मुख्य समाचार :-
- भारत और ओमान ने व्यापारिक संबंधों को सुदृढ करने के लिए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ सम्मान प्रदान किया गया। श्री मोदी तीन देशों की सफल यात्रा के बाद स्वदेश रवाना हुए।
- संसद ने राष्ट्रीय कल्याण के लिए परमाणु ऊर्जा के विकास के लिए शांति विधेयक पारित किया।
- राज्यसभा में विकसित भारत – जी राम जी विधेयक पर चर्चा शुरू हुई।
- भारतीय पुरुष और महिला टीम ने दुबई में रोल बॉल विश्व कप खिताब जीता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज मस्कत में भारत-ओमान संबंधों में उनके असाधारण योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए ओमान के सुल्तान हैशम बिन तारिक द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह सम्मान रणनीतिक साझेदारी को विशेष महत्व देता है। प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को दोनों देशों की सदियों पुरानी मित्रता को समर्पित किया और इसे भारत और ओमान के एक अरब चालीस करोड लोगों के बीच के स्नेह और प्रेम का प्रतीक बताया। इससे पहले, भारत और ओमान ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर कर द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। प्रधानमंत्री ने सुल्तान के साथ पारस्परिक हित के रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने व्यक्तिगत और प्रतिनिधिमंडल स्तर पर बैठकें कीं। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देश मैत्री पर्व का जश्न मना रहे हैं।
आज हम सब यहां भारत–ओमान मैत्री पर्व भी मना रहे हैं। यह मैत्री पर्व हम दोनों देशों की दोस्ती हमारी शेयर्ड हिस्ट्री और प्रॉस्परस फ्यूचर का उत्सव है। भारत और ओमान के बीच शताब्दियों से एक आत्मीय और जीवंत नाता रहा। इंडियन ओशन कि मॉनसून विंड्स ने दोनों देशों के बीच ट्रेड को दिशा दी है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री की ओमान यात्रा कई मायनों में खास रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ओमान दौरा बहुत खास रहा विशेषकर जब दोनों मित्र देश अपने बीच राजनीतिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस दौरे के दौरान बोर्ड प्रतिक्षित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते सेवा पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों पक्षों ने समुद्री सहयोग, उच्च शिक्षा, कृषि, बाजरा की खेती और ओमान चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्री और भारतीय उद्योग परिसंघ के बीच समझौता सहित छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। भारत– ओमान ज्वाइंट स्टेटमेंट में दोनों नेताओं ने दिसंबर 2023 में ओमान के सुल्तान के भारत के दौरे के दौरान अपनाए गए जॉइंट विजन डॉक्यूमेंट में पहचानें गए क्षेत्रों में चल रही कोशिशों और सहयोग का भी मूल्यांकन किया। दोनों नेताओं ने आंतकवाद की सभी रूपों में निंदा की और यह दोहराया कि ऐसे कृत्यों के लिए कोई भी औचित्य कभी स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने इस क्षेत्र में निरंतर सहयोग के महत्व पर बल दिया। मस्कत ओमान से आकाशवाणी समाचार के लिए मैं राजेश बाली।
****
इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों जॉर्डन, इथोपिया और ओमान की सफल यात्रा के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गए हैं।
****
केंद्रीय मंत्री अमित शाह, सुब्रह्ण्यम जयशंकर और जगत प्रकाश नड्डा ने आज प्रधानमंत्री को ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने पर बधाई दी है। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री को यह सम्मान मिलना उनकी दूरदर्शिता और वैश्विक नेता के रूप में उनकी स्वीकृति का एक बड़ा प्रमाण है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह सम्मान दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री की अटूट प्रतिबद्धता को मंजूरी है।
****
संसद ने भारत के रूपांतरण के लिए परमाणु ऊर्जा का सतत दोहन और विकास –शान्ति विधेयक 2025 पारित कर दिया है। राज्य सभा ने इसे आज और लोकसभा ने इसे कल पारित किया था। विधेयक का उद्देश्य देशवासियों के कल्याण के लिए परमाणु ऊर्जा और आयनीकरण विकिरण के विकास के माध्यम से परमाणु ऊर्जा उत्पादन को बढाना है। परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं।
2013-14 से पहले परमाणु ऊर्जा विभाग का बजट मात्र 13,879 करोड़ रुपये था, जो इस वर्ष बढ़कर 37 हजार 4 सौ 83 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें करीब 107 प्रतिशत की बढोतरी हुई है। 2015 में इस सरकार ने एक और साहसिक निर्णय लिया और परमाणु क्षेत्र को संयुक्त उद्यमों के लिए खोल दिया, लेकिन संयुक्त उद्यम केवल सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तक ही सीमित थे, ये निजी क्षेत्र के लिए नहीं था। पहली बार मंत्रिमंडल ने 10 परमाणु रिएक्टरों के निर्माण को मंजूरी दी।
****
विकसित भारत – रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) की गारंटी: विकसित भारत – जी राम जी विधेयक, 2025 पर आज राज्यसभा में चर्चा शुरू हुई। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सदन में यह विधेयक पेश किया।
****
इससे पहले, लोकसभा ने यह विधेयक पारित कर दिया है। एक रिपोर्ट-
इस विधेयक का मकसद विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप गांव का समग्र विकास करना है। गांव में हुए सामाजिक आर्थिक बदलावों को देखते हुए केंद्र सरकार विकसित भारत जी राम जी विधेयक लेकर आई है। नए विधेयक का उद्देश्य श्रमिकों को अधिक कार्य दिवसों की गारंटी बेहतर मजदूरी और सुरक्षा प्रदान करना है। मनरेगा के तहत फिलहाल एक वित्त वर्ष में 100 दिन के काम की गारंटी दी जाती है, वहीं नए विदेश में हर साल 125 दिन का रोजगार मिलेगा। यदि 15 दिन के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो विधेयक में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
सदन के बाहर ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में विपक्ष के आचरण की आलोचना करते हुए लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
हमारे प्रतिपक्ष के मित्रों ने जो कहा हमने ध्यान से सुना और आज मुझे जवाब देना था, मैंने आग्रह किया कि मैं आपके एक-एक प्रश्न का उत्तर दूंगा, लेकिन मुझे सुना जाए लेकिन जैसा अमर्यादित आचरण का प्रदर्शन हुआ, कागज फाड़के उछाले गए, आसंधि के सामने टेबलों पर चढ़ गए, क्या यह बापू जी के आदर्शों की हत्या नहीं है, अपनी बात कह लो और जब दूसरा बात कहे, जवाब दे, तो बोलते मत दो क्या अनैतिक नहीं है, अमर्यादित नहीं है, मैं उनके इस कृत्य की घोर निंदा करता हूं।
****
हरियाणा में लोगों ने विकसित भारत जी–राम–जी विधेयक का स्वागत किया है। जींद जिले के लोगों ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सराहनीय कदम है।
जी राम जी 125 दिन का रोजगार मिलेगा मजदूरों को, बहुत अच्छी स्कीम है मोदी जी की, जो संसद में पास होगी है। मजदूरों को बड़ा फायदा है, पहले 100 दिन का रोजगार था, मनरेगा था 25 दिन का रोजगार और बढ़ गया। 125 दिन हो गया इससे क्या है जनता को फायदा होगा, जो मनरेगा हुआ करती हरियाणा में उसकी जगह जी राम जी की योजना लेके आए हैं, उससे मजदूर भाइयों को इससे बहुत ज्यादा फायदा होगा। क्योंकि पहले 100 दिन का रोजगार था, मोदी जी की ही देन है, अब जो है 125 दिन का कर दिया।
****
सरकार ने कहा है कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5जी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं और वर्तमान में यह देश के 99 दशमलव नौ प्रतिशत जिलों में उपलब्ध है। राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में संचार राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्र शेखर ने बताया कि दूरसंचार सेवा प्रदाताओं ने देश भर के एक लाख से अधिक गांवों में 5जी बेस ट्रांससीवर स्टेशन स्थापित किए हैं।
****
भारत और नीदरलैंड्स ने एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री डेविड वैन वील ने नई दिल्ली में एक बैठक में दोनों देशों के बीच मजबूत और बढ़ते रक्षा सहयोग की पुष्टि की।
रक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध बहुत मजबूत हैं।
****
विद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने कहा कि सरकार ने 2029 तक 3 लाख करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन और 50 हजार करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नई दिल्ली में उन्होंने बताया कि 2024-25 में रक्षा उत्पादन एक लाख 54 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र बन गया है।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण – एन आई ए ने दिल्ली बम धमाके मामले में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। जम्मू-कश्मीर का यासिर अहमद डार इस मामले में गिरफ्तार होने वाला नौवां आरोपी है। उसे दिल्ली से पकड़ा गया है। लाल किला आतंकी हमले में 11 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे।
****
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई अराजकता और तोड़फोड़ पर रिपोर्ट मांगी है। न्यायालय ने राज्य सरकार को 22 दिसंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। याचिकाओं में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी द्वारा घोषित जांच समिति केवल दिखावा है और इसका उद्देश्य प्रबंधन के मुख्य दोषियों को बचाना है।
****
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग – सी सी आई ने विमानन क्षेत्र में कई मार्गों पर हाल ही में हुई उड़ानों में आये व्यवधान के इंडिगो के खिलाफ दायर की गई सूचनाओं का संज्ञान लिया है। आयोग ने कहा कि प्रारंभिक आकलन के आधार पर उसने प्रतिस्पर्धा अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
****
प्रसिद्ध मूर्तिकार राम वनजी सुतार का कल रात उत्तर प्रदेश के नोएडा में उनके आवास पर निधन हो गया। वे 100 वर्ष के थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक रिपोर्ट-
वर्ष 1925 में वर्तमान में महाराष्ट्र के धुले जिले में जन्मे रामवन सुतार एक प्रख्यात मूर्तिकार थे। उन्होंने मुंबई के जे.जे. स्कूल आफ आर्ट एंड आर्किटेक्चर से स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि उनके असाधारण योगदान ने भारत की कला और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। वही, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय कला के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रामवन जी सुतार एक अद्भुत मूर्तिकार थे जिनकी कला निपुणता ने भारत को कई ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित धरोहरें दीं। उन्हें वर्ष 2016 में पद्मभूषण और 1999 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अंकित कुमार के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन आज नई दिल्ली में कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित वार्षिक क्रिसमस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि क्रिसमस का त्योहार सभी को शांति, करुणा, विनम्रता और मानवता की सेवा जैसे मूल्यों की याद दिलाता है।
****
क्रिसमस और नए साल के अवसर पर यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए भारतीय रेलवे नौ जोनों में एक सौ 38 विशेष रेलगाडियां चलाएगा। इससे यात्रियों को क्रिसमस और नया साल मनाने में मदद मिलेगी।
****
दूरसंचार विभाग ने आंध्र प्रदेश के नौ जिलों के लगभग एक सौ 20 गांवों में मोबाइल नेटवर्क कवरेज को मंजूरी दी है। इन गांवों में पहली बार मोबाइल सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना डिजिटल भारत निधि योजना के अंतर्गत लागू की जाएगी।
****
दुबई में भारतीय पुरुष और महिला टीम ने वर्तमान चैंपियन केन्या को हराकर रोल बॉल विश्व कप का खिताब जीत लिया है। पुरुष टीम ने पांचवीं बार और महिला टीम ने तीसरी बार खिताब अपने नाम किया।
****
चीन के हांगचोओ में विश्व बैडमिंटन टूर फाइनल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने ग्रुप–स्टेज मुकाबले में इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहीबुल फिकरी को पराजित किया। भारतीय जोडी ने पहले मुकाबले में चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग को हराया था।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और ओमान ने व्यापारिक संबंधों को सुदृढ करने के लिए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ सम्मान प्रदान किया गया। श्री मोदी तीन देशों की सफल यात्रा के बाद स्वदेश रवाना हुए।
- संसद ने राष्ट्रीय कल्याण के उद्देश्य से परमाणु ऊर्जा के विकास के लिए शांति विधेयक पारित किया।
- राज्यसभा में विकसित भारत – जी राम जी विधेयक पर चर्चा शुरू हुई।
- भारतीय पुरुष और महिला टीम ने दुबई में रोल बॉल विश्व कप खिताब जीता।
****