मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में लगभग 22 हजार 800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया; कहा- भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है।
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी की गतिविधियों को रोकने के लिए ‘गरुड़ दृष्टि’ प्रणाली का अनावरण किया।
- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस्राइल के गाजा शहर पर नियंत्रण करने के फैसले पर विचार के लिए आपातकालीन बैठक की।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने अमरीका-रूस बैठक से पहले कहा- किसी भी शांति समझौते में उनके देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए विश्वसनीय और दीर्घकालिक गारंटी सुनिश्चित होनी चाहिए।
- मौसम विभाग ने कल हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम में मूलसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की।
- भारत की अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने 20 साल के इंतज़ार को खत्म करते हुए यांगून में होने वाले एएफसी अंडर-20 एशियाई कप 2026 में जगह बनाई।
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों के सक्रिय सहयोग से भारत को 2047 तक विकसित बनाने के अपनी सरकार के लक्ष्य पर ज़ोर दिया है। आज बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो के तीसरे चरण के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने विकास की ओर भारत की यात्रा के लिए स्थापित मानदंडों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा तब शुरू हुई जब 2014 से पहले भारत दुनिया के दस सबसे कमज़ोर देशों में से एक था। अब भारतीय अर्थव्यवस्था पांचवीं सबसे बड़ी और सबसे तेज़ी से आगे बढने वाली अर्थव्यवस्था है। मेट्रो रेल पाँच शहरों से बढ़कर 24 शहरों तक पहुँच गई है और मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
देश आज जिस गति से विकास कर रहा है, इसके पीछे हमारी इकोनामिक ग्रोथ एक बड़ा फ़ैक्टर है। 2014 से पहले भारत का टोटल एक्सपोर्ट 468 बिलियन डॉलर तक पहुंचा था। आज ये 824 बिलियन डॉलर हो गया है। अब हम मोबाइल हैंडसेट के टॉप फाइव एक्सपोर्टर बन गए हैं और बेंगलुरू की भी इसमें बहुत बड़ी भूमिका भी है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु में लगभग 22 हजार 800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने बेंगलुरु और बेलगावी के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। श्री मोदी ने अमृतसर तथा कटरा के बीच और नागपुर से पुणे के बीच वंदे भारत सेवाओं को भी वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर देश को समर्पित किया।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बेंगलुरु की अपनी पहली यात्रा का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की सफलता पर प्रकाश डाला और सीमा पार आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने की उनकी क्षमता का उल्लेख किया।
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं की सफलता, सीमा पार कई किलोमीटर भीतर आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने की ताकत और आतंकवादियों के बचाव में उतरे पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में घुटनों पर लाने की हमारी क्षमता पूरी दुनिया ने नए भारत के इस स्वरूप के दर्शन किए हैं। ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता के पीछे बहुत बड़ी वजह हमारी टेक्नोलॉजी और डिफेंस में मेक इन इंडिया की ताकत है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से बातचीत में नागपुर-पुणे के सबसे व्यस्त मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद दिया।
हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन के बीच वंदे भारत ट्रेन को समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
—
प्रधानमंत्री कल नई दिल्ली में बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए नवनिर्मित टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे, जिसमें कुल 184 फ्लैट हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवासीय परिसर में सिंदूर का एक पौधा भी लगाएंगे, श्रमजीवियों से बातचीत करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
—
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से सांप्रदायिक घृणा फैलाने और दंगों को बढ़ावा देने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए राज्य के पास विश्व की सर्वश्रेष्ठ प्रणालियाँ और तकनीक उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ‘गरुड़ दृष्टि’ उपकरण ऐसे व्यक्तियों का पता लगाने और उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नागपुर पुलिस की ओर से पुलिस भवन में आयोजित ‘गरुड़ दृष्टि’ सोशल मीडिया निगरानी, साइबर इंटेलिजेंस परियोजना की प्रस्तुति और विभिन्न साइबर वित्तीय अपराधों की जांच से वापस ली गई 10 करोड़ रूपये की राशि पीड़ितों को वितरित करने के समारोह में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने वापस ली गई राशि साइबर धोखाधड़ी के शिकार लोगों को सौंपी।
—
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मध्य प्रदेश में 18 सौ करोड़ रुपये की लागत वाली बी ई एम एल रेल हब निर्माण परियोजना की आधारशिला रखी। रेल कोच निर्माण के इस संयंत्र का नाम ‘ब्रह्मा’ रखा गया, जिसकी स्थापना रायसेन जिले के उमरिया गांव में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर की जाएगी। इस अवसर पर श्री सिंह ने इस फैक्ट्री की विशेषताओं का उल्लेख किया।
—
आज रेल कोच फैक्टरी का शिलान्यास हुआ है, जहां रेल के डिब्बों का निर्माण तो होगा ही साथ ही रेलवे के और भी अलग-अलग प्रोडक्ट्स, रेलवे के अलग-अलग और भी सारा सामान यहां पर बनाया जाएगा।
—
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर भारत के वैश्विक नेतृत्व पर प्रकाश डाला। गुजरात के देवभूमि द्वारका में विश्व शेर दिवस पर आयोजित समारोह के दौरान श्री यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा संचालित कई प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख किया जिनमें आपदा रोधी गठबंधन, अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और अंतर्राष्ट्रीय शेर गठबंधन शामिल हैं।
विश्व लायन डे के अवसर पर जो सिंहों का एक नये प्राकृतिक परिसर के लिए विभिन्न परियोजनाओं का उदघाटन हो रहा है। मुख्यमंत्री जी ने एक सौ 80 करोड़ रुपये की योजनाओं को लोकार्पित किया है। आज बड़े गर्व के साथ हम ये कहते हैं कि दुनियाभर में अगर एशियाई लायन कहीं पर है तो उनका घर और उनका बसेरा गुजरात में गिर के अंदर है।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 179 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
—
बिहार में, निर्वाचन आयोग ने वरिष्ठ भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को दो मतदाता फोटो पहचान पत्र रखने के लिए नोटिस जारी किया है।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने श्री सिन्हा को इस महीने की 14 तारीख शाम 5 बजे तक विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उनका नाम बिहार के बांकीपुर और लखीसराय, दोनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में पाया गया था।
पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी प्रसाद यादव से जुड़े इसी तरह के विवाद के बाद, दोहरे मतदाता फोटो पहचान पत्र कार्ड का यह दूसरा हाई-प्रोफाइल मामला है।
इससे पहले भाजपा नेता श्री सिन्हा ने कहा कि उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची से अपना नाम हटाने के लिए पहले ही आवेदन दे दिया है।
इस बीच, तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज सुबह पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजय कुमार सिन्हा के दो मतदाता पहचान पत्र रखने के मुद्दे पर उनकी आलोचना की।
—
जम्मू-कश्मीर में, किश्तवाड़ जिले के क्वार दूल इलाके में आज सुबह से सुरक्षा बलों और पाकिस्तानी आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सवेरे सात से आठ बजे के बीच सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। 17 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह और अर्धसैनिक बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों को छिपे हुए आतंकवादियों की मौजूदगी का पता चला। खबरों के अनुसार, इलाके में लगभग 2 पाकिस्तानी आतंकवादी फंसे हुए हैं और अभियान जारी है। मुठभेड़ स्थल पर और सुरक्षा बलों को भेजा गया है।
—
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज लद्दाख में पर्यटन विभाग ने, डाउनहिल कारगिल के सहयोग से कारगिल में साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन किया। इसमें जिले के विभिन्न हिस्सों से लगभग 30 साइकिल चालक शामिल हुए।
जम्मू-कश्मीर में, भी “आज़ादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत, “हर घर तिरंगा” अभियान पिछले एक सप्ताह से पूरी कश्मीर घाटी में सुचारू रूप से चल रहा है।
—
उधर, उत्तर प्रदेश में भी तीन सालों से हर घर तिरंगा अभियान अपार जनसहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस बार भी लोगों को इससे जोड़ने के लिए लगातार प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम किए जा रहे है।
प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान 2 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है, जो तीन चरणों में किया जाएगा। इस दौरान जनसहभागिता को बढ़ाने के लिए सजावट, प्रदर्शनी, प्रतियोगिता, रैली जैसी गतिविधियां की जा रही है। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 4 करोड़ 60 लाख तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पिछले दो सालों में उत्तर प्रदेश ने देश में हर घर तिरंगा अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
इस साल भी हमारा प्रयास है कि हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। इसके लिए व्यापक तैयारियां है। सामान्य संगठन हो, आम जनमानस हों, सरकारी विभाग हो, सभी लोगों का महत्वपूर्ण योगदान इसमें रहने वाला है।
हमारे राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगा को लेकर लोगों का जुड़ाव एक सामाजिक एकता का परियाचक भी हो यही प्रयास पुरजोर तरीके से किया जा रहा है। शैलेन्द्र शर्मा, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ
—
अलास्का में अमरीका की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 15 अगस्त को होने वाली बैठक से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदोमीर ज़ेलेंस्की ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर बल दिया है। ट्रम्प और पुतिन यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने पर चर्चा करने के लिए बैठक कर रहे हैं। ज़ेलेंस्की ने कहा कि किसी प्रकार का शांति समझौता निष्पक्ष होना चाहिए। एक सोशल मीडिया पोस्ट में ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन को अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने में सक्षम बनाने के लिए विश्वसनीय, दीर्घकालिक आश्वासन की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने आगाह किया की शांति की शर्तों से न सिर्फ यूक्रेन बल्कि यूरोपीय राष्ट्रों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
यूरोपीय देशों ने रूस की राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता करने के डोनाल्ड ट्रम्प के फैसले का स्वागत किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदोमीर ज़ेलेन्स्की ने कहा कि शांति के बदले यूक्रेन अपनी ज़मीन रूस को समर्पित नहीं करेगा। इसे लेकर फ्रांस, इटली, जर्मनी, पोलैंड, ब्रिटेन और यूरोपीय आयोग ने कल वक्तव्य जारी किया।
—
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आज गाज़ा शहर पर नियंत्रण स्थापित करने और अपने सैन्य अभियानों का विस्तार करने संबंधी इस्राइल के निर्णय को सम्बोधित करने के लिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई। इस्राइल के इस कदम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कडी आलोचना हुई है। कई यूरोपीय सदस्यों के निवेदन पर आयोजित इस सत्र में गाजा में बदतर होते मानवीय संकट और वहां के बीस लाख निवासियों की मुश्किलों तथा शेष बंधकों पर ध्यान केन्द्रित किया गया।
इस्राइल की सुरक्षा कैबिनेट ने शुक्रवार आठ अगस्त को प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू की गाज़ा शहर को कब्जे में लेने की योजना को मंजूरी दी।
—-
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम में कल तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और तेलंगाना में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
—-
उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के हर्षिल-धराली क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ में लापता लोगों की तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान छठे दिन भी जारी रहा। सेना, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अवरुद्ध सड़कों को खोलने, लोगों को बचाने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ब्रिगेडियर एमएस ढिल्लों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार का इस्तेमाल किया जा रहा है।
आर्मी, स्टेट स्टेट गवर्नमेंट और बाकी अदर एजेंसिज की टीमें यहां पर लगातार काम कर रही हैं रेस्क्यू और रिलीफ ऑपरेशन के लिए। अभी आज के दिन में हमारा फोकस है, जो लोग दब गए हैं उनको खोजने की और डिगिंग पार्टी, जहां पर रेडार और डॉग्स इंडिकेट करते हैं, वहां पर खोदके उनको निकालने की कोशिश कर रहे हैं। ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार है जोकि जमीन में दबे हुए इंसान हो या कोई इलेक्ट्रॉनिक हो, उनको पहचानता है, ताकि अगर कोई दबा हो उसको जल्दी-जल्दी निकाला जा सके।
—
खेल और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने आज कहा कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान देश भर में 40 हज़ार से अधिक स्थानों पर सात लाख से ज़्यादा प्रतिभागियों तक पहुँच चुका है। श्री मांडविया ने बताया कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल मिशन देश में एक बड़े आंदोलन के रूप में उभरा है।
फीट इंडिया मूमेंट ये देश के नागरिकों को स्वस्थ रखने के लिए, फिट रखने के लिए, आत्मनिर्भर भारत के मोदीजी के आह्वान के साथ जुड़ने के लिए सारे देश में एक मूमेंट बन चुकी है। साइकल और साइकिलिंग पॉल्यूशन का सॉल्यूशन है। साइकिलिंग फीट इंडिया का मंत्र है।
—
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 में अपना स्थान पक्का कर लिया है। आज यंगून में भारतीय टीम ने मेजबान स्थान पर एक-शून्य से जीत दर्ज की। भारत की ओर से पूजा ने निर्ण्धायक गोल किया। भारत ने 20 साल बाद इस प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है।
—
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में लगभग 22 हजार 800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया; कहा- भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है।
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी की गतिविधियों को रोकने के लिए ‘गरुड़ दृष्टि’ प्रणाली का अनावरण किया।
- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस्राइल के गाजा शहर पर नियंत्रण करने के फैसले पर विचार के लिए आपातकालीन बैठक की।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने अमरीका-रूस बैठक से पहले कहा- किसी भी शांति समझौते में उनके देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए विश्वसनीय और दीर्घकालिक गारंटी सुनिश्चित होनी चाहिए।
- मौसम विभाग ने कल हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम में मूलसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की।
- भारत की अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने 20 साल के इंतज़ार को खत्म करते हुए यांगून में होने वाले एएफसी अंडर-20 एशियाई कप 2026 में जगह बनाई।