December 25, 2025 10:08 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पहलों से देश का विकास परिदृश्य बदला। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री की 101वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया।

  • प्रधानमंत्री ने कहा – पिछले 11 वर्षों से उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक के हित में काम कर रही है।

  • ओडिशा के कंधमाल जिले में संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान एक मुठभेड में एक करोड दस लाख रुपये का इनामी शीर्ष माओवादी गणेश उइके मारा गया।

  • यात्रियों की सुविधा और परिचालन के बीच संतुलन बनाने के लिए रेलवे कल से यात्री किराया संरचना को युक्‍तिसंगत बनाएगा।

  • क्रिसमस का पर्व विश्वभर में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

  •  पोप लियो ने यूक्रेन और रूस से युद्ध समाप्त करने के लिए सीधी बातचीत करने का आग्रह किया।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि पिछले 11 सालों से उनकी सरकार समाज के हर नागरिक के कल्‍याण के लिए कड़ी मेहनत कर रही है और बिना किसी भेदभाव के उन्हें सभी योजनाओं का लाभ दे रही है। यह सुशासन और सच्ची धर्मनिरपेक्षता का परिचायक है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में श्री मोदी ने एक जनसभा में यह बात कही। उन्होंने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना उनकी सरकार का उद्देश्‍य है।

 

हमने अंत्योदय को सैचुरेशन यानी संतुष्टीकरण का नया विस्‍तार दिया है। सैचुरेशन यानी हर जरूरतमंद, हर लाभार्थी को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में लाने का प्रयास जब सैचुरेशन की भावना होती है तो भेदभाव नहीं होता और यही तो सुशासन है, यही सच्चा सामाजिक न्याय है, यही सच्‍चा सैक्‍युलरिज्‍म है।

 

इस अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्‍मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कई ऐसी पहल कीं जिनसे देश के विकास का परिदृश्य बदल गया। 

 

कनेक्टिविटी को लेकर अटल जी के विज़न ने 21वीं सदी के भारत को शुरुआती मजबूती दी है। अटल जी की सरकार के समय ही गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने का अभियान शुरू किया गया था। उसी समय स्वर्णिम चतुर्भुज यानी हाईवे के विस्तर पर काम शुरू हुआ था। साल 2000 के बाद से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत अब तक करीब 8 लाख किलोमीटर सड़के गांवों में बनी हैं और इनमें से करीब 4 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़के पिछले 10-11 साल में बनी हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय नायकों के साथ न्याय न करने और हर चीज का नाम केवल अपने पार्टी के नेताओं के नाम पर रखने के लिए कड़ी आलोचना की। उत्तर प्रदेश की बदली हुई छवि का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब यह राज्य विकास का पर्याय बन गया है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री और स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल जी ने संस्कृति, समाज और राजनीति में बहुत बडा योगदान दिया।

 

हमारा देश जिन मंत्रों के साथ आगे बढ़ा है, उनमें हमारे प्रधानमंत्री जी के द्वारा दिया गया एक महत्वपूर्ण मंत्र है। अपने महापुरुषों और अपनी विरासत का स्मरण करना, उन पर गौरव की अनुभूति करना तथा उनके प्रति सम्मान इसी सोच से प्रभावित होकर इस प्रेरणा स्थल में भारत के तीन ऐसे महापुरुषों की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो प्रेरणा के मूर्ति स्वरूप हैं और जिन्होंने आजाद भारत को सम्मान, स्वाभिमान और एक नई पहचान दिलाने का काम किया है।

 

हमारे लखनऊ संवाददाता ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक और स्थायी राष्ट्रीय महत्व के प्रेरणादायक परिसर के रूप में विकसित किया गया है।

 

यह संग्रहालय भारत की राष्ट्रीय यात्रा और दूरदर्शी नेताओं के योगदान को उन्नत, डिजिटल और इमरसिव टेक्नोलॉजी के माध्यम से दिखाता है जो लोगों को एक शानदार अनुभव देता है। लगभग 230 करोड़ रुपए की लागत से बना और 65 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला यह परिसर एक ऐसी राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में बनाया गया है जो नेतृत्व मूल्यों, राष्ट्रीय सेवा सांस्कृतिक चेतना और सार्वजनिक प्रेरणा को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इस परिसर में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं हैं जो भारत की राजनीतिक सोच, राष्ट्र निर्माण और सार्वजनिक जीवन में उनके महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक हैं। इनमें एक अत्याधुनिक संग्रहालय भी है जिसे कमल के फूल के आकार में बनाया गया है जो लगभग 98 हजार वर्ग फुट में फैला हुआ है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार लखनऊ।

*****

इस अवसर पर मध्‍य प्रदेश में गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और राज्‍य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में ग्वालियर में अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट आयोजित किया गया। सम्‍मेलन के दौरान दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्‍तावों का उद्घाटन किया गया और आधारशिला रखी गई। राज्य सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोज़गार और आय के नए अवसर सृजित होने की आशा है। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि अटल जी ने देश के विकास में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया।

 

अटल जी ने न केवल इस देश को अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने में मदद की। अटल जी ने पूरा जीवन इस देश के स्वर्ग को जगाने का काम किया। अटल जी ने ही पूरी दुनिया के सामने परमाणु शक्ति शांति के लिए भी बन सकते हैं। इसका सिद्धांत प्रस्तापित कर कर दुनियाभर के दबाव के विरुद्ध में जाकर भारत को आण्विक शक्ति बनाने का काम सम्माननीय अटल जी ने किया।

*****

मध्य प्रदेश के रीवा में आयोजित प्राकृतिक खेती पर किसान सम्मेलन में गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देशभर में लगभग 40 लाख किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। श्री शाह ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपने खेत में प्राकृतिक खेती को स्‍थान दिया है और इससे उत्पादन में वृद्धि हुई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे।

*****

ओडिशा में आज सुबह एक करोड़ दस लाख रुपये के इनामी शीर्ष नक्‍सली नेता को संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस नक्‍सली की पहचान गणेश उइके के रूप में हुई है। एक रिपोर्ट-

 

ओडिशा में सुरक्षा बलों द्वारा एक टॉप माओवादी नेता गणेश उइके का मारा जाना राज्य में माओवादी कैडर के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। गणेश उइके प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के सेंट्रल कमेटी के सदस्य और ओडिशा के इंचार्ज थे। देश के अलग-अलग हिस्सों में कई बड़े माओवादी हमलों के सिलसिले में उनकी तलाश थी। यह ऑपरेशन स्पेशल इंटेलिजेंस विंग को मिली खास खुफिया जानकारी के बाद शुरू किया गया था। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में पांच अन्य माओवादी भी मारे गए। बाकी बचे माओवादियों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए आसपास के जंगल इलाकों में तलाशी और कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी हैं। इस बीच, ओडिशा पुलिस के डायरेक्टर जनरल, वाई. बी. खुराना ने कहा कि राज्य पुलिस ने अगले साल मार्च तक ओडिशा में माओवादी गतिविधियों को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।

*****

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ओडिशा नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने के करीब है। नक्सल मुक्त भारत की दिशा में हासिल की गई एक बड़ी उपलब्धि को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए संकल्पबद्ध है।

*****

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली में आतंकवाद रोधी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्रालय ने बताया कि दो दिन का यह सम्मेलन आतंकवाद रोधी अभियानों में लगे सैन्यबलों, तकनीकी, कानूनी और फोरेंसिक विशेषज्ञों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने वाले मुद्दों और आतंकवाद से उत्पन्न होने वाले खतरों पर विचार-विमर्श करने का एक मंच है। राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण -एनआईए ने दो दिन के इस सम्मेलन का आयोजन किया है।

*****

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन को संतुलित करने के लिए कल से यात्री किराये ढांचे को युक्तिसंगत बनाया है। संशोधित किराया ढांचे के तहत उपनगरीय सेवाओं और सीज़न टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। संशोधित किराया केवल कल या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा। पहले से बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा, भले ही यात्रा प्रभावी तिथि के बाद की जाए। रेल मंत्रालय ने कहा कि आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट सरचार्ज या अन्य सहायक शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

*****

ईसा मसीह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आज दुनियाभर में क्रिसमस का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी० पी० राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को बधाई दी है। राष्‍ट्रीय राजधानी में क्रिसमस का त्‍योहार धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर गिरजाघरों में सामूहिक प्रार्थना के साथ कल शाम से ही उत्सव की रौनक छाई हुई है। एक रिपोर्ट-

 

राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों के गिरजाघरों में आधी रात ईसा मसीह का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने कैरोल गाकर और प्लम केक बांटकर उत्सव की उमंग को और बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कैथेड्रल कैथे-इल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इस अवसर पर सेक्रेड हार्ट चर्च, सेंट स्टीफंस चर्च, सेंट मार्टिन चर्च सहित अन्य गिरजाघरों ने भी उत्सव की रोशनी से अपनी रौनक बढ़ाई। हजारों लोगों ने प्रार्थना की और इस खुशी के अवसर को मनाया। दिल्लीवासियों ने भी अपने घरों को रोशनी से सजाया और मालाओं और क्रिसमस ट्री से अलंकृत किया। बच्चों ने भी सैंटा क्लॉस की वेशभूषा के साथ गलियों में मिठाइयां और क्रिसमस कार्ड बांटे, समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

*****

पोप लियो ने आज अपने पहले क्रिसमस उपदेश में रूस और यूक्रेन से युद्ध समाप्‍त करने के लिए सीधी वार्ता आयोजित करने का आग्रह किया। सेंट पीटर्स स्क्वायर पर पोप ने आशा व्‍यक्‍त की कि अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय के समर्थन से सभी पक्ष युद्ध को रोकने के लिए ईमानदार, प्रत्‍यक्ष और सम्‍मानजनक संवाद करने का साहस जुटाएंगे। पोप लियो ने गाजा में फलस्तीनियों की स्थिति पर भी चिंता व्‍यक्‍त की।

*****

मौसम विभाग ने दिल्ली, असम, मेघालय, हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रविवार तक घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक हरियाणा, झारखंड, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड की स्थिति का भी अनुमान जताया है। इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।

*****

महिला क्रिकेट में भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा टी-ट्वेंटी मुकाबला कल शाम सात बजे से तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। दूसरे मैच में भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया था। पांच मैचों की श्रृंखला में भारत दो-शून्‍य से आगे है।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पहलों से देश का विकास परिदृश्य बदला। पूर्व प्रधानमंत्री की 101वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया।

  • प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – पिछले 11 वर्षों से उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक के हित में काम कर रही है।

  • ओडिशा के कंधमाल जिले में संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान एक मुठभेड में एक करोड दस लाख रुपये का इनामी शीर्ष माओवादी गणेश उइके मारा गया।

  • यात्रियों की सुविधा और परिचालन के बीच संतुलन बनाने के लिए रेलवे कल से यात्री किराया संरचना को युक्‍तिसंगत बनाएगा।

  • क्रिसमस का पर्व विश्वभर में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

  • पोप लियो ने यूक्रेन और रूस से युद्ध समाप्त करने के लिए सीधी बातचीत करने का आग्रह किया।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.