मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के साथ माले में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में चार समझौता ज्ञापनों और तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
- भारत ने मालदीव को 4 हजार आठ सौ 50 करोड़ रुपये की ऋण सहायता प्रदान की।
- प्रधानमंत्री मोदी निर्बाध कार्यकाल के साथ देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बने।
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद सोमवार तक के लिए स्थगित।
- सरकार ने अश्लील सामग्री के प्रसारण के कारण 25 ओटीटी वेबसाइटों और ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया।
- थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर दोनों पक्षों के बीच झड़पें जारी। थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने पर्यटकों के लिए यात्रा सलाह जारी की।
- मैनचेस्टर में भारत के साथ चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड ने पहली पारी में अब तक 84 रन की बढ़त बना ली है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मॉलदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के बीच माले में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद आज कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मॉलदीव की ऐतिहासिक स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति और मॉलदीव के लोगों को बधाई दी।श्री मोदी ने मॉलदीव के विकास के लिए 4 हजार आठ सौ 50 करोड़ रुपये की ऋण देने की भी घोषणा की।
हमारी डेवलपमेंट पार्टनर्शिप को नई उड़ान देने के लिए हमने मालदीव के लिए 565 मिलियन डॉलर यानि लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट देने का निर्णय लिया है। यह मालदीव के लोगों की प्राथमिकताओं के अनुरूप यहां के इन्फ्रॉस्ट्रेक्चर के विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए इश्तेमाल ली जाएगी।
श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ रहा है।
रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग आपसी विश्वास का परिचायक है। रक्षा मंत्रालय की बिल्डिंग जिसका आज उद्घाटन किया जा रहा है। योर ट्रस्टी कंकरीट ईमारत है, हमारी मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। साझेदारी अब वेदर सांइस में भी होगी। मौसम चाहे जैसा हो अवर फ्रेंडशिप विल ऑलवेज रिमेन ब्राइट एण्ड क्लीयर मालदीव के रक्षा क्षमताओं के विकास में भारत निरंतर सहयोग देता रहेगा। हिन्द महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि हमारा साझा लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाईयों को छू रहे हैं।
पिछले साल अक्टूबर में, राष्ट्रपति जी की भारत यात्रा के दौरान हमने व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी का विज़न साझा किया था। अब यह रियालिटी बन रहा है। और उसी का परिणाम है कि हमारे संबंध नई ऊँचाइयों को छू रहे हैं। कई सारी परियोजनाओं का लोकार्पण संभव हुआ है। भारत के सहयोग से बनाये गए चार हज़ार सोशल हाउसिंग यूनिट्स, अब मालदीव में कई परिवारों के लिए नयी शुरुआत बनेंगे।
मॉलदीव के राष्ट्रपति श्री मोइज्जू ने मुक्त व्यापार समझौते की जानकारी दी।
****
भारत और मॉलदीव के बीच आज चार समझौता ज्ञापनों और तीन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। एक रिपोर्ट-
भारत ने मालदीव को चार हजार आठ सौ पचास करोड रुपये की ऋण सहायता प्रदान की है। इस वित्तीय सहायता से मालदीव में प्रमुख बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं को सहायता मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइजु ने माले में रक्षा मंत्रालय के एक नये भवन का उद्घाटन किया। दोनों ने एक पेड़ मां के नाम पहल को मजबूत करते हुए पौधे भी लगाए। भारत–मालदीव दोस्ती को 60 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक डॉक टिकट जारी किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मालदीव की राजधानी माले में गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। श्री मोदी को 21 तोपों की सलामी भी दी गई। जीवन भावसार, आकाशवाणी समाचार, माले, मालदीव।
****
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की मॉलदीव यात्रा बहुत ही सामयिक और सफल रही है। माले में श्री मिस्री ने कहा कि पहली बार मॉलदीव को भारतीय रुपये में ऋण सुविधा प्रदान की गई।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक निर्बाध कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। नई दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता के जनादेश से यह कीर्तिमान हासिल किया है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल विकास के स्वर्णिम अध्यायों से परिपूर्ण रहा है।
कार्यकाल की निरंतरता के चार हजार 78 दिन पूर्ण हो गए। इसके द्वारा श्रीमती इंदिरा गांधी जी के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए जवाहरलाल नेहरू के बाद सबसे लंबे समय तक निरंतर प्रधानमंत्री के पद पर रहने का जन विश्वास जन आशीर्वाद और राष्ट्र की निष्ठा से युक्त यह कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाने में जो प्रधानमंत्री जी का योगदान रहा है, उससे हर भारतवासी हर्ष का अनुभव कर रहा है।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस उपलक्ष में राष्ट्रपति आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुईं। इनमें दिव्यांगजनों के अनुकूल राष्ट्रपति संपदा की घोषणा, 22 भारतीय भाषाओं में राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट का शुभारंभ शामिल है।
राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कई ऐसे निर्णय लिए गए जिनसे राष्ट्रपति भवन के साथ नागरिकों का जुड़ाव बढ़ा है।
****
राज्य सभा और लोकसभा की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि उन्हें गोवा विधानसभा क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुर्नसमायोजन विधेयक, 2024 पर बोलने की अनुमति दी जानी चाहिए।
उधर, राज्यसभा में भी विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बीच कार्यवाही कई बार स्थगित हुई।
****
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर सोमवार को लोकसभा में विशेष चर्चा होगी। श्री रिजिजू ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की अध्यक्षता में हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
मंडे से लोकसभा में 16 घंटे के लिए ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी और ट्यूजडे को राज्यसभा में फिर 16 घंटे के लिए ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी। यह स्पेशल स्पेशल डिस्कशन का एग्रीमेंट पहले बार नहीं है चर्चा करने का कई तरीके होते हैं इसलिए ऑपरेशन सिंदूर का चर्चा स्पेशल डिस्कशन होगा। कोई स्पेसिफिक रूल्स पर नहीं यह एक स्पेशल डिस्कशन है।
श्री रिजिजू ने विपक्षी दलों से सत्र में बाधा न डालने की अपील की।
****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस के इस दावे का खंडन किया है कि सरकार ने अन्य पिछडे वर्गो के लिए कुछ भी नहीं किया है। श्री प्रधान ने कहा कि मोदी सरकार ने समावेशी परिदृश्य को बदल दिया है। श्री प्रधान ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2025 में स्वीकृत पदों को 18 हजार नौ सौ 51 तक बढ़ा दिया है।
आज पोस्ट बढी है 2025 में 18,951 लगभग 19 हजार पोस्ट हुई है उस 19,000 पोस्ट में से वैकेंसी 37% से घट के 25% हो गई। एससी एसटी रिजर्वेशन में आज 800, 8150 एससी एसटी ओबीसी वर्ग के लोगों की नियुक्ति किया गया है। एससी वर्ग में लगभग 13% नियुक्ति किया, आज 15 में से 13% पोस्ट भरा हुआ है। साढे सात में से एसटी में से साढे छह परसेंट भरा हुआ है और 27 परसेंट में से 22 दशमलव 8 परसेंट ओबीसी पोस्ट भरा हुआ है।
****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नाशिक में वर्ष 2027 में त्रयंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ के लिए रेलवे की योजनाओं की गहन समीक्षा की। रेल मंत्रालय ने 2027 में होने वाले नाशिक-त्रयंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ की तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्री वैष्णव ने अधिकारियों से प्रयागराज महाकुंभ 2025 के अनुभव से सभी निकटवर्ती स्टेशनों पर पर्याप्त सुविधाएं विकसित करने की सलाह दी।
****
सरकार ने अश्लील सामग्री दिखाने वाले 25 ओटीटी वेबसाइट और एप्स को बंद करने का निर्देश दिया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि इन प्लेटफॉर्म से दिखाई जा रही कुछ सामग्री गंभीर रूप से अश्लील और अनुचित है। कई मंत्रालयों और महिला तथा बाल अधिकार विशेषज्ञों के साथ परामर्श के बाद यह कार्रवाई की गई है।
****
रक्षा मंत्रालय ने सेना के लिए वायु एयर डिफेन्स फायर कन्ट्रोल रडार्स की खरीद हेतु भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ दो हज़ार करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। मंत्रालय के अनुसार ये फायर कन्ट्रोल रडार लड़ाकू विमानों, हमलावर हेलीकॉप्टरों और दुश्मन के ड्रोन सहित सभी प्रकार के हवाई खतरों का पता लगाने में सक्षम होंगे। यह वायु रक्षा रेजिमेंटों के आधुनिकीकरण में एक महत्वपूर्ण साबित होगा और भारतीय सेना की परिचालन क्षमता को बढ़ाएगा।
****
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर कई इलाकों में झड़पें जारी हैं। कंबोडियाई सेना भारी हथियारों, फील्ड आर्टिलरी और रॉकेट का उपयोग करके लगातार बमबारी कर रही है। थाईलैंड की सेना ने जवाबी गोलाबारी की और स्थानीय नागरिकों को झड़प वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करने की सलाह दी। कल रात थाईलैंड-कंबोडिया सीमा के पास हुई सैन्य झड़पों में 14 थाई लोग मारे गए और 46 अन्य घायल हो गए।
****
इस बीच, थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने थाईलैंड जाने वाले सभी भारतीय यात्रियों को थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण के न्यूज़रूम सहित थाई आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा कि इस मामले में थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण द्वारा उल्लिखित स्थान यात्रा के लिए अनुशंसित नहीं हैं।
****
भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर दूसरे दौर की वार्ता आज नई दिल्ली में संपन्न हो गई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार इस वार्ता से द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी और मज़बूती मिलेगी। तीसरे दौर की वार्ता इसी वर्ष सितंबर में न्यूज़ीलैंड में होगी।
****
वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा है कि ब्रिटेन और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौते को ब्रिटिश संसद में शीघ्र मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन इस समझौते को संसद से पारित कराने के लिए उत्सुक है। नई दिल्ली में श्री बर्थवाल ने कहा कि ब्रिटेन भारत के साथ व्यापार समझौते को अपने विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानता है।
****
मौसम विभाग ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के लिए आज अत्यधिक तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। कोंकण, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल सहित देश के पश्चिमी और दक्षिणी प्रायद्विपीय क्षेत्रों में आज और कल तेज वर्षा जारी रहेगी।
****
महाराष्ट्र से हमारे संवाददाता ने बताया कि राज्य में और अधिक बारिश की आशंका के बीच, अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने का आग्रह किया है।
कोंकण, पश्चिमी महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों सहित महाराष्ट्र के छह जिलों में अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भारी बारिश जारी रहने के अनुमान के चलते, पालघर ज़िला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने 26 जुलाई को ज़िले के सभी आँगनवाड़ियों, स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण, मुंबई और उपनगरीय इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित हो रही है। निवेदिता भोरकर, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
****
बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज सात सौ 21 अंक गिरकर 81 हजार चार सौ 63 पर बंद हुआ। निफ्टी भी दो सौ 25 अंक कम होकर 24 हजार आठ सौ 37 पर आ गया।
****
भारत-के साथ चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड ने पहली पारी में ताजा समाचार मिलने तक चार विकेट पर 452 रन बना लिए हैं। मेज़बान इंग्लैंड ने अब तक 94 रन की बढत बना ली है। भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे।
****
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी ने चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में मलेशिया के येव सिन ओंग और ई यी तियो की जोड़ी पर आसान जीत दर्ज की।
चिराग और सात्विक का अगला मुकाबला मलेशिया के विश्व नंबर 2 आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी से होगा।
****
वायु सेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने आज नई दिल्ली के वायु सेना स्टेशन से शौर्य भारत कार रैली को रवाना किया। रैली का उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का स्मरण और सशस्त्र बलों की वीरता का सम्मान करना है। आठ सौ किलोमीटर की रैली में 112 प्रतिभागी शामिल हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के साथ माले में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में चार समझौता ज्ञापनों और तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
- भारत ने मालदीव को 4 हजार आठ सौ 50 करोड़ रुपये की ऋण सहायता प्रदान की।
- प्रधानमंत्री मोदी निर्बाध कार्यकाल के साथ देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बने।
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद सोमवार तक के लिए स्थगित।
- सरकार ने अश्लील सामग्री प्रसारण के कारण 25 ओटीटी वेबसाइटों और ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया।
- थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर दोनों पक्षों के बीच झड़पें जारी। थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने पर्यटकों के लिए यात्रा सलाह जारी की।
- मैनचेस्टर में भारत के साथ चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड ने पहली पारी में 100 रन की बढ़त बनाई।