March 8, 2026 9:53 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में लगभग 33 हजार 500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कहा – राष्ट्रीय राजधानी में सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत और विस्तारित किया जा रहा है।
  2. प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में आयोजित कार्यक्रम में हुई चूक पर राज्‍य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर राष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाया।
  3. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समुचित विकास के लिए महिलाओं की समान भागीदारी पर बल दिया।
  4. संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा। अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा होना निर्धारित।
  5. इस्राएल ने दक्षिणी लेबनान पर फिर हमला किया। हमले में दो सैनिकों सहित बारह लोगों की मौत।
  6. ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्‍स में भारत के लक्ष्य सेन उप-विजेता बनें।
  7. आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 256 रन का लक्ष्य दिया।

 

————

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में लगभग 33 हजार 500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत और विस्तारित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने नए मेट्रो खंड के लाभों का भी उल्‍लेख किया।

 

आज जो मेट्रो का नया सेक्‍शन शुरू हुआ है उसे राजधानी के लाखों लोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिलने वाली है, खास तौर पर पूर्वी और उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए अब रोज का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा। इन सब के साथ ही गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के शहरों से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आना-जाना और भी आसान हो जाएगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, महिला सशक्तिकरण में एक नया अध्याय लिख रहा है और महिलाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के निरंतर विकास का उल्‍लेख करते हुए कहा कि दिल्‍ली, देश की पहचान है।

 

दिल्‍ली केवल भारत की राजधानी नहीं है, ये भारत की पहचान भी है। भारत की ऊर्जा का प्रतीक भी है।   इसलिए दिल्‍ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं होता। यह पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है।

 

दिल्‍ली में आज शुरू हुए नये मेट्रो खंड पर आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो रेल दिल्ली की जीवनरेखा बन गई है। उन्होंने मेट्रो और नमो भारत आरआरटीएस नेटवर्क के विस्‍तार पर खुशी व्‍यक्‍त की है।

 

देशभर में 1100 किलोमीटर से ज्यादा बड़ा नेटवर्क मेट्रो और आरआरटीएस का बन गया है और हमारे लिए खुशी की बात है कि दुनिया में कंपीट कर रहे हैं यूएसए, अमेरिका और चाईना के बाद तीसरे स्थान पर हम मेट्रो के सिलसिले में पहुंचे हैं यह बहुत बड़ी उपलब्धि हमारी है प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में।

 

पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रम में हुई चूक पर प्रधानमंत्री मोदी ने राज्‍य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर राष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाया।

 

पश्चिम बंगाल की प्रबुद्ध जनता टीएमसी को एक नारी के अपमान के लिए एक आदिवासी के अपमान के लिए और देश के महामना राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी भी माफ नहीं करेगा। टीएमसी की गंदी राजनीति और सत्‍ता का अहंकार बहुत ही जल्‍द चूर-चूर होकर रहेगा।    

 

————

 

इस मामले पर गृह मंत्रालय ने भी चिंता व्यक्त की है और राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पत्र लिखकर राज्य सरकार से इस मामले पर अपना जवाब देने को कहा है।

 

भारतीय जनता पार्टी ने भी तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि टीएमसी के आचरण ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान किया है।

 

ममता जी और उनके सरकार के आचरण से देश के संविधान के सर्वोच्च पद पर बैठी महामहिम राष्ट्रपति का अपमान हुआ है। यह बहुत शर्मनाक है। मैं पार्टी के राष्ट्रीय मंच से खुलेआम भर्तस्‍ना करता हूं ममता जी की सरकार और ममता जी का स्‍वयं। मैं तो राष्‍ट्रपति जी की बहुत तारीफ करूंगा क्‍या संयम से उन्‍होंने टिप्‍पणी की है कि ममता जी मेरी छोटी बहन हैं लगता है नाराज हैं।

 

इस बीच तृणमूल कांग्रेस की नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के सभी नेताओं को राष्ट्रपति के संबंध में कोई भी राजनीतिक टिप्पणी न करने की सलाह दी है। आज धर्मतला में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यदि इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण देने की आवश्यकता होगी, तो वह स्वयं इस पर बोलेंगी।

 

————

 

आज विश्‍वभर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस वर्ष का विषय है – महिलाओं और बालिकाओं के लिए अधिकार, न्याय और प्रयास। यह दिन महिला अधिकारों को मजबूत करने, न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने और स्त्री-पुरुष समानता में तेजी लाने की भावना को दर्शाता है। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी पी राधाकृष्‍णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं देश के अलग-अलग राज्‍यों में भी महिला दिवस के अवसर पर विभिन्‍न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 

 

————

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत ‘महिला-नेतृत्व वाले विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्‍होंने समुचित विकास के लिए महिलाओं की समान भागीदारी पर बल दिया। नई दिल्ली में आयोजित ‘नारी तू नारायणी – महिला विचारकों का राष्ट्रीय सम्मेलन’ के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सरकार महिलाओं को शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने समाज से महिलाओं के प्रति रूढ़ियों और असमानता को दूर करने का भी आग्रह किया।

 

हमे इस कटु यथार्थ को भी स्‍वीकार करना होगा कि आज भी अनेक महिलाओं को सामाजिक रुढि़यां, आर्थिक असमानताओं और साइकोलॉजिकल वेरियस का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं से जुड़ी ऐसी समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और सामूहिक प्रयासों से ही खत्म किया जा सकता है।

 

———–

 

इससे पहले, नई दिल्‍ली में आयोजित एक अन्‍य समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि उद्यमिता हो या कॉर्पोरेट जगत, महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अवसर और सहयोग मिलने पर हर क्षेत्र पर उत्‍कृष्‍टता हासिल कर सकती हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पीएम मुद्रा योजना और मिशन शक्ति जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है।

 

स्‍कील इंडिया मिशन महिलाओं को गैरपरम्‍परा क्षेत्र में भी कुशल बना रही हैं। महिलाएं जॉब क्रिएटर की भूमिका में भी आगे बढ रही हैं। स्‍टार्टअप इंडिया के अन्‍तर्गत सहायता प्राप्‍त करने वाले आधे से अधिक स्‍टार्टअप में कम से कम एक महिला डॉयरेक्‍टर है। स्‍वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्‍पादों को बेहतर बाजार उपलब्‍ध कराने के उद्देश्य से केन्‍द्रीय बजट 2027 स्‍कीम आर्ट की शुरूआत की गई।

     

————

 

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू हो रहा है। यह सत्र 2 अप्रैल तक चलेगा। लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव पर कल चर्चा निर्धारित है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यदि लोकसभा में प्रस्ताव पारित हो जाता है, तो ओम बिरला कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे बल्कि लोकसभा सदस्यों के बीच बैठेंगे।

 

बजट सत्र के पहले चरण के दौरान विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष को हटाने संबंधी नोटिस लोकसभा महासचिव को दिया था। नोटिस में विपक्ष ने श्री बिरला पर सदन में भेदभाव करने का आरोप लगाया था। इस नोटिस पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके, वामदलों और अन्य दलों के कुल 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं जबकि तृणमूल कांग्रेस इसमें शामिल नहीं है। भाजपा और कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए विह्प जारी किया है जिसमें उन्हें मंगलवार तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी को शुरू हुआ था और 13 फरवरी तक चला। इस दौरान राष्ट्रपति के अभी भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट पर चर्चा हुई। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

————

 

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग ने आज पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल के साथ बैठक की। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले, भारती के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की चार सदस्यीय टीम आज कोलकाता पहुंची। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित निर्वाचन आयोग की पूरी टीम आगामी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठकों के लिए आज कोलकाता पहुंचेगी। निर्वाचन आयोग कल सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठके करेगा।

 

————

 

पश्चिम बंगाल में, निर्वाचन आयोग ने आज ओडिशा और झारखंड के 200 न्यायिक अधिकारियों के लिए एक वर्चुअल प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। यह अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर. प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य में आए हैं, जो विभिन्न जिलों में पहले से तैनात सैकड़ों स्थानीय न्यायाधीशों के साथ जुड़ेंगे।

 

————

 

इस्राएल ने आज सवेरे दक्षिणी लेबनान पर हमले तेज कर दिए हैं, जिसमें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कुद्स फोर्स की लेबनानी शाखा के कमांडरों को निशाना बनाया गया है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में इस्राएली हवाई हमलों में दो सैनिक सहित बारह लोग मारे गए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार इस्राएल के ड्रोन ने बेरूत के एक होटल पर हमला किया, जिसमें चार लोग मारे गए और 10 घायल हो गए। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हमारी वायु रक्षा प्रणाली ने 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और एक सौ 13 ड्रोन को विफल कर दिया है। उधर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कल पड़ोसी देशों पर हमलों के लिए माफी मांगी है।

 

वहीं, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान पर कड़ा प्रहार करने की धमकी दी है। उन्होंने इस स्तर पर किसी भी तरह के समझौते की संभावना से साफ इनकार कर दिया। इस लड़ाई में अब तक ईरान में एक हजार 230 लोग, लेबनान में 290 से अधिक और इस्राएल में 11 लोग मारे जा चुके हैं। छह अमरीकी सैनिकों के भी मारे जाने की खबर है। उधर, ईरान की विशेषज्ञ सभा ने आज कहा है कि अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु के बाद देश के अगले सर्वोच्च नेता के चयन पर निर्णय ले लिया गया है, हालांकि चयनित उम्मीदवार के नाम की घोषणा अभी तक नहीं की गई है। समाचार कक्ष से मैं जया भारती।

 

————

 

पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते उड़ानों की बढ़ती मांग के बीच हुए एयर इंडिया ने 10 से 18 मार्च के बीच नौ मार्गों पर 78 अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने का निर्णय लिया है। एयरलाइन ने बताया है कि ये अतिरिक्त उड़ानें दिल्ली से न्यूयॉर्क, लंदन, फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, कोलंबो, माले और मुंबई से लंदन के लिए संचालित होंगी। इन उड़ानों से 17 हज़ार छह सौ 60 सीटें अतिरिक्त जुड़ जाएंगी।

 

————

 

नेपाल में आम चुनाव के लिए 14 निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है। अब तक 151 निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट प्रणाली के तहत 119 सीटें जीतकर और छह अन्य सीटों पर आगे रहकर अग्रणी पार्टी के रूप में उभरी है।

 

————

 

बर्मिंघम में, लिन चुन-यी ने ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्‍स का खिताब जीत लिया है। फाइनल में आज लिन ने लक्ष्य सेन को 21-15, 22-20 से हराया। लक्ष्‍य इस प्रतियोगिता में दूसरी बार उपविजेता रहे हैं।

 

————

 

उध्‍र, अहमदाबाद में, टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में भारत ने न्‍यूजीलैंड को 256 रन का लक्ष्‍य दिया है। संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन की पारी खेली वहीं, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन बनाए। भारत चौथी बार जबकि न्यूजीलैंड दूसरी बार प्रतियोगिता का फाइनल खेल रहा है।

 

————

 

राष्ट्रीय चयन ट्रायल – ग्रुप ए की 25 मीटर महिला पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में अर्शदीप कौर ने स्‍वर्ण पदक जीता। अर्शदीप ने मनु भाकर सहित आठ शीर्ष निशानेबाजों को पछाड़ते हुए यह पदक अपने नाम किया। ये प्रतियोगिता 6 मार्च से 10 मार्च तक नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जा रही है।

 

————

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में लगभग 33 हजार 500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कहा – राष्ट्रीय राजधानी में सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत और विस्तारित किया जा रहा है।
  2. प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में आयोजित कार्यक्रम में हुई चूक पर राज्‍य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर राष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाया।
  3. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समुचित विकास के लिए महिलाओं की समान भागीदारी पर बल दिया।
  4. संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा। अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा होना निर्धारित।
  5. इस्राएल ने दक्षिणी लेबनान पर फिर हमला किया। हमले में दो सैनिकों सहित बारह लोगों की मौत।
  6. ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैपियनशिप के पुरुष सिंगल्‍स में भारत के लक्ष्य सेन उप-विजेता बनें।
  7. आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 256 रन का लक्ष्य दिया।

 

————

Most Read
View All arrow-right

No posts found.