मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा– कई देशों के साथ भारत के व्यापार और आवागमन समझौतों से भारतीय युवाओं के लिए अनगिनत अवसर खुलेंगे।
- प्रधानमंत्री कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन भारत और यूरोपीय संघ के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी मजबूत करने के लिए नई दिल्ली पहुंचीं। गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगी।
- राष्ट्रीय मतदाता दिवस कल मनाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा– शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है।
- भारत के युकी भांबरी और स्वीडन के आंद्रे गोरान्सन ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के पुरुष डबल्स प्री–क्वार्टर–फाइनल में पहुंचे।
- जिम्बाब्वे के बुलवायो में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के अंतिम ग्रुप मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कई देशों के साथ भारत के व्यापार और आवागमन समझौतों से भारतीय युवाओं के लिए अनगिनत अवसर खुलेंगे। प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में वर्चुअल माध्यम से 18वें राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे।
युवाओं को कौशल से जोड़ना और उन्हें रोजगार, स्वरोजगार के अवसर देना, ये हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है। सरकारी भर्तियों को भी कैसे मिशन मोड पर किया जाए, इसके लिए रोजगार मेले की शुरुआत की गई थी। इसके जरिए लाखों युवाओं को सरकार के अलग–अलग विभागों में नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने भारत की सशक्त अर्थव्यवस्था पर बल देते हुए कहा कि यह दुनिया की एकमात्र अर्थव्यवस्था जिसने एक दशक में अपनी जीडीपी दोगुनी कर ली है। उन्होंने कहा कि आज एक सौ से अधिक देश, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश-एफडीआई के माध्यम से भारत में निवेश कर रहे हैं।
*****
हरियाणा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 109 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से अब तक विभिन्न विभागों में 11 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
बहुत से युवा बी एस एफ में गये हैं, सी आई एस एफ में गये हैं, आई टी बी पी के लिए उनका सलेक्शन हुआ है। एड मैन के लिए सलेक्शन हुआ है। इन सब स्थानों पर जाने की जो रूचि बढी है, खासकर के जिसे अग्निवीर को जो विषय शुरू हुआ था। अभी भी अग्निवीर पर जाने के लिए युवाओं की प्रेरणा बनी हुई है। ताकि चार वर्ष अपनी ट्रेनिंग लेकर के आगे जो उनको च्वाईस करनी है, उसकी च्वाईस करते हैं। युवा निश्चित रूप से देश की रक्षा करें।
*****
झारखंड के हजारीबाग में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के 2 सौ 33 चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
*****
मिजोरम के आइजोल में भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। नये चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
*****
महाराष्ट्र में भी रोजगार मेला के अंतर्गत कई स्थानों पर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। केन्द्रीय सहकारिता और नागर उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल पुणे में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के केन्द्र पर आयोजित रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सवेरे 11 बजे आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। मासिक रेडियो कार्यक्रम का 130वीं कड़ी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ऑनएआईआर मोबाइल ऐप पर भी प्रसारित किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी होगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी के क्षेत्रीय केंद्र प्रादेशिक भाषाओं में इसका प्रसारण करेंगे।
*****
राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर एक संदेश में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है। इसी उद्देश्य के साथ मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम जोड़ना और प्रत्येक अपात्र का नाम हटाना सुनिश्चित करना है।
हाल ही में 21 से 23 जनवरी के दौरान भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रबंधन और चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के लिए विश्व का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन आयोजित किया। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में 70 से अधिक देशों के चुनाव प्रबंधन संस्थानों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों, साथ ही कई देशों के राजदूतों ने भी भाग लिया। यह पहल भारत निर्वाचन आयोग की वैश्विक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार में सफलतापूर्वक एस.आई.आर. पूरा किया गया है और अभी 11 राज्यों तथा केन्द्रशासित क्षेत्रों में यह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बाकी राज्यों में भी एस.आई.आर. शीघ्र शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बिहार में अंतिम मतदाता सूची के विरूद्ध एक भी अपील दायर नहीं की गई है। यह एस.आई.आर. की शुचिता और विश्वसनीयता प्रदर्शित करता है।
बिहार में एस आई आर की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण यह रहा कि तैयार की गई मतदाता सूची पर एक भी अपील दर्ज नहीं हुई। जिससे इसकी पवित्रता और विश्वसनीयता सिद्ध हुई। इसी सशक्त आधार पर संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक रहे।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश देश की आत्मा होने के साथ-साथ विकसित भारत का विकास संचालक भी बनने जा रहा है। लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह में आज उन्होंने कहा कि यह राज्य अब देश की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत में उत्तर प्रदेश अपना अहम योगदान देगा।
जब 15 अगस्त 2047 को देश की आजादी की सती मनाई जाएगी हमारा उत्तर प्रदेश पूर्ण विकसित प्रदेश बनाकर विकसित भारत का एक अहम राज्य बनेगा।
गृहमंत्री ने एक जिला एक व्यंजन योजना का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि औद्योगिक विकास कार्यक्रम की तरह नई योजना एक जिला एक व्यंजन उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य की जनता को शुभकामनाएं दीं हैं।
*****
प्रधानमंत्री के सक्रिय शासन और समयबद्ध कार्यान्वयन के प्रमुख मंच-प्रगति ने अपनी 50वीं सफल बैठक के साथ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पहल को वर्ष 2015 में शुरू किया था। यह केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों को एक साथ एक ही डिजिटल मंच पर लाता है। विशेष श्रृंखला में आज कर्नाटक में स्थित पडूर रणनीतिक कच्चे तेल भंडारण परियोजना पर विशेष रिपोर्ट।
2.5 मिलियन मीट्रिक टन क्षमता वाली पाड्डुर सामरिक कच्चा तेल भंडारण परियोजना भारत की फेज-1 सामरिक पेट्रोलियम रिज़र्व योजना का एक प्रमुख हिस्सा है। इसके तहत पाडुर में भूमिगत चट्टानी गुफाओं का निर्माण किया गया, साथ ही विशाखापत्तनम और मंगलुरु में भी ऐसी सुविधाएँ बनाई गई। परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान कच्चे तेल को गुफाओं तक पहुँचाने के लिए 36 किलोमीटर लंबी कच्चा तेल पाइपलाइन और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति के लिए 10 किलोमीटर लंबी 110 किलोवोल्ट बिजली ट्रांसमिशन लाइन की आवश्यकता थी। हालांकि 34.4 किलोमीटर के लिए उपयोग का अधिकार प्राप्त कर लिया गया था लेकिन शेष 1.6 किलोमीटर के लिए स्थानीय विरोध के कारण यह अधिकार नहीं मिल सका। इसके चलते परियोजना के चालू होने में देरी हुई। इस मुद्दे को, 22 अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में प्रगति मंच पर समीक्षा के लिए उठाया गया। इसके बाद 23 मार्च 2016 को दोबारा इसकी समीक्षा की गई और कर्नाटक सरकार को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वह पाइपलाइन और उससे जुड़ी बिजली ट्रांसमिशन लाइन के लिए आवश्यक उपयोग का अधिकार उपलब्ध कराए। प्रगति आधारित हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप, पाडुर सामरिक कच्चा तेल भंडारण परियोजना ने 100 प्रतिशत भौतिक प्रगति हासिल की और इसे 31 दिसंबर 2018 तक सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया। अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज नई दिल्ली में द्वितीय वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया में सद्भाव और सह-अस्तित्व के मार्ग को प्रकाशित करती हैं। श्री रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बुद्ध के ज्ञान और संदेश को दुनिया में फैलाने की भी चर्चा की।
भारतवर्ष में जहां–जहां बुद्ध धर्म के चिन्ह हैं, बौद्ध गया से लेकर के सारनाथ, कुशीनगर से लेकर के जितने भी देशभर में बुद्ध धर्म का चिन्ह है वहां पर हमने विश्व के लोगों को आने के लिए कार्य किए हैं। पहली बार प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में बुद्ध जयंती, बुद्ध पूर्णिमा को मनाना शुरू किया।
*****
इस अवसर पर संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत बौद्ध संवाद के लिए एक वैश्विक मंच के रूप में उभर रहा है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम 7 बजे से आकाशवाणी के सभी राष्ट्रीय चैनलों पर प्रसारित होगा। इसे दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। आकाशवाणी अपने क्षेत्रीय चैनलों पर रात साढ़े 9 बजे से प्रादेशिक भाषाओं में संबोधन का प्रसारण करेगा।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है और ऐसे में युवाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूती के साथ हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। नई दिल्ली में एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में श्री सिंह ने युवाओं से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश भर में आयोजित मॉक ड्रिल में जन जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बहादुर एन सी सी कैडेटों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देशभर में जब मार्क ड्रिल्स किये गये तो उसमें हमारे एन सी सी कैडेट्स ने भी जनता को जागरूक करने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका आप सबने निभाई है। एन सी सी आपके अंदर वो सारे गुण डवलेप करती है जो आपको हर तरीके से मजबूत बनाते और आपकी यही मजबूती राष्ट्र को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
*****
पंचायती राज मंत्रालय कल नई दिल्ली में निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करेगा। इन प्रतिनिधियों को गणतंत्र दिवस परेड के लिए विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर यूनिसेफ के सहयोग से मंत्रालय द्वारा विकसित पंचायत सहायता और संदेश सेवा – पंचम चैटबॉट का शुभारंभ भी किया जाएगा।
*****
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन आधिकारिक भारत यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंची।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यह यात्रा भारत और यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगी। उन्होंने आगे कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित मजबूत साझेदारी है। उर्सुला फॉन डेर लायन सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा के साथ मुख्य अतिथि होंगी। दोनों नेता इस महीने की 27 तारीख को होने वाले 16वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
*****
बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि बंगलादेश अराजकता, असुरक्षा और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न का सामना कर रहा है। नई दिल्ली में कल शाम ऑडियो संदेश में शेख हसीना ने कहा कि वर्तमान समय में बंगलादेश अपने इतिहास के सबसे खतरनाक दौर में है। उन्होंने बंगलादेश के नागरिकों से लोकतंत्र बहाल करने के लिए समर्थन की अपील की।
देश को चौतरफा आतंक के माहौल में धकेल दिया गया है। लोकतंत्र को निर्वासन पर भेज दिया गया है और मानवाधिकार अंधकार में हैं। पत्रकारिता की स्वतंत्रता को कुचल दिया गया है। महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा, यातना और यौन उत्पीड़न लगातार बढ़ रहे हैं। इस गंभीर घड़ी में पूरे देश को एकजुट होना होगा और महान मुक्ति संग्राम के आदर्शों से मार्गदर्शन लेना होगा।
*****
बांग्लादेश में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और जमात-ए-इस्लामी प्रमुख प्रतिद्वंदी ताकतों के रूप में उभर रही हैं। दोनों पार्टी के नेता एक-दूसरे पर तीखे राजनीतिक हमले कर रहे हैं।
*****
भारत के युकी भाम्बरी और स्वीडन के आंद्रे गोरान्सन की जोडी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय-स्वीडिश जोड़ी ने मैक्सिको के सैंटियागो गोंज़ालेज़ और नीदरलैंड के डेविड पेल को 4-6, 7-6, 6-3 से हराया।
*****
जिम्बाब्वे के बुलावायो में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के तीसरे और अंतिम ग्रुप मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है। बारिश से बाधित मैच में डकवर्थ लुईस पद्धति के अनुसार भारत के सामने 37 ओवर में 130 रन का संशोधित लक्ष्य था। भारत ने महज 13 ओवर और तीन गेंद में तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। आय़ुष म्हात्रे ने सबसे अधिक 53 रन बनाए, वैभव सूर्यवंशी ने 40 रन की पारी खेली।
*****
महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से बडोदरा के बीसीए स्टेडियम में हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक बेंगलुरू की टीम ने 18वें ओवर में सात विकेट पर 99 रन बना लिए थे।
*****
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने से बहुत घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कल पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मध्य प्रदेश में घने कोहरे की स्थिति का अनुमान व्यक्त किया है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा— कई देशों के साथ भारत के व्यापार और आवागमन समझौतों से भारतीय युवाओं के लिए अनगिनत अवसर खुलेंगे।
- प्रधानमंत्री कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन भारत और यूरोपीय संघ के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी मजबूत करने के लिए नई दिल्ली पहुंचीं। गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगी।
- राष्ट्रीय मतदाता दिवस कल मनाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा– शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है।
- भारत के युकी भांबरी और स्वीडन के आंद्रे गोरान्सन ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के पुरुष डबल्स प्री–क्वार्टर–फाइनल में पहुंचे।
- जिम्बाब्वे के बुलवायो में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के अंतिम ग्रुप मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया।
*****