मुख्य समाचार :-
- निर्वाचन आयोग ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण की घोषणा की। कल से शुरू हो रही प्रक्रिया अगले वर्ष सात फरवरी को समपन्न होगी।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कुआलालंपुर में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने वैश्विक समुदाय से आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए इसके खिलाफ रक्षा के अधिकार पर बल दिया।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने देश भर में साढे पांच हजार करोड़ रूपये से अधिक की लागत से सात इलेक्ट्रॉनिक घटक विनिर्माण केंद्रों को मंजूरी दी।
- मौसम विभाग ने चक्रवात मोन्था के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- अनाहत सिंह कनाडा ओपन स्क्वाश के महिला सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
****
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर किया जाएगा। इसमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, पुद्दुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली में कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में बिहार में एसआईआर कामयाब रहा।
सबने मिलकर मतदाता सूची को शुद्ध बनाने का कार्य किया और नतीजा आपके सामने है। जीरो अपील्स अर्थात बिहार की मतदाता सूची अधिकतम शुद्ध मानी जाएगी। अब फेज टू 12 राज्यों में या संघ शासित प्रदेशों में आरंभ होने वाला है।
श्री कुमार ने कहा कि एसआईआर के दूसरे चरण में 51 करोड़ मतदाता शामिल होंगे। उन्होंने घोषणा की कि जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर होगी, वहां की मतदाता सूचियां आज आधी रात से फ्रीज कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्रों की छपाई और बूथ स्तर अधिकारी – बीएलओ का प्रशिक्षण कल से शुरू होगा। गणना प्रक्रिया 4 नवंबर से एक महीने के लिए शुरू होगी जबकि मसौदा मतदाता सूची 9 दिसंबर को और अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।
****
विदेश मंत्री सुब्रहृमण्यम जयशंकर ने कहा है कि आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए सबसे बड़े खतरों में से एक है और दुनिया को इसे कतई बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। मलेशिया में पूर्वी एशियाई शिखर सम्मेलन में श्री जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ रक्षा के अधिकार से कभी समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने वैश्विक समुदाय से इसके विरुद्ध सामूहिक कार्रवाई का आग्रह किया। यूक्रेन और गज़ा में संघर्ष का उल्लेख करते हुए डॉ. जयशंकर ने गाजा शांति योजना का स्वागत किया और यूक्रेन में शत्रुता को शीघ्र समाप्त करने के भारत के आह्वान को दोहराया।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय बीज निगम के अत्याधुनिक बीज प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया। श्री चौहान ने कहा कि ये संयंत्र किसानों को उच्च गुणवत्ता बीजों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे और कृषि उत्पाद में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
अगर फसलों का उत्पादन बढ़ाना है तो पहली शर्त है गुणवत्तापूर्ण अच्छे बीजों की उपलब्धता और पिछले 63 वर्षों से बीज विकास निगम इस काम को पूरी कर्मठता से कर रहा है। अच्छा बीज किसानों को मिले इसकी भरपूर कोशिश करनी चाहिए और हमने यह भी तय किया कि एक नया सीड एक्ट हम लेकर आएंगे जिसमें वो लोग जो घटिया बीज बेचने का प्रयत्न करते हैं उनके खिलाफ कड़ी और बड़ी कार्रवाई भी की जा सके।
एक अन्य कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से कृषि शिक्षा में सुधार के लिए सभी रिक्त पदों को तत्काल भरने का अनुरोध किया है। श्री चौहान ने कहा कि वे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों से चर्चा कर सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए कहेंगे।
****
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आज इलेक्ट्रॉनिक घटक विनिर्माण योजना के अंतर्गत सात आवेदनों की पहली श्रृंखला को मंजूरी दी। इन आवेदनों में कुल पांच हजार पांच सौ 32 करोड़ रुपये का निवेश और साढे़ 36 हजार करोड़ रुपये का अपेक्षित उत्पादन शामिल है। इन परियोजनाओं से पांच हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। स्वीकृत परियोजनाएं प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक घटकों में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में कहा कि ये संयंत्र घरेलू मांग को पूरा करेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरिंग के 7 प्लांट आज अप्रूव हुए हैं, आने वाले समय में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट बहुत बड़ी संख्या में बढ़ेगा और देश में बहुत अच्छा इकोसिस्टम सप्लाई चैन डेवलप हो रहा है। आज के इन 7 प्लांट से और भी नए इनीशिएटिव होंगे और साथ ही साथ बहुत जल्दी आने वाले समय में और भी कई प्लांट्स अप्रूव होंगे इस स्कीम के तहत। करीब-करीब 20,000 करोड रुपए का इंपोर्ट बिल इससे बचेगा।
****
जीएसटी बचत उत्सव का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नयी जीएसटी दरें लागू किये जाने को बचत उत्सव का नाम दिया था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स पर नई दरें लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही हैं।
जीएसटी 2.0 में सरकार ने एयर कंडीशनर, डिशवॉशर और टेलीविजन जैसी वस्तुओं पर जीएसटी को घटाकर 18% कर दिया है जो पहले 28% हुआ करता था। इस निर्णय से इन वस्तुओं की कीमतों में कमी के साथ-साथ घरेलू निर्माताओं के लिए भी बाजार का आकार बढ़ा है। इसी प्रकार सूचना और संचार प्रौद्योगिकी से जुड़े हार्डवेयर वस्तुएं, जैसे मॉनिटर और प्रोजेक्टर पर भी कर की दर को 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं पर जीएसटी करों का युक्तिकरण, घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को सशक्त करने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और नागरिकों के लिए आवश्यक तकनीकी उत्पादों को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली ।
****
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज मुंबई में भारत समुद्री सप्ताह 2025 का उद्घाटन किया।
भारत समुद्री सप्ताह 2025 के उद्घाटन समारोह में आज केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि भारत का लक्ष्य अपने व्यापारी बेड़े को बढ़ाना है ताकि विदेशी जहाजों पर निर्भरता कम हो सके। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सीएमईसी आरआईएस मैरीटाइम रिपोर्ट 2025-26 का शुभारंभ किया। सत्र को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि भारत के समुद्री क्षेत्र का अनुमानित मूल्य लगभग चौरासी लाख करोड़ है और इस क्षेत्र में बंदरगाह, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स में बड़ी निवेश संभावनाएँ है। शिखर सम्मेलन के पहले दिन कई समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए। प्रार्थना के साथ, अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश के रक्षा विनिर्माण में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ रही है। श्री सिंह ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात अब रिकॉर्ड 23 हजार 500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। नई दिल्ली में श्री सिंह ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के घरेलू रक्षा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
पिछले 10 वर्षो में आप सबने पूरे डिफेंस से जुडे हुए लोगों ने जो मेहनत की है उसका परिणाम यह है कि हमारा डोमेस्टिक डिफेंस प्रोडक्शन जो 2014 में यहां एप्रोक्सीमेटली 46 हजार करोड था, अब वह 1.51 लाख करोड से अधिक पहुंच गया है। बडी बात यह है कि इसमें से 33 हजार करोड रुपये से अधिक का कॉन्ट्रिब्यूशन प्राइवेट सेक्टर का है।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश, पैदल सेना के अटूट साहस और समर्पण का सम्मान करता है। आज पैदल सेना दिवस के अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि प्रत्येक सैनिक वीरता और सेवा के सर्वोच्च आदर्शों का प्रतीक है और हर देशवासी को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए उनकी प्रतिबद्धता, शक्ति और बलिदान का प्रतीक है।
****
सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन के एक वीडियो का खंडन किया है। इसमें झूठा दावा किया गया है कि वित्त मंत्री एक ऐसे निवेश कार्यक्रम का प्रचार कर रही हैं जो आसान दैनिक आय का वादा करता है। पत्र सूचना कार्यालय की फैक्ट चेक यूनिट ने बताया है कि यह दावा पूरी तरह से फर्जी है और वीडियो को डिजिटल रूप से संशोधित किया गया है।
****
मौसम विभाग ने चक्रवात मोन्था के प्रभाव से अगले दो दिनो में आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और कल सुबह तक एक भीषण चक्रवाती तूफ़ान में बदलने की संभावना है। इसके कल शाम या रात में मचिलीपट्टणम और कलिंगपट्टणम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश तट को पार करने की उम्मीद है। इस दौरान सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। मछुआरों को बुधवार तक समुद्र में नही जाने की सलाह दी है।
****
हमारे संवाददाता ने बताया है कि ओडिशा सरकार ने ‘मोंथा’ से निपटने के लिए तैयारियां तेज़ कर दी हैं।
उड़ीसा के दक्षिणी और तटीय जिलों में आज दोपहर से भीषण चक्रवर्ती तूफान मोन्था के प्रभाव के कारण बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने दक्षिणी उड़ीसा के आठ जिलों मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, गंजाम गणपति, कंधमाल, कालाहांडी और नवरंगपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र कल से 3 दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं जबकि भारतीय रेलवे ने भीषण चक्रवर्ती तूफान के मद्देनजर अहतियात के तौर पर उड़ीसा में 43 ट्रेन रद्द कर दी हैं और कुछ ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए हैं। राज्य के दक्षिणी और तटीय जिलों में 1,445 चक्रवात राहत केंद्रों में पर्याप्त राहत सामग्री सुरक्षित रखी गई है। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर ।
****
आस्था का महापर्व छठ देश भर में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के तीसरे दिन, बिहार में लाखों श्रद्धालुओं ने राज्य भर के विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया।
राज्य के विभिन्न नदियों के किनारे बने छठ घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। छठ पूजा को लेकर सुरक्षा के दृष्टिकोण से गोताखोरों, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम विभिन्न घाटों पर तैनात किए गए हैं। इस दौरान छठ व्रतियों ने कमरभर पानी में खड़े होकर, भगवान सूर्य को सूप में रखकर फल, फूल और पूजा सामग्री अर्पित की और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। धर्मेन्द्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने छठ पूजा की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्रपति भवन में छठ पूजा समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने देशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
****
उत्तर प्रदेश में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने घोषणा की है कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण से संबंधित सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे।
****
आर्थिक जगत:-
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज पांच सौ 67 अंक बढ़कर 84 हजार सात सौ 79 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी एक सौ 71 अंक बढ़कर 25 हजार नौ सौ 66 पर दर्ज हुआ और अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 39 पैसे कमजोर होकर 88 रुपये 24 पैसे पर बंद हुआ।
****
अनाहत सिंह कनाडा ओपन स्क्वाश टूर्नामेंट के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने विश्व की 20वें नंबर की खिलाड़ी फ्रांस की मेलिसा अल्वेस को हराया।
****
भारतीय पुरुष रग्बी सेवेन्स टीम ने, मस्कट में एशिया रग्बी एमिरेट्स सेवेन्स ट्रॉफी में रजत पदक हासिल किया। भारत अब जापान, श्रीलंका और चीन जैसी एशिया की शीर्ष टीमों शामिल हो गया है।फाइनल में भारत को कजाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- निर्वाचन आयोग ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण की घोषणा की। कल से शुरू हो रही प्रक्रिया अगले वर्ष सात फरवरी को समपन्न होगी।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कुआलालंपुर में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने वैश्विक समुदाय से आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए इसके खिलाफ रक्षा के अधिकार पर बल दिया।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने देश भर में साढ़े पांच हजार करोड़ रूपये से अधिक की लागत से सात इलेक्ट्रॉनिक घटक विनिर्माण केंद्रों को मंजूरी दी।
- मौसम विभाग ने चक्रवात मोन्था के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- अनाहत सिंह कनाडा ओपन स्क्वाश के महिला सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
****