November 11, 2025 10:08 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिल्ली विस्फोट के षड्यंत्रकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्‍होंने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा एजेंसियां साजिश की तह तक जाएंगी।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने एजेंसियों को विस्फोट में शामिल हर अपराधी की तलाश करने के निर्देश दिए। मामले की जाँच राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए को सौंपी गई।

 

  • प्रधानमंत्री मोदी ने थिम्पू में भूटान नरेश के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। पुनात्सांगछू-द्वितीय जलविद्युत परियोजना का लोकार्पण किया।

 

  • बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 122 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 69 प्रतिशत मतदान। मतगणना शुक्रवार को।

 

  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए।

 

  • नई दिल्ली में महिला टी-20 दृष्टिबाधित क्रिकेट विश्व कप में भारत ने पहले मैच में श्रीलंका को दस विकेट से हराया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि दिल्ली कार विस्फोट के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। जाँच एजेंसियाँ मामले की तह तक जाएँगी और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। भूटान के पूर्व नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्‍मदिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली की घटना के बाद वह भारी मन के साथ थिम्पू आए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल रात भर वह जाँच एजेंसियों के संपर्क में रहे।

 

दिल्‍ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्‍यथित कर दिया है। मैं पीडि़त परिवारों का दु:ख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं कल रातभर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ, सभी महत्‍वपूर्ण लोगों के साथ, संपर्क में था। विचार-विमर्श चलता था जानकारियों के तार जोडे़ जा रहे थे। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएगी। इसके पीछे के षड्यंत्रकाारियों को बख्‍शा नहीं जाएगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में भूटान नरेश ने चांगलिमथांग स्टेडियम में भूटान के हजारों नागरिकों के साथ दिल्ली के लाल किला विस्फोट के पीड़ितों के लिए प्रार्थना भी की।

 

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच आगंतुकों और निवेशकों की सुगम आवाजाही के लिए भूटान के सीमावर्ती शहर गेलेफू के पास एकीकृत आव्रजन चौकी के निर्माण की योजना के बारे में बताया। श्री मोदी ने बताया कि भूटान को रेल सम्‍पर्क के माध्‍यम से भारत के साथ जोड़ा जाएगा।

 

भारत और भूटान की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी हमारा फोकस है। हम सभी जानते हैं कनेक्टिविटी क्रिएट्स अपोरच्‍युनिटी एंड अपोरच्‍युनिटी क्रिएट्स प्रोस्पेरिटी। इसी लक्ष्य के साथ आने वाले समय में गेलेफु और साम्त्से शहरों को भारत के विशाल रेल नेटवर्क से जोड़ने का फैसला लिया गया है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से यहां की इंडस्ट्री का भूटान के किसानों का भारत के विशाल मार्केट तक एक्सेस और आसान हो जाएगा।

 

प्रधानमंत्री ने भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। श्री मोदी और भूटान नरेश ने भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के सानिध्‍य में पुनात्सांगछू-द्वितीय जलविद्युत परियोजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। श्री मोदी ने कहा कि एक हजार 20 मेगावाट की यह परियोजना भारत और भूटान के बीच दीर्घकालिक ऊर्जा सहयोग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

आज भूटान में एक हज़ार मेगावॉट से अधिक का एक नया हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्‍ट लॉन्च कर रहें हैं, जिससे भूटान की हाइड्रोपॉवर कैपेसिटी में फोर्टी परसेंट की बढ़ोतरी हुई है। लंबे समय से रुके हुए एक और हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्‍ट पर भी फिर से काम शुरु होने जा रहा है। और ये हमारी पार्टनरशिप सिर्फ हाइड्रो-इलेक्ट्रिक तक सीमित नहीं है। अब हम सोलर एनर्जी में भी एक साथ बड़े कदम उठा रहे हैं। आज इससे जुड़े अहम समझौते भी हुए हैं।

 

*****

 

भूटान में भारत के राजदूत संदीप आर्य ने कहा कि भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के साथ अपनी मुलाकात के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच साझेदारी को विश्वास और विकास का आधार बताया। श्री आर्य ने बताया कि भूटान नरेश ने भारत के भविष्य के लिए समर्पित विशेष प्रार्थना की।

 

भारत के प्रधानमंत्री ने यहां उपस्थित महत्वपूर्ण समझा और भूटान के राजा द्वारा इसकी सराहना उल्लेखनीय है। भूटान के राजा ने विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ये प्रार्थनाएं भारत, प्रधानमंत्री और भारत के भविष्य के प्रति उनके दृष्टिकोण को समर्पित हैं। उन्होंने कल शाम दिल्ली में हुई घटना के पीड़ितों के लिए भी प्रार्थना की।

 

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि दिल्ली कार विस्फोट की घटना में शामिल सभी लोगों को जांच एजेंसियों की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। गृह मंत्री ने आज नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दो उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को विस्‍फोट की घटना के हर एक दोषी की तलाश करने के निर्देश दिए।

 

*****

 

इस बीच, गृह मंत्रालय ने घटना की जाँच राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए को सौंप दी है। सूत्रों ने बताया कि श्री शाह ने फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला को विस्फोट स्थल से एकत्र किए गए नमूनों का मिलान करने और विस्फोट की विस्‍तृत जानकारी जल्द से जल्द देने का निर्देश दिया गया है। एजेंसी को विस्‍फोट वाली कार में मौजूद शवों से एकत्र किए गए नमूनों का मिलान करने को भी कहा गया है। एनआईए को मामले की जाँच करके जल्द से जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

 

*****

 

उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया है कि दिल्ली कार विस्फोट के ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। आज नई दिल्ली में दिल्ली रक्षा संवाद में उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्ष जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे।

 

देश की प्रमुख जांच एजेंसियां इस घटना की त्वरित और विस्तृत जांच कर रही हैं। जांच के निष्कर्ष जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। मैं औपचारिक रूप से राष्ट्र को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और किसी भी स्थिति में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंगोला से गृह मंत्री अमित शाह से फ़ोन पर बात की। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति ने कल शाम नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंगोला की अपनी यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न कर ली है। यात्रा के दूसरे चरण में वे बोत्सवाना के लिए रवाना हो गई हैं। राष्‍ट्रपति आज राजधानी लुआन-दा में अंगोला के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुईं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति की अंगोला यात्रा की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां रहीं।

 

अंगोला ने अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस-आईबीसीए और ग्लोबल बायो-फ्यूल एलायंस-जीबीए में शामिल होने पर सहमति व्यक्त की है। इन दोनों ही पहलों का नेतृत्व भारत कर रहा है। आईबीसीए पहल सात बिग कैट प्रजातियों और उनके आवासों के संरक्षण पर केंद्रित है। जीबीए की स्थापना भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान हुई थी। इसका उद्देश्य स्थायी जैव ईंधन के प्रयोग को बढ़ावा देना है। दोनों देशों ने एक हवाई सेवा समझौते पर चर्चा की, जिससे भविष्य में भारत और अंगोला के बीच सीधी उड़ानों की संभावना बढ़ेगी और व्यापार तथा लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। दोनो देशो ने दो समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए।  अंगोला से मनीष शिवा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।

 

*****

 

पाकिस्तान में आज इस्लामाबाद के एक न्‍यायालय भवन के बाहर कार में हुए आत्मघाती विस्फोट में लगभग 12 लोगों के मारे जाने और 21 अन्य के घायल होने की खबर है। पाकिस्तान पिछले कुछ वर्षों से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में, सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहा है। इस बीच, पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने खैबर पख्तूनख्वा में बिगड़ती सुरक्षा और मानवाधिकार स्थिति पर चिंता व्यक्त की है।

 

*****

 

अमरीका में सीनेट ने सरकारी शटडाउन समाप्त करने के लिए अस्थायी वित्त पोषण विधेयक को मंजूरी दे दी है। विधेयक के पारित होने से सरकारी काम काज फिर शुरू हो सकेगा। सीनेट में विधेयक को 40 के मुकाबले 60 मतों से पारित किया गया। अब यह विधेयक प्रतिनिधि सभा में भेजा जाएगा, जहाँ कल मतदान होने की उम्मीद है। इस विधेयक के पारित होने से सरकार को 30 जनवरी तक खर्च के लिए धन उपलब्‍ध होगा।

 

*****

 

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर लगभग 69 प्रतिशत मतदान हुआ। 136 महिलाओं सहित 1 हजार तीन सौ दो उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतगणना शुक्रवार को होगी। पटना से हमारे संवाददाता की एक रिपेार्ट —

 

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज पहले चरण की तरह ही तेज गति का रहा। विशेष तौर पर सीमांचल के जिलों में और नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे जिलों में मतदान में काफी तेजी देखी गई। किशनगंज में शाम 5:00 बजे तक 76 प्रतिशत से अधिक वोटिंग दर्ज की गई जो एक कीर्तिमान है वही नकली हिंसा से प्रभावित रह गया और बांका जिले में भी मतदाताओं ने रिकॉर्ड भागीदारी दिखाई। नीतीश कुमार सरकार के 12 मंत्रियों के चुनावी किस्मत भी आज ईवीएम में बंद हो गई। आज जिन प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत ईवीएम में बंद हो गई उन में चार पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हैं। इसके अलावा सीपीआई(एमएल) के विधायक दल के नेता महबूब आलम की चुनावी किस्मत का भी फैसला आज मतदाताओं ने किया। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार, पटना

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि नवादा में लोगों ने रिकॉर्ड मतदान किया।

 

नवादा जिले के सभी पांच विधानसभा सीटों पर आज मतदान हुआ। पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान को देखते हुए इस बार नवादा जिले के लोगों ने भी बढ़चढ़कर हिस्‍सा लिया, जिसकी वजह से पिछली विधानसभा में हुए 50 प्रतिशत मतदान के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। चुनाव आयोग के अनुसार नवादा जिले में 57 प्रतिशत से अधिक मतदान रिकॉर्ड किया गया। इस बार चुनाव में महिलाओं ने बढ़चढ़कर हिस्‍सा लिया और ज्‍यादातर मतदान केन्‍द्रों पर पुरूषों से अधिक महिलाओं की भीड़़ थी। मतदान के समाप्‍त होते ही नवादा जिले से अपनी किस्‍मत अजमा रहे 55 उम्‍मीदवारों का भाग्‍य ईवीएम में बंद हो गया। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, नवादा।

 

पश्चिमी चम्‍पारण में पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार अधिक मतदान हुआ है। एक रिपोर्ट-

 

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज पश्चिम चंपारण के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान सम्‍पन्‍न हुआ। ये विधानसभा क्षेत्र हैं – बेतिया, वाल्मीकीनगर, नौतन, चनपटिया, नरकटियागंज, बगहा, लौरिया, रामनगर और सिकटा। इस लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं ने बढ़चढ़कर हिस्‍सा लिया। मतदाताओं की बढ़ी भागीदारी का परिणाम यह हुआ कि पश्चिमी चंपारण जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत पिछले विधानसभा चुनाव के प्रतिशत को पार कर गया। विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 74 दशमलव एक-दो प्रतिशत मतदान चनपटिया में देखने को मिला और बेतिया में लगभग 67 प्रतिशत मतदान हुआ। आज के चुनाव में कुल 72 प्रत्‍याशियों की किस्‍मत ईवीएम में बंद हो गई है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, बेतिया।

 

*****

 

इस बीच, अधिकांश एग्जिट पोल में बिहार चुनाव में एनडीए को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है। सर्वेक्षणों के अनुसार एनडीए को लगभग 130 से 138 सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि महागठबंधन को लगभग 100 से 108 सीटें मिल सकती हैं।

 

*****

 

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में माओवादियां की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद दंतेवाड़ा और बीजापुर की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी तथा स्पेशल टास्क फोर्स-एसटीएफ की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन पर रवाना किया गया था। आज सुबह से नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रूक-रूककर फायरिंग हो रही है। मौके से माओवादियों के  हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सुरक्षा बलों तथा पुलिस की अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं, ताकि मौके से फरार माओवादियों की घेराबंदी की जा सके। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

*****

 

दिल्‍ली सरकार ने राजधानी में केंद्र सरकार के ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान – ग्रैप का तीसरा चरण लागू कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कक्षा 5 तक के स्कूल ऑनलाइन संचालित होंगे।

 

*****

 

इस बीच, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज दिल्ली में वायु प्रदूषण पर एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। श्री यादव ने सभी संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों से वायु प्रदूषण के प्रबंधन प्रयासों पर कार्रवाई प्रस्तुत करने को कहा।

 

*****

 

भारत ने दृष्टिबाधित महिलाओं के पहले टी-20 क्रिकेट विश्‍व कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। नई दिल्‍ली में पहले मैच में मेजबान भारत ने श्रीलंका को दस विकेट से हरा दिया।

 

*****

 

ओलंपियन ऐश्‍वर्य प्रताप सिंह तोमर ने आज मिस्र के काहिरा में विश्‍व निशानेबाजी चैंपियनशिप के क्‍वालीफिकेशन में विश्‍व रिकार्ड की बराबरी करते हुए पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्‍पर्धा में रजत पदक जीता। ईशा सिंह और सम्राट राणा ने भी 10 मीटर एयर पिस्‍टल मिक्‍स्‍ड स्‍पर्धा में रजत पदक जीता।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विस्फोट के षड्यंत्रकारियों को कड़ी चेतावनी दी; उन्‍होंने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा एजेंसियां साजिश की तह तक जाएंगी।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने एजेंसियों को विस्फोट में शामिल हर अपराधी की तलाश करने के निर्देश दिए। मामले की जाँच राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए को सौंपी गई।

 

  • प्रधानमंत्री मोदी ने थिम्पू में भूटान नरेश के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। पुनात्सांगछू-द्वितीय जलविद्युत परियोजना का लोकार्पण किया।

 

  • बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 122 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 69 प्रतिशत मतदान। मतगणना शुक्रवार को।

 

  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए।

 

  • नई दिल्ली में महिला टी-20 दृष्टिबाधित क्रिकेट विश्व कप में भारत ने पहले मैच में श्रीलंका को दस विकेट से हराया।

 

*****