Download
Mobile App

android apple
signal

April 21, 2025 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा की।

 

  • प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याणकारी योजनाओं की लोगों तक पहुंच और प्रभाव के माध्यम से शासन में गुणवत्ता निर्धारित करने पर जोर दिया। सिविल सेवकों से वैश्विक चुनौतियों पर बारीकी से नजर रखने का आग्रह किया।

 

  • इस वर्ष मार्च में देश का बुनियादी ढांचा उत्पादन 3 दशमलव 8 प्रतिशत बढा।

 

  • पोप फ्रांसिस के निधन पर उन्‍हें दुनिया भर से श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री मोदी और अन्य वैश्विक नेताओं ने करुणा और विनम्रता की उनकी विरासत की सराहना की।

 

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

 

  • आईपीएल टी20 क्रिकेट में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स ने ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटन्स के साथ मैच में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

———

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और अमरीका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के बीच नई दिल्ली में बैठक जारी है। श्री वेंस अपनी पत्नी ऊषा वेंस के साथ कुछ देर पहले प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर पहुंचे। श्री मोदी ने अतिथि उपराष्‍ट्रपति के लिए रात्रिभोज का आयोजन रखा है। यह अमरीका के उपराष्ट्रपति श्री वेंस की भारत की पहली यात्रा है, जो दोनों पक्षों को द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा करने और इस वर्ष 13 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी की अमरीकी यात्रा के दौरान जारी भारत-अमरीका संयुक्त बयान के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा करने का एक अवसर प्रदान करेगी। दोनों पक्ष परस्पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। 

 

भारत और अमरीका के बीच एक व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो मानव प्रयास के लगभग सभी क्षेत्रों को कवर करती है। यह साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कई मुद्दों पर हितों के मेल और जीवंत जन-जन संपर्कों से प्रेरित है। दोनों देशों के नेताओं के बीच नियमित संवाद, द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार का एक महत्वपूर्ण तत्व है।

 

अमरीका के उपराष्ट्रपति आज अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। राष्‍ट्रीय राजधानी के हवाई अड्डे पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका स्वागत किया। इस दौरान  उपराष्ट्रपति को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उपराष्ट्रपति वेंस ने आज दिल्‍ली में अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया। उनका कल जयपुर और बुधवार को आगरा जाने का भी कार्यक्रम है। 

 

———–

 

अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज रात अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंच रहे हैं। इस यात्रा के दौरान अमरीकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। श्री वेंस जयपुर में तीन दिन तक रुकेंगे। एक रिपोर्ट : 

 

तीन दिवसीय जयपुर प्रवास के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति परिवार के साथ विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इनमें आमेर किला, सिटी पैलेस और जंतरमंतर शामिल हैं। वहीं जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में कल भारतअमेरिका व्यापार संबंधों का भविष्य विषय पर बिजनेस समिट को संबोधित करेंगे। इस यात्रा के दौरान श्री वेंस का राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम है। श्री वेंस का राजस्थान की परम्परा और संस्कृति अनुरूप स्वागत किया जाएगा। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

 

———

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार जिन नीतियों पर काम कर रही है वह अगले एक हजार वर्षों के भविष्‍य का आकार निर्धारित करेंगी। श्री मोदी ने देश के प्रति अपने दृष्टिकोण को साकार करने में सभी से प्रति दिन और प्रति क्षण अथक प्रयास करने का अनुरोध किया। आज नई दिल्‍ली में 17वें सिविल सेवा दिवस के अवसर पर सिविल सेवकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दस-ग्‍यारह वर्षों में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्‍होंने विकसित भारत का लक्ष्‍य प्राप्‍त करने में सामूहिक प्रयास और संकल्‍प के महत्‍व पर भी जोर दिया। श्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत छोटे परिवर्तनों से आगे निकलते हुए प्रभावशाली परिवर्तन का साक्षी बना है।

 

पिछले दस सालों में भारत ने कई ट्रांसफॉर्मेटिव बदलाव करके दिखाएं हैं। उपलब्धियों की नई ऊंचाई को छुआ है। भारत आज सिर्फ ग्रोथ की वजह से नहीं जाना रहा बल्कि गवर्नन्‍स, ट्रांसपरेंसी और इनोवेशन के बेंचमार्क्‍स, आज भारत सेट कर रहा है। जी-20 प्रसीडेंसी भी इसका एक उदाहरण है। 

 

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा तथा अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्रों में आने वाले वर्षों के लिए भारत के महत्‍वकांक्षी लक्ष्‍यों का भी उल्‍लेख किया।

 

एनर्जी सेक्‍योरिटी से जुडे लक्ष्‍य, क्‍लीन एनर्जी से जुडे लक्ष्‍य, स्‍पोर्ट्स को लेकर, स्पेस को लेकर यानि ऐसे अनेक नये लक्ष्‍य, हर सेक्‍टर में देश का परचम और नई ऊंचाइयों पर लहराना है। भारत को दुनियां की तीसरी सबसे बडी इकोनॉमी भी बनाना है। 

 

आकांक्षी जिलों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल से स्‍वास्‍थ्‍य, सामाजिक विकास और मूलभूत सुविधाओं की दृष्टि से देश के विभिन्‍न भागों में अभूतपूर्व परिवर्तन सामने आए हैं। इस अवसर पर श्री मोदी ने सिविल सेवकों को जिलों के समग्र विकास, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम और नवाचार की श्रेणियों में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने  दो ई-बुक भी जारी की।

 

————

 

गृहमंत्री अमित शाह ने छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय के साथ राज्‍य में नए आपराधिक कानूनों को लागू करने की स्थिति की समीक्षा की। इस वार्ता में पुलिस, जेल, अदालत, अभियोजन और फॉरेंसिक सेवाओं से जुड़े प्रावधानों की मौजूदा स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। अपने संबोधन में श्री शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में लाए गए तीनों नए आपराधिक कानूनों को पूरी तरह से लागू किए जाने के महत्‍व पर जोर दिया।

 

———-

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज लोगों से आग्रह किया कि वे लिवर की सेहत की देखभाल करने, उसका नियमित रूप से परीक्षण कराने और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रतिज्ञा लें। श्री नड्डा ने यह बात नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आयोजित एक स्वास्थ्य शिविर में लिवर हेल्थ प्रतिज्ञा समारोह को संबोधित करते हुए कही।

 

———

 

केंद्रीय कौशल विकास राज्‍य मंत्री जयंत चौधरी ने देश भर के शिक्षा संस्‍थानों से आग्रह किया है उद्योग जगत की उभरती आवश्‍यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण के कार्यक्रम संचालित करें। वे आज गांधी नगर में पंडित दीनदयाल ऊर्जा विश्‍वविद्यालय के उत्‍कृष्‍टता केंद्र के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री चौधरी ने सेमी कंडक्‍टर विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा और स्‍मार्ट प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों के लिए भारतीय युवाओं को तैयार करने के महत्‍व का उल्‍लेख किया।

 

यहां कुछ वर्कफोर्स हमें बनानी पडेगी। सेमीकंडेक्‍टर इंडिया के लिए एक नया इन्‍वेस्‍टमेंट है और सिर्फ इसलिए संभव हो रहा है क्‍योंकि टॉप से कुछ है। जब आप सेमीकंडेक्‍टर इंडस्ट्री को बढावा देंगे त‍भी हमारे यहां डेटा सेंटर स्‍थापित होगा। हमारे यहां जो ऑटोमोटिव इंडस्‍ट्री है उसको नये इनोवेशन के साथ उनको जोड पाएंगे। तो देश को आत्‍मनिर्भर बनाने के लिए मेक इन इंडिया के ड्रीम को अचीव करने के लिए, विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए, ये अनिवार्य है। 

 

———-

 

भारत का बुनियादी ढांचा उत्पादन इस वर्ष मार्च में वार्षिक आधार पर तीन दशमलव आठ प्रतिशत बढ़ा। पिछले महीने सीमेंट, उर्वरक, इस्पात, बिजली, कोयला और रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन सकारात्मक वृद्धि के साथ दर्ज किया गया। वित्तीय वर्ष 2025 के दौरान आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक की संचयी वृद्धि दर पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में चार दशमलव चार प्रतिशत रही। आठ प्रमुख उद्योग उन वस्तुओं के भार का 40 दशमलव 27 प्रतिशत हिस्सा बनाते हैं, जो औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में शामिल हैं।

 

———–

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब की द्विपक्षीय यात्रा पर जायेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब की तीसरी आधिकारिक यात्रा होगी। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से –

 

भारत के लिए सऊदी अरब भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यापक क्षेत्रीय स्थिरता को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण साझेदार है। दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय भागीदारी बहुमुखी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दर्शाती है। भारत के “ऑपरेशन कावेरी” ने सऊदी अरब की सहायता से सूडान से साढ़े तीन हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को सफलतापूर्वक निकाला। जेद्दाह में भारतीय प्रवासियों के प्रमुख सदस्‍य डॉक्‍टर प्रिंस मुफ्ती जियाउल हसन ने ऑपरेशन कावेरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्‍होंने बताया:-

 

प्रधानमंत्री मोदी की आगामी यात्रा के दौरान चर्चाओं में क्षेत्रीय सुरक्षा, मानवीय समन्वय और सूडान जैसे संकटों से निपटने की रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की आशा है। विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय ।

 

———

 

पोप फ्रांसिस के निधन पर दुनिया भर के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पोप फ्रांसिस का आज 88 वर्ष की आयु में वेटिकन के कासा सांता मार्टा स्थित अपने निवास पर लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पोप फ्रांसिस को दुनिया भर के लाखों लोग हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिकता के प्रतीक के रूप में याद रखेंगे।

 

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें अत्यंत विनम्र व्यक्ति के रूप में याद किया। यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्‍लास ने भी पोप फ्रांसिस के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने दुनिया के सभी कैथोलिकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

 

जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, कैथोलिक चर्च और दुनिया ने कमज़ोर वर्गों की आवाज उठाने वाला, मिलनसार और उत्‍साही व्यक्ति खो दिया है।

 

ब्रिटेन प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा कि सभी के लिए न्यायपूर्ण दुनिया को बढ़ावा देने के पोप फ्रांसिस के अथक प्रयास हमेशा याद किए जाते रहेंगे।

 

इटली के प्रधानमंत्री मेलोनी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया और पोप फ्रांसिस को एक महान व्यक्ति और पादरी बताया।

 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि पोप फ्रांसिस चाहते थे कि चर्च सबसे गरीब लोगों के लिए खुशी और उम्मीद लेकर आए।

 

केरल में मीडिया से बात करते हुए सिरो-मालाबार कैथोलिक चर्च के मेजर आर्कबिशप एमेरिटस, कार्डिनल जॉर्ज एलेनचेरी ने कहा कि पोप फ्रांसिस ने अपना जीवन लोगों के लिए समर्पित कर दिया।

 

———–

 

केंद्रीय पत्तन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रीमंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज मुंबई में मुंबई इंटरनेशनल क्रूज़ टर्मिनल से क्रूज़ संचालन को रवाना किया। मुंबई इंटरनेशनल क्रूज़ टर्मिनल भारत का सबसे बड़ा वर्ल्ड क्लास क्रूज़ टर्मिनल है। हाल ही में उद्घाटन किए गए इस टर्मिनल की क्षमता प्रति वर्ष 10 लाख यात्रियों को संभालने की है। यह टर्मिनल एक साथ 5 जहाजों को संभालने में सक्षम है। इस अवसर पर श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए पोर्ट-आधारित समृद्धि के आह्वान ने हमारे समुद्री दृष्टिकोण को नया आकार दिया है।

 

———

 

झारखंड में आज बोकारो के लुगु पहाड़ी इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ मुठभेड में 8 नक्सली मारे गए। झारखंड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने बताया कि सुरक्षाबलों ने अब तक आठ माओवादियों के शव बरामद किए हैं। मुठभेड़ स्‍थल से बड़ी संख्‍या में हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया है।

 

——–

 

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है। मूसलधार और आर्द्र मौसम की संभावना भी अगले 24 घंटों के दौरान मराठवाड़ा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश व यनम के कुछ अलग-अलग स्थानों पर जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान देश के पूर्वोत्तर भागों में मूसलाधार वर्षा की संभावना है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बुधवार तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

———

 

आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 18वें ओवर में 2 विकेट पर 168 रन बना लिए हैं। गुजरात सात मैचों में पांच मैच जीतकर अंक तालिका में 10 अंकों के साथ शीर्ष पर है। जबकि, कोलकाता तीन जीत और चार हार के साथ सातवें स्थान पर है।

 

———–

 

पेरू के लीमा में चल रहे आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्वकप कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्‍टल स्‍पर्धा में मनु भाकर, सिमरनप्रीत कौर और ईशा सिंह ने फाइनल राउंड में प्रवेश कर लिया है। साथ ही ट्रैप मिक्‍स्‍ड स्‍पर्धा के क्‍वालिफिकेशन राउंड में इस समय भारत की प्रगति दुबे और पृथ्‍वीराज टोंडाईमान तथा नीरू और लक्ष्‍य की जोड़ी निशाना साध रही है।

 

———–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करेंगे।

 

  • प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याणकारी योजनाओं की लोगों तक पहुंच और प्रभाव के माध्यम से शासन में गुणवत्ता निर्धारित करने पर जोर दिया। सिविल सेवकों से वैश्विक चुनौतियों पर बारीकी से नजर रखने का आग्रह किया।

 

  • इस वर्ष मार्च में देश का बुनियादी ढांचा उत्पादन 3 दशमलव 8 प्रतिशत बढा।

 

  • पोप फ्रांसिस के निधन पर उन्‍हें दुनिया भर से श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री मोदी और अन्य वैश्विक नेताओं ने करुणा और विनम्रता की उनकी विरासत की सराहना की।

 

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

  • आईपीएल टी20 क्रिकेट में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स ने ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटन्स के साथ मैच में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

 

———–