मुख्य समाचार:
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षामंत्री अब्देल लतीफ लौदीई ने भारत के पहले विदेशी रक्षा विनिर्माण केंद्र का लोकार्पण किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2023 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। मलयालम फिल्म के प्रसिद्ध अभिनेता मोहनलाल को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया; हिन्दी फिल्म ट्वेल्थ फेल को सर्वश्रेष्ठ फिचर फिल्म का पुरस्कार।
- रेलवे आगामी त्योहारों के दौरान बारह हज़ार विशेष रेलगाडि़यां चलाएगा।
- कोलकाता में रिकॉर्ड बारिश के कारण शहर में भीषण जलभराव से जनजीवन ठप्प। नौ लोगों की मौत।
- मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी।
- चीन में वर्ष के सबसे भीषण तूफान रागासा के कारण तीन लाख सत्तर हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्दुल लतीफ लौदीई ने आज मोरक्को के बेरशीद में भारत के पहले विदेशी रक्षा विनिर्माण केन्द्र का लोकार्पण किया। श्री राजनाथ सिंह ने इसे दोनों देशों के बीच विकसित रणनीतिक साझेदारी की दिशा में ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के यह केन्द्र स्वदेशी रूप से विकसित पहिएदार बख्तरबंद वाहनों का उत्पादन करेगा। अनुबंध के अंतर्गत इन वाहनों की आपूर्ति रॉयल मोरक्को सेना को की जाएगी। यह आपूर्ति अगले महीने से शुरू हो जाएगी। मोरक्को का रणनीतिक स्थान अफ्रीका और यूरोप के लिए एक प्रवेश द्वार है। श्री सिंह ने कहा कि इस केन्द्र ने पहले ही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित किए हैं।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महिला केंद्रित फिल्मों के निर्माण और उन्हें मिल रहे पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त की है। नई दिल्ली में वर्ष 2023 के लिए 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करते हुए राष्ट्रपति यह बात कही।
महिलाओं पर केंद्रित अच्छी फिल्में बन रही हैं और पुरस्कृत भी हो रही हैं। यह बहुत अच्छा सामाजिक संकेत है। आज पुरस्कृत फिल्मों में माताओं द्वारा बच्चों के नैतिक निर्माण की कहानी सामाजिक रू़ढियों का सामना करने के लिए महिलाओं का एकजुट होना घर–परिवार और सामाजिक व्यवस्था के जटिलता के बीच महिलाओं की स्थिति तथा पेटियार्की की विशेषताओं के विरुद्ध आवाज उठाने वाली साहसी महिलाओं की कहानियों पर आधारित फिल्में शामिल हैं।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वेव्स बाजार के कारण, देश के कंटेंट क्रिएटर्स को नए बाजार मिल रहे हैं।
प्रधानमंत्री जी का बहुत क्लियर विजन है कि भारत को कंटेंट क्रिएशन का हब बनाना है, कि विश्व के सामने हम एक नए फॉर्मेट में एक नए प्लेटफार्म को क्रिएट करेंगे और वेव्स मुंबई में हाल ही में आप सबके सामने आए।
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में कई पुरस्कार प्रदान किए गए। एक रिपोर्ट –
समारोह में महान अभिनेता, निर्देशक और निर्माता, मोहनलाल को सिनेमा क्षेत्र का सर्वोच्च सम्मान, दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म ‘ट्वेल्थ फेल को, सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म का पुरस्कार ‘कटहल: ए जैकफ्रूट मिस्ट्री‘ को और रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार संयुक्त रूप से शाहरुख खान को फिल्म जवान के लिए और विक्रांत मैसी को ट्वेल्थ फेल फिल्म के लिए संयुक्त रूप से दिया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अभिनेत्री रानी मुखर्जी को फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे फिल्म के लिए दिया गया। शिल्पा राव को फिल्म जवान के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका और पीवीएनएस रोहित को तेलुगु फिल्म बेबी के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार मिला है। उत्पल दत्त को असमिया भाषा में महत्वपूर्ण और व्यापक आलोचनात्मक लेखन के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। सुदीप्तो सेन की द केरल स्टोरी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का, शिल्पिका बोरदोलोई को फिल्म मऊ: द स्पिरिट ड्रीम्स ऑफ चेराव के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का पुरस्कार मिला। रिमदोगिटंगा को सर्वश्रेष्ठ गारो फिल्म का पुरस्कार दिया गया। समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
*****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि यात्रियों की सुविधा के लिए दीपावली और छठ पर्व के दौरान बारह हज़ार विशेष रेलगाड़ियाँ चलाई जाएँगी। नई दिल्ली में श्री वैष्णव ने कहा कि ये विशेष रेलगाड़ियाँ पहली अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच चलेंगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दिवाली और छठ पर्व के दौरान सात हज़ार 750 विशेष रेलगाड़ियाँ चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि रेलवे के 29 मंडलों में 90 प्रतिशत गाडि़यां समय से चल रही हैं।
70 में से 29 डिवीजन्स में 90% पंक्चुअलिटी पहुंची, मैं उन सब डिवीजन्स को कंग्राचुलेट करूंगा। मालदा मैसूर, बड़ौदा, सियालदह, नागपुर, त्रिवेंद्रम, तिनसुकिया, कोटा, डीडीयू, आगरा, रांची, नांदेड़, तिरुचिरापल्ली, जयपुर, गुंटूर, अहमदाबाद, भावनगर, सेलम, जोधपुर, पालघर, गुंटकल, अइज्जत नगर।
*****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश और गुजरात में प्रमुख दलहनों और तिलहनों की खरीद को स्वीकृति दे दी है। श्री चौहान ने आज एक उच्च-स्तरीय बैठक में कहा कि पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, डिजिटल और किसान-केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पहल का लाभ केवल वास्तविक किसानों को ही मिलना चाहिए। कृषि मंत्री ने राज्यों को बिचौलियों के किसी भी तरह के शोषण को रोकने का निर्देश दिया। श्री चौहान ने दोनों राज्यों के किसानों से उड़द और अरहर की पूरी खरीद के साथ-साथ मूंग, तिल, मूंगफली और सोयाबीन की खरीद को भी मंजूरी दी। इसका अनुमानित मूल्य 13 हज़ार 800 करोड़ रुपये है।
*****
वर्ल्ड फ़ूड इंडिया का आयोजन 25 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। इसका उद्देश्य विविध खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना और साथ ही भारत की समृद्ध खाद्य संस्कृति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने स्टार्टअप्स को नए भारत की रीढ़ बताया है। गुजरात के गांधीनगर में स्टार्टअप सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश के स्टार्टअप तंत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप तंत्र बन गया है। गृह मंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन से देश और राज्य दोनों को फायदा होगा।
*****
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग देश में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और कौशल विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्र ने दिव्यांग छात्रों की शैक्षणिक यात्रा में सहायता के लिए दो हजार तीन सौ से अधिक शैक्षिक सांकेतिक भाषा वीडियो विकसित किये हैं।
*****
अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार भारत की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं पर कर की दर कम लोगों को काफी राहत प्रदान की जा रही है। एक रिपोर्ट-
आम आदमी को राहत देने के लिए एयर कंडीशनर, डिशवॉशर और टीवी जैसे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर कर की दर को 28% से घटकर 18% कर दिया गया है। त्यौहार के सीजन से पहले यह कदम घरेलू बाजार में मांग को बढ़ावा और उत्पादन क्षमता को और मजबूत करने वाला है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए दिल्ली की निवासी वर्णिता ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस कदम से मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग के परिवारों के लिए सामान खरीदना और अधिक किफायती हो जाएगा। नये जीएसटी सुधारो के तहत यह युक्तिकरण परिवारों पर वित्तीय बोझ कम करेगा और उपभोक्ताओं को भी मजबूत करेगा। रोहन के साथ दृष्टि पुनियानी आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और सुशासन मंत्र से अभिप्रेरित सरकार परिवर्तन और प्रगति की दिशा में लगातार काम कर रही है। विशेष श्रृंखला सेवा पर्व में आज हम चर्चा कर रहे हैं कि मोदी सरकार ने किस तरह प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से भारत के युवाओं को सशक्त बनाया है।
ग्यारह वर्ष पहले, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी, तब उन्होंने देश के लाखों युवाओं के सशक्तिकरण का सपना देखा था। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 15 जुलाई, 2015 को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की शुरूआत की गई थी। यह योजना अब एक दशक लंबी यात्रा पूरी कर चुकी है। योजना के बारे में प्रधानमंत्री ने कहते हैं–
लम्बे समय तक सरकारों स्किल डेवलपमेंट को लेकर ना वैश्विक गंभीरता थी और ना ही वैश्विक दूर दृष्टि । इसका बहुत बड़ा नुकसान हमारे नौजवानों को उठाना पड़ा। इंडस्ट्री में डिमांड होने के बावजूद नौजवानों में टैलेंट होने के बावजूद स्किल डेवलपमेंट ना होने से युवाओं के लिए नौकरी पाना अत्यंत कठिन हो गया था। हमारी सरकार है जिसे युवाओं में स्किल डेवलपमेंट की गंभीरता को समझा है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत इस वर्ष जुलाई तक लगभग एक करोड़ 63 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इनमें 45 प्रतिशत महिलाएँ हैं। योजना का चौथा चरण शुरू हो चुका है, यह अगले वर्ष तक जारी रहेगा। इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं को न केवल अपना पसंदीदा करियर चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, बल्कि उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने में भी सहायता प्रदान की जाती है। राजस्थान के उदयपुर जिले के रहने वाले उमेश कुमार ने इस योजना के बारे में अपना अनुभव साझा किया।
मैं सैलून में नाई का काम कर रहा था तो उसमें मुझे 15000 सैलरी मिलती थी। जिससे मेरा गुजारा पूरा नहीं हो पता था। पीएम विश्वकर्मा में यहां पर आने के बाद जो नए टूलकिट होते हैं, उनके बारे में जानकारी मुझे यहां से मिली। जिससे मैं नए तरीके से ज्यादा पैसे कमा पाऊंगा। मैंने सोचा कि पीएम विश्वकर्म योजना में जो मुझे लोन मिलेगा तो उसे मैं खुद का करूंगा और उसमें मुझे फायदा होगा और मैं अच्छे से परिवार की देखरेख कर पाऊंगा।
यह योजना न सिर्फ युवाओं को सशक्त बना रही है, बल्कि उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान भी दिला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण और नेतृत्व से प्रेरित, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना आज नए भारत का अग्रणी प्रतीक बनकर उभरा है। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनन्द पाठक।
*****
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में वर्षा से संबंधित घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई। एक रिपोर्ट-
कोलकाता के कई इलाकों में अब भी जलभराव है और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बस और रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मेट्रो सेवाएं भी बाधित रही, कई लंबी दूरी की रेलगाडि़यां रद्द कर दी गईं और लोकल रेल सेवा के समय में फेरबदल किया गया है। पहाड़ी इलाकों को छोड़कर सभी स्कूल अगले दो दिन बंद रहेंगे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने इस तरह की आपदा से निपटने में असमर्थता के लिए वर्तमान तृणमूल कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की है। मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
*****
विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल पूर्वोत्तर राज्यों, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में भी मूसलाधार वर्षा की आशंका है।
*****
चीन ने शक्तिशाली तूफ़ान रागासा के आगे बढ़ने के कारण तीन लाख 70 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। रागासा के कल तक ग्वांगडोंग प्रांत में पहुंचने और उत्तरी वियतनाम की ओर बढ़ने की आशंका है।
उधर, फिलीपींस में रागासा के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। लाओ में तेज वर्षा के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।
*****
एशिया कप टी-ट्वेंटी क्रिकेट में पाकिस्तान के साथ सुपर फोर मुकाबले में ताजा समाचार मिलने तक श्रीलंका ने दस ओवर में पांच विकेट पर 70 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कल भारत और बांग्लादेश के बीच रात 8 बजे से दुबई में सुपर – 4 का अगला मैच होगा।
*****
कोरिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दिन, आज मेघना रेड्डी ने क्वालीफायर में सीधे गेम में जीत दर्ज कर प्रतियोगिता के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश कर लिया है। क्वालीफायर में अन्य सभी भारतीय मुख्य मुकाबले में आगे नहीं बढ़ पाए।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षामंत्री अब्देल लतीफ लौदीई ने भारत के पहले विदेशी रक्षा विनिर्माण केंद्र का लोकार्पण किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2023 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। मलयालम फिल्म प्रसिद्ध अभिनेता मोहनलाल को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया; हिन्दी फिल्म ट्वेल्थ फेल को सर्वश्रेष्ठ फिचर फिल्म का पुरस्कार।
- रेलवे आगामी त्योहारों के दौरान बारह हज़ार विशेष रेलगाडि़यां चलाएगा।
- कोलकाता में रिकॉर्ड बारिश के कारण शहर में भीषण जलभराव से जनजीवन ठप्प। नौ लोगों की मौत।
- मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी।
- चीन में वर्ष के सबसे भीषण तूफान रागासा के कारण तीन लाख सत्तर हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
*****