मुख्य समाचार :-
- लोकसभा चुनाव के छठें चरण के लिए प्रचार समाप्त। इस चरण में शनिवार को 58 सीटों के लिए मतदान होगा।
- छत्तीसगढ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में सात माओवादी ढेर।
- दूरसंचार विभाग ने छह लाख 80 हजार से अधिक मोबाइल कनैक्शन अवैध पाए।
- मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी पडने का अनुमान व्यक्त किया।
- अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने ‘लेट्स मूव इंडिया’ पहल की शुरूआत की। इसका उद्देश्य पेरिस ओलंपिक खेलों में एथलिटों को उत्साहित करने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
********
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो गया। इस चरण में 6 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों के लिए शनिवार 25 मई को मतदान होगा। इनमें बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस सीट, जम्मू-कश्मीर की एक, झारखण्ड की चार, दिल्ली की सभी सात सीट, ओडिसा की छह, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की आठ सीट हैं। इस चरण में कुल आठ सौ 89 उम्मीदवार मैदान में हैं।
********
दिल्ली में आज प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चुनावी जनसभा की। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भाजपा और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।
तपती गर्मी के बीच चुनाव प्रचार की अंतिम दिन भाजपा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई प्रमुख शहरों ने शहर के विभिन्न भागों में रोड शो जनसभा और डोर टू डोर कैंपेन किये। दोनों पक्षों ने अपने–अपने दावे चुनावी बादे, कराए गए विकास कार्यों के साथ–साथ राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप से जनता को अपने खेमे में करने की पुरजोर कोशिश की। इस चुनाव में भाजपा ने सातों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी चार सीटों और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है पिछले दो लोकसभा चुनावों में भाजपा ने शहर के सातों लोकसभा क्षेत्र पर जीत दर्ज की थी, और इस चुनाव में भी पार्टी अपने प्रदर्शन को बरकरार रखने के लिए भरपूर कोशिश की है। वहीं आम आदमी पार्टी, कांग्रेस गठबंधन भी शहर की लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रखा है दिवाकर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
********
हरियाणा में शनिवार को सभी सीटों के लिए मतदान होगा।
हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान होगा । चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कांग्रेस और अन्य दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास किये। पिछले लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी और इस चुनाव में भी पार्टी ने अपना प्रदर्शन दोहराने के लिए और पुरजोर कोशिश की है। दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने भी अपनी वापसी के लिए चुनाव प्रचार में काफी जोर लगाया है। हरियाणा की भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर दोनों पक्षों की तरफ से गहन प्रचार अभियान चलाया गया। पिछले 24 घंटे में भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सहित कई अन्य नेताओं ने अपने–अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। दुर्गेश भदौरिया आकाशवाणी समाचार महेंद्रगढ़।
********
जम्मू कश्मीर में अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में शनिवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर नियंत्रण रेखा के निकट राजौरी और पुंछ जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कडी कर दी गई है। अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर मतदान सात मई को होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण मतदान की तिथि 25 मई कर दी गई थी।
********
उत्तर प्रदेश में भी छठे और अंतिम चरण के चुनाव के लिये आज प्रमुख दलों के वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं कीं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अम्बेडकर नगर और सिद्धार्थनगर में जनसभाएं की। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने मिर्जापुर में जनसभा को संबोधित किया
********
पंजाब में सातवें और अंतिम चरण में वोट डाले जाएगें। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आज पंजाब के पटियाला में एक जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में रोड शो के माध्यम से मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं जबकि कांग्रेस पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के स्थानीय नेता भी प्रचार कर रहे हैं।
********
उधर हिमाचल प्रदेश में भी सातवें और अंतिम चरण में पहली जून को होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रचार चरम हो गया है।
प्रधानमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी कल हिमाचल प्रदेश के एक दिवसीय चुनावी दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह नाहन और मंडी में भाजपा की विजय संकल्प रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कल पहले सुबह 9 बजे सिरमौर ज़िला मुख्यालय नाहन के चौहान मैदान में शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप और इसके बाद 11 बजे मंडी के पड्डल मैदान में मंडी से पार्टी उम्मीद्वार कंगना रनौत के पक्ष में चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 26 मई को शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत नाहन और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत ऊना में चुनावी जनसभाएं करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे भी 25 मई को शिमला के रोहड़ू में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
********
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को कुल 62 दशमलव दो प्रतिशत मतदान हुआ।
निर्वाचन आयोग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में 59 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ जबकि पश्चिम बंगाल में लगभग 78 दशमलव चार पांच, बिहार में 56 दशमलव सात छह प्रतिशत, झारखंड में 63 दशमलव दो एक प्रतिशत, लद्दाख में 71 दशमलव आठ दो प्रतिशत, महाराष्ट्र में लगभग 56 दशमलव आठ नौ प्रतिशत, ओडिशा में 73 दशमलव पांच शून्य प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में 58 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
********
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए। बस्तर रेंज के डीआईजी कमलोचन कश्यप और दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि यह मुठभेड़ नारायणपुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर हुई है। अबूझमाड़ के जंगल में माओवादियों का सुराग मिलने पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सात माओवादी मारे गए है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई हैं।
********
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में आज राज्य औद्योगिक विकास निगम क्षेत्र में बिस्फोट से आठ श्रमिकों की मौत हो गई और 60 घायल हो गये। हमारी संवाददाता ने बताया है कि आग बुझाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया है।
ठाणे जिले की डोंबिवली एमआईडीसी परिसर में स्थित ओमेगा केमिकल कंपनी में आज दोपहर एक बड़ा विस्फोट हुआ और भीषण आग लग गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक के इलाके में इसकी आवाज सुनी गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गई और इलाके में बड़ी मात्रा में धूआं फैल गया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जिला कलेक्टर को घटना की जांच करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान फोकस बचाव और राहत कार्यों पर है। जितेंद्र कालेकर के साथ माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार मुंबई।
********
दूरसंचार विभाग ने आज लगभग छह लाख 80 हजार मोबाइल नम्बरों को फर्जी और अवैध पाया है। संदेह है कि ये नम्बर अमान्य, अस्तित्वहीन, नकली पहचान प्रमाण और ग्राहक को जानिए – केवाईसी के फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके प्राप्त किए गए हैं। विभाग ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को इन नम्बरों को पुर्नसत्यापित करने के निर्देश दिये हैं। साठ दिन के अन्दर पुर्नसत्यापित न किये जाने पर इन मोबाइल नम्बरों को खत्म कर दिया जाएगा विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों के सहयोग और आर्टिफिशियल इंटेलीजैंस तकनीक से धोखाधडी करने वाले इन नम्बरों की पहचान की है।
********
सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने आज कहा कि एनीमेशन और विज्युल इफैक्ट्स में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना को लेकर काम किया जा रहा है। चेन्नई में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि तीन लाख करोड के फिल्म निर्माण उद्योग के लिए आधुनिक तकनीकों में पारंगत युवाओं की आवश्यकता है।
********
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भीषण गर्मी से आज कुछ राहत मिली है। विभाग ने अगले चार दिन तक मुख्य रूप से राजस्थान और गुजरात में अत्यधिक गर्मी की आशंका व्यक्त की है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शनिवार तक दिल्ली में लू चलने की कोई संभावना नहीं है।
देश के पूर्वी हिस्सों में बिजली और गरज के साथ बारिश की संभावना है। अगले सात दिन तक झारखंड, बिहार, ओडिसा और पश्चिम बंगाल में आंधी, बिजली और बारिश हो सकती है। दक्षिणी भागों में कल तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। पश्चिम-मध्य और उसके निकटवर्ती दक्षिण बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव के क्षेत्र के शनिवार सुबह तक चक्रवात में बदलने की संभावना है।
********
आज बुद्ध पूर्णिमा है। गौतम बुद्ध का जन्म और महापरिनिर्वाण आज ही के दिन हुआ था। उन्हें आज ही के दिन बोधगया में महाबोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति भी हुई थी।
बिहार में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विभिन्न देशों के बौद्ध मठों, बौद्ध विहारों के साथ साथ अलग अलग संगठनों ने बोधगया में निकाली गयी शोभायात्रा में हिस्सा लिया । शोभायात्रा विश्व विरासत शहर बोधगया के विभिन्न हिस्सों से गुजरी और इसका समापन महाबोधि मंदिर में हुआ। थाईलैंड, जापान, म्यामांर, श्रीलंका, इंडोनेशिया के अलावा विश्व के अन्य हिस्सों से आये बौद्ध भिक्षुओं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने बुद्धम शरणम गच्छामि का मंत्रोच्चारण करते हुए शोभा यात्रा के माध्यम से महात्मा बुद्ध के संदेशों का प्रसार किया। इस अवसर पर विश्व शांति की कामना के साथ महाबोधि वृक्ष के नीचे विशेष प्रार्थना का भी आयोजन किया गया। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
श्रीलंका में आज वेसाक उत्सव मनाया जा रहा है। चार दिन के इस उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
दुनिया भर में मनाये जा रहे बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आज श्रीलंका में वेसाक उत्सव मनाया जा रहा है। चार दिनों तक मनाये जा रहे इस उत्सव में एक विशाल वेसाक पंडाल, लालटेनों की प्रदर्शनी, पारंपरिक वेसाक धनशाला, फूलों की परेड, ध्यान कार्यक्रम और विभिन्न सांस्कृतिक प्रदर्शन शामिल हैं जो श्रीलंका की समृद्ध विरासत को उजागर करते हैं। इस अवसर पर भारतीय उच्चायोग द्वारा प्रख्यात भारतीय चित्रकारों द्वारा बौद्ध कला के संग्रह से युक्त एक प्रदर्शनी का उद्घाटन श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने किया। कोलंबो से आकाशवाणी समाचार के लिए मैं अहमद मुईन फ़ारूक़ी।
********
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने पेरिस ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले खिलाडियों को प्रोत्साहित के लिए ‘लेट्स मूव इंडिया’ पहल शुरू करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य देश भर के लोगों को सोशल मीडिया के जरिए इस अभियान में शामिल करना है। 23 जून को ओलंपिक दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय स्कूल इस अभियान में भाग ले सकते हैं और पसंदीदा खिलाडी को प्रोत्साहित कर सकते हैं।
********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा चुनाव के छठें चरण के लिए प्रचार समाप्त। इस चरण में शनिवार को 58 सीटों के लिए मतदान होगा।
- छत्तीसगढ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में सात माओवादी ढेर।
- दूरसंचार विभाग ने छह लाख 80 हजार से अधिक मोबाइल कनैक्शन अवैध पाए।
- मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी पडने का अनुमान व्यक्त किया।
- अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने ‘लेट्स मूव इंडिया’ पहल की शुरूआत की। इसका उद्देश्य पेरिस ओलंपिक खेलों में एथलिटों को उत्साहित करने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
********