मुख्य समाचार :-
- देश अंतरिक्ष में इतिहास रचने को तैयार, अगले महीने एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरेगा।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 33 माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग के प्रतिनिधियों ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संबंधित हिंसा के पीड़ितों से मुलाकात की।
- केंद्र ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में निष्पक्षता को बढ़ावा देने के लिए रडार उपकरण संबंधी नियमों को अधिसूचित किया।
- गुड फ्राइडे के अवसर पर विश्व भर में गिरिजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन।
- स्क्वॉश में, भारत के वीर चोटरानी कुआलालंपुर में विश्व चैम्पियनशिप एशिया क्वालीफायर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे।
—–
भारत अपनी अंतरिक्ष यात्रा में इतिहास रचने के लिए तैयार है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष मिशन के हिस्से के रूप में अगले महीने एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के लिए उडान भरेगा। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैपटन शुभांशु शुक्ला एक्सियोम अंतरिक्ष मिशन एएक्स-4 का हिस्सा होंगे। एक रिपोट –
श्री जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद कहा कि आगामी महीनों में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के भविष्य की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करने के लिए देश अंतरिक्ष में अगला मील का पत्थर स्थापित करने के लिए तैयार है। श्री सिंह ने आगामी मानव अंतरिक्ष उडान और इसरो के कई महत्वपूर्ण मिशनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गगनयान जैसी अंतरराष्ट्रीय और रणनीतिक गति की परियोजनाओं के साथ सहयोग अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में एक वैश्विक नेता बनने के प्रति भारत की वचनबद्धता को दर्शाता है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि ये प्रयास न केवल वैज्ञानिक बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप भी है। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
—-
छत्तीसगढ के सुकमा जिले में आज 33 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों पर कुल 49 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इन नक्सलियों के आत्मसमर्पण करने के साथ बडसेटी को आधिकारिक तौर पर बस्तर संभाग की पहली नक्सल मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया है।
सुकमा जिले में टोटल 33 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और इसमें से जो 22 नक्सली थे वो अलग-अलग संगठन में शामिल थे। छत्तीसगढ़ शासन की जो आत्मसमर्पण नीति है उसके अनुसार सम्पूर्ण नक्सली आत्मसमर्पण करते हैं और उसके बाद यदि गांव में एक भी नक्सली नहीं बचता है तो उस गांव को छत्तीसगढ़ शासन इस खास काम के लिए एक करोड़ रुपये देगी और ये बड़सेटी पहला गांव बना है, जिसमें पूरे नक्सलियों ने अभी तक आत्मसमर्पण कर दिया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सुकमा के बडसेटी पंचायत के 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इससे यह पंचायत पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो गयी है। श्री शाह ने नक्सलमुक्त भारत अभियान में इस सफलता के लिए सुरक्षा बलों के कर्मियों और छत्तीसगढ पुलिस को बधाई दी है।
श्री अमित शाह ने कहा है कि कोबरा कामांडो और छत्तीसगढ पुलिस ने बीजापुर जिले में विभिन्न अभियानों में आधुनिक हथियारों और विस्फोटक सामग्रियों के साथ 22 नक्सलियों को गिरफ्तार किया। गृह मंत्री ने कहा कि सरकार अगले वर्ष 31 मार्च से पहले देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के प्रति दृढ़संकल्प है।
—-
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग-एनएचआरसी और राष्ट्रीय महिला आयोग-एनसीडब्ल्यू के प्रतिनिधियों ने आज पश्चिम बंगाल में मालदा के बैष्णबनगर के पारलालपुर का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने मुर्शिदाबाद में वक्फ विरोध के कारण घरों को छोडकर सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करने वाले पीडितों से मुलाकात की। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने महिलाओं और बच्चों के राहत शिविरों में गंभीर कष्ट में होने की बात कही।
यहां पर महिलाएं है, बच्चे हैं उन सभी को मैं मिली हूं उनके साथ क्या बीती है, इसके बारे में उन्होंने अभी मुझे बताया है। हम उनके साथ बात भी कर रहे हैं, पर मैं एक ही बात कहूंगी कि जो वो बात कह रही है यह बात बहुत कल्पना के बाहर से है। इन महिलाओं को बहुत तकलीफ हुई है। मुझे लगता है कि अभी और उनके साथ बात करने की जरूरत है।
श्रीमती विजया राहटकर ने कहा कि इस क्षेत्र को अस्थिर करने के षडयंत्र रचने और प्रशासनिक अनदेखी के आरोप लगे हैं। इस बीच, राज्यपाल सी वी आन्नद बोस भी मालदा पहुंचे और शिविरों को दौरा किया। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस संकट से नहीं निपटने के लिए मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी की आलोचना की है।
—-
केंद्र ने विधिक माप विज्ञान (सामान्य) नियम, 2011 के तहत वाहनों की गति मापने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले रडार उपकरणों के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं। एक रिपोर्ट –
उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने आज एक वक्तव्य में कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात प्रवर्तन में निष्पक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ये नियम पहली जुलाई से प्रभावी होंगे। नियमों के तहत, सभी रडार-आधारित गति माप उपकरणों को विधिक माप विज्ञान अधिकारियों द्वारा सत्यापित करना चाहिए और उन पर मुहर लगाई जानी चाहिए। मंत्रालय ने कहा कि सत्यापित रडार उपकरण सटीकता, विधिक अनुपालन और निष्पक्ष प्रवर्तन सुनिश्चित करेंगे, जिससे पारदर्शिता और सड़क सुरक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा और लोगों का विश्वास मजबूत होगा। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
—-
सरकार ने आज सरकार द्वारा दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर जीएसटी लगाने की दावेदारी को पूरी तरह से झूठा, भ्रामक और निराधार बताया है। एक वक्तव्य में वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया की सरकार का फिलहाल इस तरह के प्रस्ताव का कोई विचार नहीं है। इसमें कहा गया है कि जीएसटी केवल मर्चेंट डिस्काउंट रेट-एमडीआर जैसे शुल्कों पर लगाया जाता है, जो कुछ उपकरणों का उपयोग करके किए गए भुगतान से संबंधित होते हैं।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न अवसरों पर दिये गये संकलित भाषणों की शीर्षक वाली एक पुस्तिका संस्कृति का पांचवां अध्याय का आज नई दिल्ली में विमोचन किया गया। जूना अखाडे के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरी ने इस पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश ने देश की संस्कृति, परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री के भाषणों के अंशों का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उनके भाषणों का एक मोहक संग्रह है। श्री हरिवंश ने कहा कि यह सांस्कृतिक संरक्षण के प्रति श्री मोदी की वचनबद्धता और भारत की कालजयी परंपराओं को बनाये रखने के प्रति उनके दृष्टिकोण का परिचायक है।
देश आजादी के अमृतकाल में है और प्रधानमंत्री जी ने इस संबंध में इन संकल्पों पर चलकर 2047 तक विकसित भारत की चर्चा की। उसके प्रस्थान बिन्दु हैं-विकसित भारत, गुलामी से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता-एकजुटता, नागरिकों का कर्तव्य। इन पांच बिन्दुओं में जो विरासत पर गर्व है उस विरासत पर गर्व के लिए सबसे श्रेष्ठ सामग्री का संकलन इस पुस्तक में है।
—-
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉक्टर एल. मुरूगन ने मुम्बई में पहली से चार मई तक आयोजित होने वाले अत्यधिक अपेक्षित विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन सम्मेलन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा बैठक की। श्री मुरूगन ने सम्मेलन के आयोजन स्थल पर जमीनी तैयारियों की भी समीक्षा की।
—-
प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने आज कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन बदलते परिदृश्य में अपनी सामग्री और प्रसारण तकनीक को लगातार बढा रहे हैं। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में श्री सहगल ने कहा कि दोनों लोक सेवा प्रसारक बेहतर तकनीक अपना रहे हैं।
जो हमारे श्रोता हैं या हमारे जो दर्शक हैं, उनको वो हम जो भी कार्यक्रम करें, जिस भी वर्ग के लिए करें वो रूचिकर बनाएं और दूसरा जो है तकनीक। टेक्नॉजिकल अपग्रेडेशन हम लोग अपने सारे सेन्टर्स का सारे स्टेशन्स का चाहे वो कैमरा हो, बाय दा मशीन हो, वो सब लाने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री सहगल ने कहा कि प्रसार भारती का ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स अपनी विविध सामग्रियों के साथ हर वर्ग के दर्शकों में लोकप्रियता हासिल कर रहा है।
हमारा जो नया ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स वो अपनी दुनिया में अपने तरह का अलग से एक प्लेटफॉर्म है और वो नि:शुल्क फ्री में है। उस ओटीटी प्लेटफॉर्म में आप देखेंगे कि हमारे कई वर्षों के पुराने आर्काइव पुराने-पुराने सीरियल वो भी उपलब्ध है और नई फिल्में, नए सीरियल्स ये सारे उसके साथ-साथ है।
इससे पहले, प्रसार भारती के अध्यक्ष ने आकाशवाणी पटना के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की और समाचार, कार्यक्रम और अभियांत्रिकी सेक्शन से संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
—-
भारत ने पश्चिम बंगाल के घटनाक्रम पर बांग्लादेश के अधिकारियों की टिप्पणियों को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां अभिव्यक्ति का एक छद्म और कपटपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न करने वाले अपराधी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा कि बांग्लादेश को अनुचित टिप्पणियां करने और सद्गुणों का दिखावा करने के बजाय, अपने अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के साथ प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने बताया कि श्री मस्क के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। श्री मोदी ने प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में अमरीका के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
—-
केंद्र ने आज विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में सचिवों की नियुक्ति की है। अरविंद श्रीवास्तव को वित्त मंत्रालय में राजस्व विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय में अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं। रक्षा मंत्रालय में महानिदेशक (अधिग्रहण) के पद पर कार्यरत समीर कुमार सिन्हा को नागर विमानन सचिव नियुक्त किया गया है। विदेश व्यापार महानिदेशक के रूप में कार्यरत संतोष कुमार सारंगी को नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। निकुंज बिहारी धल को संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है।
—-
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने छत्तीसगढ़ में पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में छत्तीसगढ लोक सेवा आयोग भर्ती घोटाले से जुड़े एक मामले में रायपुर में तीन और महासमुंद में दो स्थान शामिल हैं। तलाशी अभियान के अन्तर्गत आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गये हैं।
—-
आज गुड फ्राइडे है। प्रभु ईसा मसीह को सलीब पर चढाए जाने की स्मृति में यह दिन मनाया जाता है।
केरल में गुड फ्राइडे के अवसर पर आज सभी गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गईं। एक रिपोर्ट –
केरल में गुडफ्राइडे के अवसर पर हजारों ईसाइयों ने प्रमुख गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना की। गुडफ्राइडे प्रभु ईसा मसीह के मानव जाति के लिए किए गए अंतिम बलिदान को याद करने का दिन है। चर्च के प्रबंधकों द्वारा ईसा मसीह के सन्देश और मानवता के बेहतरी के लिए उनके बलिदान को याद किया गया। यह पवित्र सप्ताह रविवार को ईस्टर के साथ समाप्त होता है। जिसमें ईसा मसीह के पुनरूत्थान का उत्सव मनाया जाता है। कोच्चि से राजमोहन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुड फ्राइडे पर प्रभु ईसा मसीह के बलिदान का स्मरण किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा है कि यह दिन हमें प्रेम, सहानुभूति, दयालुता और उदारता की प्रेरणा देता है।
—-
नौवें सिख गुरु, तेग बहादुर साहिब जी का आज प्रकाश पर्व है। इनका जन्म 1621 में अमृतसर में हुआ था। वे छठे गुरु हरगोबिंद साहिब जी के सबसे छोटे पुत्र थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरु तेग बहादुर को उनके प्रकाश पर्व पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर का जीवन साहस और करूणामय सेवा का प्रतीक है।
—-
संयुक्त प्रवेश परीक्षा – जेईई मेन 2025 का परिणाम कल घोषित किया जाएगा। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने यह जानकारी दी।
—-
मौसम विभाग ने गुजरात, दीव, दमन और दादरा तथा नगर हवेली के लिए सात दिन के लिए पूरे क्षेत्र में भीषण गर्मी और धूल भरी स्थिति रहने का अनुमान जारी किया है। विभाग ने कहा कि राजकोट और कच्छ के अलग-अलग स्थानों पर सौराष्ट्र कच्छ और उत्तर गुजरात में कल लू चलने और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। एक रिपोर्ट-
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में प्रति घंटे 20 से 30 किलोमीटर की गति की तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। हिमाचल प्रदेश में तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऊंचे स्थानों पर तेज बारिश और अधिकतर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। उत्तराखण्ड में मौसम विभाग ने आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। ओडिशा के भुवनेश्वर में आज सुबह तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। कोरापुट और मलकांनगिरी में कल के लिए येलो एलर्ट जारी किया गया है। समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
—-
स्क्वॉश में भारत के वीर चोटरानी और अनहत सिंह ने विश्व चैम्पियनशिप एशिया क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अनहत ने महिलाओं के क्वार्टर फाइनल में जापान की अकारी मिडोरिकावा को मात दी। वीर चोटरानी ने पुरूषों के क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के मोहम्मद सयाफिक कमाल को हराया। टूर्नामेंट के विजेता को 9 से 17 मई तक शिकागो में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप में खेलने का मौका मिलेगा।
—-
आई.पी.एल. क्रिकेट में रॉयल चैलेन्जर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बारिश के कारण अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। दोनों टीमों के अभी छह मैचों से आठ अंक हैं।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- देश अंतरिक्ष में इतिहास रचने को तैयार, अगले महीने एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरेगा।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 33 माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग के प्रतिनिधियों ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संबंधित हिंसा के पीड़ितों से मुलाकात की।
- केंद्र ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में निष्पक्षता को बढ़ावा देने के लिए रडार उपकरण संबंधी नियमों को अधिसूचित किया।
- गुड फ्राइडे के अवसर पर विश्व भर में गिरिजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन।
- स्क्वैश में, भारत के वीर चोटरानी और अनहत सिंह कुआलालंपुर में विश्व चैम्पियनशिप एशिया क्वालीफायर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे।
—-