April 14, 2025 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर की 134वीं जयंती पर हरियाणा में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की; कहा – वक्फ कानून में हाल ही में किए गए बदलावों से गरीब और पिछड़े मुसलमानों के शोषण पर अंकुश लगेगा।

  • गुजरात तट से दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त।

  • पाकिस्तान ने पिछले दो दिनों में अफगानिस्‍तान के ग्यारह हजार से अधिक नागरिकों को निष्कासित किया।

  • पहली बार केवल महिलाओं को लेकर उडान भरने वाला अंतरिक्ष पर्यटक रॉकेट एक छोटी यात्रा के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटा।

  • बिहार में अगले महीने शुरू होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के शुभंकर और लोगो का पटना में अनावरण किया गया।

  • हॉकी इंडिया ने आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 26 सदस्यीय महिला टीम की घोषणा की।

****

संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने हरियाणा के लोगों को अनेक विकास परियोजनाएं समर्पित कीं। उन्होंने यमुनानगर में दीनबंधु छोटू राम थर्मल पावर प्लांट में 800 मेगावाट की तीसरी इकाई की आधारशिला रखी। इस इकाई को 8 हजार चार सौ 69 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। 

 

विकसित भारत के निर्माण में बिजली की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। और हमारी सरकार बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चौतरफा काम कर रही है। चाहे वन नेशनवन ग्रिड हो, नए कोल पावर प्लांट हों, सोलर एनर्जी हो, न्यूक्लियर सेक्टर का विस्तार हो, हमारा प्रयास है कि देश में बिजली का उत्पादन बढ़े।

 

श्री मोदी ने यमुनानगर में 90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गोबर धन संयंत्र की आधारशिला रखी तथा रेवाड़ी बाईपास का उद्घाटन किया। रेवाड़ी बाईपास परियोजना को भारतमाला योजना के तहत हाइब्रिड एन्युटी मोड पर एक हजार 69 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।

 

 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार तथा श्याम सिंह राणा भी मौजूद थे।

 

 

इससे पहले सुबह प्रधानमंत्री ने हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल की आधारशिला रखी तथा हवाई अड्डे से अयोध्या के लिए पहली सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाई।

 

 

2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे सोचिए 70 साल में 74 आज देश में एयरपोर्ट की संख्‍या 150 के पार हो गई है। देश के करीब 90 एरोड्रम उडान योजना से जुड चुके हैं। 600 से अधिक रूट पर उडान योजना के तहत हवाई सेवा चल रही है।

 

 

प्रधानमंत्री ने वक्‍फ कानून में किए गए हाल के परिवर्तनों का बचाव करते हुए कहा कि इनसे गरीब मुस्लिमों को फायदा होगा और जनजातीय भूमि को संरक्षण मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वक्‍फ कानून पर चर्चा कई मुस्लिम विधवाओं द्वारा सरकार को पत्र लिखने के बाद शुरू हुई। उन्‍होंने कहा कि वक्‍फ कानून में बदलाव से मुस्लिमों के शोषण पर रोक लगेगी और गरीब तथा पिछड़े मुस्लिमो को उनके अधिकार मिलेंगे।

 

 

नये प्रावधानों से वक्‍फ की भी पवित्र भावना का सम्‍मान होगा। मुस्लिम समाज के गरीब और पसमंदा परिवारों, मुस्लिम महिलाओं, खासकर के मुस्लिम विधवाओं को, मुस्लिम बच्‍चों को उनका हक भी मिलेगा और भविष्‍य में उनका हक भी सुरक्षित रहेगा।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा में एक जनसभा के दौरान रामपाल कश्यप से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर पोस्ट में प्रधानमंत्री ने बताया कि श्री कश्यप ने 14 साल पहले नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने तक नंगे पैर रहने की शपथ ली थी और आज उन्हें उनसे मिलने का अवसर मिला। श्री मोदी ने कहा कि वे श्री कश्यप जैसे व्यक्तियों के समर्पण और स्नेह से अभिभूत हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी भक्ति को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में लगाएं। 

———

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि भीमराव आम्‍बेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थ युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पंचतीर्थ में डॉ. आंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थानों का उल्लेख है, जिनमें उनका जन्मस्थान और शिक्षा का स्थान भी शामिल है। श्री कुमार ने नई दिल्ली में आज आंबेडकर जयंती पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्‍होंने इस बात पर बल दिया कि युवा पीढ़ी को डॉ. आंबेडकर के आदर्शों और जीवन के बारे में जानने के लिए इन स्थानों पर अवश्य जाना चाहिए।

 

हमारे नौजवानों को, हमारे बच्‍चों को वहां पर ले जाने की आवश्‍यकता है। ये पंचतीर्थ न केवल ईंट, गारे के पत्‍थर मात्र नहीं है, ये जीवंत हम सबके लिए प्रेरणा के केन्‍द्र हैं, प्रेरणा के स्रोत हैं। जहां पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुडे वो स्‍थाल हैं, जिन स्‍थलों से आज हम सबको ये अधिकार प्राप्‍त है।

 

इस अवसर पर केन्‍द्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने संविधान में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के रूप में देश को तीन स्तंभ दिए हैं।

 

 

इक्वलिटी लाकरके उन्‍होंने क्‍या संदेश देने की कोशिश की कि समाज में हर क्षेत्र में समानता आनी चाहिए और जैसे ही समानता आएगी, मैं चेलेंज के साथ कहता हूं कि लि‍बर्टी, स्‍वतंत्रता सुरक्षित हो जाएगी।

****

भारतीय जनता पार्टी ने आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर वक्फ संशोधन अधिनियम पर उनकी टिप्पणी को लेकर निशाना साधा। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सुश्री बनर्जी का पश्चिम बंगाल में वक्‍फ अधिनियम को लागू नहीं किये जाने वाला बयान संविधान के खिलाफ है। श्री त्रिवेदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर हाल ही में संसद द्वारा पारित अधिनियम को लेकर तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

 

भारत की संवैधानिक व्‍यवस्‍था के तहत ममता जी से मैं कहता हूं कि आप अनुमति देंगी कि आपकी कोई जिला पंचायत पश्चिम बंगाल विधानसभा के कानून को न मानें, कोई राज्‍य कैसे केन्‍द्र सरकार के कानून को नहीं मान सकता। इसलिए उनका ये बयान देश के लिए बहुत घातक है।

****

तटरक्षक बल ने गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते के साथ मिलकर एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये की तीन सौ किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। खुफिया जानकारी के आधार पर, तटरक्षक बल ने रात को विशेष अभियान के दौरान गुजरात की अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास एक जहाज को रोका था। जहाज में सवार संदिग्ध लोग तुरंत ही मादक पदार्थों को समुद्र में फेंक कर भाग निकले। मादक पदार्थों को बरामद कर उन्‍हें जांच के लिए पोरबंदर लाया गया है।

****

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार मादक पदार्थों के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने पर काम कर रही है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री शाह ने कहा कि देश की एजेंसियों ने अंतरराष्‍ट्रीय समुद्री सीमा के पास से 18 सौ करोड़ रुपये मूल्‍य के तीन सौ किलोग्राम मादक पदार्थ जब्‍त किए हैं। गृह मंत्री ने कहा कि यह बरामदगी मादक पदार्थ मुक्‍त भारत बनाने की दिशा में एक और उपलब्धि है।

****

पाकिस्तान की तोरखम सीमा और स्पिन बोल्डक सीमा पार से अफगान परिवारों को बाहर निकालने का सिलसिला जारी है। अफगानिस्तान के उच्चायोग ने आज एक बयान में कहा कि पाकिस्तानी एजेंसियों ने कल साढ़े चार हजार से अधिक अफगान शरणार्थियों को बाहर निकाला। शनिवार को साढ़े छह हजार अफगान शरणार्थियों को पाकिस्‍तान से वापस अफगानिस्‍तान भेजा गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तानी सरकार इस वर्ष तीस लाख अफगानी लोगों को उनके देश वापस भेजने की तैयारी में है। लगभग 70 लाख अफगान शरणार्थी पाकिस्तान और ईरान में रह रहे हैं।  

****

अमरीका की जानी-मानी गायिका कैटी पेरी सहित छह महिलाओं ने आज ब्लू ओरिजिन के रॉकेट के जरिए पृथ्वी के वायुमंडल की ऊपरी सीमा तक उड़ान भरके इतिहास रच दिया। इन महिलाओं को लेकर ब्‍लू ओरिजिन के न्‍यू शेपर्ड- NS-31 अंतरिक्ष यान ने भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे अमरीका के पश्चिमी टेक्‍सास से उडान भरी और लगभग दस मिनट की यात्रा के बाद सभी को सुरक्षित वापस लेकर लौट आया। ब्लू ओरिजिन अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस की स्वामित्व वाली अमरीकी अंतरिक्ष कंपनी है। उड़ान के दौरान महिला यात्रियों को पृथ्वी की सतह से एक सौ किलोमीटर से भी ऊपर, करमन रेखा के पार ले जाया गया। करमन रेखा पृथ्वी के वायुमंडल और अंतरिक्ष के बीच की सीमा को बताने वाली काल्पनिक रेखा है। उड़ान भरने वाली महिलाओं में कैटी पेरी के अलावा टेलीविजन एंकर गेल किंग, फिल्म निर्माता केरियन फ्लिन, नासा की पूर्व एयरोस्पेस इंजीनियर आइशा बोवे, यौन हिंसा के खिलाफ अभियान समूह की संस्थापक अमांडा गुयेन और एक पूर्व पत्रकार और जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज भी थीं।

****

भारत में पिछले एक दशक में बहुत बदलाव आया है, जिसने वैश्विक स्तर पर देश की छवि को नया आकार दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी उन्नति पर  सरकार के ध्‍यान केन्द्रित करने से भारत अत्याधुनिक तकनीक और क्षमताओं में ऐसे अग्रणी देशों के समूह में शामिल हो चुका है जो वैश्विक महाशक्तियों को टक्कर दे रहे हैं। देश में रक्षा क्षेत्र में आए बडे बदलाव ने आधुनिक युद्ध तकनीक में भारत को पूरी तरह से सक्षम बना दिया है। उधर, अंतरिक्ष क्षेत्र में भी भारत उपग्रह की डॉकिंग और अनडॉकिंग तकनीक का प्रदर्शन करने वाले चार देशों के विशिष्ट समूह में शामिल हो चुका है। भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अपना यान उतारकर दुनिया में ऐसा करने वाला पहला देश बनकर इतिहास रच दिया है। इसके अलावा सेमीकॉन इंडिया की घोषणा के साथ, देश सेमीकंडक्टर हब बनने की दौड़ में शामिल हो गया है।

****

बिहार में 4 से 15 मई तक खेलो इंडिया युवा खेल-2025 के सातवें संस्करण की मेजबानी करेगा। खेल पटना, गया, राजगीर, बेगूसराय और भागलपुर सहित विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज पटना में मुख्‍यमंत्री सचिवालय में आयोजित एक समारोह में खेलो इंडिया युवा खेल के शुभंकर और लोगो का अनावरण किया। खेलो इंडिया का शुभंकर “गजसिंह” होगा, जो हाथी की शक्ति और शेर के दिल का प्रतीक है। शुभंकर नालंदा और बोधगया के पाल वंश की अभिलेखीय विरासत से लिया गया है, जिसे मंदिरों और उनके स्तंभों पर उकेरा गया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण-बीएसएसए के महानिदेशक रवींद्रन शंकरन ने कहा कि देश में राष्ट्रीय खेलों के बाद इस दूसरे सबसे बड़े खेल आयोजन की विभिन्न स्‍पर्धाओं में आठ हजार पांच सौ से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

 

 

ये खेलों इंडिया यूथ गेम्‍स के सातवां एडिशन मेजबानी करने का अवसर बिहार को सरकार को केन्‍द्र सरकार के द्वारा माननीय प्रधानमंत्री जी श्री नरेन्‍द्र मोदी जी के द्वारा ये मौका मिला है। नेशनल गेम्‍स के बाद देश का सबसे बडा कार्यक्रम खेल का यही है और 8 हजार पांच सौ एथ‍िलिट्स पूरे देश से आकर शामिल हो रहे हैं और डेढ हजार टेक्‍नीकल ऑफिशियल्‍स, तो लगभग दस हजार लोग इसमें शामिल हो रहे है।

****

हॉकी इंडिया ने 26 अप्रैल से चार मई तक होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए आज 26 सदस्यीय महिला टीम की घोषणा की। सलीमा टेटे को टीम का कप्‍तान जबकि नवनीत कौर को उपकप्‍तान बनाया गया है। पांच नए खिलाड़ियों को पहली बार सीनियर टीम में मौका मिला है। भारत इस दौरे में कुल पांच मैच खेलेगा। पहले दो मैचों में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया ए से होगा।

****

आई.पी.एल. क्रिकेट में इस समय लखनऊ में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से चल रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। लखनऊ की टीम ने ताजा समाचार मिलने तक 16  ओवर में 4 विकेट पर 118 रन बना लिए हैं।

****

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीकमें, आज रात साढे नौ बजे लू से बचावविषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आर. के. जेनामणि और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. अनुपम प्रकाश इस परिचर्चा में शामिल होंगे। आप कार्यक्रम के दौरान हमारे विशेषज्ञों से लू के प्रभाव और उससे बचने के उपायों के बारे में हमारे टेलीफोन नंबर और व्हाट्सऐप पर प्रश्न पूछ सकते हैं। टेलीफोन नंबर है- 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4. हमारा व्हाट्सएप नंबर है- 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4.

****

मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2-3 दिनों के दौरान राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग इलाकों में लू चलने का अंदेशा जताया है। इस महीने की 16 से 18 तारीख के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी इसी तरह की स्थिति का अनुमान जताया गया है। विभाग ने कहा कि केरल और माहे में कल गर्म और उमस भरा मौसम रहने की उम्मीद है।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर की 134वीं जयंती पर हरियाणा में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की; कहा – वक्फ कानून में हाल ही में किए गए बदलावों से गरीब और पिछड़े मुसलमानों के शोषण पर अंकुश लगेगा।

  • गुजरात तट से दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त।

  • पाकिस्तान ने पिछले दो दिनों में अफगानिस्‍तान के ग्यारह हजार से अधिक नागरिकों को निष्कासित किया।

  • पहली बार केवल महिलाओं को लेकर उडान भरने वाला अंतरिक्ष पर्यटक रॉकेट एक छोटी यात्रा के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटा।

  • बिहार में अगले महीने शुरू होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के शुभंकर और लोगो का पटना में अनावरण किया गया।

  • हॉकी इंडिया ने आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 26 सदस्यीय महिला टीम की घोषणा की।

****