July 24, 2025 10:25 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • भारत और ब्रिटेन ने टैरिफ कम करने और हज़ारों नए रोज़गार सृजित करने के उद्देश्य से ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे साझा समृद्धि का खाका बताया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने कहा -इस समझौते से दोनों देशों को बहुत लाभ होगा।

  • सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश में सहकारी संस्‍थाओं को मज़बूत करने के लिए राष्ट्रीय नीति 2025 का अनावरण किया।

  • मौसम विभाग ने कल ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।

  • थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद में हुई भीषण झड़पों में 12 लोगों की मौत।

  • चाइना ओपन बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा पीवी सिंधु को हरा कर क्‍वार्टरफाइनल में पहुंची।

  • मैनचेस्टर में इंग्‍लैंड के साथ चौथे क्रिकेट टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए।  

****

भारत और ब्रिटेन ने आज ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। ब्रिटेन के चेकर्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ वार्ता के बाद कहा कि आज का दिन दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद यह समझौता संपन्न हुआ है।  

 

इस समझौते के साथ ही डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन पर भी सहमति बनी है। इसे दोनों के सर्विस सेक्टर विशेष कर टेक्नोलॉजी और फाइनेंस के, उसको एक नई ऊर्जा मिलेगी। इज ऑफ डूइंग बिजनेस को गति मिलेगी, कास्ट ऑफ़ डूइंग बिजनेस घटेगा और कॉन्फिडेंस ऑफ डूइंग बिजनेस बढ़ेगा। साथ ही यूके की अर्थव्यवस्था को भारतीय स्किल टैलेंट मिलेगा। इन समझौतों से दोनों देशों में निवेश बढेगा और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता साझा समृद्धि के नये मार्ग प्रशस्त करेगा। श्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की निन्‍दा के लिए ब्रिटेन सरकार का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

हम एक त है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंडों का कोई स्थान नहीं है। हम इस बात पर भी सहमत हैं कि एक्सट्रीमिस्ट विचारधारा वाली शक्तियों को डेमोक्रेटिक फ्रीडम का दुरुपयोग नहीं करने दिया जा सकता। इक्‍नॉमिक्‍स ऑऐंडर्स के प्रत्‍यार्पण के विषय पर भी हमारी ऐजेंसीज सहयोग और समन्‍वय से काम करती रहेगी।

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता यूरोपीय संघ छोड़ने के बाद ब्रिटेन का सबसे बड़ा और आर्थिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण व्यापार समझौता है।

****

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने लंदन में कहा कि श्री मोदी और श्री कीर स्टारमर ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

 

विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने कहा कि ऐतिहासिक समझौता श्रम प्रधान क्षेत्रों सहित प्रमुख क्षेत्रों में टैरिफ कम करके दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएगा दिस लेंड मार्क इन एग्रीमेंट विल सिक्‍नीफिकेंटली इंक्रीज ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट एंड इकोनामिक कोऑपरेशन बिटवीन द टू कंट्रीज बाय लोवरिंग टैरिफस इन की सेक्टर्स इंक्लूडिंग लेबर इंटेंसिव सेक्टर्स इन इंडिया लाइक टेक्सटाइल्स, लेदर फुटवियर, एग्रीकल्चरल प्रोडक्ट्स, मरीन प्रोडक्ट्स, स्‍पोटर्स प्रोडक्ट्स, टॉयज जेम्स एंड ज्वैलरी एंड अदर्स अपार्ट फ्रॉम ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट इट वुड अलसो स्ट्रैंथ इन्नोवेशन एंड टेक्नोलॉजी कोलैबोरेशन। दोनों पक्ष योगदान समझौते डीईसी पर बातचीत करने पर भी सहमत हुए हैं जिसे एफटीए के साथ लागू किया जाएगा। श्री मिस्त्री ने कहा कि एफटीए के अलावा भारत जोकि विजन 2035 दस्तावेज को बनाने सहित अन्य उपलब्धियां भी हैं जो अगले 10 वर्षों के लिए संबंधों को दिशा प्रदान करेगा और रक्षा औद्योगिक विकास रोड मैप बनाने में भी मदद करेगा। आतंकवाद विरोध पर भी चर्चा हुई जहां भारत ने अपनी जनता को साझा किया राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, लंदन।

 

इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद ने भी समझौते का स्वागत किया है। परिषद ने कहा कि ब्रिटेन को भारत के इंजीनियरिंग निर्यात में उल्‍लेखनीय वृद्धि हुई है।

****

ब्रिटेन की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मॉलदीव जाएंगे। मॉलदीव का भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और ‘सागर’ दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण स्थान है। पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 50 करोड़ डॉलर से अधिक रहा है। मॉलदीव में भारत के उच्चायुक्त बालासुब्रमण्यम ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में कहा कि दोनों देशों ने मुक्त व्यापार समझौते के लिए संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर किए हैं।

****

सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 जारी की। श्री शाह ने कहा कि यह नीति विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी सरकार ने एक लक्ष्य रखा है कि 2027 में हम विश्व के तीसरे नंबर के अर्थतंत्र बनकर उभर आएंगे और मुझे विश्वास है हम चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं, तीसरे नंबर पर जरूर पहुंच जाएंगे। परंतु इसके साथ-साथ सबका सामूहिकता के साथ विकास हो और सबके विकास के माध्यम से देश का विकास हो, ऐसा मॉडल बनाना यह भारतीय जनता पार्टी का मूल विचार है, भारत का मूल विचार है।

****

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बाद कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गोआ के विधानसभा क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन विधेयक, 2024 प्रस्तुत किया। लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण विधेयक पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी।

 

उधर, राज्‍यसभा में हंगामे के बीच समुद्र मार्ग द्वारा माल परिवहन विधेयक, 2025 प्रस्‍तुत किया गया।

****

संचार राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने कहा है कि देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5जी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। वर्तमान में यह देश के 99 दशमलव आठ प्रतिशत जिलों में उपलब्ध है। राज्यसभा में उन्‍होंने बताया कि देश में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा 4 लाख 86 हजार 5जी बेस ट्रांसीवर स्टेशन स्थापित किए गए हैं। श्री चंद्रशेखर ने कहा कि देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों में एक सौ ‘5जी यूज केस लैब’ स्थापित की गई हैं।

****

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि खेलो भारत नीति 2025 ओलंपिक सहित आगामी अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भारत की तैयारियों के अनुरूप है। राज्यसभा में उन्‍होंने कहा कि खेलो भारत नीति बुनियादी ढाँचे को मजबूत करती है, खेल विज्ञान एकीकरण को बढ़ावा देती है।

****

सरकार ने डेटा एंट्री ऑपरेटरों और मल्टी-टास्किंग स्टाफ की नियुक्ति से संबंधित एक भर्ती नोटिस को फर्जी बताया है। लोकसभा सचिवालय ने कहा है कि व्हाट्सएप और फेसबुक पर प्रसारित हो रहे संसद भवन में अनुबंध के आधार पर 200 डेटा एंट्री ऑपरेटर और मल्टी-टास्किंग स्टाफ की रिक्तियों का दावा करने वाला संदेश फर्जी है।

****

कलाकारों के एक समूह ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के उनतीस कलाकारों का यह समूह राष्ट्रपति भवन में कला उत्सव के दूसरे संस्करण में शामिल हुआ था। राष्ट्रपति ने सोहराय, पट्टचित्र और पटुआ सहित देश की महत्वपूर्ण पारंपरिक कलाओं के क्षेत्र में इन कलाकारों के योगदान की सराहना की।

****

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हुई झड़पों में 12 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चल रहा सीमा विवाद बढ़ गया है। दोनों देशों ने लड़ाई शुरू करने के लिए एक-दूसरे को दोषी बताया है। कंबोडिया ने थाईलैंड पर तोपों और रॉकेट से हमले किए, जवाब में थाई सेना ने एफ-16 लड़ाकू विमानों से हमले किए।

****

मौसम विभाग ने कल ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 28 जुलाई तक मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और झारखंड में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान है। देश के दक्षिणी भाग में, अगले 5 दिनों के दौरान केरल, माहे और तटीय एवं दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में तेज वर्षा की स्थिति बनी रहेगी। राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में कल गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है।

****

मौसम विभाग ने कल मुंबई में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एक रिपोर्ट-

 

मौसम विभाग ने मुम्बई के अलावा ठाणे और रायगड जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पालघर जिले के लिए आज और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रायगढ और रत्नागिरी जिलों के लिए कल रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ बहुत भारी बारिश की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र के साथ-साथ मराठवाडा के कुछ भागों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि विदर्भ क्षेत्र में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, मुम्बई में आज सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। नगर निगम अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वीटी जैन, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।

****

छत्तीसगढ़ में आज बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में 66 माओवादियों ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन माओवादियों पर दो करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।

 

इन माओवादियों ने छत्त्तीसगढ़ सरकार की नई पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को 50-50 हजार रूपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी गई है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदर राज पी. ने बताया कि बस्तर संभाग में पिछले 18 महीनों के दौरान पन्द्रह सौ से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

****

झारखंड सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र बल, सुरक्षा और अर्धसैनिक बलों में सेवा करते हुए आतंकवादी या नक्सली अभियानों में शहीद हुए राज्‍य के निवासी सुरक्षाकर्मियों के परिजनों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने के नियमों को स्‍वीकृति दे दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल ने कुल 21 प्रस्तावों को मंजूरी दी।

****

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत बिहार में 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं को शामिल किया गया है। एक लाख मतदाताओं का पता नहीं चल सका है और 21 लाख 60 हजार मतदाताओं का निधन हो चुका है। 31 लाख 50 हजार से अधिक मतदाता स्थायी रूप से पलायन कर गए हैं और 7 लाख मतदाता एक से अधिक जगहों पर पंजीकृत हैं। मतदाता सूची का मसौदा पहली अगस्‍त को प्रकाशित किया जाएगा।

****

हिमाचल प्रदेश में आज सुबह मंडी जिले में तरंगला के पास एक बस दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए। राज्‍य पथ परिवहन निगम की यह बस सरकाघाट से दुर्गापुर जा रही थी।

****

मैनचेस्टर में इंग्‍लैंड ने भारत के साथ चौथे टेस्‍ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में ताजा समाचार मिलने तक बिना कोई विकेट खोए 102 रन बना लिए हैं। इससे पहले, भारत की पहली पारी 358 रन पर सिमट गई। साई सुदर्शन ने सर्वाधिक 61 रन, यशस्‍वी जायसवाल ने 58 और ऋषभ पंत ने 54 रन की पारी खेली।

****

उन्नति हुड्डा ने चाइना ओपन सुपर बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स में बड़ा उलटफेर करते हुए पीवी सिंधु को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं, पुरूष डबल्‍स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

****

वैष्णवी अडकर ने विश्व यूनिवर्सिटी खेलों में टेनिस के महिला सिंगल्‍स में कांस्‍य पदक जीत लिया है। प्रतियोगिता में यह भारत का दूसरा पदक है।

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • भारत और ब्रिटेन ने टैरिफ कम करने और हज़ारों नए रोज़गार सृजित करने के उद्देश्य से ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे साझा समृद्धि का खाका बताया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने कहा -इस समझौते से दोनों देशों को बहुत लाभ होगा।

  • सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश में सहकारी संस्‍थाओं को मज़बूत करने के लिए राष्ट्रीय नीति 2025 का अनावरण किया।

  • मौसम विभाग ने कल ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।

  • थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद में हुई भीषण झड़पों में 12 लोगों की मौत।

  • चाइना ओपन बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा पीवी सिंधु को हरा कर क्‍वार्टरफाइनल में पहुंची।

  • मैनचेस्टर में इंग्‍लैंड के साथ चौथे क्रिकेट टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए।

****