September 28, 2025 9:44 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दोहराया देश को आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी से ही गुजरता है।

 

  • आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री ने लोगों से आगामी त्योहारों को स्वदेशी उत्पादों के साथ मनाने और वोकल फॉर लोकल को अपना मंत्र बनाने का आग्रह किया।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा सरकार ने संवाद, सुरक्षा और समन्वय पर काम करना शुरू कर दिया है, जिसके परिणामस्वरूप पूर्वोत्तर में सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु दर में 70 प्रतिशत की कमी आई है।

 

  • तमिलनाडु सरकार ने करूर में रैली में हुई भगदड़ की जांच के लिए एक सदस्यीय आयोग का गठन किया, रैली में 40 लोगों की जान गई।

 

  • संयुक्त राष्ट्र ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उस पर फिर से आर्थिक और सैन्य प्रतिबंध लागू किए।

 

  • एशिया कप टी-20 क्रिकेट में, दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला जारी।

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोहराया है कि देश को आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता स्वदेशी उत्पादों से ही होकर गुजरता है। आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री ने लोगों से आगामी त्योहारों को स्वदेशी उत्पादों के साथ मनाने और वोकल फॉर लोकल को अपना मंत्र बनाने का आग्रह किया। उन्होंने नागरिकों से देश में उत्पादित उत्पाद खरीदने का संकल्प लेने का आह्वान किया। श्री मोदी ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि त्योहारों के मौसम में स्वच्छता, केवल घरों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे गलियों, मोहल्लों, बाज़ारों और गाँवों तक फैलाना चाहिए।

 

2 अक्टूबर को मनाई जाने वाली गांधी जयंती का उल्‍लेख करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हमेशा स्वदेशी अपनाने पर ज़ोर दिया और खादी उनमें सबसे प्रमुख थी। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में खादी के प्रति देश का आकर्षण काफ़ी बढ़ा है।

 

बीते 11 साल में खादी के प्रति देश के लोगों का आकर्षण बहुत बढ़ गया है। पिछले कुछ वर्षों में खादी की बिक्री में बहुत तेजी देखी गई है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि 2 अक्टूबर को कोई ना कोई खादी प्रोड्कट जरूर खरीदें। गर्व से कहें ये स्वदेशी हैं। इसे सोशल मीडिया पर हैशटैग वोकल फॉर लोकल के साथ शेयर भी करें।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की बेटियाँ व्यवसाय से लेकर खेल और शिक्षा से लेकर विज्ञान तक, हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्‍होंने भारतीय नौसेना की दो बहादुर अधिकारियों के पराक्रम पर प्रकाश डाला, जिन्होंने नाविका सागर परिक्रमा के दौरान आठ महीने तक समुद्र में बिताए। प्रधानमंत्री ने लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा से बातचीत की। इस दौरान कमांडर रूपा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर था।

 

ऐसे यात्रा के लिए हम दोनों को एक साथ मेहनत करना पड़ता था और जैसे लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना ने बोला ये अचीव करने के लिए सिर्फ दोनों था बोट पर और हम बोट रिपेयर टीम, इंजन मैकेनिक टीम, चेन मेकर, मेडिकल अस्सिटेंट, कुक, क्लीनर, ड्राइवर, नेविगेटर और सब कुछ एक साथ बनना पड़ता था और ये हमको अचीव करने के लिए इंडियन नेवी का बड़ा कंट्रीब्यूशन था और हमको हर तरह की ट्रेनिंग दिया है।

 

वहीं, कमांडर दिलना ने बताया कि उन्‍हें हर जगह अलग-अलग तरह के अनुभव प्राप्‍त हुए।

 

हमकों बहुत अच्‍छा एक्सपीरियंस मिला सर। हमने आठ महीनों में चार जगह पर रुकी थी सर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फोर्थ स्टेनली और साउथ अफ्रीका सर। हमने दुनिया के हर कोने में बार्बी को देखे सर। वो भी बहुत एक्टिव और बहुत कॉन्फिडेंस के साथ भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। हर जगह पर हमें अलगअलग एक्सपीरियंस मिला।

 

—–

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगले वर्ष 31 मार्च तक देश से वामपंथी उग्रवाद पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। नई दिल्ली में आज नक्सल मुक्त भारत से सम्‍बंधित एक कार्यक्रम के समापन सत्र में   उन्‍होंने कहा कि जब 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता में आई थी, तब भारत के तीन प्रमुख आंतरिक सुरक्षा हॉटस्पॉट – जम्मू – कश्मीर, पूर्वोत्तर और वामपंथी उग्रवाद कॉरिडोर में हिंसक घटनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही थीं। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए एक दीर्घकालिक रणनीति अपनाई है।

 

इस देश की आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से तीन महत्वपूर्ण हॉटस्पॉट एक जम्मू कश्मीर का क्षेत्र, दूसरा नॉर्थ ईस्ट और तीसरा वामपंथी कॉरिडोर। ये तीनों महत्वपूर्ण हॉटस्पॉट देश की अंतरिक्ष सुरक्षा को छिन्‍न विछिन्‍न कर कर रखे थे। अपार जाना नहीं भारतीय जनता पार्टी का शासन आते ही ये तीनों हॉटस्पॉट पर ध्यान केंद्रित किया गया और लंबे समय की फर्स्ट रणनीति के आधार पर काम हुआ।

 

पूर्वोत्तर में, 2004 से 2014 के बीच के दशक की तुलना में, 2014 और 2024 के बीच शहीद होने वाले सुरक्षाकर्मियों की संख्या में 70 प्रतिशत की कमी आई है।

 

—–

 

छत्तीसगढ़ में, कांकेर जिले के तिरियारपानी के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक महिला सहित तीन माओवादी मारे गए हैं। इन माओवादियों पर 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मारे गए माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक एसएलआर, एक राइफल, एक बारह बोर की बंदूक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की है।

 

 

हिंसा प्रभावित लेह में आज लगातार पांचवें दिन भी कर्फ्यू लागू रहा। मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित रहीं। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। लेह सर्वोच्च निकाय द्वारा राज्य का दर्जा और लद्दाख में छठी अनुसूची के विस्तार की माँग को लेकर बुलाए गए बंद के दौरान व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद बुधवार को ये प्रतिबंध लगाए गए थे।

 

 

तमिलनाडु सरकार ने करूर में एक रैली में हुई भगदड़ की दुखद घटना की जांच के लिए उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है। इस रैली में 40 लोगों की जान चली गई थी। यह घटना कल अभिनेता से नेता बने और टीवीके के संस्थापक विजय के स्वागत में आयोजित विशाल सभा के दौरान हुई।   पैनल ने आज शाम न्यायमूर्ति जगदीशन के घटनास्थल का दौरा करने के साथ अपनी जांच शुरू की। तमिलनाडु के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक – कानून-व्यवस्था डेविडसन देवसिरवथम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। इस घटना के सिलसिले में टी.वी.के महासचिव एन. आनंद और चार अन्य पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी बचत उत्सव की घोषणा की थी। 22 सितम्‍बर से शुरू हुआ यह उत्‍सव समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित कर रहा है। अगली पीढ़ी के वस्तु और सेवा कर सुधार भारत की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन सुधारों से वस्तुओं और सेवाओं पर कर कम हुआ है और लोगों को राहत मिली है।

 

परिवारों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है जिसमें छोटे बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े उत्पादों पर जीएसटी कर को घटाकर आम आदमी को राहत दी गई है। नई पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के तहत कई आवश्यक चाइल्ड केयर उत्पादों जैसे दूध की बोतलें, नैपकिन और शिशुओं के लिए नैपकिन लाइनर पर जीएसटी दर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह नवजात शिशु के बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य और स्‍वस्‍थता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अल्ट्रा हाई टेंप्रेचर दूध पर जीएसटी हटा दिया है। इसके साथ ही थर्मामीटर पर जीएसटी 18 प्रतिश से घटकर 5 प्रतिशत कर दिया है। इससे शिशुओं के स्वास्थ्य से जुड़ी वस्तुएं सस्ती होंगी और युवा परिवारों को अधिक राहत मिलेगी। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए वाराणसी उत्तर प्रदेश के निवासी कोमल ने जीएसटी दरों को कम करने के लिए सरकार के फैसले की सराहना की और कहा कि नई जीएसटी दरों से आम जनता के लिए छोटे बच्चों के उपयोग में आने वाली वस्तुएं खरीदना अब और भी किफायती हो जाएगा।

 

सरकार ने जो नए जीएसटी स्‍ट्रक्‍चर में टैक्‍स रेट को कम किया है इससे आम जनता को काफी फायदा होगा। नए जीएसटी रिफॉर्म्स के चलते अब लोगों को चाइल्ड केयर प्रोडक्ट जैसे बच्चों के डायपर, नैपकिन, दूध की बोतलें और सस्ते रेट पर मिल सकेगा।

 

इस महीने की 21 तारीख को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में देशवासियों से घरेलू उद्योगों, छोटे निर्माताओं, स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील भी की। रोहन के साथ दृष्टि पुनियानी, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

—–

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग फ़ोन-इन कार्यक्रम “मार्केट मंत्र” में कल शाम 6:30 बजे अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों पर चर्चा प्रसारित करेगा। जीएसटी सुधार हाल ही में प्रभावी हुए हैं। चर्चा में वित्त मंत्रालय के अधिकारी और आर्थिक विश्लेषक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान, श्रोता कल शाम साढे छह बजे से हमारे विशेषज्ञों से जीएसटी से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। प्रश्न पूछने के लिए फोन नम्‍बर हैं-       011- 2 3 7 1 7 1 1 7 और 011- 2 3 3 1 4 4 4 4. 

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सरकाऱ़, सेवा और सुशासन यानी जनसेवा तथा सुशासन के मंत्र पर चलते हुए, परिवर्तन और प्रगति के लिए अथक प्रयास कर रही है। आकाशवाणी समाचार अपने श्रोताओं के लिए एक विशेष श्रृंखला- “सेवा पर्व” लेकर आया है। आज की कडी में, हम बता रहे हैं कि कैसे नरेन्द्र मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से देश के किसानों को सशक्त बनाया है।

 

भारत सदियों से खेती किसानी का देश रहा है। आज भी देश की बड़ी आबादी खेती किसानी पर ही निर्भर है। अन्न भंडार भरने वाले किसानों को आए दिन कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसनों की इन्हीं परेशानियों को समझा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने और उनकी तरफ बढ़ाया मदद का हाथ और 1 दिसंबर 2018 के दिन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की घोषणा की गई। जिसकी शुरुआत 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से हुई तब प्रधानमंत्री ने कहा था

 

अब किसानों को बीज खरीदने के लिए, खाद खरीदने के लिए, दवा खरीदने के लिए, बिजली का बिल भरने के लिए, खेती से जुड़ी ऐसी अनेक जरूरतों के लिए परेशान नहीं होना होगा। केंद्र सरकार हर साल जो 6 हजार रुपये सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी।

 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अब तक की सबसे बड़ी लोक कल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत किसानों को हर चार महीने बाद दो हजार रुपये की रकम दी जा रही है। जिसे सीधे उनके खाते में ट्रांसफर किया जाता है। इस योजना के हर लाभार्थी को पूरी की पूरी रकम मिल जाती है। सालाना 6 हजार रुपये की इस मदद से किसानों को खेती किसानी के काम में बहुत सहूलियतें हुई हैं। योजना से किसानों की जिंदगी में आए बदलाव को लेकर राष्ट्रीय कृषि आर्थिक नीति एवं अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉक्टर खेमचंद का कहना है

 

नब्‍बे परसेंट किशान अभी छोटे और सीमांत किसान हैं। तो निश्चित रूप से जो छोटे-छोटे कैश की रिक्‍वायमेंट है वो बीज लाना है, थोड़ा खाद लाना है, दवाई लानी है, उनकी जरूरतें पूरी हो जाती हैं और किसी के पास उनको उधार लेने की जरूरत नहीं है।

 

किसान सम्‍मान निधि योजना के तहत अब तक 21 किस्‍तों में तीन लाख 90 हजार करोड़ से ज्यादा की रकम सीधे किसानों की खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। जिससे किसानों की जिंदगी आसान हुई है।

 

हम काश्‍तकारों को बहुत बढिया फायदा मिल रहा है जैसे समय पर हम दवाई लाएंगे, समय के ऊपर हम निराई, गुड़ाई का जो पैसा खर्च होगा वो मिलेगा हमको और जो भी फर्टिलाइजर लाएंगे उससे हमारे को बहुत बेनिफिट मिलेगा और माननीय प्रधानमंत्री जी ने जो यह हमारे को सम्मान के रूप में दिया उसके लिए हम उनको बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहेंगे

 

किसान सम्‍मान निधि वही बादल है जो अन्‍नदाताओं की जिंदगी में नई फुहार बनकर आया है और जिसकी वजह से देश का अन्नदाता माटी से फल स्वरूपी सोना लगातार उगा रहा है।

 

—–

 

संयुक्‍त राष्‍ट्र ने ईरान पर आर्थिक और सैन्‍य प्रतिबंधों को दस वर्षों बाद दोबारा लागू कर दिया है। 2015 के परमाणु समझौते के तहत ये प्रतिबंध हटा लिए गये थे। ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने ईरान के लगातार परमाणु प्रसार करने और सहयोग की कमी का हवाला देते हुए समझौते की स्नैपबैक प्रणाली को लागू कर दिया है।

 

—–

 

मौसम विभाग ने गुजरात के सौराष्‍ट्र और कच्‍छ में कल अत्‍यधिक तेज बारिश होने का अनुमान    व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान गुजरात, गोआ और मध्‍य महाराष्‍ट्र में भी मूसलाधार बारिश होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। छत्तीसगढ, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान- निकोबार द्वीपों के लिए भी अगले दो से तीन दिनों के दौरान तेज बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की गई है। आंध्र प्रदेश, गुजरात, बिहार और झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान बिजली चमकने और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है।

 

—-

 

एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला भारत और पाकिस्‍तान के बीच जारी है। ताजा समाचार मिलने तक पाकिस्‍तान ने 12वें ओवर में एक विकेट पर 103 रन बना लिए हैं।

 

—–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दोहराया देश को आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी से ही गुजरता है।

 

  • आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री ने लोगों से आगामी त्योहारों को स्वदेशी उत्पादों के साथ मनाने और वोकल फॉर लोकल को अपना मंत्र बनाने का आग्रह किया।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा सरकार ने संवाद, सुरक्षा और समन्वय पर काम करना शुरू कर दिया है, जिसके परिणामस्वरूप पूर्वोत्तर में सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु दर में 70 प्रतिशत की कमी आई है।

 

  • तमिलनाडु सरकार ने करूर में रैली में हुई भगदड़ की जाँच के लिए एक सदस्यीय आयोग का गठन किया, रैली में 40 लोगों की जान गई।

 

  • संयुक्त राष्ट्र ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उस पर फिर से आर्थिक और सैन्य प्रतिबंध लागू किए।

 

  • एशिया कप टी-20 क्रिकेट में, दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला जारी।

 

—-