August 8, 2025 10:02 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं के लिए 12 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी जारी रखने को मंज़ूरी दी।
  • सरकार ने असम और त्रिपुरा के लिए चार हजार दौ सौ पचास करोड़ रुपये के विशेष विकास पैकेज को मंज़ूरी दी।
  • देश के लगभग 275 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त तकनीकी संस्थानों को तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए चार हजार दौ सौ करोड़ रुपये की बजटीय सहायता मिलेगी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की और भारत-रूस विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • उत्तराखंड के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी। अब तक छह सौ से ज़्यादा लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला गया।

 

****

 

सरकार ने 12 हजार करोड रूपये से अधिक की अनुमानित लागत से वर्ष 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री उज्‍ज्‍वला योजना के उपभोक्‍ताओं के लिए सब्‍सिडी जारी रखने को स्‍वीकृति दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्‍यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में आज यह फैसला किया गया। नई दिल्‍ली में मंत्रिमंडल के फैसले के बारे में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बताया कि सरकार 14 किलो 200 ग्राम के रसोई गैस सिलेंडर पर 300 रूपये तक की सब्सिडी देगी।

 

12 हजार 60 करोड़ रुपए का सपोर्ट पीएम उज्‍ज्‍वला बेनिफिशयरी के लिए 2025-26 फाइनेंशियल इयर में दिया जाएगा। अब तक अगर हम देखें टोटल उज्‍ज्‍वला योजना में 52 हजार करोड रुपये का बेनिफिट देश में लाखोंकरोड़ों परिवारों को मिल चुका है। आज के फैसले से करीब दस करोड़ 35 लाख घरो में लाभ मिलेगा। इससे पीएम उज्‍ज्‍वला को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।   

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल सहित सार्वजनिक क्षेत्र की तीन तेल विपणन कंपनियों के लिए तीस हजार करोड रूपये की क्षतिपूर्ति राशि भी मंजूर की है।

 

श्री वैष्‍णव ने यह भी बताया कि सरकार ने चार हजार दो सौ करोड रूपये के बजट के साथ तकनीकी शिक्षा योजना में बहुविषयी शिक्षा और अनुसंधान सुधार के लिए सहायता को भी स्‍वीकृति दे दी है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इस योजना के अन्‍तर्गत अनुमानित 275 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्‍त तकनीकी संस्‍थानों का चयन और समर्थन होने की संभावना है।

 

राज्‍य सरकारों के जो टेक्निकल एजुकेशन के इंस्टीट्यूटस हैं उनको सपोर्ट करना, उसमें ट्रांसफॉर्मेशन लाना उसके लिए चार हजार दो सौ करोड रुपये का एक प्रोग्राम सेंक्‍शन हुआ है। हम सब जानते हैं आईआईटी, आईआईएम का एक सिस्‍टम है, एनआईटी का सिस्‍टम है, दुनियाभर में मान्‍यता प्राप्‍त है, जो राज्‍य सरकारों के टेक्निकल इंस्टीट्यूशन्‍स हैं उनमें गुणवत्‍ता कैसे आए, क्‍वालिटी कैसे आए, कैसे इम्प्रूवमेंट आए, तो 175 इंजीनियरिंग्‍स इंस्‍टीट्यूट्शंस एंड 100 पॉलिटेक्निक, देशभर में जिसमें करीब 7.5 लाख स्‍टुटेंड एंड 13 हजार फैकल्‍टी मेम्‍बर्स को बेनिफिट मिलेगा और इसके लिए प्रोग्राम बनाया है।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने चार हजार 250 करोड रूपये के कुल आवंटन के साथ असम और त्रिपुरा के लिए विशेष विकास पैकेज की मौजूदा केन्‍द्रीय क्षेत्र की योजना के अंतर्गत चार नए घटकों को भी मंजूरी दी है।

 

इसमें टोटल 7,250 करोड़ का ये पैकेज है, जिसमें से 4,250 करोड़ रुपये सेंट्रल गवर्मेंट से आएंगे और 3000 करोड़ रुपये स्‍टेट गवमेंट से। आदिवासी ग्रुप ऑफ असम के साथ, फिर दूसरा है दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी और दिमासा पीपुल्स सुप्रीम काउंसिल के साथ, तीसरा अगेन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम के साथ और चौथा ऑल त्रिपुरा टाइगर फोर्स और नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा। इन चारों के साथ जो डिस्‍कशन होकर जो मेमोरेंडम और सेटलमेंट बना उसके हिसाब से ये प्रपोजल अप्रूवल हुए हैं। 

 

सूचना और प्रसारण मंत्री ने बताया ने कहा कि सरकार ने तमिलनाडु में चार लाइन के मरक्‍कनम-पुद्दुचेरी राजमार्ग के निर्माण को भी स्‍वीकृति दी। उन्‍होंने कहा कि इस परियोजना पर कुल दो हजार 157 करोड रूपये खर्च होंगे।

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन से विस्‍तृत बातचीत की। श्री पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन से संबंधित ताजा घटनाक्रमों से अवगत कराया। एक रिपोर्ट –

 

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को उनके विस्तृत आकलन के लिए धन्यवाद देते हुए संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ संकल्‍प को दोहराया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की और भारतरूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। श्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को इस वर्ष के अंत में 23वें भारतरूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण दिया। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

****

 

चीन ने 31 अगस्‍त से पहली सितम्‍बर तक तियानचिन में शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ शिखर सम्‍मेलन में भागीदारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के अगामी दौरे का स्‍वागत किया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता गुओ चियाकुन ने कहा कि इस शिखर सम्‍मेलन में एकजुटता और मित्रता का समागम होगा। इसमें 20 से अधिक देश भागीदारी करेंगे।

 

****

 

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के मुद्दे पर विपक्षी दलों के विरोध के कारण दिन भर के लिए स्‍‍थगित कर दी गई।

 

दूसरे स्‍थगन के बाद, लोकसभा की कार्यवाही जब दोपहर तीन बजे फिर शुरू हुई तो विपक्षी दलों के सदस्‍य सदन के बीचों बीच आ गये और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के मुद्दे पर नारेबाजी करने लगे। पीठासीन अधिकारी ने विरोध कर रहे विपक्षी सदस्‍यों को अपनी सीट पर जाने का आग्रह किया। केन्‍द्रीय वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन ने सदन द्वारा अनुमोदित आयकर विधेयक-2025 को वापस लेने संबंधी प्रस्‍ताव को आगे बढाया। शोर शराबे के बीच अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी।

 

राज्‍यसभा में भी इसी प्रकार की स्थिति देखने को मिली। जहां शोर-शराबे के बीच पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्‍थगित कर दी।

 

****

 

इस बीच, आकाशवाणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम ने अपनी शुरुआत से अब तक 34 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मासिक रेडियो कार्यक्रम के माध्यम से, प्रधानमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, नवाचार और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में प्रभावशाली कार्य करने वाले भारतीयों की प्रेरक कहानियाँ साझा करते हैं। श्री मुरुगन ने कहा कि श्रोताओं का एक बड़ा वर्ग इस कार्यक्रम को सुनकर आकाशवाणी से जुड़ता है। आकाशवाणी इसे अपने राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेटवर्क पर सीधा प्रसारित करता है। साथ ही, यह कार्यक्रम दूरदर्शन के विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय भाषा के चैनलों पर भी प्रसारित किया जाता है। उन्‍होंने कहा कि यह कार्यक्रम भारत और दुनिया भर के दर्शकों द्वारा फेसबुक, एक्‍स और इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी व्यापक रूप से सुना जाता है। श्री मुरुगन ने कहा कि यह कार्यक्रम यूट्यूब चैनलों और प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर सीधा प्रसारित किया जाता है। इस कार्यक्रम को इन प्‍लेटफार्म पर संग्रहित भी किया जाता है। साथ ही 260 से अधिक आकाशवाणी चैनलों वाले न्यूज़ऑनएआईआर मोबाइल ऐप के माध्यम से भी इसका प्रसारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि यूट्यूब और ओटीटी सहित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ‘मन की बात’ के श्रोताओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

 

****

 

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध करने पर राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कडी आलोचना की।

 

सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में एक जनसभा में श्री शाह ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध करके ये विपक्षी नेता वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों का समर्थन कर रहे हैं।

 

बंद करिए ये वोट बैंक की राजनीति। मतदाता शुद्धकरण पहली बार नहीं हो रहा है। 2003 में हुआ, तब भी कोई विरोध नहीं हुआ अब आप चुनाव पे चुनाव हारते जाते हो इसलिए पहले से ही बिहार चुनाव हारने का एक वजह लोगों को बता रहे हैं।

 

इससे पहले श्री शाह ने बिहार के सीतामढी के पुनौरा धाम में माता जानकी के नए मंदिर के लिए आधारशिला रखी और भूमि पूजन किया। गृहमंत्री ने वीडियो कॉन्‍फ्रेसिंग के जरिए नई सीतामढी अमृत भारत एक्‍सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

****

 

निर्वाचन आयोग ने आज विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रही उन खबरों का खंडन किया जिनमें निर्वाचन आयोग द्वारा रातोंरात अपनी वेबसाइट से कई राज्यों की ई-मतदाता सूची हटाने की बात की गई है। आयोग ने इन खबरों को असत्‍य बताते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति voters.eci.gov.in वेबसाइट पर 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से किसी की भी मतदाता सूची डाउनलोड कर सकता है।

 

****

 

अमरीका के साथ रक्षा खरीद से संबंधित वार्ता को भारत द्वारा रोके जाने का दावा करने वाली खबरों को रक्षा मंत्रालय ने आज खारिज किया। मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि ये खबरें भ्रामक और झूठी हैं। मंत्रालय ने कहा कि खरीद के विभिन्न मामलों को मौजूदा प्रक्रियाओं के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

****

 

प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने आज कहा कि दर्शकों और श्रोताओं के लिए सूचना, शिक्षा और मनोरंजन तक हर संभव व्‍यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जा रहे है। उन्‍होंने आज नई दिल्‍ली में वेब्‍स ओटीटी प्‍लेटफार्म पर मैगजीन स्‍टोर का शुभारंभ किया। श्री द्विवेदी ने कहा कि इस सेवा का उपयोग करने के लिए प्रतिमाह 99 रूपये या प्रतिवर्ष 999 रूपये देने होंगे।

 

****

 

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने छत्रपति शिवाजी महाराज पर बनी मराठी फिल्‍म खालिद का शिवाजी के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। इस फिल्‍म में शिवाजी महाराज को गलत ढंग से दिखाने के बारे में मंत्रालय को कई शिकायते मिली थीं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कल फिल्‍म निर्माताओं को नोटिस जारी किया। उन्‍हें फिल्‍म की कहानी के बारे में प्रमाण उपलब्‍ध कराने को कहा गया है।

 

****

 

लद्दाख में, “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम के अंतर्गत आज ज़ंस्कार में एक विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ व्यापारी संघ, ठेकेदार संघ, बौद्ध संघ, मुस्लिम संघ और एन एच आई डी सी एल के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

 

****

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्‍या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्‍ट्रपति ने कहा कि रक्षा बंधन का पवित्र त्‍यौहार भाईयों और बहनों के बीच प्रेम और विश्‍वास के अद्भुत बंधन को दर्शाता है। उन्‍होंने कहा कि यह त्‍यौहार समाज में समरसता और एकता की भावना को बढ़ावा देता है। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने और उनका सम्मान करने के लिए सभी के दृढ़ संकल्प को सशक्‍त बनाता है।

 

****

 

उत्‍तराखंड में उत्‍तरकाशी जिले के आपदाग्रस्‍त धराली क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जोर-शोर से जारी है। हमारी संवाददाता ने बताया कि अब तक 600 लोगों को वायुमार्ग से उत्‍तरकाशी और देहरादून पहुंचाया गया है। आज 250 से अधिक लोग हर्षिल से मातली भेजे गए।

 

आपदा प्रभावित धराली में राहत कार्य आज चौथे दिन भी जारी रहा केंद्र और राज्‍य सरकार की टीमें मुश्‍तैदी के साथ अभियान के साथ जुटी रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीन दिन से उत्तरकाशी में ही प्रवास कर रेस्क्यू अभियान का परिवेक्षण कर रहे हैं। उन्होंने आज धराली क्षेत्र का दौरा किया और फंसे लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

 

हम सबका प्रयास, जल्‍दी से जल्‍दी हरसंभव वहां के लोगों की मदद करेंगे। चार सौ के लगभग लोगों को कल रेस्‍क्‍यू किया गया था और ढाई सौ लोग अभी तक आज के दिन रेस्‍क्‍यू किये जा चुके हैं और यात्रियों को, जो तीर्थयात्री, श्रधालु हैं अब 25-30 की संख्‍या और है जो कि रास्‍ते से अभी पहुंच रहे हैं, गंगोत्री के रास्‍ते से और मौसम ठीक होता है तो सारे के सारे लोग आज रेस्‍क्‍यू हो जाएंगे।

 

इस बीच, प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। साथ ही संचार नेटवर्क भी बहाल होने से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। प्रभावित क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों से राहत सामग्री, पेयजल, दवाइयां और खाद्यान्न पहुंचाए जा रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने 12 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

****

 

मौसम विभाग ने कल अरूणाचल प्रदेश में विभिन्‍न स्‍थानों पर अत्‍यधिक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, जम्‍मू-कश्‍मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्‍तिस्‍तान, मुजफ्फराबाद, उत्‍तराखंड, उत्‍तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्र, आन्‍ध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वोत्‍तर भारत में अगले चार दिन गरज और चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।

 

****

 

हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मानसून के और तेज़ होने की संभावना है। मौसम केंद्र शिमला ने 14 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार वर्षा का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

****

 

बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स आज लगभग एक प्रतिशत की गिरावट से 765 अंक लुढ़ककर 79 हजार आठ सौ 58 के स्‍तर पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी एक प्रतिशत के नुकसान से 233 अंक गिरकर 24 हजार तीन सौ 63 के स्‍तर पर रहा। लगातार छठे सप्‍ताह बाजार में गिरावट का माहौल रहा। बीएसई मिडकैप सूचकांक में एक दशमलव छह प्रतिशत और बीएसई सूचकांक में एक प्रतिशत की गिरावट रही। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया आज पांच पैसे की मजबूती से 87 रुपये 66 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर दर्ज हुआ। आकाशवाणी समाचार के लिए अमित गोयल।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

 

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं के लिए 12 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी जारी रखने को मंज़ूरी दी।
  • सरकार ने असम और त्रिपुरा के लिए चार हजार दौ सौ पचास करोड़ रुपये के विशेष विकास पैकेज को मंज़ूरी दी।
  • देश के लगभग 275 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त तकनीकी संस्थानों को तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए चार हजार दौ सौ करोड़ रुपये की बजटीय सहायता मिलेगी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की समीक्षा की तथा भारतरूस विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • उत्तराखंड के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी। अब तक छह सौ से ज़्यादा लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला गया।

 ****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.