April 12, 2025 9:58 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • सर्वोच्‍च न्यायालय ने राज्यपाल द्वारा भेजे गए विधेयकों पर राष्‍ट्रपति द्वारा निर्णय लेने के लिए तीन माह की समय-सीमा निर्धारित की।

  • पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत और अठारह पुलिसकर्मी घायल, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने केंद्रीय बलों की तैनाती का दिया आदेश।

  • वित्त मंत्रालय ने रोज वैली पोंजी घोटाले के पीड़ितों को उनका पैसा लौटाने के लिए पांच सौ 15 करोड़ रुपए परिसंपत्ति निपटान समिति को सौंपे।

  • बीजिंग और उत्तरी चीन में तूफान के कारण सैकड़ों उड़ानें और रेल सेवाएं रद्द की गईं।

  • राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पद्म पुरस्‍कार से सम्‍मानित भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना कुमुदिनी लाखिया के निधन पर शोक व्यक्त किया।

  • फ्लोरिडा में तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में भारत की मिक्‍स्‍ड कंपाउंड टीम का खिताबी मुकाबला आज रात चीनीताइपे से।

 

———————

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि राज्यपालों द्वारा राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजे गए राज्य विधेयकों पर राष्‍ट्रपति को तीन माह के भीतर फैसला करना चाहिए। न्‍यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्‍यायमूर्ति महादेवन की पीठ ने अपने फैसले में कहा कि इसमें विलम्‍ब होने के वैध कारण को संबंधित राज्य के साथ साझा किया जाना चाहिए।

 

पीठ ने तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि के दस लंबित विधेयकों पर मंजूरी न देने के फैसले को खारिज कर दिया। पीठ ने कहा कि राष्ट्रपति को भी राज्यपालों द्वारा भेजे गए विधेयकों पर निर्णय लेने में तीन महीने से अधिक समय नहीं लेना चाहिए। अगर निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो राज्यों को न्यायालयों में जाने का अधिकार है।

 

न्‍यायालय ने स्‍पष्‍ट किया कि अगर संवैधानिक कारणों से कोई विधेयक रोका जाता है, तो अनुच्छेद 143 के अन्‍तर्गत राष्ट्रपति को सर्वोच्च न्यायालय से परामर्श लेना चाहिए। शीर्ष न्यायालय ने कहा है कि अनुच्छेद 200 के तहत राज्यपालों के कार्यों की समय सीमा तय करके वह उनके अधिकारों को कम करके नहीं देख रहा है, लेकिन राज्‍यपाल को संसदीय लोकतंत्र की स्थापित परंपराओं के प्रति उचित सम्मान के साथ कार्य करना चाहिए। अनुच्छेद 200 के तहत राज्यपाल को उनके समक्ष प्रस्तुत विधेयकों को स्वीकृति देने, स्वीकृति न देने या राष्ट्रपति के विचार के लिए आरक्षित रखने का अधिकार है।

———————

 

केंद्र सरकार ने आज न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। केन्‍द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की नियुक्ति के संबंध में जानकारी दी है। राष्ट्रपति ने सर्वोच्‍य न्‍यायालय के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया। पिछले सप्ताह सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पल्ली को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की संस्तुति की थी।

 

———————

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने आज दोपहर जाफराबाद के एक घर से पिता और पुत्र के शव बरामद किए। मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक और व्यक्ति की मृत्‍यु हो गई। धुलियान में आज दोपहर फिर से हिंसा भड़क उठी, जिसमें दो अन्‍य लोग घायल हो गए।

 

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के समक्ष केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है। इस मामले पर सुनवाई के बाद कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय की विशेष पीठ ने मुर्शिदाबाद जिले में केन्‍द्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया है। श्री अधिकारी ने मुर्शिदाबाद में रेलवे स्टेशनों पर आगजनी की घटनाओं की राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण – एनआईए से जांच कराने की भी मांग की है।

 

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से धर्म के नाम पर उपद्रव न करने की अपील की है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में चेतावनी दी कि हिंसा में संलिप्‍त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि  वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने आगजनी और तोड़फोड़ की कई घटनाओं की पुष्टि करते हुए शांति की अपील की है।

———————

 

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में हुई हिंसा की घटनाओं के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेसटीएमसी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने नई दिल्ली में राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने में विफल रही हैं।

———————

 

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने आज रोज वैली पोंजी घोटाले से प्रभावित लाखों निवेशकों को न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए परिसंपत्ति निपटान समिति के अध्यक्ष डी.के. सेठ को पांच सौ पंद्रह करोड़ रुपये से अधिक का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा। वित्त मंत्रालय के एक बयान के अनुसार इस धन से घोटाले के लगभग साढे सात लाख पीड़ितों का भुगतान वापस करने में मदद मिलेगी। अब तक, समिति में 31 लाख से अधिक दावे दर्ज किए गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय इस समय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और त्रिपुरा में धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत रोज वैली समूह के खिलाफ पांच अलग-अलग मामलों की जांच कर रहा है।

 

———————

प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड के खिलाफ धन-शोधन मामले से जुड़ी छह सौ 61 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को अपने अधिकार में लेना शुरू कर दिया है। जांच एजेंसी ने कहा कि दिल्ली, मुंबई और लखनऊ में संपत्ति रजिस्ट्रार को नोटिस जारी किए गए हैं। यह मामला एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड- एजेएल के अधिग्रहण में वित्तीय अनियमितताओं और धन के दुरुपयोग के आरोपों से संबंधित है। निदेशालय की रिपोर्ट के अनुसार पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के स्वामित्व वाली एक निजी कंपनी यंग इंडियन ने एजेएल की दो हजार करोड़ रुपये की संपत्ति महज 50 लाख रुपये में खरीदी, जो इसकी कीमत से काफी कम है।

 

———————

विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भारत में समानता और न्याय व्‍यवस्‍था पर प्रकाश डालते हुए “सभी के लिए न्याय की सुलभता” के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है। श्री मेघवाल ने आज शाम कोहिमा में आयोजित राज्य स्तरीय मेगा विधिक सेवा शिविर के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बी.आर. अंबेडकर को उस ढांचे को स्थापित करने का श्रेय दिया जो आज भी राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रहा है।

 

———————

झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराइकेला थाना अंतर्गत चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस अ‍धीक्षक आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए रांची ले जाया गया है। दोनों जवान नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में घायल हुए थे। इस बीच लातेहार जिले में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस बलों द्वारा चलाए गए एक अन्य तलाशी अभियान में माओवादी संगठन टीपीसी के दो सबजोनल कमांडर समेत छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

———————

केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार दोनों ही छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक रायगढ़ किले को देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गृहमंत्री ने महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की 345वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह बात कही। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि 7वीं से 12वीं कक्षा तक के प्रत्येक छात्र कम से कम एक बार इस पवित्र स्थल पर जाएं, ताकि वे छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत और आदर्शों से जुड़ सकें।

 

———————

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पद्म पुरस्‍कार से सम्‍मानित भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना कुमुदिनी लाखिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि सुश्री लाखिया ने नवीन समकालीन व्याख्याओं के माध्यम से कथक नृत्य की प्रस्तुति को बदल दिया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट में उन्‍हें उत्‍कृष्‍ट सांस्‍कृतिक प्रतीक बताया, जिनका कथक और भारतीय शास्‍त्रीय नृत्‍यों के प्रति जुनून उनके उल्‍लेखनीय कार्य में झलकता है।

 

———————

 

तेलंगाना में ट्री-मैन के नाम से प्रसिद्ध डॉ. दारिपल्‍ली रमैया का आज खम्‍मम जिले के रेड्डी पल्‍ली में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे। श्री रमैया को पर्यावरण संरक्षण में उनके असाधारण योगयान के लिए पद्मश्री से सम्‍मानित किया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रबल समर्थक दारिपल्ली रमैया के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है।

———————

बीजिंग और उत्तरी चीन में आज आए तूफान के कारण सैकड़ों उड़ानें और कई रेलगाडियां रद्द कर दी गई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार राजधानी के दो प्रमुख हवाई अड्डों पर 838 उड़ानें रद्द की गई हैं। चीन के अधिकारियों ने लोगों से अपने घरों के भीतर रहने का आग्रह किया है। चीन की राजधानी में एक दशक में पहली बार तूफान ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के कारण ऐतिहासिक स्थलों को भी बंद करना पडा है।

 

———————

 

म्‍यामां और थाईलैण्‍ड में 28 मार्च को आए 7 दशमलव 7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद आज तक म्यामां और उसके आस-पास के इलाकों में कुल 468 झटके महसूस किए गए हैं। थाईलैंड में भी 21 हल्के झटके आए हैं।

———————

 

मौसम:-

 

मौसम विभाग ने दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में बिजली के साथ गरज और बारिश होने की संभावना व्‍यक्‍त की है। वहीं, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी यही मौसम रहेगा। इस बीच, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में दो से तीन दिन भी ऐसी ही स्थिति रहने की आशंका है। इसके अलावा, विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की सम्‍भावना की है। विभाग ने कहा कि इस महीने की 14 से 18 तारीख तक पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और हरियाणा में लू चलने की संभावना है। भानु प्रताप सिंह आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

———————

 

और अब खेल खबरें अमरीका में तीरंदाजी विश्‍व कप के पहले चरण में आज कंपाउंड मिक्‍स्‍ड टीम वर्ग के फाइनल में भारत का मुकाबला चीनी ताइपे से होगा। सेमीफाइनल में कल ज्योति सुरेखा वेन्नम और ऋषभ यादव की भारतीय टीम ने स्‍लोवेनिया पर 159-155 अंक से जीत दर्ज की। आज ही पुरुषों के कंपाउंड व्‍यक्तिगत वर्ग के सेमीफाइनल में भारत के अभिषेक वर्मा का सामना मैक्सिको के सेबेस्टियन गार्सिया से होगा। पुरुषों की रिकर्व टीम स्‍पर्धा के फाइनल में कल भारत का मुकाबला चीन से होगा। धीरज बोम्मादेवरा, अतानु दास और तरुणदीप राय की भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ने सेमीफाइनल में स्पेन को 6-2 से हराया। पुरुषों के रिकर्व व्‍यक्तिगत वर्ग के सेमीफाइनल में कल धीरज बोम्मादेवरा का सामना जर्मनी के फ्लोरियन उनरुह से होगा।

 

———————

आईपीएल क्रिकेट में इस समय हैदराबाद में पंजाब किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्‍स ने ताजा समाचार मिलने तक 16वें ओवर में चार विकेट पर 186 रन बना लिए थे। इससे पहले, लखनऊ में मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुजरात टाइटन्‍स को 6 विकेट से हरा दिया।

 

———————

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सर्वोच्‍च न्यायालय ने राज्यपाल द्वारा भेजे गए विधेयकों पर राष्‍ट्रपति द्वारा निर्णय लेने के लिए तीन माह की समय-सीमा निर्धारित की।

  • पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत और अठारह पुलिसकर्मी घायल, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने केंद्रीय बलों की तैनाती का दिया आदेश।

  • वित्त मंत्रालय ने रोज वैली पोंजी घोटाले के पीड़ितों को उनका पैसा लौटाने के लिए पांच सौ 15 करोड़ रुपए परिसंपत्ति निपटान समिति को सौंपे।

 

  • बीजिंग और उत्तरी चीन में तूफान के कारण सैकड़ों उड़ानें और रेल सेवाएं रद्द की गईं।

  • राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पद्म पुरस्‍कार से सम्‍मानित भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना कुमुदिनी लाखिया के निधन पर शोक व्यक्त किया।

  • फ्लोरिडा में तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में भारत की मिक्‍स्‍ड कंपाउंड टीम का खिताबी मुकाबला आज रात चीनीताइपे से।

 

———————

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.