मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा जोखिम कम करने के लिए पूर्व चेतावनी प्रणाली मजबूत करने का आह्वान किया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहृमण्यम जयशंकर ने कहा – भारत और ब्रिटेन के बीच हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौता दोतरफा व्यापार को बढ़ावा देने के साथ द्विपक्षीय संबंधों को भी बेहतर बनाएगा।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर मोटापा कम करने के लिए जागरूकता अभियान की शुरुआत की।
- देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों में कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अजहा धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया।
- ताइपे में ताइवान ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय खिलाडियों ने छह स्वर्ण पदक जीते।
- फ्रेंच ओपन टेनिस में, आर्यना सबालेंका और कोको गौफ के बीच महिला सिंगल्स फाइनल जारी है। सबालेंका ने पहला सेट जीता।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा से बचाव उपायों को मजबूत करने के लिए प्रमुख वैश्विक प्राथमिकताओं का उल्लेख किया है। इनमें वित्तपोषण और पूर्व चेतावनी प्रणाली और समन्वय को मजबूत करना शामिल है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आपदा बचाव के बुनियादी ढांचे पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन-सीडीआरआई-2025 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विकास में लचीलेपन की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि ऐसे बुनियादी ढांचे का निर्माण हो जो आपदा का सामना करने में सक्षम हो।
श्री मोदी ने पूर्व चेतावनी प्रणालियों के निर्माण के लिए 25 विकासशील लघु द्वीप देशों के साथ जारी सीडीआरआई के काम को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने उच्च शिक्षा में आपदा-प्रबंधन पाठ्यक्रम, मॉड्यूल और कौशल विकास कार्यक्रमों को एकीकृत करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छोटे द्वीप विकासशील राष्ट्रों को बड़े महासागर देशों के रूप में भारत की मान्यता की पुष्टि की और उनकी कमजोरियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री मोदी ने कार्यक्रम के आयोजन में समर्थन के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन और फ्रांस सरकार का आभार व्यक्त किया।
****
प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत पर किसी भी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा और आतंकवादियों तथा उनके आकाओं में कोई भेद नहीं किया जाएगा। श्री मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक लेख साझा करते हुए कहा कि सीमापार आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की भारत की नीति स्पष्ट है।
रक्षा मंत्री ने अपने लेख में कहा है कि बातचीत और आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकते। श्री सिंह ने कहा कि यदि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत को लेकर गंभीर है, तो उसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी हाफिज सईद और मसूद अजहर को भारत को सौंप देना चाहिए।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने भारत-ब्रिटेन व्यापक कार्यनीतिक भागीदारी बढाने में उनके योगदान की सराहना की, जिसे हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौते से और मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि वे सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में ब्रिटेन के समर्थन को महत्व देते हैं।
****
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने भारत और ब्रिटेन के बीच हाल में संपन्न हुए मुक्त व्यापार समझौते और दोहरी योगदान संधि को एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने नई दिल्ली में ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ बैठक में कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के आपसी व्यापार और निवेश में तो तेजी आएगी साथ ही आपसी संबंधों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में नक्सल विरोधी अभियानों में मुख्य भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से नई दिल्ली में मुलाकात की और उन्हें ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी। श्री शाह ने आज एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार भारत को नक्सलवाद के अभिशाप से मुक्त कराने को लेकर प्रतिबद्ध है।
****
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित शासन से एक दशक में देश में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर आकाशवाणी समाचार एक विशेष प्रसारण लेकर आया है। इस श्रृंखला में आज प्रस्तुत है । भारतीय किसानों के सशक्तिकरण पर यह विशेष रिपोर्ट-
पिछले ग्यारह वर्षों में, देश का कृषि क्षेत्र एक मौन क्रांति का गवाह रहा है। इसके पीछे “बीज से बाजार तक” के दृष्टिकोण की प्रेरणा रही है। कृषि में सरकार का बजट आवंटन लगभग पांच गुना बढ़ा है। 2013-14 में यह 28 हज़ार करोड़ रुपये था जो 2024-25 में बढ़कर एक लाख 37 हजार करोड़ रुपये का हो गया है। प्रधानमंत्री किसान योजना के अंतर्गत तीन लाख 70 हजार करोड़ रूपये से अधिक की धनराशि 11 करोड़ किसानों तक सीधे पहुंचाई गई है। किसानों की वित्तीय सुरक्षा में भी सुधार हुआ। किसान क्रेडिट कार्ड योजना ने 10 लाख करोड़ रुपये का ऋण दिया, वहीं, फ़सल बीमा योजना से लगभग 20 करोड़ किसानों को लाभ हुआ है, जिनके एक लाख 75 हजार करोड़ रुपये के फ़सल बीमा दावों का निपटान किया गया। गेहूं, धान, दलहन और तिलहन जैसी प्रमुख फ़सलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में भारी बढ़ोतरी हुई है। सोलर पंपों के लिए पीएम-कुसुम और प्राकृतिक खेती मिशन जैसी योजनाओं से कृषि क्षेत्र में मजबूती और स्थिरता को बढ़ावा मिला। पीएम कृषि सिंचाई और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना ने सिंचाई और मृदा उत्पादकता को मजबूत किया है। किसानों को आधुनिक उपकरणों और वैज्ञानिक जानकारी के साथ सशक्त बनाया है। सरकार ने संबद्ध क्षेत्रों पर भी ध्यान केंद्रित किया है। दूध उत्पादन में 63 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है। इससे भारत दुनिया का शीर्ष डेयरी उत्पादक बन गया है और दुग्ध उत्पादन से जुडे 8 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ हुआ है। मछली पालन में, भारत का उत्पादन दस वर्षों में लगभग दोगुना हो गया है। इससे ग्रामीण आजीविका और तटीय समृद्धि को बढ़ावा मिला। आज, भारतीय किसान केवल एक कृषक नहीं है, अब वो राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान भी दे रहा है। दिल्ली से विष्णु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
****
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक खानपान के माध्यम से मोटापा रोकने के, भारतीय खाद्य संरक्षा और मानक प्राधिकरण के, जागरूकता अभियान की शुरुआत की। यह अभियान आज बेंगलुरु में विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस समारोह के साथ आरंभ हुआ। केन्द्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत तभी विकसित बन सकता है, जब उसके नागरिक स्वस्थ रहें।
केंद्रीय मंत्री ने समारोह के दौरान ईट राइट नामक एक पुस्तक का लोकार्पण किया।
****
केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना किसानों को अधिक समृद्ध बनाने और कृषि सुधारों पर निर्भर करेगा। उन्होंने किसानों को विकसित कृषि संकल्प अभियान सफल बनाने के लिए वैज्ञानिकों की बात सुनने और अपने काम में उनकी सलाह का प्रयोग करने को प्रोत्साहित किया। वे मध्य प्रदेश के सीहोर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मेरे विभाग में 16 हजार वैज्ञानिक हैं कृषि विभाग में। मैंने वैज्ञानिकों से कहा कि रिसर्च जो की है वो जाके किसानों को गांव में बताना पड़ेगा, ताकि किसान उसके अनुरूप खेती कर सके और उत्पादन बढ़ा सके। विकसित भारत के लिए विकसित खेती और समृद्ध किसान ये हमारा संकल्प है कि इसको वैज्ञानिकों के साथ कृषि विभाग भारत सरकार, कृषि विभाग मध्य प्रदेश सरकार केवीके कृषि विज्ञान केंद्र मिलकर पूरा करेंगे, ताकि इसी साल खरीफ की फसल में उत्पादन हम बढ़ा सकें।
****
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बार-बार चुनाव हारने के बाद भी बेबुनियादी बातें करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नड्डा ने एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित श्री गांधी के लेख में महाराष्ट्र चुनाव को लेकर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
निर्वाचन आयोग ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दावों को निराधार बताया है।
****
असम में बाढ की स्थिति में थोडा सुधार हुआ है। 12 जिलों में तीन लाख तीस हजार से अधिक लोग अभी भी बाढ से जूझ रहे हैं। कामरूप मेट्रो जिले में आज दोपहर बाद मिट्टी धंसने और बाढ के कारण दो लोगों की मृत्यु हो गई है। बाढ़ से अब तक राज्य में 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
****
कुर्बानी का त्यौहार ईद-उल-अजहा आज पूरे देश में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महाराष्ट्र में भी ईद-उल-अजहा का त्यौहार उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
मुंबई में ईद-उल-अजहा के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने हाजी अली दरगाह और सुन्नी जामा मस्जिद सहित अन्य स्थानों पर नमाज़ अदा की। पुणे-सोलापुर रोड़ स्थित ईदगाह मैदान में हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक नमाज़ अदा की। जिसके बाद विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए दुआ की गई। अंकिता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
****
रूस ने आज सुबह यूक्रेन में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किये जिनमें लगभग तीन लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। यूक्रेन की वायु सेना ने विमान, वायु रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का इस्तेमाल करते हुए 206 ड्रोन और नौ मिसाइलों को रोकने की सूचना दी है।
****
भारतीय खिलाडियों ने ताइवान ओपन में शानदार शुरुआत करते हुए प्रतियोगिताओं के पहले दिन छह स्वर्ण पदक जीते है। भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमों ने चार गुणा सौ मीटर रिले प्रतिस्पर्धा के अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
****
और, फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स का खिताबी मुकाबला जारी है। विश्व की नम्बर एक खिलाड़ी आर्याना साबालेंका का सामना विश्व की नम्बर दो खिलाड़ी कोको गौफ से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों खिलाड़ी एक-एक सैट जीतकर बराबरी पर हैं।
वहीं पुरुषों के सिंगल्स के खिताबी मुकाबले में कल जैनिक सिनर और कार्लोस अल्काराज आमने-सामने होंगे।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा जोखिम कम करने के लिए पूर्व चेतावनी प्रणाली मजबूत करने का आह्वान किया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहृमण्यम जयशंकर ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौता दोतरफा व्यापार को बढ़ावा देने के साथ द्विपक्षीय संबंधों को भी बेहतर बनाएगा।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर मोटापा कम करने के लिए जागरूकता अभियान की शुरुआत की।
- देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों में कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अजहा धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया।
- ताइपे में ताइवान ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय खिलाडियों ने छह स्वर्ण पदक जीते।
- फ्रेंच ओपन टेनिस में, आर्यना सबालेंका और कोको गौफ के बीच महिला सिंगल्स फाइनल जारी है। सबालेंका ने पहला सेट जीता।
****