September 22, 2025 10:13 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा– अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से नागरिकों को सीधा लाभ होगा और बचत बढेगी।  

 

  • सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रधानमंत्री उज्‍ज्‍वला योजना के अंर्तगत 25 लाख अतिरिक्त कनेक्शन देने का फैसला किया।

 

  • गृह मंत्रालय ने एनएससीएन के और उसके सभी गुटों को तत्‍काल प्रभाव से पांच वर्ष के लिए अवैध घोषित किया।

 

  • छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में 40-40 लाख रुपए के दो इ्नामी माओवादी ढेर।

 

  • पाकिस्‍तानी वायु सेना ने ख़ैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हवाई हमला किया– महिलाओं और बच्चों समेत 30 लोग मारे गये।

 

  • भीषण तूफ़ान रागासा फिलीपींस से टकराया हजारों लोग सुरक्षित निकाले गये, राजधानी मनीला बंद।

 

  • भारत सैफ अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचा।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि जीएसटी दरों में कमी से परिवारों के बीच अधिक बचत होगा और व्‍यवसाय में सुगमता में सुधार करेंगी। नवरात्रि के पहले दिन आज देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए श्री मोदी ने कहा कि कम जीएसटी दरों का मतलब हर परिवार के लिए अधिक बचत और व्यवसायों के लिए अधिक सुगमता है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार शुरू हो चुके है। यह पूरे देश में जीएसटी बचत उत्‍सव का परिचायक है। उन्‍होंने कहा कि यह सुधार बचत को बढ़ावा देंगे।

 

****

 

यह जीएसटी सुधार आज से प्रभावी हो गए। नई कर संरचना के अंतर्गत जीएसटी परिषद ने अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की चार-स्तरीय संरचना से 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो-स्तरीय संरचना में सरल बना दिया है। ये सुधार कई वस्तुओं और सेवाओं पर कर को कम कर लोगों को राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। एक रिपोर्ट…

 

जीएसटी सुधारों के अंतर्गत सरकार ने कई सेक्टरों में टैक्स में भारी कटौती की है। इसी कड़ी में सरकार ने सीमेंट पर जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जिससे घर बनाने में लगने वाली लागत में कमी आएगी। वहीं, ईंटों के काम पर भी जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे ईंट भट्टे चलाने वाले छोटे व्यवसायों को फायदा होगा। इन सुधारों में मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए, टूव्हीलर और छोटी कारों पर भी जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। नए कर ढांचे के अंतर्गत 350cc से कम इंजन वाले टूव्हीलर पर टैक्स 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह, नई टैक्स व्यवस्था में छोटी कारों पर अब 18 प्रतिशत टैक्स लगेगा। देश भर में लोग सरकार के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं। आकाशवाणी समाचार से बातचीत करते हुए, दिल्ली के निवासी शिवेंद्र शुक्ला ने इस फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारों, टूव्हीलर और दवाओं पर जीएसटी कम होने से लोगों, खासकर मध्यम और निम्नमध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है।

 

मेरा नाम शिवेंद्र शुक्ला है और मैं दिल्ली में रहता हूँ। सबसे पहले मैं सरकार को, विशेष रूप से मोदी जी का धन्यवाद करना चाहता हूँ जिन्‍होंने जीएसटी की दरों को कम किया है। यह एक बहुत अच्छा कदम है जो आज से लागू किया गया है। इससे खास तौर पर मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग के परिवारों को लाभ मिलेगा।

 

दिल्ली के एक अन्य निवासी राजीव पांडेय ने बताया कि वह कार खरीदने की योजना बना रहे थे। उन्होंने कहा कि कारों पर जीएसटी कम होने से उन्हें काफी पैसे की बचत होगी।

 

मैं राजीव पांडेय, आर के पुरम से हूं। जीएसटी में ये अब तक का सबसे बड़ा रिफॉर्म है। मैं अभी प्‍लान कर रहा था गाड़ी खरीदने के लिए, जब से मैंने जीएसटी की बात सुनी, तो हमने सोचा चलो रूक जाते हैं। जीएसटी का रिफॉर्म लागू हो जाए, तो गाड़ी खरीदेंगे। मैंने गाड़ी रिलेक्‍ट कर रखी थी, वो गाड़ी अप्रोक्‍स टेन लाख के आसपास पड़ रही थी, अब उस गाड़ी पर 18 परसेंट जीएसटी लगेगा, तो मेरे को 64 थाउजेंट के अराउंड बेनिफिट होगा।

 

जीएसटी में कटौती से आम लोगों, खासकर मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ कम होगा और उनकी बचत में इज़ाफ़ा होगा। सक़लेन अख्तर आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

****

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि आज से लागू हुए अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार देश की आर्थिक वृद्धि को गति देंगे। आज नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में श्री वैष्णव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर के लोग खुश हैं, क्योंकि अधिकांश दैनिक उपयोग की वस्‍तुओं के सस्‍ता होने से उनकी आय का एक बड़ा हिस्सा बचेगा।

 

जीएसटी की रेट्स को कम करना 99 परसेंट हमारी जो डेटूडे यूज की चीजें हैं उसके ऊपर जीएसटी में कमी आएगी। चाहे रसोई के सामान में, खानेपीने के सामान में, चाहे कपड़े, चाहे बच्‍चों की पढ़ाई का सामान, चाहे घर के अंदर टीवी खरीदना हो, घर की सब चीजों पर बड़ी बचत जीएसटी के इस ऐतिहासिक फैसले से आएगी।

 

****

 

सरकार ने आज नवरात्रि के पहले दिन चालू वित्तवर्ष के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 25 लाख अतिरिक्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान करने का फैसला किया है। महिला लाभार्थियों को अभिवादन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार का यह कदम महिला सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत करेगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि सरकार प्रत्येक नए कनेक्शन पर दो हजार से अधिक रुपये खर्च करेगी।

 

हमारी बहनों को 25 लाख अधिक उज्‍ज्‍वला कनेक्‍शन मिलेंगे। ये योजना 2016 में जिसकी शुरुआत हुई थी उसमें अब 10 करोड़ 30 लाख ऑलरेडी थे, सभी मिलकर मुझे लगता है ये 10 करोड़ 60 लाख पर चले जाएंगे। अलगअलग वर्गों से डिमांड थी कि उज्‍ज्‍वला कनेक्‍शन बढ़ने चाहिए। तो मुझे बहुत ही खुशी है कि आज इस शुभ अवसर पर ये एडिशनल बेनिफिट हमारी बहनों को मिलेगा।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज प्रसाद योजना के अंतर्गत माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह मंदिर त्रिपुरा की आ‍ध्‍यात्मिक संस्‍कृति का बडा केंद्र है।

 

हमारी बहनों को 25 लाख अधिक उज्‍ज्‍वला कनेक्‍शन मिलेंगे। ये योजना 2016 में जिसकी शुरुआत हुई थी उसमें अब 10 करोड़ 30 लाख ऑलरेडी थे, सभी मिलकर मुझे लगता है ये 10 करोड़ 60 लाख पर चले जाएंगे। अलगअलग वर्गों से डिमांड थी कि उज्‍ज्‍वला कनेक्‍शन बढ़ने चाहिए। तो मुझे बहुत ही खुशी है कि आज इस शुभ अवसर पर ये एडिशनल बेनिफिट हमारी बहनों को मिलेगा।

 

****

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने आज अरुणाचल प्रदेश में पांच हजार एक सौ करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

 

****

 

गृह मंत्रालय ने आज नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड – खापलांग को उसके सभी गुटों, शाखाओं और अग्रिम संगठनों को इस महीने की 28 तारीख से पाँच साल की अवधि के लिए गैरकानूनी संगठन घोषित किया है। एक अधिसूचना में मंत्रालय ने कहा कि यह संगठन देश की संप्रभुता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल है।

 

****

 

छत्तीसगढ के नारायणपुर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में दो माओवादी मारे गये हैं। दोनों माओवादियों पर चालीस-चालीस लाख रुपए का इनाम था। पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुरिया ने बताया कि महाराष्‍ट्र और छत्तीसगढ के सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादियों की उपस्थिति को लेकर मिली खुफिया जानकारी के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। अबूझमाड़ क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। सुरक्षा बलों ने भी जवाब में गोलीबारी की जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों माओवादियों के शव घटनास्‍थल से बरामद कर लिए गये हैं।

 

****

 

पाकिस्‍तान की वायु सेना ने खैबर पख्‍तूनख्‍वा प्रांत में हवाई हमले किए है। इस हमले में महिलाओं और बच्‍चों सहित तीस लोग मारे गये हैं। पाकिस्‍तानी युद्धक विमान जे. एफ-17 ने कल रात लगभग दो बजे तिराह घाटी में स्थित मत्रे दारा गांव में आठ एल. एस-6 बम गिराए, इस कारण कई लोगों की मृत्‍यु हुई।

 

****

 

चक्रवाती तूफान रागासा आज उत्तरी फिलीपींस से टकराया। इससे 230 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं के साथ बाढ़ भी आ गई है। खराब मौसम के कारण 10 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षि‍त स्‍थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ है। राजधानी के स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को बंद कर दिया गया है।

 

****

 

सेवा और सुशासन, यानी जनसेवा और सुशासन के मंत्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार परिवर्तन और प्रगति के अथक प्रयास कर रही है। आज, इस विशेष श्रृंखला – ‘सेवा पर्व’ में, हम आपके लिए ला रहे हैं कि कैसे मोदी सरकार स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से शहरी क्षेत्रों को नया रूप दे रही है और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार ला रही है।

 

स्मार्ट सिटी मिशन भारत के शहरी परिदृश्य को नया रूप दे रहा है और आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जून 2015 में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य स्मार्ट और टिकाऊ समाधानों के माध्यम से भारत के शहरों में जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। पुणे में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी की अवधारणा अपने आप में एक जन आंदोलन है।

 

ये स्‍मार्ट सिटी कन्‍सेप्‍ट ये सिर्फ इस काम के लिए इतने पैसे दिए जाएंगे वो नहीं है, ये अपने आप में बहुत बड़ा जन आंदोलन है। ये बीते हुए कल के अनुभवों के आधार पर उज्‍जवल भविष्‍य की नींव रखने का एक सार्थक प्रयास है।

 

इस मिशन ने पिछले एक दशक में उल्लेखनीय प्रगति की है। आठ हज़ार से ज़्यादा परियोजनाओं में से लगभग 94 प्रतिशत अब पूरी हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 13 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएँ कार्यान्वयन के उन्नत चरणों में हैं, जिससे मिशन के अंतर्गत कुल निवेश लगभग एक दशमलव 64 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इस पहल में मौजूदा क्षेत्रों का नवीनीकरण, विशिष्ट क्षेत्रों का पुनर्विकास और शहरव्यापी स्मार्ट समाधान शामिल हैं। इसके अलावा स्कूलों को डिजिटल कक्षाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, विरासत स्थलों का पुनरुद्धार हो रहा है, सार्वजनिक स्थलों को पुनः स्थापित किया जा रहा है और सड़कें अधिक बेहतर तथा सुरक्षित बन रही हैं। आधुनिक सड़कों, साइकिल ट्रैक और हरित गलियारों से लेकर उन्नत एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्रों तक, ये परियोजनाएँ शहरों के कामकाज के तरीके को नया रूप दे रही हैं। स्मार्ट सिटी मिशन के दस साल पूरे होने पर इसका प्रभाव पूरे देश में दिख रहा है। यह मिशन आज एक ऐतिहासिक पहल के रूप में खड़ा है, जो नए भारत के लिए शहरी विकास को नई परिभाषा दे रहा है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल नई दिल्ली में 71 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म 12वीं फेल को और सर्वश्रेष्‍ठ हिन्‍दी फिल्‍म का पुरस्‍कार कटहल को दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार शाहरुख खान को जवान फिल्‍म के लिए और विक्रांत मैसी को 12वीं फेल के लिए संयुक्‍त रूप से दिया जाएगा। अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को 2023 के लिए प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

 

****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में शारीरिक, मानसिक और भावनात्‍मक आरोग्‍य में आयुर्वेद की भूमिका विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्‍थान की चिकित्‍सा उपाधीक्षक डॉ अलका कपूर तथा योग और आयुर्वेद विशेषज्ञ अनीता कौशिक परिचर्चा में भाग लेंगी।

 

****

 

मौसम विभाग ने कल ओडिशा में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पूर्वोत्तर राज्यों, आंध्र प्रदेश, झारखंड, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, और विदर्भ में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। अगले दो से तीन दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पश्चिम बंगाल में बिजली के साथ तेज हवाएं चलने की उम्मीद हैं।

 

****

 

खेलों में, भारत ने अंडर-17 सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोलंबो में भारत ने पाकिस्‍तान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बृहस्‍पतिवार को नेपाल से होगा।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा– अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से नागरिकों को सीधा लाभ होगा और बचत बढेगी।  

 

  • सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रधानमंत्री उज्‍ज्वला योजना के अंर्तगत 25 लाख अतिरिक्त कनेक्शन देने का फैसला किया।

 

  • गृह मंत्रालय ने एनएससीएन के और उसके सभी गुटों को तत्‍काल प्रभाव से पांच वर्षों के लिए अवैध घोषित किया।

 

  • छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में 40-40 लाख रुपए के दो इ्नामी माओवादी ढेर हो गये हैं।

 

  • पाकिस्‍तानी वायु सेना ने ख़ैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हवाई हमला किया– महिलाओं और बच्चों समेत 30 लोग मारे गये।

 

  • भीषण तूफ़ान रागासा फिलीपींस से टकराया हजारों लोग सुरक्षित निकाले गये, राजधानी मनीला बंद।

 

  • फुटबॉल में भारत सैफ अंडर-17 प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचा।

 

****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.