Download
Mobile App

android apple
signal

June 10, 2025 9:55 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के राजनयिक संपर्क कार्यक्रम में शामिल सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की।
  • भारत ने पाकिस्‍तान को चेतावनी दी कि अगर आतंकवादी हमलों से उकसाया गया तो सीमा पार हमला किया जाएगा; रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई बताया।
  • देश में बिना व्‍यवधान 241 गीगावाट की अधिकतम बिजली मांग को पूरा किया गया; पिछले वित्त वर्ष में अब तक की सबसे अधिक 34 गीगावाट बिजली उत्‍पादन हुआ।
  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला कल अमेरिका के फ्लोरिडा से एक्सिओम-4 मिशन पर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की पहली यात्रा पर रवाना होंगे।
  • ब्रिटेन ने गाज़ा पर टिप्‍पणी को लेकर दो इजरायली मंत्रियों पर प्रतिबंध लगाया।
  • और, भारतीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने इंसब्रुक में ऑस्ट्रियाई रेसवॉकिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण, संदीप कुमार ने रजत और राम बाबू ने कांस्य पदक जीता।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी हाल में ऑपरेशन सिंदूर के बाद, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख से अवगत कराने के लिए विभिन्न देशों का दौरा करने वाले सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे हैं। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के आवास पर हो रही इस बैठक में डीएमके सांसद कनिमोझी, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और अन्य लोग शामिल हैं।  प्रतिनिधिमंडल के सदस्य श्री मोदी के साथ अपनी विदेश यात्रा के अनुभव साझा कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान को वैश्विक स्तर पर बेनकाब करने के लिए भारत के कूटनीतिक प्रयासों के अंतर्गत 33 देशों का दौरा किया।

 

****

 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में अंतिम संसदीय प्रतिनिधिमंडल पांच देशों की अपनी सफल यात्रा पूरी करने के बाद आज भारत लौट आया है। श्री थरूर ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अपनी यात्रा के दौरान कई बैठकें कीं। उन्‍होंने बताया कि इन बैठकों में उन्हें अपनी चिंताओं के संबंध में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

 

****

 

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सीमा पार आतंकवाद पर पाकिस्‍तान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आतंकवादी हमलों से उकसाया गया तो भारत, पाकिस्तान में घुसकर हमला करेगा। उन्होंने कहा कि हाल में पहलगाम हमले जैसी बर्बर हरकतों के मामले में, आतंकवादी संगठनों और उनके नेतृत्व के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की जाएगी। विदेश मंत्री ने एक अमरीकी राजनीतिक डिजिटल समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में यह बात कही।

 

****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ की गई सबसे बड़ी कार्रवाई थी। आज देहरादून में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमला सिर्फ भारतीय नागरिकों पर हमला नहीं था, बल्कि देश की सामाजिक एकता पर भी हमला था।

 

पाकिस्‍तान हर बार आतंकवाद को सही ठहराने की कोशिश में सदैव लगा रहता है। ये जरूरी है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में, हम केवल आतंकवादियों को ही नहीं, बल्कि उन्‍हें मदद करने वाले पूरे टेरर इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर को भी पूरी तरह से खत्‍म कर दें। पाकिस्‍तान को जो पैसा या आर्थिक सहायता मिलती है उसका एक बड़ा हिस्‍सा आतंकवाद के कारखाने में खर्च किया जाता है। पाकिस्‍तान को फंडिंग का मतलब है आतंकवाद के इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर को फंडिग।

 

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का सबूत है कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों के प्रति दृष्टिकोण बदलकर भारत के सुरक्षा तंत्र को बदल दिया है।

 

****

 

केन्द्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि भारत ने कल 241 गीगावाट की अधिकतम बिजली मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्‍होंने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि भारत ने 2024-25 के दौरान 34 गीगावाट की अब तक की सर्वाधिक उत्पादन क्षमता जोड़ी है। इसमें अक्षय ऊर्जा का योगदान 29 दशमलव पांच गीगावाट है।

 

2013-14 में पीक डिमांड 130 गीगावॉट थी और अभी जो पीक डिमांड पिछले वर्ष 2024-25 में में गई है वो 250 गीगावॉट गई है, लगभग डबल। 2025-26 पीक डिमांड जा सकती है 270 । कल 9 जून को हाइेयेस्‍ट पीक डिमांड गई है 241 गीगावॉट गई है।

 

श्री मनोहर लाल ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र ने सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में पिछले 11 वर्ष में विद्युत क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

 

****

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सुशासन के जरिए विकसित भारत पर जोर दिया है। तेलंगाना के हैदराबाद में एनडीए सरकार की 11 साल की उपलब्धियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सुशासन के जरिए देश को विकसित बनाना है।

 

****

 

विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं के कार्यान्वयन की गति अभूतपूर्व रही हैं। श्री मेघवाल ने एनडीए सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों और योगदान पर पटना में भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में भारत की डिजिटल कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने में सरकार की प्रतिबद्धता पर एक लेख साझा किया है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक पोस्ट के जवाब में श्री मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार देश को डिजिटल कनेक्टिविटी में विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

 

****

 

देश में पिछले एक दशक के दौरान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण नीतियों के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों और उपलब्धियों पर विशेष श्रृंख्‍ला प्रसारित कर रहा है। इस कड़ी में आज हम आत्मनिर्भरता के माध्‍यम से रक्षा के क्षेत्र में भारत को वैश्विक शक्ति बनाने के प्रयासों पर जानकारी दे रहे हैं।

 

पिछले एक दशक में, भारत ने अपनी सुरक्षा नीति को स्पष्टता, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ परिभाषित किया है। 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर, 2025 में, ऑपरेशन सिंदूर तक, संदेश स्पष्ट है। भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरों को बर्दाश्त नहीं करेगा। ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवाद विरोधी प्रतिक्रिया में एक महत्वपूर्ण क्षण था। एक सटीक, समन्वित मिशन, जिसमें देश के वीर जवानों ने सीमा पार नौ आतंकी शिविरों को बेअसर कर दिया जो पहलगाम आतंकी हमले का एक तत्पर और निर्णायक जवाब साबित हुआ। स्वदेशी विनिर्माण ने इसकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आईएनएस विक्रांत से लेकर लम्बी ऊंचाई वाले लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर एलसीएच प्रचंड तक, भारत आत्मविश्वास के साथ डिजाइन और तैनाती कर रहा है। वहीं, आईडीईएक्‍स जैसी पहल, स्टार्टअप और एमएसएमईज़ भारतीय सुरक्षा बलों के लिए अत्याधुनिक समाधान प्रदान कर उन्हें और अधिक सशक्त बना रहे हैं। इसके अतिरिक्त, रक्षा निर्यात बढ़कर रिकॉर्ड 23 हजार 622 करोड़ रुपये हो गया है, जो 2014 से 34 गुना की वृ‌द्धि है। 5 हजार से अधिक वस्तुएं अब सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची में शामिल हैं और मौजूदा वित्त वर्ष में, रक्षा पूंजी अधिग्रहण का 75 प्रतिशत बजट, घरेलू उत्पादन के लिए निर्धारित किया गया है। अग्रिम मोर्चे से लेकर कारखानों तक, युद्ध के मैदानों से लेकर बोर्डरूम तक भारत एक नए युग की शुरुआत कर रहा है, जहां सुरक्षा ही ताकत है और आत्मनिर्भरता उसकी ढाल। विष्णु की रिपोर्ट के साथ, आदर्श, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

****

 

सड़क, परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​ने नरेन्‍द्र मोदी सरकार के साहसिक निर्णय लेने और नागरिकों के कल्याण के लिए उसकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला है। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष साक्षात्कार में उन्‍होंने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। इनमें ईज एंड डूइंग बिजनेस इंडेक्स और अन्य वैश्विक रैंकिंग में भारत की महत्वपूर्ण छलांग शामिल है।

 

ये ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की बात कर रहा हूं जिसमें आज भारत विश्‍व स्‍तर पर 160 से 62 वें पायदान पर आकर खड़ा हुआ है। उसके पीछे प्रधानमंत्री जी का विजन और मैं अगर एम सी ए की बात करूं आज एक कंपनी ने नई कंपनी को इनकॉर्पोरेट करना है तो वो तीन या चार दिन में इनकॉर्पोरेट हो जाती है। क्‍योंकि एवरी डॉक्‍यूमेंट हेज टू बी सबमिटैड ऑनलाइन। पहले जहां, चार-चार महीने लगा करते थे, 6-6 महीने लगा करते थे कम्‍पनी को स्‍टैब्लिश होने में, इनकॉर्पोरेट होने में, आज बस तीन या चार दिन में अगर आपके डॉक्‍यमेंट सही से सबमिट हुए हैं, तो चार दिन में इन्‍कॉर्पोरेशन का सर्टिफिकेट मिलता है।

यह विशेष साक्षात्कार आज रात साढ़े नौ बजे एक सौ दशमलव एक आकाशवाणी एफएम गोल्ड चैनल और आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क पर विशेष श्रृंखला ‘विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल’ के अंतर्गत प्रसारित किया जाएगा।

 

****

 

नरेन्‍द्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर नरेन्‍द्र मोदी ऐप या नमो ऐप पर शुरू किए गए जन मन सर्वेक्षण के पहले दिन ही देश भर से पांच लाख से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल देशवासियों से पिछले 11 वर्षों में भारत की विकास यात्रा के सर्वेक्षण में शामिल होने का आग्रह किया था। यह सर्वेक्षण लोगों को सरकार के साथ अपनी प्रतिक्रिया और राय सीधे साझा करने के लिए मंच प्रदान करता है। यह सर्वेक्षण सुनिश्चित करता है कि लोगों की आवाज़ सुनी जाए और भविष्य की नीतियों को बनाने में विचार किया जाए। पहले दिन ही पांच लाख से अधिक प्रतिक्रियाओं के साथ ये सर्वेक्षण सीधे और सार्थक तरीके से लोगों से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

****

 

वर्तमान और भविष्य के अंतरिक्ष अनुसंधानों में सहयोग के उद्देश्य से वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए एक्सियम स्पेस कंपनी के चौथे मिशन की रवानगी खराब मौसम के कारण एक दिन के लिए स्‍थगित कर दी गयी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्‍यक्ष वी. नारायणन ने बताया कि अब एक्सियम-4 मिशन भारतीय समयानुसार कल शाम साढ़े पांच बजे केप कैनेवरल के कैनेडी स्पेस सेंटर से भेजा जाएगा।

 

****

 

ब्रिटेन ने गाजा के बारे में की गई टिप्पणियों के लिए दो दक्षिणपंथी इजरायली मंत्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश सचिव डेविड लैमी ने कहा कि इटामार बेन-ग्वीर और बेज़ेलेल स्मोट्रिच पर ब्रिटेन में प्रवेश पर प्रतिबंध लगेगा और देश में उनकी सभी संपत्तियां जब्त कर ली जाएंगी।

 

****

 

भारतीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने कल इंसब्रुक में ऑस्ट्रिया रेसवॉकिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 किलो मीटर पैदल चाल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वे 47 मिनट 54 सेकंड के समय के साथ प्रथम स्थान पर रही।

 

वहीं पुरुषों की 35 किलो मीटर स्पर्धा में, संदीप कुमार ने 2 घंटे 38 मिनट 45 सेकंड के समय के साथ रजत पदक और राम बाबू ने 2 घंटे 41 मिनट 47 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के राजनयिक संपर्क कार्यक्रम में शामिल सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की।
  • भारत ने पाकिस्‍तान को चेतावनी दी कि अगर आतंकवादी हमलों से उकसाया गया तो सीमा पार हमला किया जाएगा; रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई बताया।
  • देश में बिना व्‍यवधान 241 गीगावाट की अधिकतम बिजली मांग को पूरा किया गया; पिछले वित्त वर्ष में अब तक की सबसे अधिक 34 गीगावाट बिजली उत्‍पादन हुआ।
  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला कल अमेरिका के फ्लोरिडा से एक्सिओम-4 मिशन पर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की पहली यात्रा पर रवाना होंगे।
  • ब्रिटेन ने गाज़ा पर टिप्‍पणी को लेकर दो इजरायली मंत्रियों पर प्रतिबंध लगाया।
  • भारतीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने इंसब्रुक में ऑस्ट्रियाई रेसवॉकिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण, संदीप कुमार ने रजत और राम बाबू ने कांस्य पदक जीता।

****