December 21, 2025 9:44 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. विकसित भारत – जी-राम-जी विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी; यह अधिनियम ग्रामीण परिवारों के लिए 125 दिनों के दिहाड़ी रोजगार की गारंटी देता है।

  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने असम के डिब्रूगढ़ में अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना की आधारशिला रखी।

  3. भारत ने नई दिल्ली स्थित अपने उच्चायोग के बाहर सुरक्षा उल्लंघन की बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्ट को खारिज किया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों पर गहरी चिंता जताई।

  4. भाजपा नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत की ओर अग्रसर।

  5. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में कल घने कोहरे के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

  6. महिला क्रिकेट में, श्रीलंका ने विशाखापत्तनम में पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के पहले मैच में भारत को 122 रन का लक्ष्य दिया।

****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण विकसित भारत- जी राम जी विधेयक, 2025 को मंज़ूरी दे दी है। संसद ने इसे शीतकालीन सत्र के दौरान पारित किया था। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

यह अधिनियम विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप एक ग्रामीण विकास ढांचा स्थापित करेगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक वित्तीय वर्ष में प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 125 दिनों की मजदूरी रोजगार की वैधानिक गारंटी प्रदान की जाएगी, इसमें परिवार के वयस्क सदस्य जो अकुशल शारीरिक श्रम करने के लिए इच्‍छुक हैं उन्‍हें मजदूरी दी जाएगी। इस योजना में केन्‍द्र और राज्‍य सरकारों के बीच निधि बंटवारे का अनुपात अधिकांश राज्‍यों के लिए साठ और चालीस प्रतिशत होगा। जबकि पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में यह अनुपात 90 और 10 होगा। इस योजना के अंतर्गत यदि किसी को समय पर काम नहीं दिया जाता है तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी है। यदि इसके अलावा मजदूरी में देरी होती है तो अतिरिक्‍त राशि भी दी जाएगी। केन्‍द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी विधेयक मनरेगा संवर्धित रूप है, जो विकास और गरीबों के हित में है।

 

विकसित भारत जी राम जी योजना मनरेगा के आगे का कदम है। मजदूर भाइयों 100 दिन की नहीं अब एक सौ 25 दिन काम की गारंटी है। कानूनी गारंटी है और काम नहीं तो बेरोजगारी भत्ते के प्रावधान को और सशक्त बनाया गया है। मजदूरी अगर देर से मिली तो अतिरिक्‍त राशि देने का प्रावधान है।

 

यह अधिनियम महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), 2005 का स्‍थान लेगा और एक आधुनिक कानूनी ढांचा प्रदान करेगा जो आजीविका सुरक्षा को मजबूत करेगा, तथा विकसित भारत के लक्ष्‍य को साकार करेगा। अमन यादव के साथ आदर्श आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के निर्माण में देश के किसानों और अन्नदाताओं की अहम भूमिका है और सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी योजनाएं सभी किसानों तक पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने आज असम के डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप में अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना की आधारशिला रखते हुए यह बात कही। इस संयंत्र की वार्षिक यूरिया उत्पादन क्षमता 12 दशमलव 7 लाख मीट्रिक टन होगी और परियोजना का संचालन 2030 में शुरू होने की उम्मीद है।

 

उर्वरकों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक नया यूरिया संयंत्र जल्द ही देश के किसानों के लिए उर्वरक की आपूर्ति को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने से आपूर्ति तेज होगी और हजारों नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

 

इस फर्टिलाइजर प्रोजेक्ट पर करीब 11000 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। यहां हर साल 12 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा खाद बनेगी। जब उत्पादन यही होगा तो सप्लाई तेज होगी। लॉजिस्टिक का खर्चा घटेगा। नामरूप की यूनिट रोजगार-स्वरोजगार के हजारों नए अवसर भी बनाएगी।

 

श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को उर्वरक पर बडी सब्सिडी देती है।

 

जो यूरिया हमें महंगे दामों पर विदेशों से मंगाना पड़ता है, हम उसकी भी चोट अपने किसानों पर नहीं पडने देते। बीजेपी सरकार सब्सिडी देकर वो भार, सरकार खुद उठाती है। भारत के किसानों को सिर्फ 300 रुपये में यूरिया की बोरी मिलती है। उस एक बोरी के बदले भारत सरकार को दूसरे देशों को करीब 3000 रुपये देना पड़ता है।

 

असम दौरे के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुत्र नदी पर एक क्रूज जहाज पर आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान छात्रों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने असम आंदोलन के आठ सौ 60 शहीदों की स्मृति में गुवाहाटी के बोरागांव में नवनिर्मित शहीद स्मारक क्षेत्र का दौरा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

****

भारत ने स्‍पष्‍ट किया है कि नई दिल्‍ली स्थित बांग्‍लादेश उच्‍चायोग के बाहर एक‍त्र हुए प्रदर्शनकारियों ने किसी तरह की सुरक्षा तोड़ने की कोशिश नहीं की। मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल बांग्‍लादेश के मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास की हत्‍या के विरोध में बीस से 25 युवकों ने बांग्‍लादेश के उच्‍चायोग के सामने एकजुट होकर नारे लगाए थे। एक रिपोर्ट-

 

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों ने बांग्‍लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की भी मांग की है। मंत्रालय ने स्‍पष्‍ट किया है कि मौके पर तैनात पुलिस ने कुछ ही मिनटों में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया। मंत्रालय ने कहा कि इस घटना को लेकर बांग्‍लादेश के कुछ मीडिया वर्गों में भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जबकि इस घटना से संबंधित साक्ष्‍य सार्वजनिक रूप से उपलब्‍ध हैं। विदेश मंत्रालय ने वियना सम्मेलन के अंतर्गत अपनी जमीन पर विदेशी मिशनों और उच्‍चायोगों की सुरक्षा की प्रतिबद्धता को दोहराया। मंत्रालय ने कहा कि वह पड़ोसी देश में उभरती परिस्थितियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। भारतीय अधिकारी बांग्‍लादेश के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और उन्‍होंने बांग्‍लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले को लेकर भारत की चिंता से अवगत कराया है। भारत ने दीपू चन्‍द्र दस की बर्बर हत्या के दोषियों को सजा देने की मांग भी की। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

****

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्मशती के अवसर पर आज इंदौर में “शून्य से शतक: एक शताब्दी अटल भारत की” स्मृति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को एक महान व्यक्तित्व बताया, जिन्होंने ईमानदारी, बुद्धिमत्ता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ आधुनिक भारत को आकार दिया।

 

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि 25 दिसंबर को अटल जी की जन्म शती समारोहों के समापन के अवसर पर ग्वालियर में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा दो लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।

 

माननीय प्रधानमंत्री जी के माध्‍यम से 25 तारीख को ग्‍वालियर से दो लाख करोड़ से ज्‍यादा के उद्योगों के भूमि पूजन लोकार्पण अटल जी को समर्पित करने वाले हैं। हमने इस कार्यक्रम की रचना बनाई है। यह सच्‍ची श्रृद्धांजलि अटल जी के लिए होगी।

****

सरकार के ई-मार्केटप्लेस-जीईएम पर नवंबर तक 11 लाख से अधिक पंजीकृत सूक्ष्म और लघु उद्यम -एमएसई विक्रेता दर्ज किए गए हैं। इन विक्रेताओं को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक के उत्‍पादों का ऑर्डर प्राप्त हुआ। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि ये ऑर्डर जीईएम के माध्यम से हुए कुल ऑर्डर मूल्य के 44 प्रतिशत से अधिक हैं।

****

रेलवे 26 दिसंबर से रेल किराए को युक्तिसंगत बनाएगा। सामान्य श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए किराए में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इससे अधिक दूरी की यात्रा पर प्रति किलोमीटर एक पैसे की दर से वृद्धि की जाएगी। मेल, एक्सप्रेस और वातानुकूलित गाड़ियों में यह दर 2 पैसे प्रति किलोमीटर होगी। रेलवे के अनुसार, किराए में वृद्धि से लगभग 6 सौ करोड़ रूपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

****

महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों के नतीजों के अंतिम आंकड़े अभी निर्वाचन आयोग ने घोषित नहीं किए हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ महायुति 214 स्थानीय निकायों में बढ़त बनाए हुए है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा और महायुति को मिले बहुमत समर्थन के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त किया। नागपुर में मीडिया से बातचीत में मुख्‍यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार जनता द्वारा जताए गए विश्वास के अनुरूप विकास कार्य करेगी।

****

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि हाल में अधिसूचित पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियम 2025 भारत में घरेलू हाइड्रोकार्बन उत्‍पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम है। सोशल मीडिया पर एक समाचार साझा करते हुए केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा है कि नये नियम भारत की ऊर्जा सुरक्षा हासिल करने की दिशा में गति प्रदान करते हैं। उन्‍होंने बताया कि इन नियमों के तहत लीज के मूल्‍य को लेकर सभी तरह की अस्‍पष्‍टताएं दूर कर दी गई हैं।

****

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में कल घने कोहरा रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कल कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने कल कर्नाटक, तेलंगाना, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में शीतलहर का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले 24 घंटों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है।  इस बीच, राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र-दिल्‍ली में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। वहीं, ओडिशा में भी कड़ाके की ठंड जारी है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

****

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, कल रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीकमें  उपभोक्ता अधिकारों और दायित्वोंपर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इस कार्यक्रम में उपभोक्ता कार्य विभाग की सचिव निधि खरे भाग लेंगी।

 

श्रोता टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1,  0 1 1 – 2 3 7 1 7 1 1 7 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं।

****

अंडर-19 एकदिवसीय एशिया कप क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्‍तान ने भारत को 348 रन का लक्ष्य दिया है। भारत की पूरी टीम 27वें ओवर में 156 रन पर सिमट गई।

****

वहीं, महिला क्रिकेट में भारत और श्रीलंका के बीच पहले टी-20 मुकाबले में श्रीलंका ने भारत को 122 रन का लक्ष्‍य दिया है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के 12 रन बना लिए हैं। श्रीलंका की ओर से विश्मी गुनारत्ने ने सर्वाधिक 39 रन बनाए।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. विकसित भारत – जी-राम-जी विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी; यह अधिनियम ग्रामीण परिवारों के लिए 125 दिनों के दिहाड़ी रोजगार की गारंटी देता है।

  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने असम के डिब्रूगढ़ में अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना की आधारशिला रखी।

  3. भारत ने नई दिल्ली स्थित अपने उच्चायोग के बाहर सुरक्षा उल्लंघन की बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्ट को खारिज किया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों पर गहरी चिंता जताई।

  4. भाजपा नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत की ओर अग्रसर।

  5. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में कल घने कोहरे के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

  6. महिला क्रिकेट में, श्रीलंका ने विशाखापत्तनम में पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत को 122 रन का लक्ष्य दिया।

****