April 17, 2024 10:21 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार समाप्‍त। 17 राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।
  • अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी उसी दिन विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जायेंगे।
  • लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी।
  • देश के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। उत्तर प्रदेश के अयोध्या मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान राम के दर्शन किए।
  • यूक्रेन के चेरनीहिव में रूस के मिसाइल हमले में चौदह लोग मारे गये।
  • देश के पश्चिमोत्‍तर भाग में कल से बारिश की संभावना। अगले चार दिन के दौरान ओडिसा और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में भीषण लू चलने की आशंका।
  • आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और डेल्‍ही कैपिटल्स के बीच मुकाबला जारी।

 

—————

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज समाप्‍त हो गया। इस चरण में 17 राज्‍यों और चार केन्‍द्रशासित प्रदेशों के 102 निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे। अरूणाचलप्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैण्‍ड, सिक्किम, अण्‍डमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पुद्दुचेरी, उत्‍तराखण्‍ड और तमिलनाडु में सभी लोकसभा सीटों के लिए इसी चरण में मतदान होगा। राजस्‍थान की 12, उत्‍तरप्रदेश की 8, मध्‍यप्रदेश की 6, असम और महाराष्‍ट्र की पांच-पांच, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, मणिपुर की दो और छत्‍तीसगढ, त्रिपुरा और जम्‍मू कश्‍मीर की एक-एक सीट के लिए भी पहले चरण में मतदान होगा। इस चरण में एक हजार 625 उम्‍मीदवार मैदान में हैं।

 

पहले चरण में भाजपा के जिन प्रमुख उम्‍मीदवारों के राजनीतिक भाग्‍य का फैसला होना है, उनमें केन्‍द्रीय सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, तेलंगाना की पूर्व राज्‍यपाल और पुद्दुचेरी की पूर्व उप-राज्‍यपाल तमिलीसाई सौंदरराजन, भाजपा के तमिलनाडु प्रदेश अध्‍यक्ष के० अन्‍नामलाई और कर्नाटक में कांग्रेस के कार्ति चिदम्‍बरम तथा द्रविड मुनेत्र कडगम के दयानिधि मारन भी शामिल हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक आज शाम तक प्रचार में जुटे रहे।

 

प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी ने त्रिपुरा के अगरतला में जनसभा की। इससे पहले दिन में असम में नलबाडी में रैली की। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक में मांड्या में जनसभा को संबोधित किया। श्री राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्‍तरप्रदेश में गाजियाबाद में संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित किया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में रोड शो किया। भाजपा नेता निर्मला सीतारामन ने मिजोरम में आइजोल में संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित किया। पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बैनर्जी ने असम में सिल्‍चर में जनसभा को संबोधित किया। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के अलावा अरूणाचलप्रदेश और सिक्किम विधानसभा के चुनाव भी एक ही चरण में शुक्रवार को होंगे। अरूणाचलप्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्‍त हो गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा साठ में से दस सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है। इनमें मुख्‍यमंत्री पेमा खांडू और उप-मुख्‍यमंत्री चाउना मेन की सीटें भी शामिल है।

—————

राजस्‍थान की 12 सीटों पर पहले चरण के तहत होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए आज प्रचार थम गया। मतदान 19 अप्रैल को होगा। प्रचार के अंतिम दिन आज भाजपा और कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी।

 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज खैरथल में भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र यादव के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने धौलपुर में, विजया राहटकर ने बांसवाड़ा में, प्रेमचंद बैरवा ने दूदू में, सतीश पूनिया ने जालौर और राजेंद्र राठौड़ ने चुरू में भाजपा प्रत्‍याशि‍यों के समर्थन में भाजपा के लिए प्रचार कार्यक्रमों में भाग लिया। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जैसलमेर और नागौर में कांग्रेस प्रत्‍याशी और गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने आज अलवर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में एक आम सभा को संबोधित किया जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर

—————

लोकसभा चुनावों के चौथे चरण के लिए कल अधिसूचना जारी होगी। इस चरण में नौ राज्‍यों तथा एक केन्‍द्रशासित प्रदेश की 96 लोकसभा सीटों के लिए 13 मई को मतदान होगा। आंध्रप्रदेश की 175 सदस्‍यीय विधानसभा और ओडिसा विधानसभा की 28 सीटों के पहले चरण के मतदान के लिए भी कल ही अधिसूचना जारी की जाएगी। आंध्रप्रदेश में एक ही चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं।

 

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए नामांकन भरने का काम शुक्रवार को समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में दस राज्‍यों और दो केन्‍द्रशासित प्रदेशों की 94 सीटों के लिए 7 मई को वोट डाले जाएंगे।

—————

रामनवमी का पर्व आज देशभर में श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन भगवान राम के जन्‍मोत्‍सव के रूप में मनाया जाता है। आज अभिजीत काल में 12 बजकर 16 मिनट पर अयोध्‍या मंदिर में विराजमान भगवान राम लला की प्रतिमा के मस्‍तक पर सूर्य तिलक जगमगा उठा। नवनिर्मित श्रीरामलला मंदिर में पहली बार राम जन्मोत्सव मनाया गया। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामनवमी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी।

—————

पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आज कड़ी सुरक्षा के बीच रामनवमी का त्यौहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक संगठनों ने पूजा और जुलूस का आयोजन किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज सोशल मीडिया पर राज्य के लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

—————

जम्‍मू कश्‍मीर में चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रीमाता वैष्‍णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा आयोजित नौ दिवसीय शत-चण्‍डी महायज्ञ आयोजित किया गया। सार्वभौम शांति और समृद्धि की कामना के साथ आज रामनवमी के शुभ अवसर पर पूर्णाहूति के साथ इस यज्ञ का समापन हुआ।

—————

उत्तर प्रदेश के अयोध्‍या में रामनवमी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में यह पहली रामनवमी है।

 

 

सम्‍पूर्ण विश्‍व के सनातनी आज अयोध्या में नवनिर्मित दिव्य और भव्य राम मंदिर में प्राकट्य होते ही राम लला के ललाट पर भगवान दिवाकर की किरणों से संरक्षित तिलक के ऐतिहासिक, अद्भुत और अनुठे दृश्य के साक्षी बने। जिसे देश के प्रख्यात वैज्ञानिकों ने चार वर्ष के अभ्यास और अनुसंधान से साकार किया। श्रीराम संकीर्तन और वेद मंत्रोच्‍चारण के बीच अपने आराध्य को धरा पर अवतरित होते देख श्रद्धालु भावविभोर होकर जयकारे लगाने लगे। भगवान रामलला को 56 प्रकार के भोग लगाकर प्रसाद सुरक्षा बलों और निर्माण कर्मियों सहित परिसर में उपस्थित 7000 सेवकों और श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। तन्मय सोनी आकाशवाणी समाचार अयोध्या।

—————

यूक्रेन में उत्‍तरी शहर चेरनीहिव में रूस के मिसाइल हमले में दो बच्‍चो सहित 14 लोग मारे गये हैं। अधिकारियों ने बताया है कि तीन रूसी मिसाइलें एक आवासीय इमारत, अस्‍पताल और एक उच्‍च शिक्षण संस्‍थान पर गिरीं। हमले में साठ से ज्‍यादा लोग घायल भी हो गए हैं। घटनास्‍थल पर तलाश और बचाव अभियान चल रहा है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वलोद्यमीर जेलेंस्‍की ने कहा कि अगर यूक्रेन को पश्चिमी देशों से पर्याप्‍त मात्रा में हवाई सुरक्षा के उपकरण मिले होते, तो ऐसा नहीं होता।

—————

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान ओडिसा और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में भीषण गर्मी की आशंका व्‍यक्‍त की है। झारखंड, उत्तरी कोंकण, सौराष्ट्र, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और पुदुचेरी में भी लू की आशंका है। विभाग ने अगले तीन दिन के दौरान पूर्वी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विभाग ने कल से रविवार तक उत्तर पश्चिम भारत में तेज़ हवा चलने और गरज के साथ वर्षा की भी संभावना व्‍यक्‍त की है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में छिटपुट वर्षा की भी संभावना व्‍यक्‍त की है।

—————

अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट में आज डेल्‍ही कैपिटल्‍स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात टायटन्‍स ने 15वें ओवर में 7 विकेट पर 77 रन बना लिए हैं। डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। तालिका में गुजरात टायटन्‍स छह अंक लेकर छठे स्‍थान पर है, जबकि डेल्‍ही कैपिटल के चार अंक हैं और वह नौवें स्‍थान पर है। चंडीगढ में कल मुम्‍बई इंडियन्‍स का सामना पंजाब किंग्‍स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

—————

थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडेय ने आज उज़्बेकिस्तान में सशस्त्र बल अकादमी में एक अत्‍याधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। यह प्रयोगशाला भारत की सहायता से स्‍थापित की गई है। सितंबर 2018 में रक्षा मंत्रियों की बैठक में यह प्रयोगशाला बनाने का निर्णय किया गया था। जनरल पांडेय उज्बेकिस्तान की चार दिवसीय यात्रा पर हैं।

——————–

अंतरिक्ष कैनसैट इंडिया विद्यार्थी प्रतियोगिता आज गुजरात के अहमदाबाद में संपन्न हो गई। भावी अंतरिक्ष नवप्रवर्तकों को प्रोत्‍साहन देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र तथा भारतीय अंतरिक्ष यात्री समिति ने अहमदाबाद में पहली बार दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया।

——————–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार समाप्‍त। 17 राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।
  • अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी उसी दिन विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जायेंगे।
  • लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी।
  • देश के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। उत्तर प्रदेश के अयोध्या मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान राम के दर्शन किए।
  • यूक्रेन के चेरनीहिव में रूस के मिसाइल हमले में चौदह लोग मारे गये।

************