मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने जोर देकर कहा, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर अचूक निशाना साधा। उन्होंने विदेशी मीडिया को भारतीय पक्ष को हुए नुकसान का विश्वसनीय साक्ष्य देने की चुनौती दी।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन तथा भारतीय वायु सेना ने ओडिशा में हवा से हवा में मार करने वाली अस्त्र मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
- सरकार दुर्लभ मृदा चुम्बकों के उत्पादन को बढाने के लिए हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी देगी।
- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 22 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
- क्रिकेट में, लॉर्ड्स टेस्ट भारत के साथ मैच में इंग्लैंड की पहली पारी 387 रन पर सिमटी।
- विंबलडन टेनिस में, कार्लोस अल्काराज़ और टेलर फ्रिट्ज़ के बीच पुरुष सिंगल्स सेमीफाइनल मुकाबला जारी। नोवाक जोकोविच और यानिक सिनर आज रात दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे।
****
भारत ने हाल में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के भीतर नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। ये हमले बिल्कुल सटीक थे। यह बात राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज चेन्नई में आईआईटी मद्रास के 62वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में अपने संबोधन के दौरान कही।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए विदेशी मीडिया की आलोचना की और उन्हें भारतीय पक्ष में हुए नुकसान का विश्वसनीय सबूत पेश करने की चुनौती दी। श्री डोभाल ने दावा किया कि भारतीय पक्ष को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
****
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ तथा भारतीय वायु सेना ने आज स्वदेशी अस्त्र मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। हवा से हवा में मार करने वाली इस मिसाइल का परीक्षण ओडिशा में सुखोई-30 एमके-आई से किया गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अलग-अलग दूरी, लक्ष्यों के पहलुओं और प्रक्षेपण प्लेटफॉर्म की स्थितियों पर उच्च गति वाले मानवरहित हवाई लक्ष्यों पर दो परीक्षण किए गए। दोनों ही परीक्षणों में, मिसाइलों ने एकदम सटीक निशाने साधे।
अस्त्र की मारक क्षमता एक सौ किलोमीटर से अधिक है। यह अत्याधुनिक मार्गदर्शन और नेविगेशन प्रणाली से सुसज्जित है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डिजाइन और विकास में शामिल डीआरडीओ, भारतीय वायुसेना और उद्योग जगत की प्रशंसा की।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कैडेट कोर- एनसीसी को युवाओं के लिए एक आदर्श मंच बताया। श्री सिंह ने कहा कि पूर्व एनसीसी कैडेट राष्ट्र के मजबूत स्तंभ हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में देश के विकास में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। रक्षा मंत्री ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर पूर्व छात्र संघ की पहली शासी परिषद बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
****
एक राष्ट्र, एक चुनाव, पर संयुक्त संसदीय समिति की बैठक आज नई दिल्ली में संसद भवन में हुई। 39 सदस्यीय इस समिति में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य शामिल हैं। एक रिपोर्ट-
यह बैठक 129वां संविधान संशोधन विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश विधि संशोधन विधेयक, 2024 की व्यापक समीक्षा के तहत हुई। भारतीय जनता पार्टी के सांसद पी.पी. चौधरी की अध्यक्षता वाली इस समिति ने जारी विचार-विमर्श के तहत कानूनी विशेषज्ञों के साथ सलाह-मशविरा किया। बैठक में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर और न्यायमूर्ति डी. वाई. चंद्रचूड़ ने देश में एक साथ चुनाव कराने के मुद्दे पर समिति के समक्ष प्रस्तुति दी। देश में एक साथ चुनाव कराने की अवधारणा कोई नई बात नहीं है। संविधान को अपनाने के बाद वर्ष 1951 से 1967 तक लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ आयोजित किए गए थे। दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।
****
सरकार ने गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल अगले वर्ष 22 अगस्त तक बढ़ा दिया है। श्री मोहन इस वर्ष 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले थे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने श्री मोहन के सेवा विस्तार को स्वीकृति दे दी है।
****
सरकार देश में दुर्लभ मृदा चुम्बकों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक हज़ार तीन सौ 45 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्कीम शुरू करने की योजना बना रही है। इस संबंध में अंतर-मंत्रालयी परामर्श चल रहा है। भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव कामरान रिज़वी ने नई दिल्ली में एक समारोह में जानकारी दी कि यह स्कीम दुर्लभ मृदा ऑक्साइड को चुम्बकों में बदलने के लिए सहायता प्रदान करेगी। यह प्रस्तावित स्कीम चीन द्वारा दुर्लभ मृदा चुम्बकों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के बाद आई है। चीन के इस कदम से वैश्विक आपूर्ति और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता प्रभावित हुए हैं।
****
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार में पिछले 17 दिन में लगभग सात करोड़ 90 लाख मतदाताओं में से 74 प्रतिशत से अधिक ने अपने गणना फॉर्म जमा कर दिए हैं। आयोग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में बूथ स्तरीय अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं और उनके भरे हुए गणना फॉर्म एकत्र कर रहे हैं।
****
इस बीच, बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधा है। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि न्यायालय ने स्पष्ट कर दिया है कि पुनरीक्षण की यह पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के संवैधानिक अधिकार क्षेत्र में आती है।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार पर एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को जल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सक्रियता से काम करना चाहिए। उन्होंने यमुना के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता वर्ष 2028 तक बढ़ाकर एक हजार पांच सौ मिलियन गैलन प्रतिदिन करने के निर्देश दिए।
****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापार करने में सुगमता बढ़ाने के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। श्री गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार अनुपालन बोझ कम करके और कानूनों को अपराधमुक्त करके विश्वास-आधारित शासन को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे उद्यमी बिना किसी बाधा के नवाचार और विस्तार कर सकें।
****
भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने पी एम ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक ट्रकों को प्रोत्साहन देने की आज शुरूआत की। सरकार ने पहली बार इलेक्ट्रिक ट्रकों के समर्थन के लिए योजना शुरू की है।
****
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सुचारू टोल संचालन के लिए वाहन पर बिना चिपके फास्टैग को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने आज कहा कि ये फास्टैग इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह के लिए एक चुनौती हैं।
****
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 22 माओवादियों ने आज पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि इन माओवादियों पर कुल 37 लाख 50 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था।
कुल 22 माओवादियों ने नारायणपुर जिले में पुलिस के सामने आत्मा समर्पित किया है इसमें मुख्य रूप से जो डीवीसी सुखलाल जिसमें कुतुल एरिया कमेटी को काफी समय से इंचार्ज रहा है, उसने सरेंडर किया है अपनी वाइफ के साथ बाकी एक डीवीसी तीन एसीएम पांच पार्टी मेंबर्स के रैंक के थे और बाकी आरपीसी एवं अन्य नक्सल सहयोगियों ने सरेंडर किया है।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को राज्य सरकार की नई पुनर्वास नीति के अंतर्गत पचास-पचास हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ-साथ अन्य सुविधाएँ भी प्रदान की जाएँगी।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने पुणे में इस्लामिक स्टेट के स्लीपर मॉड्यूल मामले में वांछित एक और प्रमुख साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। अभिकरण ने आज कहा कि 11वें आरोपी रिजवान अली ने 10 अन्य आरोपियों के साथ देश को अस्थिर करने और सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने के लिए कई आतंकी वारदातों की साजिश रची थी।
****
उधर, जम्मू-कश्मीर में, राज्य जाँच एजेंसी ने आतंकवाद के वित्तपोषण की जांच के सिलसिले में जम्मू, डोडा और हंदवाड़ा में तीन जगहों पर छापे मारे। यह छापेमारी आतंकवाद को बढ़ावा देने और शांति भंग करने के लिए क्रिप्टोकरेंसी के ज़रिए सीमा पार से धन जुटाने की एक साज़िश को लक्षित करके की गई है।
****
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि सरकार ने वडोदरा पुल हादसे की उच्च स्तरीय जांच करवाई है। जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार मुजपुर-गंभीरा पुल पैदल यात्रियों की अत्यधिक भीड़ और पुल पर पड़े दबाव के कारण ढह गया। श्री पटेल ने आज वडोदरा जिले के मुजपुर में गंभीरा पुल घटना स्थल के दौरे के दौरान यह बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि समिति तीस दिन के भीतर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
****
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने नौ यात्रियों का अपहरण कर हत्या कर दी। यह घटना कल शाम झोब के पास हुई। हथियारबंद हमलावरों ने यात्री बसों को रोककर यात्रियों को गोली मारी। मारे गए सभी नौ लोग पाकिस्तानी सैन्य खुफिया एजेंट थे जो क्वेटा से लाहौर जा रहे थे। अभी तक किसी ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।
****
पांच हज़ार से अधिक अफ़ग़ान शरणार्थी परिवार कल अपने वतन अफ़ग़ानिस्तान लौट आए। इनमें से अधिकांश शरणार्थी ईरान से लौटे हैं। अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार की मेज़बान देश ईरान से संयम बरतने और शरणार्थियों की वापसी की प्रक्रिया को धीमा करने की अपील के बीच शरणार्थियों की बड़े पैमाने पर वापसी हो रही है।
****
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज छह सौ 90 अंक घटकर 82 हजार पांच सौ पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 दो सौ पांच अंक घटकर 25 हजार एक सौ 50 पर बंद हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 15 पैसे कमजोर होकर 85 रुपए 79 पैसे पर बंद हुआ।
****
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज मौसम साफ रहा। राज्य में दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने राज्य में मंगलवार तक तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
****
इस बीच, उत्तर प्रदेश से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।
उत्तर प्रदेश में अब तक मानसून के दौरान सामान्य से पांच प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। हालांकि राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी तक सामान्य से कम बारिश हुई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य रहा है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र में कुछ स्थानों पर आज भारी बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे उत्तर प्रदेश में कल बारिश तेज होने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई तक अधिकतम और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। 15 और 16 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
****
उधर, हिमाचल प्रदेश के शिमला सहित अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी है।
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा वर्षा मंडी जिले के पंडोह में 50 मिलीमीटर दर्ज़ की गई है यहां राहत और बचाव कार्य जोरों पर है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त ताज़ा सूचना के अनुसार भारी भूस्खलन के चलते अवरुद्ध मंडी-धर्मपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग तीन को यातायात के लिए खोल दिया गया है। प्रदेश में 184 सड़कें यातायात के लिए अभी भी अवरुद्ध हैं जबकि 111 बिजली ट्रांसफार्मर और 791 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं। इस मानसून सीजन में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 92 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, 172 लोग घायल हुए हैं और 33 लोग अभी भी लापता हैं । रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
****
तीन जुलाई से शुरू हुई 38 दिवसीय वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा, कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालतल रास्तों से शांतिपूर्वक जारी है। यह यात्रा 9 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन संपन्न होगी।
****
भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच जारी है। दूसरे दिन के खेल में ताजा सामाचार मिलने तक भारत ने एक विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। अपनी पहली पारी में मेज़बान इंग्लैंड ने 387 रन बनाए थे।
****
विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स सेमीफाइनल में, दूसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ का मुकाबला पाँचवीं वरीयता प्राप्त अमरीका के टेलर फ्रिट्ज़ से हो रहा है।
दूसरे सेमीफाइनल में, छठी वरीयता प्राप्त और सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच का मुकाबला लंदन में इटली के यानिक सिनर से होना है।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने जोर देकर कहा, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर अचूक निशाना लगाया। उन्होंने विदेशी मीडिया को भारतीय पक्ष को हुए नुकसान का कोई भी विश्वसनीय साक्ष्य देने की चुनौती दी।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन तथा भारतीय वायु सेना ने ओडिशा में हवा से हवा में मार करने वाली अस्त्र मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
- सरकार दुर्लभ मृदा चुम्बकों का उत्पादन को बढाने के लिए एक हज़ार तीन सौ 45 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी देगी।
- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 22 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
- क्रिकेट में, लॉर्ड्स टेस्ट मैच में, भारत के खिलाफ इंग्लैंड की पहली पारी 387 रन पर सिमटी।
- कार्लोस अल्काराज़ विंबलडन टेनिस में पुरुष सिंगल्स फाइनल पहुंच गए हैं।
****