ज्‍वादर, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।  

 

———

 

मौसम विभाग ने कल उत्तर पूर्वी भारत में तेज बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका व्‍यक्‍त की है। अगले दो दिनों में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में ओलावृष्टि और गरज के साथ बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

 

———–

 

छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के चौथे दिन आज कर्नाटक 15 स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखे है। वहीं, ओड़िशा 9 स्वर्ण पदक के साथ दूसरे स्थान पर है।

 

———

 

इंडियन प्रीमियम क्रिकेट लीग का पहला मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बैंगलुरू में खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक सनराइजर्स हैदराबाद ने 16वें ओवर में 5 विकेट पर 142 रन बना लिए हैं।

 

———–

 

सरकार ने लोगों की ज़बरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए भारत जनजातीय महोत्सव 2026 को अगले महीने की पांच तारीख तक बढ़़ा दिया है। जनजातीय कार्य मंत्रालय ने बताया कि इस निर्णय से जनजातीय कारीगरों, उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों की बाज़ार पहुंच और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।       

 

———-

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- सरकार विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक अवसंरचना में अभूतपूर्व निवेश कर रही है। उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का लोकार्पण किया।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति और संबंधित मुद्दों पर जोखिम की समीक्षा के लिए मंत्री समूह की बैठक की अध्यक्षता की। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
  3. ईरान ने दुबई में 500 से अधिक सैनिकों को शरण देने वाले अमरीकी ठिकानों पर हमले का दावा किया।
  4. भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल सरकार पर राज्य में सुरक्षा संबंधी चूक और आर्थिक संकट का आरोप लगाया। कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सभी दो सौ 94 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
  5. मौसम विभाग ने कल उत्तर पूर्वी क्षेत्र में तेज बारिश और गरज के साथ तूफान की आशंका व्‍यक्‍त की।
  6. छत्‍तीसगढ में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्‍स में कर्नाटक 15 स्‍वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर।

****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.