मुख्य समाचार :-
- 2008 के मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा का अमरीका से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण। राणा को लेकर एक विशेष विमान आज शाम दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पहुंचा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ब्रातिस्लावा में स्लोवाकिया-भारत व्यापार मंच का उद्घाटन किया। उद्यमियों से बेहतर नतीजों के लिए अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
- बिहार के कई जिलों में वर्षा के कारण विभिन्न घटनाओं में 28 लोगों की मौत।
- दिल्ली में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयात शुल्क की समयसीमा बढ़ाने से वैश्विक बाजारों को राहत।
- आईपीएल क्रिकेट में, डेल्ही कैपिटल्स ने मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरूद्ध टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
****
2008 मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए द्वारा आज एक विशेष विमान से नई दिल्ली लाया गया। राणा को भारत-अमरीका प्रत्यर्पण संधि के अन्तर्गत शुरू की गई कार्यवाही के तहत अमरीका में न्यायिक हिरासत में रखा गया था।
भारत के अमरीकी सरकार से आत्मसमर्पण वारंट हासिल करने के बाद दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण की कार्यवाही शुरू की गई थी। अमरीकी न्याय विभाग, अमरीकी स्काई मार्शल, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, भारतीय विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय तथा अन्य एजेंसियों के सहयोग और समन्वय से इस आतंकी को भारत लाया गया। राणा पर डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाउद गिलानी, आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और हरकत-उल-जिहादी इस्लामी के षडयंत्रकारियों के साथ मिलकर 2008 में मुंबई में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है। लश्कर-ए-तैयबा और हूजी, दोनों को भारत सरकार द्वारा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। मुंबई आतंकी हमलों में 166 व्यक्ति मारे गये थे और 238 से अधिक घायल हुए थे।
और तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यपर्ण से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए चलते हैं एन आई ए मुख्यालय पर मौजूद हमारे संवाददाता अनुपम मिश्र के पास ……………..
प्रश्न – जी अनुपम आपके पास क्या ताजा जानकारी है अभी?
****
तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प के कारण आज मुंबई हमलों के आरोपी को भारत लाया गया और उसे कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आतंकवादियों को सजा दिलाने के लिए कुछ नहीं किया।
यह मोदी जी का दृढ संकल्प था कि जिन लोगों ने हमारे देश पर आंख उठाई उनको सख्त से सख्त सजा मिले और आज हर भारतवासी को गर्व है मोदी जी पर विशेषकर हम सब मुंबई के कृतज्ञ हैं मोदी जी के कि ऐसे लोग जिन्होंने हमारे देश के ऊपर हिंसक हमला किया था। उनको हम भारत के धरती पर भारत के कानून के अंतर्गत सजा दिलायेंगे। आतंकवादियों के खिलाफ हमारी सरकार का बडा कडा रवैया है और हम किसी को भारत की धरती पर आंच नहीं डालने देंगे। मुंहतोड आतंकवादी घटनाओं पर जवाब देंगे।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि देश से आतंकवाद का लगभग पूरी तरह सफाया हो चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले 14 वर्षों में भारत में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
****
केंद्र सरकार ने तहव्वुर राणा मामले में अधिवक्ता नरेंद्र मान को विशेष सरकारी अधिवक्ता नियुक्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि नरेंद्र मान को तीन वर्ष के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की ओर से मुकदमा चलाने के लिए नियुक्त किया गया है।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज स्लोवाकिया के ब्रातिस्लावा में स्लोवाकिया-भारत व्यापार मंच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलिग्रिनी और विदेश मंत्री जुराज ब्लानेर भी उपस्थित थे। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह मंच तालमेल बनाने और व्यापार के अवसरों को आपसी साझेदारी में बदलने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
स्लोवाकिया के राष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहा कि भले ही दोनों देश एक-दूसरे से काफी दूर हैं, लेकिन आपसी संबंध निरंतर मजबूत हो रहे हैं।
****
स्लोवाकिया में कॉन्स्टेंटाइन द फिलॉसॉफर विश्वविद्यालय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
राष्ट्रपति को लोक सेवा और शासन में उनके विशिष्ट भविष्य, सामाजिक न्याय और समावेशन की वकालत, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा सांस्कृतिक और भाषाई विविधता के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। भारत की राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा परिवर्तन का एक साधन है, उन्होंने इसे अपने जीवन में देखा है, क्योंकि उन्होंने शिक्षक से लेकर लोक सेवक और फिर राज्य के सर्वोच्च पद तक की अपनी यात्रा देखी है। स्लोवाकिया से पी वर्धन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
****
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज मध्य प्रदेश में बदनावर–उज्जैन राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन किया। भारतमाला परियोजना के तहत इस राष्ट्रीय राजमार्ग को एक हजार तीन सौ बावन करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। श्री गडकरी ने पाँच हजार आठ सौ करोड़ रुपये की लागत वाली तीन सौ 28 किलोमीटर लंबी 10 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये की लागत से पांच ग्रीनफील्ड आर्थिक गलियारे बनाए जाएंगे। श्री गडकरी ने कहा कि ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर विश्व स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही, बारह सौ करोड़ रुपये की लागत से छह रोपवे बनाए जाएंगे।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में एशिया बिजनेस काउंसिल स्प्रिंग फोरम को संबोधित किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था में हो रहे गहन बदलावों, ग्लोबल साउथ पर उनके प्रभाव और अपनी आवाज़ को आगे बढ़ाने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया गया।
****
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजधानी दिल्ली के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाता है। दिल्ली सरकार इस योजना के तहत पांच लाख रुपये का अतिरिक्त बीमा प्रदान करेगी। इस अवसर पर श्री नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना दुनिया का सबसे बडा स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यक्रम है, जिसके अतंर्गत 62 करोड़ लोगों को लाभ मिला हैं। उन्होनें कहा कि दिल्ली में इस योजना के कार्यान्वयन के साथ, 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध होगा।
आयुष्मान भारत के कार्ड्स का डिस्ट्रीब्यूशन दिल्ली जिसके लिए लम्बे समय से इच्छुक थी, और जो उसका हक बनता था वह उसको आज प्रदान करने का सुअवसर मिला है। और आज से आयुष्मान भारत लागू हो गया दिल्ली में, आयुष्मान भारत, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन पीएम अभीम यह योजना भी आज एमओयू साइन हो करके वह भी दिल्ली में लागू हो गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार शहर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत एक हजार 139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल के लिए एक हजार सात सौ 49 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे दिल्ली में 400 स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र खोले जाएंगे।
आज हमारी सरकार, भारत सरकार के साथ मिलकर के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन को लागू करने का समझौता जो ज्ञापन यहां पर हमने साइन किया। वह एक अगला कदम था दिल्ली को एक ऐसा स्वास्थ्य योजना देना। जिसमें दिल्ली के निवासियों के लिए स्वास्थ्य के सारी दिशाएं खुल जाएं।
****
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा है कि गुजरात चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी के रूप में उभरकर इतिहास रचने की राह पर है। आज गांधीनगर में आयोजित होम्योपैथी सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने वैकल्पिक चिकित्सा की भूमिका के बारे में कहा कि ‘रोग मुक्त भारत अभियान’ में होम्योपैथी उपचारों को एकीकृत किया जाना चाहिए।
आयुष मंत्री ने कहा कि केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद् ने 368 दवाओं पर फार्माकोग्नॉसी अध्ययन किए हैं और 151 औषधीय पौधों पर अध्ययन पूरा कर लिया है।
परिषद ने 368 दवाओं पर वैज्ञानिक अध्ययन, 362 दवाओं पर भौतिक रासायनिक अध्ययन और 151 औषधियों पर अध्ययन किये हैं। इसके अतिरिक्त तमिलनाडु के ऊटी में स्थित परिषद के केन्द्रीय अनुसंधान संस्थान के 17 हजार से अधिक हर्बेरियम सीड्स तैयार किये हैं।
****
बिहार के नालंदा, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, अररिया और बेगूसराय जिलों में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में आज 28 लोगों की मौत हो गई और पांच से ज़्यादा लोग घायल हो गए। नालंदा में सबसे ज़्यादा 18 लोगों की मौत हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री नितिश कुमार ने इन घटनाओं में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की तदर्थ सहायता की भी घोषणा की है।
****
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने आज उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में तलाशी अभियान फिर से शुरू कर दिया। कल उधमपुर और किश्तवाड़ में आतंकवादियों के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया था। जोफर-मार्टा और नैदगाम-चतरू के जंगलों में यह अभियान जारी है। कल हुई गोलीबारी के बाद से इन इलाकों में दो से तीन आतंकवादियों के छुपे होने की आशंका है।
****
अमरीका द्वारा आयात शुल्क के सम्बंध में लिए गए निर्णय को फिलहाल कुछ समय के लिए टालने से वैश्विक शेयर बाजारों में जारी अनिश्चितत्ता कम हुई है।
जापान के निक्केई सूचकांक में नौ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज हुई। जर्मनी के डैक्स में शुरूआती कारोबार में आठ प्रतिशत से अधिक का उछाल दर्ज हुआ, लेकिन बाद में यह तेजी कम होकर पांच दशमलव तीन प्रतिशत पर आ गई। उधर, फ्रांस का कैक पांच प्रतिशत बढ गया और लंदन के फुट्सी में चार प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। वहीं चीन और अमरीका के बीच जवाबी शुल्कों का सिलसिला जारी रहने से चीन के बाजारों में कारोबार सामान्य रहा। समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।
****
देशभर में आज महावीर जयंती धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महावीर जयंती पर देशवासियों को और विशेष रूप से जैन समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं।
****
पांच हजार सात सौ सिख तीर्थयात्रियों का एक जत्था बैसाखी के दौरान खालसा साजना दिवस के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों में मत्था टेकने के लिए अटारी-वाघा चेकपोस्ट से आज पाकिस्तान के लिए रवाना हो गया।
****
और अब खेल समाचार- आईपीएल टी-20 क्रिकेट में इस समय रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से हो रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ताजा समाचार मिलने तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने 18वें ओवर में 7 विकेट पर 125 रन बना लिये हैं।
****
चीन के निंगबो में, एशिया चैंपियनशिप बैडमिंटन में भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने मिक्सड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने चीनी ताइपे के होंग वेई ये और निकोल गोंजालेस चैन को हराया।
पुरूष डबल्स में हरिहरन और रूबन कुमार की भारतीय जोड़ी को मलेशिया के सोह वुई यिक और एरोन चिया की जोड़ी ने 15-21, 14-21 से शिकस्त दी। मिक्सड डबल्स में अशीथ सूर्या और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- 2008 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा का अमरीका से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण। राणा को लेकर एक विशेष विमान आज शाम दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पहुंचा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ब्रातिस्लावा में स्लोवाकिया-भारत व्यापार मंच का उद्घाटन किया। उद्यमियों से बेहतर नतीजों के लिए अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
- बिहार के कई जिलों में वर्षा के कारण विभिन्न घटनाओं में 28 लोगों की मौत।
- दिल्ली में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयात शुल्क की समयसीमा बढ़ाने से वैश्विक बाजारों को राहत।
- आईपीएल क्रिकेट में, डेल्ही कैपिटल्स ने मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरूद्ध टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
****