मुख्य समाचार :-
- भारत ने इस्लामिक सहयोग संगठन मंच पर लम्बे समय से भारत विरोधी प्रचार करने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की।
- पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीडित परिवारों को मदद का आश्वासन दिया।
- गुजरात सरकार ने हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों पर पांच प्रतिशत कर छूट की घोषणा की।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा-वेव्स रचनात्मक समाधानों के लिए रचनाकारों, खरीदारों और बाजारों के बीच एक वैश्विक कनेक्टर के रूप में उभर रहा है।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन से संघर्ष में रविवार आधी रात तक ईस्टर युद्धविराम की घोषणा की।
- स्क्वॉश में, वीर चोटरानी और अनाहत सिंह, कुआलालंपुर में विश्व चैम्पियनशिप क्वालीफाइंग इवेंट एशिया के फाइनल में पहुंचे।
- अहमदाबाद में आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराया। जयपुर में, लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच जारी।
*****
भारत ने पाकिस्तान द्वारा इस्लामिक सहयोग संगठन-ओआईसी के दुरुपयोग की भर्त्सना की है। आज शाम नई दिल्ली में मीडिया को इस बारे में जानकारी देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि ये पाकिस्तान का पुराना तरीका है और भारत इसके खिलाफ हमेशा आवाज बुलन्द करता रहा है और इस बारे में ओआईसी के मित्रों को अवगत कराता रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ओआईसी में इसी प्रकार के छलकपट करता रहा है और यह बात इस संगठन के मित्रों तथा सदस्य देशों को भलीभांति मालूम है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने विचारों से संगठन के सदस्य देशों को अवगत कराता रहेगा।
रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में विदेश सचिव ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर विचार-विमर्श जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मुद्दे के समधान के संदर्भ में द्विपक्षीय वार्ता की आवश्यकता पर बल दिया है। भारत का विचार है कि द्विपक्षीय वार्ता से ही इस समस्या का समाधान निकलेगा। भारत को इस बात की प्रसन्नता है कि इस दिशा में कुछ किया जा रहा है और सउदी अरब जैसा एक सहयोगी देश फिर इस मामले में सक्रिय हो गया हैं।
*****
भारत ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक नेता भावेश चंद्र रॉय के अपहरण और हत्या की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के तहत हिंदू अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जबकि इसी तरह के पिछले अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल रही है। भारत ने अंतरिम सरकार से हिंदुओं सहित सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा करने की अपनी जिम्मेदारी को बिना किसी भेदभाव के पूरा करने का आग्रह किया है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। प्रधानमंत्री सऊदी अरब के शहजादे और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की सऊदी अरब की यह तीसरी यात्रा होगी। इससे पहले वह वर्ष 2016 और वर्ष 2019 में सऊदी अरब गए थे। प्रधानमंत्री की यह यात्रा सितम्बर 2023 में नई दिल्ली में जी-20 की बैठक में भाग लेने आए शहजादे सलमान की राजकीय यात्रा और भारत-सऊदी अरब रणनीतिक भागीदारी परिषद की पहली बैठक की सहअध्यक्षता करने के बाद हो रही है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भारत के लिए सऊदी अरब का रणनीतिक भागीदार होने के कारण प्रधानमंत्री की यह यात्रा महत्वपूर्ण है।
*****
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ.सी.वी.आनंद बोस ने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरूद्ध हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
राज्यपाल ने आज मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया और इस महीने की 12 तारीख को एक हिंसक भीड़ द्वारा मारे गए पिता-पुत्र के परिजनों से भेंट की। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी इन्जामुल-हक सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। राज्यपाल ने जाफराबाद के हिंसाग्रस्त गांव का भी दौरा किया।
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर के नेतृत्व में पांच सदस्यों का एक दल हरगोविंद दास और चंदन दास के परिवार से मिला। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. अर्चना मजूमदार ने कहा कि केंद्र सरकार हमेशा आम लोगों के साथ है। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद का भरोसा दिलाया।
*****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार देश में स्वास्थ्य देखभाल के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। श्री शाह ने विश्व लिवर दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में यकृत और पित्त विज्ञान संस्थान द्वारा आयोजित स्वस्थ लिवर-स्वस्थ भारत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री शाह ने युवाओं से स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम पर विशेष बल दिया।
मैं देशभर के विशेष कर सभी युवाओं को जिनको अभी 40-50 साल तक अपना जीवन व्यतीत करना है, इस देश के विकास में योगदान देना है। उन युवाओं को मैं जरूर कहना चाहूंगा कि अपने शरीर के लिए दो घंटा और दिमाग के लिए कम से कम 6 घंटे की नींद एक बार रिजर्व कर लीजिए अनेक गुना उपयोगिता इसकी बढ़ जाएगी।
*****
गुजरात सरकार ने हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों पर पांच प्रतिशत कर छूट की घोषणा की है।
एक रिपोर्ट –
गुजरात सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों की मोटर व्हीकल की वर्तमान छह प्रतिशत दर को घटाकर एक प्रतिशत करने की घोषणा की है। इस कारण बिजली से चलने वाले वाहनों की कर दर में पांच प्रतिशत की रियायत दी गई है। दर में कमी का उद्देश्य बिजली से चलने वाले वाहनों के अधिक से अधिक इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण को संरक्षित किया जाना है। इस निर्णय से पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यावरण संरक्षण की यह शुरुआत अगले वर्ष 31 मार्च तक वैध रहेगी। इसके बारे में समस्त जानकारी वाहन 4.0 पोर्टल पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, मैक्सी श्रेणी के अंतर्गत वर्गीकृत यात्री वाहनों पर पहले से लागू 8 प्रतिशत और 12 प्रतिशत की कर दरों को भी संशोधित कर 6 प्रतिशत की एकसमान दर पर कर दिया गया है। ये वाहनों में उपलब्ध बैठने की क्षमता पर आधारित है। अहमदाबाद से अपर्णा खुंट की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।
*****
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मीडिया के लिए विषयवस्तु तैयार करने वाले लोगों और उनकी अर्थव्यवस्था में आमूलचूल बदलाव हो रहा है।
वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) से पहले श्री वैष्णव ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रौद्योगिकी के साथ पुराना मॉडल नए मॉडल को रास्ता दे रहा है और नए अवसरों के साथ-साथ चुनौतियां भी पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वेब्स विश्व स्तर पर विषय वस्तु तैयार करने वालों, खरीददारों और बाजार के लिए एक सम्पर्क के रूप में उभर रहा है।
*****
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो ने आत्मनिर्भरता अभियान के अंतर्गत पीएसएलवी के चौथे चरण में नोजल बनाने के लिए आयातित कोलुम्बियम सामग्री के स्थान पर एक वैकल्पिक सामग्री विकसित की है। एक रिपोर्ट-
स्वदेशी रूप से विकसित नोजल स्टेललाइट से बनाया गया है। यह वैकल्पिक सामग्री कोबाल्ट धातु से बनी है जिसमें क्रोमियम, निकल, टंगस्टन और इस्पात का मिश्रण किया गया है। परीक्षण में पाया गया है कि स्टेललाइट से बना नोजल एक हजार एक सौ पचास डिग्री सेल्सियस के उच्च तापमान पर भी मजबूती बरकरार रखता है। इसरो ने इस संबंध में पहले तीन परीक्षण किए हैं और अंतिम परीक्षण आठ अप्रैल को किया गया जो सफल रहा। यह उच्च ताप परीक्षण छह सौ 65 सैकंड तक चला। यह परीक्षण तमिलनाडु में महेन्द्रगिरि के इसरो परिसर में किया गया। इसरो ने महेन्द्रगिरि परिसर में मानव को अंतरिक्ष में ले जाने वाले इंजन विकास का भी सफल परीक्षण किया। यह इंजन गगनयान अभियान में प्रयोग होगा। विकास इंजन देश में निर्मित किया गया है। बेंगलुरू से सुधीन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
*****
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन मेघवाल ने कहा है कि न्यायपालिका में एआई की बढ़ती भूमिका के बावजूद मानव हस्तक्षेप अनिवार्य बना रहेगा। आज पुणे में ‘कानून में एआई‘ विषय पर आयोजित एक कानूनी सम्मेलन में बोलते हुए श्री मेघवाल ने ई-कोर्ट्स परियोजना के तहत एक वर्चुअल हाईकोर्ट बेंच के प्रस्ताव की घोषणा की। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नोटरी से संबंधित समस्याओं का समाधान 15 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने आज दावा किया कि नेशनल हेराल्ड मामले में फर्जी किरायानामा, अग्रिम किराया भुगतान तथा नकली विज्ञापन का प्रयोग धन-शोधन के लिए किया गया।
भाजपा के प्रवक्ता प्रत्युष कंठ ने आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि एक सौ 42 करोड रूपये के किराए का बडा हिस्सा एसोसिएटिड जरनल लिमिटेड को मिला है जो हेराल्ड समाचार पत्र की मालिक कम्पनी है।
*****
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज यूक्रेन में ईस्टर पर्व के अवसर पर युद्धविराम की घोषणा की है। युद्धविराम आज शाम से शुरू होकर रविवार आधी रात तक जारी रहेगा। एक टेलीविजन कार्यक्रम में रूस के सैन्य अभियान के कमांडर वालेरी गेरासिमोव से बातचीत करते हुए श्री पुतिन ने ईस्टर युद्धविराम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन भी रूस ही की तरह ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करेगा। इसके साथ ही उन्होंने सेना प्रमुख को ये भी कहा कि वे यूक्रेन द्वारा किसी भी उल्लघंन का जवाब देने के लिए भी तैयार रहें।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ईस्टर की पूर्व-संध्या पर देश और विदेश में रहने वाले ईसाई समुदाय सहित सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा कि पवित्र ईस्टर का त्यौहार जीसस क्राइस्ट के पुनर्जीवित होने का प्रतीक है और निस्वार्थ प्रेम और सेवा का संदेश देता है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि जीसस क्राइस्ट का बलिदान क्षमा और त्याग के मूल्यों की शिक्षा देता है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने भी ईसाई समुदाय और सभी नागरिकों को ईस्टर की शुभकामनाएं दी। एक संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि ईस्टर आशा और जीसस क्राइस्ट के पुनर्जीवन के माध्यम से नवीनीकरण का प्रतीक है।
*****
अमरीका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता का दूसरा दौर आज से इटली में शुरू हो गया है। दोनों पक्ष ईरान के असैन्य परमाणु कार्यक्रम और ईरान के खिलाफ अमरीकी पाबंदी को समाप्त करने के बारे में विचार-विमर्श कर रहे हैं। इस वार्ता में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची और अमरीकी राष्ट्रपति के मध्य एशिया के लिए विदेश दूत स्टीव विटकॉफ भाग ले रहे हैं। इस बैठक की मेज़बानी इटली की राजधानी रोम स्थित ओमान का दूतावास कर रहा है।
*****
स्क्वॉश में भारत के वीर चोटरानी और अनाहत सिंह ने आज मलेशिया में विश्व चैम्पियनशिप एशिया क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दूसरी वरीयता प्राप्त वीर चोटरानी ने आठवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग के ची हिम वोंग को 3-1 से हराया। वह कल फाइनल में पाकिस्तान के शीर्ष खिलाड़ी मोहम्मद असिम खान या मलेशिया के तीसरी वरीयता प्राप्त अमीशेनराज चंदरन से खेलेंगे।
वहीं, महिला वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त 17 वर्षीय अनाहत ने हांगकांग की हेलेन टैंग को 3-0 से हराया।
*****
आई.पी.एल. क्रिकेट में जयपुर में इस समय राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से हो रहा है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 4 विकेट पर 132 रन बना लिए थे।
इससे पहले, अहमदाबाद में गुजरात टाईटंस ने डेल्ही कैपीटल्स को सात विकेट से पराजित किया। गुजरात टाईटंस ने 20वें ओवर में तीन विकेट पर 204 रन बना कर जीत दर्ज की।
*****
दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आज तड़के एक चार मंजिला इमारत ढ़हने से ग्यारह लोगों की मृत्यु हो गई और पांच घायलों का इलाज चल रहा है। इसके अतिरिक्त छह घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई हैं। पुलिस, अग्निशमन विभाग, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा अन्य एजेंसियों के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ बचाव कार्य में लगा हुआ है।
*****
पंजाब पुलिस ने राज्य की शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो विदेशी आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और उसके 13 सहयोगियों को हथियारों और गोला-बारूद के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत ने इस्लामिक सहयोग संगठन मंच पर लगातार भारत विरोधी प्रचार करने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की।
- पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीडित परिवारों को मदद का आश्वासन दिया।
- गुजरात सरकार ने हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों पर पांच प्रतिशत कर छूट की घोषणा की।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा-वेव्स रचनात्मक समाधानों के लिए रचनाकारों, खरीदारों और बाजारों के बीच एक वैश्विक कनेक्टर के रूप में उभर रहा है।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन से संघर्ष में ईस्टर के कारण रविवार आधी रात तक युद्धविराम की घोषणा की।
- स्क्वॉश में, वीर चोटरानी और अनाहत सिंह, कुआलालंपुर में विश्व चैम्पियनशिप एशिया क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे।
- अहमदाबाद में आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराया। जयपुर में, लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच जारी।
*****