March 24, 2025 9:41 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की एक विशेष अल्पसंख्यक समूह को आरक्षण देने संबंधी कथित टिप्पणी पर संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार स्थगित हुई।

  • राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने न्यायधीश के आवास पर नकदी बरामदगी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करने का आह्वान किया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय समुदाय से केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्‍मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

  • भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने विदेशी निवेशकों के लिए निवेश सीमा दोगुना करके 50 हजार करोड़ रुपये की।

  • तुर्किए में इस्तांबुल के मेयर की गिरफ्तारी के विरोध प्रदर्शन के बाद से 1,100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।

  • सऊदी अरब के रियाद में रूस और अमरीका के अधिकारियों ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्‍त करने के लिए बातचीत की।

  • नई दिल्‍ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स के पावरलिफ्टंग में झंडू कुमार और सीमा रानी ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

———

कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की एक विशेष अल्पसंख्यक समूह को आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव करने की कथित टिप्पणी पर आज संसद के दोनों सदनों में हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर राज्यसभा को दिनभर के लिए और लोकसभा को दो बार स्थगित करना पड़। राज्यसभा में सदन की कार्यवाही दूसरे स्थगन के बाद दो बजकर 15 मिनट पर फिर शुरू होने पर हंगामा जारी रहने के बीच सदन ने तेल क्षेत्र विनियमन और विकास संशोधन विधेयक, 2024 में लोकसभा के कुछ संशोधनों को स्‍वीकृति दे दी। विधेयक को राज्यसभा पहले ही पारित कर चुकी है। हंगामा जारी रहने पर राज्‍यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

 

इससे पहले, सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट किया कि श्री शिवकुमार ने संविधान बदलने के बारे में कुछ नहीं कहा।

 

उधर, लोकसभा में भाजपा के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण वर्ष 1947 में सभी प्रमुख नेताओं ने खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने नेता को उनकी टिप्पणियों के लिए संवैधानिक पद से हटा देना चाहिए। 

———

वित्त विधेयक 2025 लोकसभा में चर्चा और पारित कराने के लिए आज प्रस्‍तुत किया गया। विधेयक का उद्देश्य वित्त वर्ष 2025-2026 के लिए केन्द्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को प्रभावी करना है।

 

चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के शशि थरूर ने कहा कि देश में वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी व्यवस्था बहुत जटिल है। उन्‍होंने कहा कि कर चुकाने वाले आम आदमी को राहत मिलनी चाहिए।

 

भारतीय जनता पार्टी के निशिकांत दुबे ने कहा कि पूरी दुनिया आर्थिक संकट से जूझ रही है, लेकिन भारत पिछले दस वर्षों में एक उज्ज्वल स्थान के रूप में उभरा है।

 

पूरी दुनिया भारत की तरफ देख रही है, चाहे आईएमएफ का रिपोर्ट हो, चाहे वर्ल्‍ड बैंक का रिपोर्ट हो, भारत ने पिछले दस साल में दुनिया को मात देते हुए अपने आप को वर्ल्‍ड की नम्‍बर थ्री इकोनोमी की तरफ खींचा। 70 साल में आपने इस देश को दो ट्रिलियन डॉलर की इकोनोमी दी और हमने दस साल में उसको लगभग साढे चार करोड ट्रिलियन डॉलर में जो है पहुंचा दिया।

 

वाईएसआर कांग्रेस के पीवी मिधुन रेड्डी, राष्‍ट्रीय जनता दल के अभय कुमार सिन्हा, कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला, शिव सेना (यूबीटी) के अनिल यशवंत देसाई, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के अमरा राम और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन ने भी चर्चा में भाग लिया।

———–

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के आवास से नकदी बरामद होने के मुद्दे पर चिंता व्यक्त की है। उन्‍होंने ऐसी घटनाओं को रोकने का आह्वान किया है। श्री धनखड़ ने आज संसद भवन में इस मुद्दे पर सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक की।सभापति ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने के लिए मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की प्रशंसा की।

——–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि केंद्र सरकार जनजातीय गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और मोबाइल नेटवर्क सहित बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए सभी प्रयास कर रही है। ओडिशा के नयागढ़ जिले के कलियापल्ली में आज भारतीय विश्वबासु शबरा समाज के स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति ने कहा कि जनजा‍तियों को सभी केंद्रीय योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करना चाहिए। राष्ट्रपति मुर्मु गृह राज्य ओडिशा की दो दिन की यात्रा पर हैं।

———–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के लोगों से विकास के मार्ग पर आगे आने की बात कही है। आज रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए    उन्‍होंने यह बात कही।

 

वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्‍यधारा में जोड़ने का कार्य अंतिम और निर्णायक दौर में पहुंच गया है। छत्‍तीसगढ़ के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहते हैं। मुझे विश्‍वास है कि छत्‍तीसगढ़ को उग्रवाद से पूर्णता मुक्‍त करने के प्रयास में आप सब शीघ्र ही सफलता प्राप्‍त करेंगे और राज्‍य के इतिहास में एक स्‍वर्णिम अध्‍याय जोड़ेंगे।

———-

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने विदेशी निवेशकों के लिए निवेश सीमा दोगुना करके 50 हजार करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को स्‍वीकृति दे दी। इसका उद्देश्य बदलते बाजार की गतिशीलता का समाधान करना है। नवनियुक्त अध्यक्ष तुहिन कांत पांडेय ने बोर्ड की पहली बैठक के बाद कहा कि भारतीय बाजारों में निवेश के लिए 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक रखने वाले विदेशी निवशकों को अब अतिरिक्त खुलासे करने की आवश्यकता होगी।

———-

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केन्द्र ने प्याज पर 20 प्रतिशत निर्यात शुल्क समाप्त कर दिया है। नई दिल्ली में आज श्री चौहान ने कहा कि प्याज पर निर्यात शुल्क समाप्त होने से किसानों की उपज बिना शुल्क के वैश्विक बाजारों में पहुंच सकेगी और उन्हें अधिक मूल्य मिल सकेगा।

 

किसानों को लाभकारी मूल्‍य देना मोदी सरकार की प्राथमिकता है, प्रतिबद्धता है और अब ये फैसला किया है कि प्‍याज के एक्‍सपोर्ट पर अब कोई एक्‍सपोर्ट डयूटी नहीं लगेगी, ताकि हमारे किसानों द्वारा मेहनत से उपजाया हुआ प्‍याज दुनिया के बाजारों में बिना  एक्‍सपोर्ट डयूटी के जाए और किसानों को अच्‍छे लाभकारी मूल्‍य मिल सके।

———-

केंद्र सरकार ने संसद के वर्तमान और पूर्व सदस्यों के वेतन, दैनिक भत्ता और पेंशन में वृद्धि की घोषणा की है। संसद सदस्यों का मासिक वेतन एक लाख रुपये से बढ़ाकर एक लाख 24 हजार रुपये कर दिया गया है। दैनिक भत्ता दो हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार पांच सौ रुपये और मासिक पेंशन 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 31 हजार रुपये कर दी गई है। यह वृद्धि पहली अप्रैल 2023 से प्रभावी होगी।

——–

दिल्ली सरकार पिछली आम आदमी पार्टी के कार्यकाल पर विधानसभा में श्वेत पत्र लाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज विधानसभा में दिल्ली परिवहन निगम के बारे में नियंत्रक और महालेखा परीक्षक-सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान यह घोषणा की। इससे पहले श्रीमती गुप्ता ने सदन में निगम के बारे में सीएजी रिपोर्ट प्रस्‍तुत की। यह सीएजी की तीसरी रिपोर्ट है।

———

भारत ने मेक इन इंडिया पहल के शुरू होने के बाद वर्ष 2023-24 में स्वदेशी रक्षा उत्पादन में सबसे अधिक वृद्धि प्राप्‍त की है। इसके साथ ही रक्षा उत्‍पादन एक लाख 27 हजार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्‍तर तक पहुंच गया है।

———

आज विश्‍व तपेदिक दिवस है।

इस वर्ष का विषय है- हां, हम क्षय रोग का खात्‍मा कर सकते हैं: प्रतिबद्धता, निवेश और परिणामी प्रयास। 

इस अवसर पर  स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्‍ली में कहा है कि सरकार इस वर्ष के अंत तक देश से तपेदिक समाप्‍त करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

 

हमारा वर्ल्ड रिपोर्ट जो आया उसमें ग्‍लोबल डिक्लाइन जो है वो 8.3 परसेंट है और हमारा डिक्‍लाइन 7.7 परसेंट है। ट्रीट्मेन्ट कवरेज हायर इन्क्रीस्ट फ्रॉम 59 परसेंट टू 85 परसेंट और अब ट्यूबरक्लोसिस एलीमिनेशन में इंडिया मॉडल वर्ल्‍ड इसको मान रहा है और इस इंडिया मॉडल पर चलने की कोशिश कर रहा है।

 

केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस-टीबी के दस हजार आइसोलेट्स की जीनोम सीक्वेंसिंग पूरी होने की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य जीनोमिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके टीबी के ईलाज में दवा प्रतिरोध से निपटना है।

 

उन्‍होंने ये तय किया कि 80 प्रतिशत वो मॉडरेटी कम करने में कामयाब रहे ये उनका प्रयास रहेगा सन 2030 तक ट्यूबरक्लोसिस को लेकर के और 90 प्रतिशत इसकी मॉडरेटी की है यानी कि प्रीविलेन्‍सी और हमें इस बात की खुशी है और ये हमारे लिए एक चुनौती भी है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी ने एक बहुत बडी जिम्‍मेवारी हम पर डाल करके ये तय किया कि हम 2025 के भीतर ही टीबी मुक्‍त भारत कायम करने में सफल हो पाएंगे।

———

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीकमें, आज रात साढे नौ बजे टीबी से बचाव और उपचारविषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इस चर्चा में केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय में उपमहानिदेशक डॉ उर्वशी बी सिंह तथा नई दिल्‍ली के सफदरजंग   अस्‍पताल में श्‍वसन चिकित्‍सा विभाग के अध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार शामिल होंगे।

——–

तुर्कीए में इस्तांबुल के मेयर एक्रेम इमामोग्लू की हिरासत को लेकर पांच दिन पूर्व शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद से देशभर में एक हजार एक सौ तैंतीस लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों से विस्‍फोटक सामान जब्त किया गया है।

———-

रूस और अमरीका के प्रतिनिधियों ने सऊदी अरब के रियाद में यूक्रेन संघर्ष समाप्‍त करने के बारे में बातचीत शुरू कर दी है। रूस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर फेडरेशन काउंसिल कमेटी के प्रमुख ग्रिगोरी करासिन और रूस की संघीय सुरक्षा सेवा के निदेशक के सलाहकार सर्गेई बेसेडा कर रहे हैं।

———

दिल्‍ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्‍स के पांचवें दिन आज पावरलिफ्टिंग में दो और नये राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड बनें। एक रिपोर्ट-

 

पंजाब की सीमा रानी और बिहार के झंडू कुमार ने नया राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। सीमा रानी ने एलीट 61 किलो में 97 किलो वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस श्रेणी में जैनब खातून ने रजत और एम नाथिया ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा झंडू कुमार ने एलीट 72 किलो में 206 किलो वजन उठाने के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। झंडू कुमार ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में बताया कि यह अनुभव बेहद खास है।

 

अपना ही रिकॉर्ड तोडे हैं पहला रिकॉर्ड तो हरियाणा का सुदीप कुमार का था 192 का रिकॉर्ड था, नोएडा में 205 मार करके रिकॉर्ड हमने अपने नाम किया। उसके बाद खेलो इंडिया में अपना ही रिकॉर्ड 206 केजी मारकर नाम किया। 

 

निशानेबाजों में पेरिस खेलों की पदक विजेता मोना अग्रवाल ने मिक्स्ड 50 मीटर प्रोन एस एच श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। राजस्थान के निहाल सिंह ने मिकस्ड 25 मीटर पिस्टल एसएच में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस श्रेणी में अमीर अहमद भट्ट ने रजत और संदीप कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

———

विशाखापत्तनम में आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स के साथ मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ताजा समाचार मिलने तक 16वें ओवर में 4 विकेट पर 171 रन बना लिये हैं।

———

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की एक विशेष अल्पसंख्यक समूह को आरक्षण देने संबंधी कथित टिप्पणी पर संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार स्थगित हुई।

  • राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने न्यायधीश के आवास पर नकदी बरामदगी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करने का आह्वान किया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय समुदाय से केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्‍मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

  • भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने विदेशी निवेशकों के लिए निवेश सीमा दोगुना करके 50 हजार करोड़ रुपये की।

  • तुर्किए में इस्तांबुल के मेयर की गिरफ्तारी के विरोध प्रदर्शन के बाद से 1,100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।

  • सऊदी अरब के रियाद में रूस और अमरीका के अधिकारियों ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्‍त करने के लिए बातचीत की।

  • नई दिल्‍ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स के पावरलिफ्टंग में झंडू कुमार और सीमा रानी ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

———–