मुख्य समाचार :-
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने वैश्विक उथल-पुथल से निपटने के लिए आत्मनिर्भरता की सोच रखने पर ज़ोर दिया।
- भारत-सिंगापुर के मंत्रियों के तीसरे गोलमेज सम्मेलन में डिजिटीकरण, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवा सहित छह प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र और तटीय आंध्र प्रदेश में कल तेज बारिश का अनुमान।
- रूस और अमरीका की बैठक से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति ने यूरोप के नेताओं से बर्लिन में और अमरीकी राष्ट्रपति से वर्चुअल बातचीत की।
- भारतीय ओलंपिक संघ ने दिल्ली में वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की बोली को औपचारिक रूप से मंजूरी दी।
********
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि आत्मनिर्भरता वैश्विक उथल-पुथल से निपटने की मानसिकता है क्योंकि दुनिया एक अस्थिर और अनिश्चित दौर में जी रही है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आत्मनिर्भरता भारत के आत्मविश्वास को मज़बूत करने, परिवर्तशीलता बढ़ाने और विकसित भारत की नींव रखने का आधार भी है। एक रिपोर्ट –
“नई दिल्ली में आयोजित पर्यटन आस्था सम्मेलन में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारत एक सभ्यतागत राष्ट्र और एक ऐसा समाज है जो समय की कसौटी पर खरा उतरा है। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसके लोग और उनका आत्मविश्वास है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि जिन देशों की घरेलू माँग मज़बूत है, उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मज़बूत पर्यटन का बहुत महत्व है। विदेश मंत्री ने आगे कहा कि ई-वीज़ा की प्रथा ने भारत की यात्रा और भी सुखद बना दी है। उन्होंने कहा कि पिछले दशक में हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी हो गई है और रेलवे में भी व्यापक बदलाव आया है। अंग्रेजी में…. सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।”
********
भारत-सिंगापुर के मंत्रियों का तीसरा गोलमेज सम्मेलन आज नई दिल्ली में सम्पन्न हुआ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ सम्मेलन का नेतृत्व किया। सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां के उप प्रधानमंत्री और व्यापार तथा उद्योग मंत्री गान किम यंग ने किया।
डॉ. जयशंकर ने भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने के लिए उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद किया। एक रिपोर्ट –
“भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के मंत्रियों ने दोहराया कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुँच गए। दोनों पक्षों ने छह बिदुंओं पर विचार-विमर्श किया, जिनमें डिजिटलीकरण, कौशल विकास, स्थिरता, स्वास्थ्य सेवा व चिकित्सा, उन्नत विनिर्माण और कनेक्टिविटी शामिल हैं। सिंगापुर, भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर विजन और हिंद-प्रशांत विजन में एक प्रमुख भागीदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण साझेदारियाँ हैं। सुपर्णा सैकिया के साथ, भूपेंद्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।”
********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्यासिवें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम 7 बजे से आकाशवाणी के संपूर्ण राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित होगा। यह दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारित होगा। दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद, दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात साढ़े नौ बजे से क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण करेगा।
********
देश 15 अगस्त को उनासिवाँ स्वतंत्रता दिवस मनाएगा, जिसकी अगुवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के प्रतिष्ठित लाल किले से करेंगे। प्रधानमंत्री इस ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएँगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
इस बीच, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। एक रिपोर्ट-
“हर घर तिरंगा अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शुरू किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया था।
हमें हर घर तिरंगा फहराना। सभी देशवासियों से इस आंदोलन से जुड़ने का और इसका प्रचार प्रसार करने का भी आग्रह करता हूं। इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान 2 से 15 अगस्त तक मनाया जा रहा है केंद्रीय मंत्रियों से लेकर उद्योग जगत और खेल जगत के लोग तथा आम नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने-अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के कोडरमा में अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कठुआ में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लखनऊ में अपने सरकारी आवास से तीन दिवसीय हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। राजधानी दिल्ली में भी तिरंगा रैली का आयोजन किया गया दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सजाने जनकपुरी में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा अभियान के हिस्से के रूप में लद्दाख ताइक्वांडो एसोसिएशन ने करगिल में तिरंगा रैली का आयोजन किया पुडुचेरी में पांडिचेरी विश्वविद्यालय में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज हाथ में लेकर एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई और गोवा के राष्ट्रीय प्रतियोगिकी संस्थान ने भी हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।”
********
भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर निशाना साधा। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी चुनाव हारते हैं, ईवीएम को दोष देते हैं।
पार्टी के अंदर भी राहुल गांधी जी के नेतृत्व पर सवाल खड़े होते हैं और जब वह चुनाव हार जाते हैं तो ईवीएम पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हैं, तो कभी वोटर्स पर ठीकड़ा फोड़ते हैं। ईवीएम मशीन की हेरा फेरी कांग्रेस कहती रही। हर हार के बाद कांग्रेस ने नया बहाना ढूंढने का काम किया।
********
इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने आज नई दिल्ली में भारत स्टील के आधिकारिक लोगो और वेबसाइट का अनावरण किया। संपूर्ण इस्पात मूल्य श्रृंखला में विकास, नवाचार और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता के अंतर्गत द्वितीयक इस्पात क्षेत्र के लिए आयोजित एक कार्यशाला के दौरान यह अनावरण किया गया।
********
नई दिल्ली में आज नेटवर्क योजना समूह की बैठक में रेलवे, सड़क, आवागमन और वस्त्र क्षेत्र की सात बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया गया। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री गतिशक्ति के अंतर्गत इस पहल का उद्देश्य आवागमन दक्षता को प्रोत्साहन देना, यात्रा समय को कम करना और सामाजिक-आर्थिक लाभ प्रदान करना है।
********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल राष्ट्रपति भवन में अमृत उद्यान के ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव का उद्घाटन करेंगी। यह उद्यान 16 अगस्त से 14 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों को और शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को विशेष प्रवेश मिलेगा। अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क होगा। सोमवार को यह बंद रहेगा।
********
हिमाचल प्रदेश में मानसून वर्षा से जन-जीवन प्रभावित है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के कई हिस्सों में 17 अगस्त तक मूसलाधार वर्षा की सम्भावना है।
“कुल्लू जिला के बंजार व आनी-निरमंड उपमंडल में बठाहड़ क्षेत्र और श्रीखंड महादेव भीमडुआरी इलाके में बादल फटने के चलते तीर्थन घाटी व आसपास के कई निचले ग्रामीण इलाकों में पानी और मलबा भर गया। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस. रविश ने बताया कि खतरे वाले सभी क्षेत्र खाली कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। उधर शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के नांटी में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज कांगड़ा, मंडी शिमला और सिरमौर ज़िले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार शिमला।”
********
बिहार के कई नए इलाके बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। दस जिलों के 25 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर, भोजपुर, पटना और वैशाली जिले बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रभावित लोगों को सामुदायिक रसोई के माध्यम से आश्रय और पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने पशुओं के लिए चारे और पशु चिकित्सा देखभाल की व्यवस्था करने के आदेश दिए।
इस बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, पूर्वी मध्य प्रदेश विदर्भ क्षेत्र में कल तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
********
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं ने अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली आगामी शिखर वार्ता के संबंध में वीडियो लिंक के ज़रिए बातचीत की है। प्रमुख यूरोपीय नेताओं में से जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप यूक्रेन पर उनके रुख से सहमत हैं। इसके अलावा, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उम्मीद जताई कि श्री ट्रंप राष्ट्रपति पुतिन और श्री ज़ेलेंस्की के साथ त्रिपक्षीय बैठक के लिए प्रयास करेंगे, जिसकी मांग यूक्रेन लंबे समय से कर रहा है।
********
ई-थ्री देश फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन ने ईरान को धमकी दी है कि अगर वह फिर से बातचीत शुरू नहीं करता है, तो वे संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों को फिर से लागू कर देंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और सुरक्षा परिषद को लिखे एक पत्र में, ई-3 विदेश मंत्रियों ने ईरान पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध फिर से लगाने की धमकी दी है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इन धमकियों को खारिज करते हुए कहा था कि ई-3 देशों के पास प्रतिबंधों को पुनः लागू करने की क्षमता और अधिकार दोनों का अभाव है।
********
भारतीय ओलंपिक संघ ने अपनी विशेष आम बैठक के दौरान वर्ष 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है। भारत ने 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अहमदाबाद को मेज़बान शहर बनाते हुए पहले ही आशय पत्र जमा कर दिया है। भारत को हालांकि 31 अगस्त की समय सीमा से पहले अंतिम बोली के लिए प्रस्ताव जमा करने होंगे। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने इस पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
********
टीम इंडिया के एकदिवसीय क्रिकेट प्रारूप के कप्तान रोहित शर्मा को ताजा आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में दूसरा स्थान मिला है। रैंकिंग में भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल पहले स्थान पर कायम है, वहीं, विराट कोहली चौथे स्थान पर है। गेंदबाजी में कुलदीप यादव दूसरे स्थान पर है।
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने वैश्विक उथल-पुथल से निपटने के लिए आत्मनिर्भरता की सोच रखने पर ज़ोर दिया।
- भारत-सिंगापुर के मंत्रियों के तीसरे गोलमेज सम्मेलन में डिजिटीकरण, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवा सहित छह प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र और तटीय आंध्र प्रदेश में कल तेज बारिश का अनुमान।
- रूस और अमरीका की बैठक से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति ने यूरोप के नेताओं से बर्लिन में और अमरीकी राष्ट्रपति से वर्चुअल बातचीत की।
- भारतीय ओलंपिक संघ ने दिल्ली में 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की बोली को औपचारिक रूप से मंजूरी दी।
********