Download
Mobile App

android apple
signal

March 21, 2025 9:38 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में कहा – राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले दस वर्षों में राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रौद्योगिकी के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूत किया है।
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा – सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रत्‍येक किसान को डिजिटल पहचान पत्र मिलेगा।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान के चिकित्‍सकों से भावनात्मक मुद्दों से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता अभियान शुरू करने को कहा।
  • लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास लगी आग अब नियंत्रण में। हवाई अड्डे के बंद होने से उडानें शुरू होने में विलंब की आशंका।
  • खेलों में भारत की अनाहत सिंह और वीर चोटरानी ने चेन्नई में पीएसए चैलेंजर स्क्वाश के खिताब जीते।

 

***

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति अपनाई है कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के दौरान जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के कारण होने वाली मौतों में 70 प्रतिशत कमी आई है और आतंकी घटनाओं में भी भारी कमी हुई है। राज्यसभा में आज गृह मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा का उत्‍तर देते हुए श्री शाह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में सरकार ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद और पूर्वोत्तर में उग्रवाद की तीन बड़ी चुनौतियों का दृढता से सामना किया है।

 

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति प्रधानमंत्री मोदी जी ने दी। मोदी जी के आने के बाद उरी और पुलवामा में हमला हुआ। दस ही दिन में पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्‍टाइक करके जवाब दिया।

 

गृह मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाकर मोदी सरकार ने संविधान निर्माताओं के ‘एक संविधान, एक झंडे’ का सपना पूरा किया है।

 

5 अगस्त 2019 में मोदी जी ने धारा 370 को समाप्‍त किया। हमारे संविधान निर्माताओं का वो स्‍वप्न कि एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं होंगे, कैसे हो सकता है और 5 और 6 अगस्त 2019 को इस देश में एक विधान, एक प्रधान और एक किसान का नया दौर और वहीं से शुरू हुआ कश्‍मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ एकरूप करने की प्रक्रिया।

 

गृह मंत्री ने कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले दस वर्षों में राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रौद्योगिकी के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूत किया है। उन्‍होंने कहा कि अगले वर्ष मार्च तक भारत में नक्सलवाद समाप्‍त हो जाएगा। अमित शाह ने कहा कि सत्ता में आने के बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर के सभी हथियारबंद संगठनों से औपचारिक बातचीत की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक 12 महत्वपूर्ण शांति समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

 

***

 

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। लोकसभा में आज वर्ष 2025-26 के लिए के लिए कृषि मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा का उत्‍तर देते हुए श्री चौहान ने कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले दस वर्षों में कृषि क्षेत्र के लिए बजट में दस लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया है। श्री चौहान ने कहा कि मोदी सरकार ने अब तक 75 करोड़ 74 लाख मीट्रिक टन न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य पर धान की खरीद की है। कृषि मंत्री ने कहा कि डिजिटल एग्री मिशन के अंतर्गत देश के हर किसान को एक डिजिटल पहचान पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसान विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान से व्यापक सुरक्षा प्रदान करती है।

 

इस सरकार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में स्थानीय आपदा का प्रावधान करके यह तय कर दिया कि एक भी किसान की फसल अगर खराब होगी तो क्षति की पूर्ति की जाएगी, उसको क्लेम किया जाएगा, फसल बीमा योजना लोगों की जिंदगी बदलने का माध्यम बन गई है।

 

***

 

लोकसभा ने केंद्रीय बजट में वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्‍न मंत्रालयों की अनुदान मांगें पारित कर दी हैं। सदन की कार्यवाही के दौरान लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने रसायन और उर्वरक, बिजली, वाणिज्‍य और उद्योग, आवासन और शहरी कार्य, सूचना और प्रसारण तथा सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम मंत्रालय की अनुदान मांगें बिना किसी चर्चा के पारित कर दी हैं। सदन ने विभिन्‍न मंत्रालयों के लिए अनुदान मांगों के सिलसिले में कुछ सदस्‍यों द्वारा पेश किए गए कटौती प्रस्‍ताव नामंजूर कर दिए। इसके बाद, लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा पेश किए गए विनियोग विधेयक-3, 2025 को भी लोकसभा ने पारित कर दिया।

 

***

 

भारत ने पिछले महीने की पांच तारीख को अमरीका से अमृतसर वापस भेजे गए भारतीय नागरिकों के साथ उडान में किए गए व्‍यवहार को लेकर वहां के अधिकारियों के समक्ष गंभीर आपत्ति प्रकट की है। भारत ने प्रत्‍यर्पित व्‍यक्तियों, विशेष रूप से महिलाओं को बेड़‍ियों से बांधने का मुद्दा उठाया है। यह जानकारी विदेश राज्‍य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने आज लोकसभा में दी। उन्‍होंने कहा कि भारत, प्रत्‍यर्पण कार्रवाईयों में वापस भेजे गए व्‍यक्तियों के साथ मानवीय व्‍यवहार का मुद्दा अमरीका के साथ निरंतर उठाता रहा है। श्री सिंह ने स्‍पष्‍ट किया कि सरकार ने हाल ही में अमरीका से प्रत्‍यर्पित भारतीय नागरिकों के लिए वापस भेजने की किसी लागत का भुगतान नहीं किया है।

 

***

 

भारत ने चीन के होटन प्रान्त में नए काउंटी बनाने पर कूटनीतिक माध्यमों से गंभीर विरोध दर्ज कराया है। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि इन तथाकथित काउंटी के अधिकार क्षेत्र के कुछ हिस्से भारत के लद्दाख में आते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत ने इस क्षेत्र में अपने क्षेत्र में चीन के अवैध कब्जे को कभी स्वीकार नहीं किया है।

 

***

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान के अधिकारियों से भावनात्मक मुद्दों से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता अभियान शुरू करने को कहा। उन्‍होंने कहा कि भावनात्‍मक स्‍वास्‍थ्‍य आज एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। आज शाम नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के 49वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि किसी के लिए भी विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए निराशा की कोई गुंजाइश नहीं है। राष्ट्रपति ने कहा कि एम्स ने न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस – एआई संचालित डायग्नोस्टिक्स और रोबोटिक सर्जरी में एम्स अग्रणी स्‍थान बनाया है।

 

***

 

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में एक दिवसीय ‘पर्पल फेस्ट’ का आयोजन किया। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की। उन्‍होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य सभी के लिए एक स्वागतयोग्य और समावेशी समाज बनाना है।

 

देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 जो पारित किया है उसमें जहां दिव्यांगजनों के लिए तो दिव्यंकता की सात श्रेणियां थी उनको बढ़कर 21 किया गया था सरकारी नौकरियों में भी आरक्षण 3% से बढ़कर 4% किया गया और स्कूलों में भी आरक्षण 3% से बढ़ाकर 5% किया गया था। सुगम्‍य भारत अभियान को भी आगे बढ़ाया गया। आत्‍मीयता भरा सहयोग जो मिल रहा है इससे दिव्‍यांगजनों के अंदर का आत्‍मविश्‍वास कई गुना बढ़ रहा है।

 

***

 

सरकार ने कहा है कि यूक्रेन-रूस संघर्ष पर भारत का रुख सर्वविदित है। सरकार ने कहा कि भारत ने संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए सदैव दोनों पक्षों और अन्य प्रमुख हितधारकों के बीच संवाद और कूटनीति का समर्थन किया है। नई दिल्ली में आज विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों के साथ-साथ अन्य हितधारकों के साथ भारत की बातचीत इस व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप रही है।

 

प्रवक्ता ने कहा कि भारत अपने रक्षा निर्यात को बढ़ावा दे रहा है। भारत-चीन वार्ता पर श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति षी चिनफिंग के बीच कज़ान में हुई बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच विदेश मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विदेश सचिव स्तर पर रचनात्मक बातचीत हुई है।

 

***

 

लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के निकट लगी आग अब नियंत्रण में है। आग के कारण दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक हीथ्रो हवाई अड्डे की बिजली काट दी गई थी। लंदन फायर ब्रिगेड ने इसकी जानकारी दी है। हवाई अड्डा आधी रात तक बंद रहेगा। आग के कारण इसे दिन भर के लिए बंद करना पड़ा, जिसके चलते लाखों यात्रियों को अपनी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कल देर रात पश्चिमी लंदन में एक विद्युत सबस्टेशन के ट्रांसफार्मर में आग लगने से व्यापक स्‍तर पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई जिससे हजारों घर, स्थानीय व्यवसाय प्रभावित हुए और हजारों उड़ानें बाधित हुईं।

 

***

 

स्क्वॉश में, भारत की अनाहत सिंह ने महिला वर्ग में और के वीर चोटरानी ने पुरूष वर्ग में एस आर एफ आई इंडियन टूर पीएसए चैलेंजर खिताब जीत लिया है। अनाहत ने आज चेन्‍नई में हुए फाइनल में भारत की ही आकांक्षा सालुंखे को तीन-एक से हराया। उधर, वीर ने भी फ्रांस के मेलविल साइनीमैनिको को पराजित किया।

 

***

 

कबड्डी विश्व कप में महिला वर्ग में भारत और मेजबान इंग्‍लैंड की टीम फाइनल में पहुंच गई हैं। आज भारत ने सेमीफाइनल में हांगकांग को 53-15 से हराया। एक अन्‍य सेमीफाइनल में इंग्‍लैंड ने वेल्‍स को 72-25 से पराजित किया। भारत और इंगलैंड के बीच फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

 

***

 

इंडियन प्रीमियर क्रिकेट लीग-आईपीएल का 18वां संस्‍करण कल से शुरू हो रहा है। पहला मैच पिछली बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच कोलकाता में खेला जाएगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से शुरू होगा। 

 

***

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत में लगभग दस हजार जैव प्रौद्योगिकी स्टार्टअप हैं जो करीब 165 अरब डॉलर की जैव अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद के 13वें स्थापना दिवस पर आज डॉ. सिंह ने कहा कि भारत को अंतरिक्ष और जैव प्रौद्योगिकी में उल्लेखनीय प्रगति के लिए विश्व स्तर पर मान्यता मिल रही है। उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और जैव अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की।

 

***

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में कहा – राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले दस वर्षों में राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रौद्योगिकी के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूत किया है।
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा – सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रत्‍येक किसान को डिजिटल पहचान पत्र मिलेगा।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान के चिकित्‍सकों से भावनात्मक मुद्दों से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता अभियान शुरू करने को कहा।
  • लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास लगी आग अब नियंत्रण में। हवाई अड्डे के बंद होने से उडानें शुरू होने में विलंब की आशंका।
  • खेलों में भारत की अनाहत सिंह और वीर चोटरानी ने चेन्नई में पीएसए चैलेंजर स्क्वाश के खिताब जीते।

***