October 9, 2025 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में कहा – आज का भारत तकनीकी रूप से दुनिया के सबसे समावेशी समाज में से एक है।

  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया – भारत के साथ व्‍यापक आर्थिक और व्यापार समझौता विकास को गति देगा और रोज़गार के नए अवसर सृजित करेगा।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। कहा – सुरक्षा बलों को क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को भंग करने वाले किसी भी प्रयास को कुचलने की पूरी स्‍वतंत्रता जारी रहेगी।

  • बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना कल जारी होगी। राज्‍य में राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज़।

  • हंगरी के लास्ज़लो क्राज़्नाहोरकाई को साहित्य का 2025 का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा।

  • विशाखापत्तनम में महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 252 रन का लक्ष्य।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों भारत और ब्रिटेन के बीच साझेदारी वैश्विक वित्तीय परिदृश्य को बेहतर और मजबूत कर सकती है। मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।

 

 

आज से 5 साल पहले जब ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल शुरू हुआ था, तब दुनिया ग्लोबल पेंडेमिक से लड़ रही थी। आज यह फेस्टिवल फाइनेंशियल इनोवेशन और फाइनेंशियल कॉरपोरेशन का ग्लोबल प्लेटफॉर्म बन चुका है। इस बार इस फेस्टिवल में यूनाइटेड किंगडम एक पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल है। दुनिया की दो बड़ी डेमोक्रेसिस के बीच यह पार्टनरशिप ग्लोबल फाइनेंशियल लैंडस्केप को और बेहतर बनाएगी।

 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में पिछले एक दशक में प्रौद्योगिकी का लोकतांत्रिकीकरण किया गया है।

 

 

डिजिटल टेक्नोलॉजी का भी हमने डेमोक्राइटेजेशन किया है। इसको देश के हर सिटीजन और रीजन के लिए एक्सेसिबल बनाया है। आज यह भारत का गुड गवर्नेंस मॉडल बन चुका है। भारत में दिखाया है कि टेक्नोलॉजी केवल सुविधा नहीं, समानता का साधन भी बन सकती है।

 

 

श्री मोदी ने कहा कि दुनिया भर में होने वाले डिजिटल लेनदेन का आधा हिस्सा भारत में होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय हर महीने यूपीआई के माध्यम से 25 ट्रिलियन रुपये के 20 अरब से अधिक के लेनदेन कर रहे हैं।

 

भारत का एक यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस -यूपीआई आधार इनेबल पेमेंट सिस्टम, भारत बिल पेमेंट सिस्टम, भारत क्‍यू आर, डिजिलॉकर, डिजी यात्रा, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस यानी जैम, यह सब भारत की डिजिटल इकोनामी की रीढ है।

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि भारत के साथ व्‍यापक आर्थिक और व्यापार समझौता विकास को गति देगा और रोज़गार के नए अवसर सृजित करेगा।

 

 

यह दोनों देशों के लिए एक बड़ी जीत है और हमारे साझा विश्वासों का एक बड़ा बयान है न केवल इस बंधन की शक्ति बल्कि भविष्य में एक साथ अर्थव्यवस्था और कौशल का निर्माण करने के लिए और भी आगे बढ़ाना है इसलिए हम स्पष्ट हैं कि यह हमारे व्यापार समझौते की शुरुआत है जो अविश्वसनीय अवसरों का वादों करता है।

 

******

 

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और श्री स्टारमर ने भारत-ब्रिटेन मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी मंच को संबोधित किया। दोनों नेताओं के बीच प्रौद्योगिकी, रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य मुद्दों पर प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प की शांति योजना के पहले चरण में इस्राइल और हमास के बीच हुए समझौते का स्‍वागत किया है। श्री मोदी ने आशा व्‍यक्‍त की कि बंधकों की रिहाई और गज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने से लोगों को राहत मिलेगी और दीर्घकालिक शांति का मार्ग खुल जाएगा। विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

 

 

हमारी आशा है कि जो सभी बंदी है, सभी होस्टेस हैं, उनको रिहा किया जाएगा। युद्ध बंद होगा और ह्यूमैनिटेरियन सामग्री जो गजा में, जिसके जाने की आवश्यकता है, उसका रास्ता खुलेगा। शांति के सभी प्रयासों का हम समर्थन करते हैं और हमारी आशा है कि आगे चलते बातचीत के द्वारा इन सभी प्रश्नों का हल निकल पाएगा और हमने हमेशा से टू स्टेट सॉल्यूशन का सपोर्ट किया है।

 

******

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के साथ द्विपक्षीय बैठक में राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के विरूद्ध भारत के कड़े रूख को दोहराया।

 

वार्ता के दौरान तीन प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें सूचना साझाकरण समझौता, पनडुब्बी खोज और बचाव सहयोग तथा संयुक्त स्टाफ वार्ता की स्थापना पर संदर्भ शर्तें शामिल हैं।

 

******

 

अफगानिस्‍तान के अंतरिम विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी एक सप्ताह की यात्रा के लिए आज नई दिल्ली पहुंचे। अगस्त 2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद किसी शीर्ष अफगान राजनयिक की यह पहली यात्रा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि श्री मुत्ताकी को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समिति से नई दिल्ली की यात्रा के लिए छूट दी गई है।

 

******

गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। श्री शाह ने आतंकवाद मुक्त जम्मू-कश्मीर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के दृढ़ प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क लगभग खत्म हो गया है। गृहमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को खतरा पहुँचाने वाले किसी भी प्रयास को ध्‍वस्‍त करने के लिए सुरक्षा बलों को पूरी स्वतंत्रता रहेगी।

 

 

गृह मंत्री ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।

 

******

 

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि देश का विकास उभरते स्टार्टअप्स से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि 15 वर्ष पहले देश में बहुत कम स्टार्टअप्स थे, लेकिन आज देश में एक लाख 80 हज़ार से ज्‍यादा स्टार्टअप्स हैं। श्री सिधिंया ने कहा कि देश में 73 हज़ार महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स भी काम कर रहे हैं। नई दिल्‍ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस में संचार मंत्री ने कहा कि आज देश में एक अरब बीस करोड मोबाइल ग्राहक हैं।

 

******

 

सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्‍ट्रोनिक्‍स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वैश्विक चुनौतियों के बीच विकसित भारत के निर्माण पर बल दिया है। मेहसाणा में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में रेल मंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में गुजरात ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्रों में अभूतपूर्व वृद्धि हासिल की है।

 

 

इस वर्ष से गुजरात में एक नया इनोवेशन स्टार्ट हुआ है, रीजनल वाइब्रेट सबमिट्स आरंभ हुए हैं इसका बहुत लाभ होगा। फोकस वे में इन्वेस्टमेंट की बात हो पाएगी, डेवलपमेंट की बात हो पाएगी। ओवरऑल गुजरात में बड़े इन्वेस्टमेंटस आ रहे हैं अगर रेलवे की बात भी करें तो रेलवे के 1 लाख 46000 करोड़ के इन्वेस्टमेंटस हैं। सेमीकंडक्टर के 1 लाख 15000 करोड़ के इन्वेस्टमेंटस है। ओवरऑल बहुत एक अच्छी प्रोग्रेस है।

 

******

 

स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज कहा कि सरकार ने देश भर में एक लाख 70 हज़ार आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए हैं। नई दिल्ली में एक सम्मेलन में श्री नड्डा ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद का 2 दशमलव 5 प्रतिशत बजट स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए आवंटित किया गया है।

 

******

 

बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना कल जारी होगी। 243 सदस्यीय  विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को 121 सीटों पर मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 अक्‍टूबर है। दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। हमारे संवाददाता नें बताया है कि राज्‍य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

 

 

सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर आज भी कोई निर्णय नहीं हो सका। विभिन्‍न राजनीतिक दलों द्वारा लोकलुभावन वादों का दौर भी शुरू हो गया है। राष्‍ट्रीय जनता दल  नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज कहा कि बिहार में बेरोज़गारी सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार बनती है तो बिहार में प्रत्‍येक वैसे परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी जहां कोई भी सदस्‍य सरकारी नौकरी में नहीं है। इधर, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्ष के कार्यकाल के दौरान विकास ठप रहा है। इधर जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा है कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की बातों में प्रदेश के मतदाता नहीं आने वाले हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य की जनता जान चुकी है कि एनडीए के नेतृत्व में ही बिहार का विकास हो सकता है। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

 

******

 

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान लगभग साढे आठ लाख निर्वाचन अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने बताया कि बिहार में पहली बार 243 निर्वाचन क्षेत्रों में से प्रत्येक के लिए एक सामान्य पर्यवेक्षक तैनात किया गया है।

 

 

इस बीच, आयोग ने निर्देश दिया है कि चुनाव के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक मतदान केंद्र महिलाओं या दिव्यांगजनों द्वारा संचालित किया जाएगा।

 

******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में दिल्ली जल बोर्ड की एक हज़ार 816 करोड़ रुपये की लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यमुना नदी की सफाई के लिए एक व्यापक योजना तैयार की गई है।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ करेंगे। नई दिल्ली में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश गेहूँ और चावल उत्पादन में आत्मनिर्भर है, लेकिन अब देश दलहन उत्पादन में भी आत्मनिर्भर हो जाएगा।

 

******

 

अंतर्राष्ट्रीय पर्पल फेस्टिवल का तीसरा संस्करण आज पणजी और गोवा में शुरू हुआ। दिव्यांगजनों के सम्मान में आयोजित भारत के पहले अंतर्राष्ट्रीय और समावेशी उत्सव का उद्देश्य सशक्तिकरण, सुगम्यता और सामाजिक एकीकरण को प्रदर्शित करना है।

 

 

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने दिव्यांगजनों को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

******

 

हंगरी के उपन्यासकार और पटकथा लेखक लास्ज़लो क्रास्ज़नाहोरकाई को 2025 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। उन्हें सम्मोहक और दूरदर्शी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है, जो विनाशकारी आतंक के बीच कला की शक्ति की पुष्टि करते हैं। चिकित्सा, भौतिकी और रसायन विज्ञान के 2025 के नोबेल पुरस्कारों के बाद साहित्य का यह पुरस्कार इस सप्ताह घोषित होने वाला चौथा पुरस्कार है।

 

******

 

आईसीसी महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 252 रन का लक्ष्य दिया है। विशाखापत्तनम में ताजा समाचार मिलने तक दक्षिण अफ्रीका ने 14वें ओवर में तीन विकेट पर 57 रन बना लिये हैं।

 

 

भारतीय टीम 251 रन बनाकर ऑल आउट हो चुकी है। ऋचा घोष ने शानदार 94 रन की पारी खेली।

 

******

 

सूचना ओर प्रसारण मंत्रालय ने 2 अक्‍टूबर को संपन्न हुए स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत डेढ़ हजार से ज़्यादा जगहों की सफाई की। मंत्रालय ने बताया कि उसने स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की सफाई, स्वच्छता अभियान, घर-घर जाकर गतिविधियाँ, चित्रकला प्रतियोगिताएँ, स्वच्छता रैलियाँ और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे विभिन्न विषयों पर 2 हजार सात सौ पचास से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए और इन कार्यक्रमों में 59 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।

 

******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में कहा – आज का भारत तकनीकी रूप से दुनिया के सबसे समावेशी समाज में से एक है।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया – भारत के साथ व्‍यापक आर्थिक और व्यापार समझौता विकास को गति देगा और रोज़गार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
  • गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा – सुरक्षा बलों को क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को भंग करने वाले किसी भी प्रयास को कुचलने की पूरी स्‍वतंत्रता जारी रहेगी।
  • बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी होगी कल। राज्‍य में राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज़।
  • हंगरी के लास्ज़लो क्राज़्नाहोरकाई को साहित्य का 2025 का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा।
  • विशाखापत्तनम में महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में भारत ने दिया दक्षिण अफ्रीका को 252 रन का लक्ष्य।

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.