मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ देशों से आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने का आह्वान किया। सदस्य देशों से सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने और उसका समर्थन करने वाले देशों को जवाबदेह ठहराने को कहा।
- चीन के तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन से अलग रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने पर बल दिया।
- भूकंप प्रभावित अफ़ग़ानिस्तान में मृतकों की संख्या आठ सौ से अधिक हुई। भारत ने मानवीय सहायता भेजी।
- गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। राहत और पुनर्वास के लिए पर्याप्त उपायों का आश्वासन दिया।
- यूपीआई ने अगस्त महीने में 20 अरब से अधिक लेनदेन का रिकॉर्ड बनाया।
- बिहार में एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत और कज़ाकिस्तान के बीच मुकाबला जारी।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंधाई सहयोग संगठन-एससीओ देशों से आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने का आह्वान किया है। चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन – एससीओ शिखर सम्मेलन में श्री मोदी ने सदस्य देशों से सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने और उसका समर्थन करने वाले देशों को जवाबदेह ठहराने को कहा।
भारत पिछले चार दशकों से निर्मम आतंकवाद का दंश झेल रहा है। कितनी ही माताओं ने अपने बच्चे खोए और कितने बच्चे अनाथ हो गए। हाल ही में, हमने पहलगाम में टेरेरिज्म का बहुत ही घिनौना रूप देखा। इस दु:ख की घड़ी में, जो मित्र देश हमारे साथ खड़े रहे, मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्मेलन के बाद जारी घोषणा पत्र में सदस्य देशों ने पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
शंघाई सहयोग संगठन के 25वें शिखर सम्मेलन में तियानजिन घोषणा पत्र को अपनाया गया जिसमें आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के खिलाफ एक दृढ़ और एकजुट संदेश दिया है। सदस्य देशों ने एक स्वर में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की, पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की, और इस जघन्य कृत्य के अपराधियों, आयोजकों और प्रायोजकों को न्याय के कटघरे में लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। घोषणा पत्र में आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में किसी भी प्रकार के दोहरे मापदंडों को अस्वीकार करते हुए, सीमा पार आतंकियों की आवाजाही को रोकने के लिए वैश्विक सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इस दस्तावेज़ में भारत की वैश्विक दृष्टिकोण “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” को भी मान्यता दी गई है, जो क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर समावेशी और सतत विकास को बढ़ावा देने में भारत की नेतृत्व भूमिका को पुनः पुष्ट करता है। नई ऊर्जा और मजबूत संकल्प के साथ, तियानजिन में आयोजित 25वां शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सक्रिय भागीदारी और रणनीतिक संवादों ने भारत की भूमिका को एक स्थिरकारी शक्ति और वैश्विक शांति एवं विकास में एक प्रमुख साझेदार के रूप में और भी सशक्त किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, तियानजिन।
****
सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आर्थिक, वित्तीय तथा ऊर्जा क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय सहयोग पर विचार विमर्श किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में सतत वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने युक्रेन से जुडे ताजा घटनाक्रमों सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया। श्री मोदी ने युक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए हाल में किये गये प्रयासों के प्रति समर्थन दोहराया।
कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी भारत और रूस हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर चले हैं। हमारा करीबी सहयोग न केवल दोनों देशों के लोगों के लिए बल्कि वैश्विक शांति स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है। यूक्रेन में चल रहे संघर्ष के विषय में हम लगातार चर्चा करते रहे हैं। हाल में किए गए शांति के सभी प्रयासों का हम स्वागत करते हैं। हम आशा करते हैं कि सभी पक्ष कंस्ट्रक्टिवली आगे बढ़ेंगे। संघर्ष को जल्द से जल्द खत्म करने और स्थाई शांति स्थापित करने का रास्ता खोजना होगा। यह पूरी मानवता की पुकार है।
****
इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी जापान और चीन की सफल यात्रा संपन्न कर स्वदेश लौट आए हैं। श्री मोदी जापान में 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने अफ़ग़ानिस्तान में आए विनाशकारी भूकंप में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। श्री मोदी ने कहा कि भारत भूकंप से प्रभावित लोगों को हर संभव मानवीय सहायता प्रदान कर रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत ने आज काबुल में एक हज़ार परिवारों के लिए टेंट पहुंचाए हैं। डॉ. जयशंकर ने बताया कि भारतीय मिशन ने काबुल से कुनार तक 15 टन मानवीय सहायता भेजी है। कल से भारत से और राहत सामग्री भेजी जाएगी।
अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रांत में जलालाबाद के पास कल रात आए भीषण भूकंप में 812 लोगों की मौत हो गई और दो हजार आठ सौ 17 से अधिक घायल हैं।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने आज जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने राहत और पुनर्वास के लिए पर्याप्त उपायों का आश्वासन दिया। गृह मंत्री बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का आकलन करने के लिए रविवार रात जम्मू पहुंचे थे। राज्य के कई ज़िलों में बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ में 130 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और 33 लापता हैं। इस बीच, खराब मौसम के कारण श्रीमाता वैष्णो देवी की यात्रा आज लगातार सातवें दिन भी स्थगित है।
****
उत्तरी रेलवे ने आज जम्मू और कटरा के बीच शटल सेवा शुरू की है। इस सेवा से माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर कटरा तक दैनिक यात्रियों, फंसे हुए व्यक्तियों, सरकारी कर्मचारियों और छात्रों की आवाजाही आसान होगी।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के किसानों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। श्री चौहान ने नई दिल्ली में एक बैठक में पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में वर्षा की स्थिति की समीक्षा की। श्री चौहान जल्द ही पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर संकटग्रस्त किसानों से मिलकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगे।
****
पंजाब में बाढ़ में अगस्त माह के दौरान 29 लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लोग लापता हैं। ये मौतें बाढ़ प्रभावित 12 जिलों में हुई हैं। करीब ढाई लाख लोग बाढ से प्रभावित हुए हैं। साढ़े 15 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
****
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल तक तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोआ, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले पाँच दिनों के दौरान भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। मछुआरों को अगले चार दिन लक्षद्वीप और गोआ के तटों पर न जाने की सलाह दी गई है।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अखिल भारतीय वाक और श्रवण संस्थान से संचार विकार की समस्या के समाधान के लिए नवीन तकनीक और व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया है। मैसूर में संस्थान के हीरक जयंती समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि संस्थान को अन्य शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स के साथ मिलकर काम करना चाहिए और दिव्यांगता के मुद्दों के समाधान के लिए अपने पूर्व विद्यार्थियों को शामिल करना चाहिए।
आयुष आरोग्य वाणी भी एक अनूठी पहल है। जिसे कम्युनिकेशन डिजुडस और उनके शीघ्र पहचान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। देश का अग्रणी संस्थान होने के नाते, एआईआईएसएच कम्युनिकेश्न डिजुडस से जुडे राष्ट्रीय नीति–निर्माण में भी सलाह दे सकता है। आज टेक्नोलॉजी हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्पीच एन्ड हियरिंग से जुडी दिव्यांगता को दूर करने में भी लेटेस्ट टेक्नॉलोजी का प्रयास अत्यन्त सहायक सिद्ध होगा।
****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा प्रणाली में डिजिटलीकरण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के एकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया है। नई दिल्ली में श्री प्रधान ने पीएम ई–विद्या मोबाइल एप्लिकेशन, दीक्षा के दूसरे चरण सहित कई पहलों की शुरुआत की। श्री प्रधान ने कहा कि दीक्षा डिजिटल प्लेटफॉर्म बारह भारतीय भाषाओं में अनुवाद करने की सुविधा प्रदान करता है।
भारत की पूंजी है, भारत की विभिन्न भाषा, पढ़ाई मातृभाषा में हो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख परामर्श है, रिकमेंडेशन है, एनसीईआरटी उसी को ध्यान में रखते हुए बहुभाषी पढ़ाई को महत्व देना इस काम पर लगी है, तो एनसीईआरटी बहुत अच्छा काम कर रहा है, एनसीआरटी से समाज की बहुत बड़ा अपेक्षा है, और मेरा पूरा विश्वास एनसीआरटी आने वाले दिनों में उसको और पूरा करेंगा।
****
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि जैव प्रौद्योगिकी देश के हर क्षेत्र में पहुँच गई है, जो भारत की वैश्विक जैव प्रौद्योगिकी महाशक्ति बनने की क्षमता को दर्शाता है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश में जैव अर्थव्यवस्था वर्ष 2014 के केवल दस अरब डॉलर से बढ़कर 2024 में 165 अरब डॉलर से अधिक हो गई है।
****
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि निर्वाचित नेताओं को संसद और विधानसभाओं की गरिमा तथा मानकों को बनाए रखना चाहिए। नई दिल्ली में श्री रिजिजू ने कहा कि वर्तमान में कई राजनेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए बेरुखी भरे बयान देते हैं।
****
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में भारत के प्रयासों की प्रशंसा की है। उन्होंने शांति स्थापित करने में भारत और अन्य रणनीतिक साझेदारों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
****
एकीकृत भुगतान इंटरफ़ेस – यूपीआई ने इस वर्ष अगस्त में पहली बार बीस अरब से अधिक लेनदेन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह पिछले वर्ष अगस्त में 14 अरब 90 करोड़ से 34 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान 24 लाख 85 हजार करोड़ रुपये का आदान-प्रदान किया गया। इसमें 24 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई।
****
देश का वस्तु और सेवा कर-जीएसटी संग्रह इस वर्ष अगस्त में पिछले वर्ष के इसी माह की तुलना में 6 दशमलव 5 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 86 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक हो गया। सकल घरेलू राजस्व लगभग एक लाख 37 हज़ार करोड़ रुपये दर्ज किया गया। सकल आयात राजस्व 49 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक रहा।
****
सरकार ने वस्त्र उद्योग के लिए उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन-पीएलआई योजना के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब इस योजना के लिए आवेदन की तिथि 30 सितंबर तक खुली रहेगी।
****
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 555 अंक बढ़कर लगभग 80 हजार 364 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 198 अंक बढ़कर 24 हजार 625 पर बंद हुआ। बॉम्बे शेयर बाजार के मिडकैप इंडेक्स में एक दशमलव छह प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में डेढ प्रतिशत का उछाल आया। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया आज मामूली बढत के साथ 88 रुपये 20 पैसे प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ।
****
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार की मसौदा मतदाता सूची पर दावे, आपत्तियाँ और सुधार आज के बाद भी दायर किए जा सकते हैं। मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के बाद ही उन पर विचार किया जाएगा। सर्वोच्च न्यायालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सुनवाई के दौरान आयोग ने यह दलील दी। न्यायालय ने ऐसे दावे दायर करने की समय सीमा आज से आगे बढ़ाने का कोई दिशा-निर्देश नहीं दिया।
****
भारतीय जनता पार्टी ने आज निर्वाचन आयोग पर बेबुनियाद आरोप लगाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने श्री गांधी पर वोट चोरी के मामले में हलफनामों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं और बेबुनियाद आरोप लगाना उनकी आदत है।
राहुल गांधी जवाब दें, 21 लाख लोग मृत पाए गए। तो क्या उनका नाम वोटर लिस्ट रहना चाहिए कि नहीं रहना चाहिए 7 लाख लोग का नाम दो जगह वोटर लिस्ट में पाया गया, क्या उनको रखना चाहिए क्या ? 35 लाख लोग अपनी जगह पर नहीं रहते पाएंगे गए। मैं लोकसभा का मेम्बर हूं, तो क्या मैं दिल्ली का वोटर नहीं हूं, तो क्या मैं पटना का वोटर हूं, तो क्या आपको एक ही जगह का वोटर रहना पड़ेगा। राहुल गांधी समय के अनुसार कभी वायनाड चले जाते हैं, कभी रायबरेली कभी अमेठी छोड़ दीजिए उनकी बात मेरा सवाल यह है कि अगर चुनाव आयोग ने कहा कि आपकी जो आपत्ति है तो आप एफिडेविट पर दिजिए तो एफिडेविट से क्यो भागते हैं राहुल गांधी।
****
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा का अंतिम चरण आज पटना में आयोजित किया गया। यह मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के विरुद्ध अभियान का समापन था।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में सेमिकॉन इंडिया का शुभारंभ करेंगे। यह तीन दिन का सम्मेलन देश में एक मजबूत और टिकाऊ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने पर केंद्रित होगा।
****
बिहार के राजगीर में हॉकी एशिया कप में अपने अंतिम पूल मैच में भारत का मैच कजाख्स्तिान से जारी है। ताजा जानकारी मिलने तक भारत ने 10-0 की बढत बनाई हुई है। भारतीय टीम पहले ही सुपर 4 चरण में पहुंच चुकी है।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में कुपोषण की रोकथाम और सही पोषण के महत्व पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। स्वामी दयानंद अस्पताल के बाल रोग और नवजात शिशु विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ सुरेन्द्र सिंह बिष्ट और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान-एम्स की आहार विशेषज्ञ डॉ ऋचा जायसवाल परिचर्चा में शामिल होंगे।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ देशों से आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने का आह्वान किया। सदस्य देशों से सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने और उसका समर्थन करने वाले देशों को जवाबदेह ठहराने को कहा।
- चीन के तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन से अलग रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने पर बल दिया।
- भूकंप प्रभावित अफ़ग़ानिस्तान में मृतकों की संख्या आठ सौ से अधिक हुई। भारत ने मानवीय सहायता भेजी।
- गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। राहत और पुनर्वास के लिए पर्याप्त उपायों का आश्वासन दिया।
- यूपीआई ने अगस्त महीने में 20 अरब से अधिक लेनदेन का रिकॉर्ड बनाया।
- बिहार में एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत और कज़ाकिस्तान के बीच मुकाबला जारी।
****