मुख्य समाचार ::
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- भारत-आसियान व्यापक कार्यनीतिक साझेदारी वैश्विक स्थिरता और विकास के लिए एक मज़बूत आधार के रूप में उभरी। प्रधानमंत्री ने 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष घोषित किया।
- प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में जीएसटी बचत उत्सव के प्रति बढ़ते उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त की। त्योहारों के मौसम में स्थानीय उत्पादों की खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि की सराहना की।
- निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनावों और उप-चुनावों के दौरान चुनावी मामलों और एग्ज़िट पोल के प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए परामर्श जारी किया।
- प्रसिद्ध खगोल वैज्ञानिक, प्रोफेसर जयंत विष्णु नार्लीकर को मरणोपरांत विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
- चक्रवात मोन्था के मद्देनजर आंध्र प्रदेश, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और ओडिशा में मूसलाधार बारिश की आशंका।
- एशियाई युवा खेलों में भारतीय भारोत्तोलक प्रीतिस्मिता भोई ने बहरीन में क्लीन एंड जर्क प्रतियोगिता में 92 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
********
47वां दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ- आसियान शिखर सम्मेलन और इससे जुडें सम्मेलन आज मलेशिया के कुआलालंपुर में शुरू हुए। इस वर्ष सम्मेलन का विषय है “समावेशिता और स्थिरता”। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी वैश्विक स्थिरता और विकास के लिए एक मज़बूत आधार के रूप में उभरी है।
“आसियान भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसि का मुख्य स्तंभ है। भारत सदैव आसियान सेंट्रलिटी और इंडो-पेसिफिक पर आसियान के आउटलुक का पूरा समर्थन करता रहा है। अनिश्चितताओं के इस दौर में भी भारत-आसियान कॉप्रिहेन्सिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप में सतत प्रगति हुई है और हमारी ये मजबूत साझेदारी वैश्विक स्थिरता और विकास का सशक्त आधार बनकर उभर रही है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हर आपदा में अपने आसियान मित्रों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने 2026 को “आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष” भी घोषित किया।
“हम 2026 को आसियान-इंडिया ईयर ऑफ मेरिटाईम कॉर्पोरेशन घोषित कर रहे है। 21वीं सदी हमारी सदी है। भारत और आसियान की सदी है। मुझे विश्वास है कि आसियान कम्यूनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 का लक्ष्य पूरी मानवता के लिए एक उज्जवल भविष्य का निर्माण करेगा। “
आसियान शिखर सम्मेलन के साथ-साथ पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन भी होगा। इस सम्मेलन में विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
********
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज आसियान शिखर सम्मेलन-2025 के दौरान कई विश्व नेताओं से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी मुलाकात के दौरान उन्होंने आसियान शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर श्री इब्राहिम के विचार बहुमूल्य हैं।
सिंगापुर की विदेशमंत्री विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय परिदृश्यों के साथ-साथ भारत-सिंगापुर सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
********
भारत और आसियान ने माना है कि पर्यटन लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने का एक प्रभावी तरीका है। एक संयुक्त वक्तव्य में भारत और आसियान दोनों ने हरित, नीली और वृत्ताकार अर्थव्यवस्था के सिद्धांतों द्वारा निर्देशित सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि खाद्य तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कमी पर लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में आज प्रधानमंत्री ने वस्तु और सेवा कर – जीएसटी बचत उत्सव को लेकर त्यौहारों के मौसम में स्वदेशी वस्तुओं की बढती खरीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
“जीएसटी बचत उत्सव को लेकर भी लोगों में बहुत उत्साह है। इस बार त्योहारों में एक और सुखद बात देखने को मिली, बाजारों में स्वदेशी समानों की खरीददारी जबरदस्त तरीके से बढ़ी है। मैंने अपने पत्र में खाने के तेल में 10 प्रतिशत की कमी करने का भी आग्रह किया। इस पर भी लोगों ने बहुत सकारात्मक रूख दिखाया।”
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित किया है।
“ऑपरेशन सिंदूर’ ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया है। इस बार उन इलाकों में भी खुशियों के दीप जलाए गए जहाँ कभी माओवादी आतंक का अंधेरा छाया रहता था। लोग उस माओवादी आतंक का जड़ से खात्मा चाहते हैं जिसने उनके बच्चों का भविष्य संकट में डाल दिया था।”
श्री मोदी ने कहा है कि छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच की गहरी एकता का प्रतीक है।
“छठ का महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच की गहरी एकता का प्रतिबिंब है। छठ के घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ खड़ा होता है। मैं छठी मैया को नमन करता हूँ। सभी देशवासियों को, विशेषकर बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देता हूँ।”
********
वस्तु और सेवा-कर बचत उत्सव का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 सितंबर को इसकी शुरूआत की थी। आज हम आपको बताएंगे कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से किस तरह ऑटोमोबाइल उद्योग क्षेत्र में तेजी आ रही हैं।
“नए जीएसटी सुधारो ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र में करो में कटौती कर लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है। इस कटौती से वाहनों की कीमत में भारी कमी आई है। नए कर ढांचे के अंतर्गत सरकार ने 350 सीसी तक के दो पहिया वाहनों पर कर को 28% से घटाकर 18% कर दिया है। वहीं देश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार ने 10 से अधिक सीटों वाली बसों और मिनी बसों पर जीएसटी को 28% से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इसी तरह 1200 सीसी तक के पेट्रोल इंजन और 1500 सीसी तक के डीजल इंजन वाली कारों पर भी अब 28 प्रतिशत की जगह 18 प्रतिशत जीएसटी लग रहा है, जिससे कारों की बिक्री में बड़ा उछाल आया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में एक खरीदार संदीप कुलकर्णी ने बताया कि कर में कमी के बाद से वाहनों की कीमतें घटी है और उन्होंने अपनी नई कार की खरीद पर लगभग 1 रुपये लाख की बचत की है।
मैंने पिछले हफ़्ते हुंडई i20 कार खरीदी थी। i20 की कीमत में एक लाख रुपये तक की कमी आई है। मैं मोदी सरकार का आभार व्यक्त करता हूँ क्यूंकि सरकार के इस फ़ैसले से मैं अपने एक लाख रुपये बचा पाया।
इन सुधारों से गाडि़यों की घरेलू मांग में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ देश के ऑटोमोबाइल क्षेत्र को भी लाभ मिल रहा है। रोहन और समर्थ के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।”
********
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए प्रचार ज़ोरों पर है। प्रचार के दौरान वक्फ अधिनियम एक नए मुद्दे के रूप में उभरा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विपक्ष ने राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व में चुनाव प्रचार के दौरान वक्फ अधिनियम पर सवाल उठाए, जिन पर भाजपा और एनडीए के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
“महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज सीमांचल क्षेत्र में कटिहार, अररिया और किशनगंज में चुनाव-प्रचार किया। इससे पहले, तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनी, तो मुखिया सहित त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा। इधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव हताशा में घोषणाएँ कर रहे हैं और यह बिहार के लोगों को झांसा है। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि नीतीश कुमार बीस साल से राज्य के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि एनडीए और महागठबंधन दोनों बिहार के लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।”
********
निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में उप-चुनावों के संदर्भ में 48 घंटे की मौन अवधि के दौरान, चुनावी मामलों के प्रदर्शन और एग्जिट पोल पर रोक लगाने के लिए सभी मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रसारकों को परामर्श जारी किया है।
“आयोग ने कहा कि टीवी, रेडियो चैनल और केबल नेटवर्क को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि 48 घंटे की मौन अवधि के दौरान उनके द्वारा प्रसारित कार्यक्रमों की सामग्री में ऐसा कुछ न हो, जिसे किसी विशेष पार्टी या उम्मीदवार को बढ़ावा देने या चुनाव के परिणाम को प्रभावित करने के रूप में माना जा सकता है। आयोग ने कहा कि एग्जिट पोल का संचालन और प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से उनके परिणामों का प्रसार 6 नवंबर को सुबह 7 बजे से 11 नवंबर को शाम साढे छह बजे के बीच प्रतिबंधित है। आरजू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।”
********
छठ महापर्व का आज दूसरा दिन है। इसे खरना के नाम से जाना जाता है। पूजा-अर्चना और प्रसाद ग्रहण करने के बाद, श्रद्धालु आज रात से 36 घंटे तक उपवास रखेंगे।
चार दिवसीय छठ पूजा कल नहाय-खाय के साथ शुरू हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि छठ पूजा में श्रद्धालु सूर्य की पूजा करते हैं और अर्घ्य देते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि की भी कामना की।
********
2025 के राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कारों की आज घोषणा की गई है। प्रोफेसर जयंत विष्णु नार्लीकर को मरणोपरांत विज्ञान रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। विज्ञान श्री पुरस्कार के लिए आठ वैज्ञानिकों का चयन किया गया है।
ये पुरस्कार विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार में विशेष योगदान के लिए – विज्ञान रत्न, विज्ञान श्री, विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर और विज्ञान टीम – के अंतर्गत चार श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं।
********
छत्तीसगढ़ के कांकेर ज़िले में आज इक्कीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें तेरह महिला माओवादी भी शामिल हैं। माओवादियों ने पुलिस को अठारह हथियार सौंपे। इनके पास से तीन एके-47 राइफल, चार एसएलआर और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी लंबे समय से बस्तर संभाग के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे।
********
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हवा का कम दबाव का क्षेत्र तीव्र होकर मोन्था नामक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि अगले 12 घंटों में इसके दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य खाड़ी में ज्यादा प्रबल होने की उम्मीद है और मंगलवार सुबह तक यह एक अत्यंत भीषण चक्रवात में बदल सकता है।
“आंध्र प्रदेश के कई तटीय जिलों में तेज बारिश और 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी तेज हवाएँ चलने की आशंका है। लोगों को घरों के अंदर और सतर्क रहने की हिदायत दी गयी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। सरकार ने कहा है कि सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। एनडीआरएफ की छह और एसडीआरएफ की 13 टीमों को तैनात किया गया है। नौसेना के हेलीकॉप्टर और 14 बचाव नौकाएँ तैयार हैं। सभी जिलों में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर वाले नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों को जल निकासी मार्ग साफ़ करने और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गर्भवती महिलाओं और निचले इलाकों के निवासियों को सुरक्षित आश्रय स्थलों पर भेजा जा रहा है। विजयवाड़ा से अल्लू मूरली की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।”
मौसम विभाग ने कल तटीय आंध्र प्रदेश में मूसलाधार वर्षा का भी अनुमान व्यक्त किया है।
********
खेल खबरें :
बहरीन में चल रहे एशियाई युवा खेलों में प्रीतिस्मिथा भोई ने क्लीन एंड जर्क में 92 किलोग्राम वजन उठाकर नया युवा विश्व रिकॉर्ड बनाया। लड़कियों की 44 किलोग्राम वर्ग में प्रीतिस्मिथा ने कुल 158 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। प्रीतिस्मिथा ने 66 किलोग्राम भार उठाकर स्नैच में भी रजत पदक अपने नाम किया।
********
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में मेजबान भारत का मुकाबला बांग्लादेश से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक बांग्लादेश ने 101 रन बना लिए हैं।
********
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- भारत-आसियान व्यापक कार्यनीतिक साझेदारी वैश्विक स्थिरता और विकास के लिए एक मज़बूत आधार के रूप में उभरी। प्रधानमंत्री ने 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष घोषित किया।
- प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में जीएसटी बचत उत्सव के प्रति बढ़ते उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त की। त्योहारों के मौसम में स्थानीय उत्पादों की खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि की सराहना की।
- निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के दौरान चुनावी मामलों और एग्ज़िट पोल के प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए परामर्श जारी किया।
- प्रसिद्ध खगोल वैज्ञानिक, प्रोफेसर जयंत विष्णु नार्लीकर को मरणोपरांत विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
- चक्रवात मोन्था के मद्देनजर आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, तमिलनाडु और ओडिशा में मूसलाधार बारिश की आशंका।
- एशियाई युवा खेलों में भारतीय भारोत्तोलक प्रीतिस्मिता भोई ने बहरीन में क्लीन एंड जर्क प्रतियोगिता में 92 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
********