September 13, 2025 10:18 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पूर्वोत्‍तर राज्‍यों मणिपुर, मिजोरम और असम का दौरा किया। कहा – पूर्वोत्‍तर क्षेत्र बन रहा है देश का विकास इंजन।

  • श्री मोदी ने मणिपुर के इम्‍फाल में बारह सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कहा – सरकार राज्‍य में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

  • प्रधानमंत्री ने गुवाहटी में डॉ भूपेन हजारिका के जन्‍म शताब्‍दी समारोह में भाग लिया।

  • म्यांमा के क्यौक्तॉ में दो निजी आवासीय विद्यालयों पर हुए म्‍यांमा सेना के हवाई हमलो में 19 छात्रों की मौत।

  • लक्ष्‍यसेन हांगकांग सुपर-500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के फाइनल में पहुँचे।

  • लिवरपूल में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, भारतीय महिला मुक्‍केबाजों ने चार पदक पक्‍के किए।

 

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूर्वोत्तर राज्यों मिज़ोरम, मणिपुर और असम का दौरा किया और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें मिज़ोरम की राजधानी आइज़ोल को पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली एक नई रेल लाइन भी शामिल है।

इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है और पूर्वोत्तर देश का विकास इंजन बन रहा है।

 

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए शांति स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार मणिपुर में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने आज इंफाल में बारह सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

 

उन्‍होंने दावा किया कि पिछले ग्यारह वर्षों में पूर्वोत्तर में कई पुराने संघर्षों और विवादों का समाधान हुआ है। एक दिन के मणिपुर दौरे पर प्रधानमंत्री ने चुड़ाचांदपुर ज़िले में, सात हज़ार तीन सौ करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर श्री मोदी ने सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर बढ़ने और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की अपील की।

 

 

मुझे संतोष है कि हाल ही में, हिल्स और वैली में, अलग-अलग ग्रुप्स के साथ समझौतों के लिए बातचीत की शुरूआत हुई है। मैं सभी संगठनों से अपील करुंगा कि शांति के रास्ते पर आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करें, अपने बच्चों के भविष्य को सुनिश्चित करें और मैं आज आपको वादा करता हूं, मैं आपके साथ हूं।

 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मणिपुर में लगभग ढाई लाख मरीजों ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निशुल्‍क उपचार का लाभ लिया है। उन्‍होंने कहा कि प्रत्येक गरीब नागरिक की चिंताओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री मोदी ने कहा कि राज्य में सांप्रदायिक हिंसा के कारण विस्थापित परिवारों के लिए सात हजार नए घरों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

 

 

 

मणिपुर में शांति और स्थिरता आए, यहां के लोगों के हित सुरक्षित रहें, जो कैंपों में रहने को मजबूर हैं उनका जीवन फिर पटरी पर आए, इसके लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है। सरकार द्वारा विस्थापितों के लिए, सात हजार नए घर स्वीकृत किए गए हैं। हाल ही में, केंद्र सरकार ने मणिपुर के लिए लगभग तीन हजार करोड़ रुपए का विशेष पैकेज भी घोषित किया है।

 

******

 

प्रधानमंत्री ने आज शाम असम के गुवाहाटी में भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने उन्‍हें एकता और राष्ट्रीय अखंडता का प्रतीक बताया।

 

 

भूपेन दा सह शरीर हमारे बीच नहीं रहे। लेकिन उनके गीत, उनके स्वर, आज भी भारत की विकास यात्रा के साक्षी बन रहे हैं। उसे ऊर्जा दे रहे हैं, हमारी सरकार बहुत गर्व से भूपेन दा के जन्म शताब्दी वर्ष को सेलिब्रेट कर रही है।

 

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक सौ रुपये के स्मारक सिक्के का अनावरण किया और 21 भाषाओं में भूपेन हजारिका की जीवनी का विमोचन भी किया।

प्रधानमंत्री कल असम में एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वे मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं के लिए मंगलदोई जाएँगे और ब्रह्मपुत्र नदी पर एक नए पुल का उद्घाटन करेंगे।

 

श्री मोदी का गोलाघाट स्थित नुमालीगढ़ रिफाइनरी में भारत की पहली बांस-आधारित जैव-रिफाइनरी का उद्घाटन करने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद, प्रधानमंत्री जोरहाट से कोलकाता के लिए रवाना होंगे।

******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्‍होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती सुशीला कार्की नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

 

 

मैं आज नेपाल में अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालने पर 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से श्रीमती सुशीला जी को हार्दिक बधाई देता हूं। नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में सुशीला जी का आना, महिला सशक्तिकरण का बहुत उत्तम उदाहरण है।

 

******

 

उधर, नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सभी दलों से 5 मार्च 2026 को होने वाले प्रतिनिधि सभा के चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

राष्ट्रपति ने सभी दलों से सावधानीपूर्वक और सयंम के साथ चुनाव संपन्न कराने का आग्रह किया।

 

******

 

नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ज्ञान भारतम् का आज समापन हो गया। गृह मंत्री अमित शाह ने इस सम्मेलन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सम्‍मेलन का विषय था – पांडुलिपि विरासत के माध्‍यम से भारतीय ज्ञान विरासत को पुनः प्राप्त करना।

 

असम सरकार के ऐतिहासिक और पुरातत्व अध्ययन विभाग की अनुसंधान निदेशक डॉ. संगीता गोगोई ने कहा कि यह सम्मेलन भारत की पांडुलिपि विरासत को जोड़ने का एक सूत्र है।

 

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि देश-विदेश के विद्वानों, विशेषज्ञों, संस्थानों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं सहित एक हज़ार एक सौ से अधिक प्रतिभागियों ने सम्मेलन में भाग लिया।

******

 

गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल प्रमुखों के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर, श्री शाह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो- एनसीबी की वार्षिक रिपोर्ट- 2024 भी जारी करेंगे। गृह मंत्री ऑनलाइन ड्रग डिस्पोजल अभियान का भी शुभारंभ करेंगे। 16 और 17 सितंबर को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रमुखों के अलावा अन्य सरकारी विभागों के हितधारक भी शामिल होंगे।

 

******

 

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली तक जीएसटी सुधारों की अगली पीढ़ी की घोषणा की। 3 सितंबर को जीएसटी परिषद द्वारा आम लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए कई घरेलू वस्तुओं पर कर दरों में कटौती के साथ उनका यह सपना साकार हुआ है। आज, हम बात कर रहे हैं स्‍टेशनरी वस्तुओं के लिए किए गए सुधारों पर।

 

 

नई जीएसटी सुधारों के अंतर्गत सरकार ने विद्यार्थियों और परिवारों पर बोझ कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नए ढांचे के तहत नोटबुक, ग्राफ बुक, रबड़, पेंसिल, क्रेयोन, शार्पनर सभी प्रकार के चार्ट्स, मैप, अटलस और ग्लोब जैसी स्टेशनरी वस्तुओं पर अब कोई जीएसटी नहीं लगेगा। इसके अलावा ज्योमेट्री बॉक्स, कलर बॉक्सेस और कागज या पेपर बोर्ड से बने बॉक्सेस पर 12 प्रतिशत का स्‍लेब घटकर पांच प्रतिशत का लाभ लगाया जाएगा। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए दिल्ली की एक छात्रा ने इस नए फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाने का सरकार का यह कदम सराहनीय है।

 

मैं एक छात्र होने के नाते स्टेशनरी आइटम्स पर जीएसटी में कटौती का स्वागत करती हूं। इससे हमारी रोजमर्रा की पढ़ाई से जुड़ी जरूरी चीजें थोड़ी सस्ती हो जाएंगी। इससे हमारे पेरेंट्स का आर्थिक बोझ भी काम होगा और हमारे बेहतर क्वालिटी की चीज भी लेने में आसानी होगी। शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाना सरकार का एक अच्छा कदम है, और इस कदम का हम स्वागत करते हैं, और हम उम्मीद करते हैं कि आगे भी ऐसे फैसले लिए जाएंगे जो छात्र के हित में होंगे

इन वस्तुओं पर जीएसटी में कमी से परिवारों और विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे शिक्षण सामग्री की लागत कम होगी। शिवांग मिश्रा के साथ सौम्या शरण आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

******

 

म्यांमा की सेना ने पश्चिमी रखाइन राज्य में दो निजी आवासीय स्कूलों पर हवाई हमले किये। इन हमलों में 19 छात्रों के मारे जाने की खबर है। 20 से ज़्यादा छात्र घायल हुए हैं। अराकान आर्मी और राहत एजेंसियों के अनुसार, यह हमला कल देर रात हुआ। पीड़ितों की उम्र 15 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

 

स्थानीय मीडिया ने बताया कि एक सैन्य जुंटा विमान ने हाई स्कूल पर 500 पाउंड के दो बम गिराए। ये स्कूल अराकान आर्मी के दावे वाले इलाके में स्थित हैं, जो म्यांमा की सैन्य जुंटा के साथ संघर्ष में है। इन स्कूलों को भारी नुकसान पहुँचा। आस-पास के कई घर भी नष्ट हो गए।

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष-यूनिसेफ ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “क्रूर हमला” बताया।

 

******

युवा कार्य और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि विकसित भारत के युवा संवाद नेता, युवा-नेतृत्व वाले लोकतंत्र का एक सच्चा उदाहरण हैं, जो दृष्टि को आवाज में और आवाज को प्रभाव में बदल देता है। नई दिल्‍ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग 2026 में श्री मांडविया ने बताया कि यह एक मात्र ऐसा मंच है, जहां युवा न केवल अपने विचार साझा कर सकतें है बल्कि इसे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सामने भी प्रस्‍तुत कर सकते हैं।

 

 

देश के हर युवाओं को मैं आग्रह करता हूं कि आप माइगॉव प्लेटफार्म पर आइये। क्विज कॉम्‍प‍टीशन में पार्टिसिपेशन करिए और आपका विचार विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री जी के सामने रखने का अवसर प्राप्त करें। इस उद्देश्य के लिए विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग का आयोजन करा है।

******

 

दो दिवसीय राष्‍ट्रीय कृषि सम्‍मेलन रबी अभियान 2025 सोमवार से नई दिल्‍ली में आयोजित किया जाएगा। यह कृषि सम्‍मेलन, विकसित कृषि संकल्‍प अभियान के दूसरे चरण का हिस्‍सा है जिसका उद्देश्‍य रबी सत्र 2025-26 के उत्‍पादन और कार्य योजना के बारे में मार्ग दर्शन करना है। सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।

 

******

 

राष्ट्रमंडल संसदीय संघ का 11वां भारत क्षेत्र सम्मेलन बेंगलुरु में आयोजित किया गया। इस दौरान विधायी सत्रों को पारदर्शी और जवाबदेह तथा व्यवधानों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मीडिया को बताया कि सम्मेलन में विधायी कार्यों के व्यवधान मुक्त संचालन को सुनिश्चित करने तथा जनता का विश्वास अर्जित करने के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं को लागू करने का संकल्प लिया गया।

 

श्री बिड़ला ने कहा कि सम्मेलन के दौरान, पीठासीन अधिकारियों ने सदन में बहस और चर्चा के स्तर को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की।

******

 

और अब खेल खबरें- हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्‍स के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में ताइवान के चोउ तिएन चेन को 23-21, 22-20 से हराया। लक्ष्य सेन अब फाइनल में चीन के ली शिफेंग से खेलेंगे।

 

******

 

विश्व मुक्‍केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाज मीनाक्षी हुड्डा ने आज 48 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में मंगोलिया की लुत्सैखानी अल्टांट सेत्सेग को हराकर फाइनल में जगह पक्की की। वह इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी भारतीय मुक्केबाज है।    इससे पहले भारत की जैस्मीन लाम्बोरिया और नूपुर श्योराण ने भी फाइनल में प्रवेश किया।

 

******

 

चीन के निंगबो में खेली जा रही आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल चैम्‍पियनशिप में भारत की ईशा सिंह ने दस मीटर एयर पिस्‍टल स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीत लिया है।

 

******

 

एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में आज ग्रुप-बी में श्रीलंका और बांग्‍लादेश के बीच मैच दुबई के शेख ज़ायद स्‍टेंडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर श्रीलंका ने गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

ताजा समाचार मिलने तक बांग्‍लादेश ने बल्‍लेबाजी करते हुए 10वें ओवर में 4 विकेट पर 54 रन बना लिये हैं। कल भारत का सामना पाकिस्‍तान से होगा।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पूर्वोत्‍तर राज्‍यों मणिपुर, मिजोरम और असम का दौरा किया। कहा – पूर्वोत्‍तर क्षेत्र बन रहा है विकास का इंजन।

  • श्री मोदी ने मणिपुर के इम्‍फाल में बारह सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। कहा – सरकार राज्‍य में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

  • प्रधानमंत्री ने गुवाहटी में डॉ भूपेन हजारिका की जन्‍म शताब्‍दी समारोह में भाग लिया।

  • म्यांमा के क्यौक्तॉ में दो निजी आवासीय विद्यालयों पर हुए म्‍यांमा सेना के हवाई हमलो में 19 छात्रों की मौत।

  • लक्ष्‍यसेन हांगकांग सुपर-500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के फाइनल में पहुँचे।

  • लिवरपूल में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, भारतीय महिला मुक्‍केबाजों ने चार पदक पक्‍के किए।

******