November 20, 2025 9:43 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :- 

  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने दिल्ली के लाल किला आतंकी घटना में शामिल चार और मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार।

  • जनता दल यूनाटेड के प्रमुख नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; 27 मंत्रियों ने भी शपथ ली।

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा- विधेयकों को मंजूरी देने के लिए राष्‍ट्रपति और राज्‍यपालों पर समयसीमा लागू नहीं की जा सकती।

  • प्रवर्तन निदेशालय ने ब्रिटेन के हथियार बिचौलिया संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में व्‍यापारी रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।

  • 56वां भारतीय अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्म महोत्‍सव गोआ के पणजी में एक भव्‍य परेड के साथ शुरू।

  • विश्‍व मुक्‍केबाजी कप के फाइनल में लड़कियों ने छह, लड़कों ने दो स्‍वर्ण पदक जीते।

  • आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन ने ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

******

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण- एनआईए ने आज दिल्‍ली की लाल किला आतंकी घटना में शामिल चार और मुख्‍य आरोपियों को गिरफ्तार किया। एजेंसी ने एक बयान में बताया कि पटियाला हाऊस कोर्ट के जिला सत्र न्‍यायाधीश के आदेश पर चारों आरोपियों को एजेंसी ने जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर से हिरासत में लिया है। एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जम्‍मू-कश्‍मीर के डॉ० मुजम्‍मिल शकील गनई, डॉ० अदील अहमद राथर और मुफ्ति इरफान अहमद वागे तथा उत्तर प्रदेश के डॉ. शाहीन सईद शामिल हैं। एजेंसी ने बताया कि अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्‍या बढ़कर छह हो गई है।

******

जनता दल यूनाइटेड प्रमुख नीतीश कुमार ने आज 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ 26 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। हमारे संवाददाता ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया गया।

 

एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने पुन: उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्र सरकार के कई मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। आज कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली। आशीष रंजन, आकाशवाणी समाचार, पटना।

 

उपराष्‍ट्रपति सी. पी. राधाकृष्‍णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को मुख्‍यमंत्री बनने और सभी नव-नियुक्‍त मंत्रियों को शुभकामनाएं दी हैं।

******

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा कि संविधान के अनुच्‍छेद 200 और 201 के तहत राष्‍ट्रपति और राज्‍यपाल द्वारा विधेयकों को मंजूरी देने के संबंध में न्‍यायालय कोई समय सीमा तय नहीं कर सकता है। मुख्‍य न्‍यायाधीश बी. आर. गवई की अध्‍यक्षता वाली पांच न्‍यायाधीशों की संवैधानिक पीठ ने सर्वसम्‍मति से कहा कि यदि राज्‍यपाल विधानसभा द्वारा पारित विधेयकों को अनुच्‍छेद 200 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बगैर रोकते हैं तो यह संघीय ढांचे के हित में नहीं होगा।

यह मत राष्‍ट्रपति के उस संदर्भ पर आया जिसमें विधेयकों के राज्‍यपाल और राष्‍ट्रपति की मंजूरी के लिए समय सीमा को लेकर स्‍पष्‍टीकरण मांगा गया था।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्‍मेलन में भाग लेने के लिए कल दक्षिण अफ्रीका की तीन दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। नई दिल्ली में आज विदेश मंत्रालय में आर्थिक कार्य सचिव सुधाकर दलेला ने कहा कि प्रधानमंत्री की दक्षिण अफ्रीका की यह चौथी आधिकारिक यात्रा है।

 

यह प्रधानमंत्री की दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा है। यह अफ्रीकी धरती पर होने वाला पहला जी-20 शिखर सम्मेलन है। इस सम्‍मेलन में अफ्रीका के साथसाथ ग्लोबल साउथ के देशों के विकास के मुद्दों पर भी ध्‍यान केंद्रित किया जाएगा। यह शिखर सम्मेलन भारत के लिए जी-20 में अपनी प्राथमिकताओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

श्री दलेला ने बताया कि प्रधानमंत्री भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका-आई.बी.एस.ए के नेताओं की बैठक में भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री जी-20 शिखर सम्मेलन में विभिन्‍न वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

******

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज कहा कि व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, अनुसंधान और नवाचार, अंतरिक्ष तथा ऊर्जा समेत भारत-ऑस्ट्रेलिया सहयोग के सभी स्तंभों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। नई दिल्ली में अपनी ऑस्ट्रेलियाई के विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ 16वें भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्रियों की रूपरेखा संवाद में अपने उद्घाटन भाषण में, डॉ. जयशंकर ने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते पर चल रही वार्ता बहुत जल्द पूरी हो जाएगी।

 

हमने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, शिक्षा और कौशल, अनुसंधान तथा नवाचार, विज्ञान प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष ऊर्जा आदि सहित सहयोग के सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय विस्तार देखा है और सबसे बढ़कर हमारे जीवंत लोगों के बीच संबंधों में भी विस्तार किया है। हमारी बढ़ती साझेदारी हमारे प्रधानमंत्रियों के मार्गदर्शन और दूरदर्शिता से कहीं आगे है।

******

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज भारत में सह-विकास, सह-डिजाइन और सह-उत्‍पादन करने के लिए इस्राइली कम्‍पनियों और स्‍टार्टअप्‍स को आमंत्रित किया। इस्राइल के तेल अवीव में भारत-इस्राइल व्‍यावसायिक शिखर सम्‍मेलन में श्री गोयल ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि गति, पैमाना, कौशल और भारत की प्रतिभा दोनों पक्षों के लिए व्‍यापक अवसर प्रदान कर सकते हैं।

 

भारत ने अपने तरीके से काम किया है और हर संकट को अवसर में बदला है। हमें प्रतिकूल पड़ोसियों का सामना करना पड़ा है और हमारी सीमाओं के आसपास शत्रुता है। हमारे देश के भीतर हमें आतंकवाद का सामना करना पड़ता है, हमें माओवादी वामपंथी सोच का सामना करना पड़ता है जिसने हमारे देश में विकास को पीछे कर दिया है।

******

कोलंबो सुरक्षा सम्‍मेलन-सीएससी की 7वीं राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्‍तर की बैठक आज नई दिल्‍ली में शुरू हुई। इस सम्‍मेलन में राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मालदीव, मॉरिशस, श्रीलंका और बांग्‍लादेश सहित सदस्‍य देशों के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की मेजबानी की। भारत द्वारा नियुक्त प्रथम महासचिव ने दिसंबर 2023 में मॉरीशस में छठी एनएसए स्तर की बैठक में लिए गए फैसलों और सहयोग के पांच स्तंभों के अन्‍तर्गत तब से की गई गतिविधियों पर सीएससी सदस्य देशों के समक्ष एक व्यापक समीक्षा प्रस्तुत की। 

******

श्री डोभाल ने कहा कि कोलंबो सुरक्षा सम्‍मेलन तेज़ी से बदलते और चुनौतीपूर्ण वैश्विक सुरक्षा वातावरण के बीच बहुत महत्‍वपूर्ण हो गया है। उन्होंने बताया कि समुद्र हमारी सबसे बड़ी विरासत है।  

 

महासागर हमारी सबसे बड़ी विरासत है, यह वह इंजन है जो हमारी अर्थव्यवस्थाओं को आगे बढ़ाता है। साझा समुद्री स्थिति से जुड़े देशों के रूप में, इस क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।

******

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 10वें बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक अगले केंद्रीय बजट को ध्‍यान में रखकर की गई थी। बैठक में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, श्रम मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग के सचिव और भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार शामिल हुए। इन बैठकों का उद्देश्य केंद्रीय बजट विभिन्‍न दृष्टिकोणों को प्रतिबिंबित करने और प्रमुख आर्थिक प्राथमिकताओं पर ध्‍यान देने को सुनिश्चित करना है।

******

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने आज पीएम गतिशक्ति के अंतर्गत बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के लिए नेटवर्क योजना समूह की 102वीं बैठक आयोजित की। बैठक में सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की राजमार्ग परियोजना और दो रेल परियोजनाओं का मूल्यांकन किया गया, जो एकीकृत बहु-मॉडल बुनियादी ढाँचे, आर्थिक और सामाजिक केंद्रों तक अंतिम-मील कनेक्टिविटी और समग्र सरकारी दृष्टिकोण के पीएम गतिशक्ति सिद्धांतों के अनुरूप हैं।

******

भारत ने आज सेशेल्स को दवाओं की एक खेप सौंपी। सेशेल्स में भारत के उच्चायुक्त रोहित रतीश ने विक्टोरिया में सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्री मार्विन फैनी को ये दवाएं सौंपीं। साढ़े तीन टन की इस खेप में हृदय रोग, मधुमेह, विटामिन और पूरक आहार की दवाएं शामिल हैं।

******

प्रवर्तन निदेशालय ने ब्रिटेन के हथियार बिचौलिया संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में रॉबर्ट वाड्रा के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया है। अभियोजन पक्ष ने धन शोधन निवारण अधिनियम की विशेष अदालत में आरोपपत्र दायर किया है। वाड्रा के विरुद्ध यह दूसरा धन शोधन आरोपपत्र है। निदेशालय ने आयकर विभाग के आरोपपत्र का संज्ञान लेकर फरवरी 2017 में भंडारी और अन्य के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया था।

******

निर्वाचन आयोग ने आज बताया कि चार नवम्‍बर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, एस आई आर का दूसरा चरण शुरू किया गया है। अभियान के दौरान 50 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र बांटे जा चुके हैं। दूसरे चरण में निर्वाचन आयोग ने नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया है। यह कार्य अगले महीने की 4 तारीख तक चलेगा।

******

56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज गोआ में शुरू हो गया।

 

यह आठ दिवसीय महोत्‍सव 28 नवंबर तक चलेगा। भारत और दुनिया भर के फिल्म निर्माता, कलाकार और फिल्म प्रेमी एशिया के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह में एकत्रित हुए हैं।

इस वर्ष के संस्करण में भारत और विदेशों की समकालीन तथा क्लासिक फिल्मों का प्रदर्शन, मास्टरक्लास और विशेष कार्यक्रमों की एक समृद्ध श्रृंखला शामिल है।

उद्घाटन समारोह में सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन, गोआ के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू उपस्थित थे। इस अवसर पर डॉक्‍टर एल. मुरुगन ने कहा कि फिल्‍मोत्‍सव और वेव्स रचनात्मकता, विषय-वस्तु तथा संस्कृति के स्तंभों को मज़बूत कर रहे हैं।

 

माननीय प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि भारत में यह ऑरेंज इकोनॉमी का समय है। कंटेंट, क्रिएटिविटी और कल्चर इस अर्थव्यवस्था के तीन स्तंभ हैं।

 

श्री जाजू ने फिल्‍मोत्‍सव उद्घाटन परेड को देश की सिनेमाई विविधता का उत्‍सव मनाने वाला महोत्‍सव बताया।

 

इस साल IFFI में ऐसी कई चीजें हैं जो पहली बार हो रही हैं। हमारे पास लगभग 80 देशों से आने वाली फ़िल्मों का बड़ा संग्रह है। हमारे पास ऐसी फ़िल्में हैं जिनका पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रीमियर हुआ है। यहां वैश्विक प्रीमियर भी होगा और राष्ट्रीय प्रीमियर भी, हमारे पास सबसे ज़्यादा प्रविष्टियाँ हैं, जो लगभग तीन हज़ार के करीब हैं। हमारे पास AI फ़िल्म हैकाथॉन भी है और दूसरी तरफ़ वेव्स है जो सबसे बड़ा फ़िल्म बाज़ार है।

 

और, अब फिल्‍मोत्‍सव की अधिक जानकारी के लिए सुनते हैं हमारे संवाददाता की ये रिपोर्ट…

 

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवइफ्फी वैश्विक सिनेमा, सांस्कृतिक आदानप्रदान और नई प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करता रहा है। जानेमाने निर्देशक शेखर कपूर, अभिनेता एन बालकृष्णा, अनुपम खेर, मनोज जोशी और श्रीलीला के साथ फिल्म निर्माता राकेश ओम प्रकाश मेहरा भी मंच की शोभा बढ़ा रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में एक ओर जहां अभिनेता अनुपम खेर ने लोगों को अपनी बातों से गुदगुदाया, वहीं दूसरी तरफ़ दिग्गज निर्देशक शेखर कपूर ने मंच पर अपने पैरों की थिरकन से दर्शकों को खूब नचाया। इसके बाद दर्शकों के सामने इस परेड में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। कई जानेमाने कलाकारों की मौजूदगी में रचनात्मकता, विषयवस्तु और संस्कृति के स्तंभों को मज़बूत करता हुआ आज का समारोह केवल गोवा ही नहीं बल्कि दुनिया भर के सिने प्रेमियों के दिल और दिमाग़ में रचबस गया है। निखिल कुमार, आकाशवाणी समाचार, पणजी, गोवा।

******

और अब गतिविधियां खेल की दुनिया से-.. विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल में आज महिला मुक्केबाजों ने छह स्‍वर्ण पदक अपने नाम किए। मीनाक्षी हुड्डा, प्रीति, अरुंधति चौधरी, नूपुर, निखत ज़रीन और जैस्मिन लैम्‍बोरिया ने अलग-अलग भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। पुरूष वर्ग में मुक्‍केबाजों ने दो स्‍वर्ण पदक जीते।

******

आस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन प्रतियोगिता में भारत के आयुष शेट्टी ने फाइनल में अपनी जगह बना ली है। सात्विक और चिराग की जोडी ने सू चिंग हेंग और वु गुआन शुन को हराकर क्‍वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :- 

  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने दिल्ली के लाल किला आतंकी घटना में शामिल चार और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

  • राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के विधायक दल के नेता नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली; 27 मंत्रियों ने भी शपथ ली।

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा- विधेयकों को मंजूरी देने के लिए राष्‍ट्रपति और राज्‍यपालों पर समयसीमा लागू नहीं की जा सकती।

  • प्रवर्तन निदेशालय ने ब्रिटेन के हथियार बिचौलिया संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में व्‍यापारी रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।

  • 56वां भारतीय अंतर्राष्‍ट्रीय फिल्म महोत्‍सव गोआ के पणजी में एक भव्‍य परेड के साथ शुरू हुआ।

  • विश्‍व मुक्‍केबाजी कप के फाइनल में, भारतीय मुक्‍केबाजों ने स्‍वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। महिलाओं ने छह और पुरूषों ने दो स्‍वर्ण पदक जीते।

  • आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन ने ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

 

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.