September 20, 2025 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :- 

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत को वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए आत्मनिर्भर बनना होगा। कहा – दूसरे देशों पर निर्भरता भारत के सबसे बड़े दुश्मनों में से एक।
  • भारत ने कहा- एच1बी वीजा कार्यक्रम पर ट्रम्प प्रशासन के नए प्रतिबंधों से मानवीय सकंट की संभावना। उम्‍मीद जताई कि अमरीकी अधिकारी बाधाओं का उचित समाधान निकालेंगे।
  • दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को 2023 के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • हीथ्रो, ब्रुसेल्स और बर्लिन सहित कई प्रमुख यूरोपीय हवाई अड्डों पर साइबर हमला।
  • चाइना मास्टर्स 2025 बैडमिंटन में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी पुरुष डबल्‍स के फाइनल में पहुँची।
  • महिला क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मैच जारी।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि दूसरे देशों पर भारत की निर्भरता उसके सबसे बड़े दुश्‍मनों में से एक है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए विश्‍व के सामने एक आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में खड़ा हो।

 

प्रधानमंत्री आज भावनगर में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भारत को एक समुद्री महाशक्ति बनाने के अपनी सरकार के दृष्टिकोण का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का लक्ष्य 2047 तक वैश्विक समुद्री व्यापार में हिस्सेदारी को तीन गुना करना है। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश को आत्मनिर्भर बनना होगा।

 

दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। सच्चे अर्थ में अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वह है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता। यही हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को निर्भरता वाले दुश्मन को हराना ही होगा। विश्‍व में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश को आत्मनिर्भर बनना ही होगा।

 

 इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। श्री मोदी ने 7 हजार आठ सौ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कई प्रमुख समुद्री परियोजनाओं के साथ-साथ मुंबई अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का समुद्री क्षेत्र अगली पीढ़ी के सुधारों के दौर से गुजर रहा है।

 

भारत को दुनिया की एक बड़ी समुद्री शक्ति बनाने के लिए तीन और बड़ी स्किल पर भारत सरकार काम कर रही हैं। इन तीन योजनाओं से शिप बिल्डिंग सेक्टर को आर्थिक मदद मिलने में आसानी होगी। हमारे शिपयॉर्डस को मॉडर्न टेक्नोलॉजी अपनाने में मदद होगी और डिजाइन और क्वालिटी सुधारने में भी बहुत मदद मिलने वाली है। इन पर आने वाले वर्षों में 70 हजार करोड रुपए से ज्यादा खर्च किए जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री ने आज गुजरात दौरे के दौरान अहमदाबाद के निकट प्राचीन शहर लोथल का दौरा कर राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर की प्रगति की समीक्षा की। इससे पहले, श्री मोदी ने धोलेरा स्मार्ट सिटी का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

 

*****

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि नागरिकों के हित के लिए वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी स्लैब में सुधार किया गया है। आज तूतीकोरिन के कोविलपट्टी में माचिस और आतिशबाजी निर्माण संघों के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

 

*****

 

रेल मंत्रालय ने जीएसटी में कटौती का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए रेलगाडि़यों और रेलवे परिसरों में उपलब्ध पेयजल बोतल की अधिकतम खुदरा कीमत में कटौती की घोषणा की है। इसमें रेल नीर और अन्य सभी ब्रांड शामिल हैं।

 

*****

 

उपभोक्ता कार्य विभाग ने अगली पीढ़ी के वस्तु और सेवा कर सुधारों के तहत राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर जीएसटी शिकायत निवारण की सुविधा शुरू की है। उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि सोमवार से प्रभावी संशोधित जीएसटी दर और छूट लागू होने के बाद उपभोक्ताओं की संभावित शिकायतों के समाधान के लिए एकीकृत शिकायत निवारण तंत्र-आईएनजीआरएम पोर्टल पर एक नई सुविधा शुरू की गई है। मंत्रालय ने कहा कि उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1915 पर सत्रह भाषाओं में अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में कर ढांचे को सरल बनाने और नागरिकों पर वित्तीय बोझ कम करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की घोषणा की थी। नई जीएसटी दरें सोमवार से लागू होंगी। आज हम इलेक्ट्रॉनिक्स और सौर उपकरणों पर इन सुधारों के प्रभाव पर एक नज़र डाल रहे हैं।

 

सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सौर ऊर्जा उपकरणों पर करो में उल्लेखनीय कमी करके नागरिकों को बड़ी राहत दी है इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं जैसे एयर कंडीशनर, टीवी और डिशवॉशर जैसे उपकरणों पर कर की दरों को 28% से घटकर अब 18% कर दिया है इसके साथ ही मॉनिटर और प्रोजेक्टर पर जीएसटी की दर को घटाकर 18% किया है। सरकार का यह कदम डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और नवाचार को बढ़ावा देगा। इसके अलावा सौर पैनल और फोटोवोल्टिक सेल जैसे नवीकरणीय ऊर्जा उपकरणों पर कर की दर को भी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है। महाराष्ट्र के पुणे के एक निवासी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इन सुधारों से डीलरों, दुकानदारों और उपभोक्ताओं सहित सभी को लाभ होगा।

 

जीएसटी का जो बेनिफिट हुआ है वह डीलर को भी हुआ है दुकानदार को भी हुआ है और एंड यूजर को भी हुआ है। जो कस्टमर आज 43 इंचेज एंड अबाउ टीवी लेते थे तो जिसके ऊपर 20 पर्सेंट जीएसटी था वो अभी 18 टके पर आएंगे। दस टके पे सोलर कस्‍टमर को मिली है। इससे अभी मार्केट जो अभी सीजन पीरीयड चालू हुआ है। इसमें कास्‍टमर का वाकिंग और उनका भी बेनिफिट होने वाला है। हां 100%  होगी।

 

नए जीएसटी सुधार से इलेक्ट्रॉनिक और सौर उपकरणों की मांग को बढ़ावा मिलेगा जिससे नागरिकों के लिए आवश्यक तकनीक तक पहुंचाना और आसान होगा नए सुधार सोमवार से लागू होंगे। रिशु के साथ सौम्य शरण आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*****

 

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमरीका के एच-1बी वीजा कार्यक्रम पर प्रस्‍तावित प्रतिबंध से संबंधित कदम का भारतीय उद्योग सहित सभी संबंधित हितधारक अध्‍ययन कर रहे हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि इस कदम से कई परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है और मानवीय संकट उत्‍पन्‍न होने की संभावना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार आशा करती है कि इन बाधाओं को अमरीकी अधिकारी उचित तरीके से निपटाएंगे।

 

*****

 

दिग्‍गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को वर्ष 2023 का प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने श्री मोहनलाल को इस पुरस्कार के लिए चुने जाने पर बधाई दी है।

 

छोटी उम्र में ही अपना फ़िल्मी सफ़र शुरू करने वाले मोहनलाल ने मलयालम, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सहित हिंदी फ़िल्मों में काम किया है। श्री मोहनलाल का फिल्मी सफर पीढ़ियों को प्रेरित करता है, और उनकी बेजोड़ बहुमुखी प्रतिभा और कड़ी मेहनत ने भारतीय फ़िल्म इतिहास में एक स्वर्णिम मानक स्थापित किया है। अभिनेता मोहन लाल को उनकी प्रतिभा की वजह से पहले वर्ष 2001 में पद्मश्री और बाद में वर्ष 2019 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। फिल्म निर्माता के रूप में उन्हें वनप्रस्थम के लिए सर्वश्रेष्ठ फीचर फ़िल्म का पुरस्कार भी मिला। श्री मोहनलाल को इस महीने की 23 तारीख को नई दिल्ली में 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह के दौरान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा के विकास और प्रगति में उत्कृष्ट योगदान के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है। रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और सुशासन के मंत्र से प्रेरित सरकार परिवर्तन और प्रगति लाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। अपनी विशेष श्रृंखला-सेवा पर्व में आज हम बात करेंगे कि कैसे मोदी सरकार ने डिजिटल स्‍वास्‍थ्‍य पारिस्थितिक तंत्र को सशक्‍त किया और स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल को अधिक सुगम और तर्कसंगत बनाया।

 

“भारत का स्वास्थ्य सेवा परिदृश्य सरकारी पहलों, नीतिगत सुधारों और तकनीकी प्रगति के कारण डिजिटल परिवर्तन के दौर से गुज़र रहा है। तेज़ी से बढ़ती आबादी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा की बढ़ती माँग के कारण डिजिटल स्वास्थ्य समाधान, किफायती स्‍वास्‍थ्‍य सेवा तक पहुंच और दक्षता बढ़ाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सितंबर, 2021 में शुरू किए गए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के बीच सक्रिय सहयोग से एक मज़बूत डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करना है। मिशन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह अब देश भर के अस्पतालों के डिजिटल स्वास्थ्य समाधानों को एक-दूसरे से जोड़ेगा।

 

साथियों, आयुष्‍मान भारत डिजीटल मिशन अब पूरे देश के अस्पतालों के डिजिटल हेल्थ सॉल्यूशंस को एक-दूसरे से कनेक्ट करेगा। इसके तहत देशवासियों को अब एक डिजिटल हेल्थ आईडी मिलेगी। हर नागरिक का हेल्थ रिकॉर्ड डिजिटली सुरक्षित रहेगा। डिजिटल हेल्थ आईडी के माध्यम से मरीज खुद भी और डॉक्टर भी पुराने रिकॉर्ड को जरूरत पड़ने पर चेक कर सकता है।

 

2021 से 2026 तक पाँच वर्षों में एक हजार छह सौ करोड़ रुपये के नियोजित परिव्यय के साथ, इस मिशन का उद्देश्य भारत के विकसित होते स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढाँचे का समर्थन करने के लिए आवश्यक डिजिटल आधार तैयार करना है। इसकी शुरूआत के बाद से 80 करोड़ से ज़्यादा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते बनाए जा चुके हैं, जिनमें 71 करोड़ से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड जुड़े हैं। ये स्वास्थ्य खाते, इस मिशन का एक प्रमुख हिस्सा हैं। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत के एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे का समर्थन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह सत्यापित स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ बातचीत को सुव्यवस्थित करता है और लैब रिपोर्ट, नुस्खे और अन्य स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक निर्बाध पहुँच की सुविधा प्रदान करता है। ई-संजीवनी, आयुष्मान भारत डिजिटल स्वास्थ्य मिशन का एक अभिन्न अंग है। यह एक अत्याधुनिक क्लाउड-आधारित टेलीमेडिसिन प्लेटफ़ॉर्म है। इसने भारत में स्वास्थ्य सेवा सुलभता के परिदृश्य को नए सिरे से परिभाषित किया है। भौगोलिक सीमाओं से परे यह क्रांतिकारी प्लेटफ़ॉर्म, एक राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा के रूप में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और रोगियों के बीच दूरस्थ परामर्श की सुविधा प्रदान करता है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

*****

 

इलेक्ट्रॉनिक चेक-इन और बोर्डिंग सेवा देने वाले सिस्टम को निशाना बनाकर किए गए एक साइबर हमले के कारण लंदन के हीथ्रो, ब्रुसेल्स और बर्लिन सहित कई प्रमुख यूरोपीय हवाई अड्डों पर परिचालन बाधित हो गया है। संचालकों ने बताया कि इस साइबर हमले के कारण उड़ानों में देरी हुई और कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा है।

 

*****

 

खेल

 

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी चाइना मास्‍टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के डबल्‍स फाइनल में पहुंच गई हैं। भारतीय खिलाडियों ने सेमीफाइनल में मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक को पराजित किया।

 

*****

 

महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के साथ तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के तीसरे और अंतिम मुकाबले में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 44 ओवर में आठ विकेट पर 359 रन बना लिये हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहे इस मैच में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम ने 413 रन का लक्ष्‍य दिया है। भारत की तरफ से स्‍मृति मंधाना 125 रन की शानदार शतकीय पारी खेल कर आउट हुईं।

ऑस्‍ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 47 ओवर और पांच गेंद में सभी दस विकेट खोकर 412 रन बनाए थे।

 

*****

 

मौसम विभाग ने तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में विभिन्‍न इलाको में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने अगले 3 से 4 दिन तक आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बिजली और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत को वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए आत्मनिर्भर बनना होगा। कहा – दूसरे देशों पर निर्भरता भारत के सबसे बड़े दुश्मनों में से एक।
  • भारत ने कहा- एच1बी वीजा कार्यक्रम पर ट्रम्प प्रशासन के नए प्रतिबंधों से मानवीय सकंट की संभावना। उम्‍मीद जताई कि अमरीकी अधिकारी बाधाओं का उचित समाधान निकालेंगे।
  • दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को 2023 के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • हीथ्रो, ब्रुसेल्स और बर्लिन सहित कई प्रमुख यूरोपीय हवाई अड्डों पर साइबर हमला।
  • चाइना मास्टर्स 2025 बैडमिंटन में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी पुरुष डबल्‍स के फाइनल में पहुँची।
  • महिला क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मैच जारी।

 *****