मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 13 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण। उन्होंने कहा कि एआई और कनेक्टिविटी हब आंध्र प्रदेश को देश के डिजिटल भविष्य के केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- पिछले दो दिनों में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 258 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
- बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार हुआ तेज। कल पहले चरण के लिए नामांकन समाप्त होगा।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की। शिक्षा और क्षमता निर्माण में संबंधों को बढाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की कि पुष्टि।
- भारत ने रूस से तेल आयात पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावे को किया खारिज। कहा- तेल आयात नीतियां पूरी तरह से उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए बनाई गई हैं।
- क्रिकेटर अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना को सितंबर के लिए आईसीसी प्लेयर्स ऑफ़ द मंथ चुन लिया गया।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आंध्र प्रदेश के कुरनूल में लगभग 13 हजार 430 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएँ उद्योग, बिजली ट्रांसमिशन, सड़क, रेलवे, रक्षा विनिर्माण और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सहित कई प्रमुख क्षेत्रों की हैं। प्रधानमंत्री ने स्वच्छ ऊर्जा और बिजली की पहुंच में भारत की तीव्र प्रगति का उल्लेख किया।
क्लीन एनर्जी से लेकर देश के टोटल एनर्जी प्रोडक्शन तक भारत हर क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बना रहा है। आज देश के हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। प्रति व्यक्ति इलेक्ट्रिसिटी का इस्तेमाल बढ़कर 1400 यूनिट हो गया है। इंडस्ट्रीज से लेकर हाउसहोल्ड तक सबको पर्याप्त बिजली मिल रही है। देश की इस एनर्जी रिवोल्यूशन का एक बड़ा केंद्र हमारा आंध्र प्रदेश है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रायलसीमा का विकास और व्यापक आंध्र क्षेत्र राष्ट्र की समग्र प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
पिछले 16 महीनों में आंध्र प्रदेश में विकास की गाड़ी तेज गति से दौड़ रही है। डबल इंजन की सरकार में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है, आज दिल्ली और अमरावती मिलकर तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
श्री मोदी ने जीएसटी सुधार के कारण राज्य को हो रहे वित्तीय लाभ का भी उल्लेख किया। इससे अनुमानित आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की बचत होने की आशा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये बचत त्यौहारी सीजन को और बेहतर बनाएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विशाखापत्तनम देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब होगा।
आज भारत की और आंध्र प्रदेश की स्पीड और स्कोप इसको पूरी दुनिया देख रही है। आंध्र प्रदेश में गूगल ने बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। गूगल यहां हमारे आंध्र प्रदेश में भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस हब बनाने जा रही है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने आज श्रीशैलम स्थित श्री भ्रामराम्बा मल्लिकार्जुन स्वामी वरला देवस्थानम में पूजा-अर्चना की। बाद में, श्री मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत को सम्मान देने के लिए श्रीशैलम में श्री शिवाजी स्फूर्ति केंद्र का दौरा भी किया।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पिछले दो दिनों में 258 वामपंथी उग्रवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। छत्तीसगढ़ में आज एक सौ 70 और कल 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, महाराष्ट्र में कल 61 नक्सली मुख्य धारा में लौटे हैं। गृहमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ में भाजपा के सत्ता में आने के बाद दो हजार से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और लगभग एक हजार आठ सौ नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में साढे चार सौ से अधिक नक्सलियों का सफाया किया गया है। गृहमंत्री ने अभी भी नक्सलवाद की राह पर चल रहे लोगों से हथियार डालने और मुख्य धारा में शामिल होने का आग्रह किया।
****
बिहार में विधानसभ चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 121 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया कल समाप्त हो जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच शनिवार को होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है 20 अक्टूबर। इस बीच, जनता दल युनाइटेड ने आज 44 उम्मीदवारों की दूसरी सूची और लोक जनशक्ति पार्टी ने 15 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। वहीं राज्य में चुनाव प्रचार भी ज़ोर पकड़ रहा है। दानापुर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा में भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को अराजकता से मुक्त करने के लिए प्रभावी ढंग से काम किया है। पटना में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि एनडीए सरकार के दौरान 50 लाख से ज़्यादा लोगों को रोज़गार मिला है।
हर बिहारी परिवार को एक सौ 25 यूनिट बिजली मुफ्त देने का काम। दिव्यांग, विधवा को पेंशन चार सौ बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी गई। युवाओं को एक हजार रुपए महीने का दिया गया। सेंट्रल यूनिवर्सिटी दो-दो बने हुए हों। ये सब रफ्तार पकड़ी है तो एनडीए की सरकार में पकड़ी और बिहार की जनता फिर एक बार एनडीए सरकार बनाना चाहती है। विकास की रफ्तार को और बढ़ाना चाहती है।
महागठबंधन दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर पटना में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि काम बहुत अच्छा चल रहा है और चुनाव चिन्ह बाँटे जा रहे हैं।
काम बहुत अच्छी तरह चल रहा है। सिम्बल बांटे जा रहे हैं और जिन-जिन को नॉमिनेशन भरने हैं वह भर भी रहे हैं। प्रक्रिया चालू हो चुकी है। वह क्यूं सवाल उठा रहे हैं। उन्हें क्या दिक्कत है, वह अपने घर को देखें, हमारे यहां ताक-झांक क्यूं कर रहे हैं। सिंबल बंट रहे हैं बहुत जल्दी सारी स्थिति आपके सामने होगी। महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि उन्होंने श्रीलंका को भारत के निरंतर समर्थन और शिक्षा तथा क्षमता निर्माण में दोनों देशों के बीच सहयोग को मज़बूत करने पर चर्चा की।
****
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान तमिलनाडु के मछुआरों की चिंताओं को उठाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। एक पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के 26 मछुआरे और 242 मछली पकड़ने वाली नावें अभी भी श्रीलंकाई हिरासत में हैं।
*****
भारत ने रूस से तेल आयात पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावे को खारिज किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि देश की तेल आयात नीतियां पूरी तरह से भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के उद्देश्य से बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि अमरीका ने भारत के साथ ऊर्जा सहयोग बढाने में रूचि दिखाई है और इस संबंध में वार्ताएं जारी हैं। श्री जायसवाल ने बताया कि भारत अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान पर नज़र बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकी संगठनों को पनाह देता है।
तीन बातें स्पष्ट हैं, पहली पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को पनाह देता है और आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित यानी कि स्पांसर करता है। दूसरी अपनी आंतरिक विफलता के लिए अपने पड़ोसियों को दोषी देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है और तीसरी पाकिस्तान अफ़गानिस्तान द्वारा अपने क्षेत्रों पर संप्रभुता का प्रयोग करने से क्रुध है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबंध है।
*****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि देश पिछले चार वर्षों से दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है और अगले 20 वर्षों तक इस गति को बनाए रखने का लक्ष्य है।
श्री गोयल ने नई दिल्ली में कहा कि ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की यात्रा दोनों देशों के बीच साझेदारी को मज़बूत करने की मज़बूत नींव रखेगी।
ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति अल्कमिन और विकास, उद्योग, व्यापार और सेवा मंत्री ने कहा कि दोनों देश वर्ष 2030 तक 20 अरब डॉलर के विदेशी व्यापार लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित जीएसटी बचत उत्सव का लाभ समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है। देशभर से लोगों ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में जीएसटी कम होने से मिल रहे फायदों के बारे में बताया।
सरकार द्वारा जीएसटी की नई दरें लागू करने के बाद वस्तुएं सस्ती हो गई हैं। हमने धनतेरस के दिन एक गाड़ी लेने की बुकिंग की है। उम्मीद है कि 90 हजार तक की छूट मिल रही है।
मेरे पास हेल्थ और लाइफ दोनों इंश्योरेंस है हेल्थ इंश्योरेंस पर अभी तक हमसे 18% की जीएसटी लगती थी और लाइफ इंश्योरेंस में सवा चार परसेंट की जीएसटी लगती थी और इस तरह से देखा जाए तो हेल्थ इंश्योरेंस में करीब साढ़े चार हजार रूपए का मुझे फायदा हो रहा है और लाइफ इंश्योरेंस में करीब साढ़े आठ सौ रूपए का फायदा हो रहा है। हमें कृषि उपकरणों पर जो टैक्स लगता था, निश्चित रूप से कम हुआ है। दवाइयां, खाद, बीज एवं कृषि पंप से लेकर पाइप लाइन तक जो किसानों को आय दिन जरूरत पडती थी, उन सभी वस्तुओं में हमें भारी कमी का अनुभव हुआ है।
*****
सरकार ने जल के कुशल उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय को बढ़ाने के लिए पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के अंतर्गत नई सुविधा प्रदान की है। कृषि मंत्रालय ने बताया कि यह पहल बहुत छोटे स्तर पर जल संग्रहण और परियोजनाओं के संरक्षण के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सशक्त बनाएगी।
****
प्रवर्तन निदेशालय- ईडी पश्चिम बंगाल में अवैध रेत खनन के सिलसिले में कोलकाता सहित सात स्थानों पर छापेमारी कर रहा है। ईडी सुबह से ही पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, आसनसोल, कोलकाता और अन्य स्थानों पर तलाशी ले रहा है।
****
घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार दूसरे दिन बढ़त का सिलसिला जारी रहा। सेंसेक्स 862 अंक बढ़कर 83 हजार 468 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 262 अंक बढ़कर 25 हजार 585 पर बंद हुआ।
*****
मौसम विभाग ने कल केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मूसलाधार बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों तक केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में गरज के साथ बिजली और तेज़ हवाएँ चलने की भी संभावना है।
*****
आईसीसी ने सितंबर महीने के लिए अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है। अभिषेक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान कायम रखा है। वहीं मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के विरूद्ध घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला में दो शतक और एक अर्ध शतक लगाया।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 13 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण। उन्होंने कहा कि एआई और कनेक्टिविटी हब आंध्र प्रदेश को देश के डिजिटल भविष्य के केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- पिछले दो दिनों में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 258 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
- बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार हुआ तेज। कल पहले चरण के लिए नामांकन समाप्त होगा।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की। शिक्षा और क्षमता निर्माण में संबंधों को बढाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की कि पुष्टि।
- भारत ने रूस से तेल आयात पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावे को किया खारिज। कहा- तेल आयात नीतियां पूरी तरह से उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए बनाई गई हैं।
- क्रिकेटर अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना को सितंबर के लिए आईसीसी प्लेयर्स ऑफ़ द मंथ चुन लिया गया।
*****