Download
Mobile App

android apple
signal

March 14, 2025 9:49 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

• रंगों का त्योहार होली पूरे देश में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया।


• सरकार ने खनिज आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्‍य से प्रमुख खनिजों के लिए पहली अन्वेषण लाइसेंस नीलामी शुरू की।


• भारत ने बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजेक मामले में किसी भी तरह की संलिप्‍तता के पाकिस्तान के आरोप को खारिज किया।


• चीन, रूस और ईरान ने ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने और परमाणु वार्ता को फिर से शुरू करने का आह्वान किया।


• और, बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त, लक्ष्य सेन तथा ट्रीसा और गायत्री की जोडी क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर।



***

रंगों का त्यौहार होली आज पूरे देश में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्तर प्रदेश में ब्रज मंडल से लेकर अयोध्या धाम तक पूरे प्रदेश में होली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जबकि मध्य प्रदेश में भी शहरों के चौराहे और गली-मोहल्ले रंगों से सराबोर दिखे। उधर, गुजरात में भी होली-धुलेटी का त्यौहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ दिखा।

***

देश के अन्य भागों की तरह रंगों का त्योहार पूरे जम्मू क्षेत्र में भी हर्षोंल्‍लास के साथ मनाया गया।

***

देश की राजधानी दिल्‍ली में लोग आनंदित दिखे। शहर के हर कोने में रंगों के इस त्योहार की धूम, उत्साह और उमंग देखने को मिली।

 

दिल्ली समेत पूरा देश आज होली के रंग में रंगा हुआ है। सुबह से शहर के लगभग सभी गली-मोहल्लों, पार्कों, सोसाइटी, क्लब हाउस, पार्टी लॉन्स में हर तरफ सिर्फ रंग ही रंग देखे जा सकते हैं। छोटे बच्चे पिचकारी में अलग-अलग रंग भरकर, गुब्बारों में रंग-बिरंगे पानी भरकर सभी को रंगीन फुहार से सराबोर करते हुए दिनभर दिखाई दिए। वहीं, बड़े भी अबीर और गुलाल लगाकर, गुजिया और मिठाइयां खिलाकर एक दूसरे को होली की शुभकामनायें दे रहे थे। शहर के कई हिस्सों में होली को और आनंदमयी बनाने के लिए रेन डांस का आयोजन हुआ, तो कहीं होली के गीत गाकर लोगों ने जश्न को और भी ज़्यादा मज़ेदार बनाया। सुरक्षा की दृष्टि से देखें तो शहर भर में मज़बूत सुरक्षा व्यवस्था रही। ड्रोन और सीसीटीवी के माधयम से शहर के विभिन्‍न इलाकों पर नज़र रखी जा रही थी। मीडिया से बातचीत में दिल्ली पुलिस के उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि दिल्ली पुलिस के जवान पेट्रोलिंग कर रहे हैं और सड़कों पर बैरिकेडिंग भी की गयी है। उन्होंने बताया की शराब पीकर वाहन चलाने वालों, हुड़दंग करने वालो पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

साउथ वेस्‍ट जिडस्ट्रिक्‍ट में हमारे सात से ज्‍यादा घारों में और थाना क्षेत्रों में ….. लगी हुई है। सारी मिलाकरके और सारा हमारा जो स्‍टाफ है वो रोड़ पे लगातार पैट्रोलिंग कर रहा है और चैक्‍स पर हमारी ड्रिंक एंड ड्राइविंग के लगातार चालान कर रहे हैं।

दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने लोगों से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली खेलने की अपील की। सकलेन अखतर आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

***

बिहार में आज लोग रंगों के त्योहार होली की खुशियों में पूरी तरह लीन नजर आए। धार्मिक कैलेंडर के अनुसार मगध, मिथिला शाहाबाद, तिरहुत, कोसी और सीमांचल के इलाकों में कल भी होली मनाई जाएगी।

 

बिहार में होली का पर्व धार्मिक उल्‍लास और उत्‍साह के वातावरण में मनाया जा रहा है। सहरसा और लखीसराय सहित कई भागों में मंदिरों में लोगों ने इस पूजा-अर्चना के बाद होली का त्‍यौहार मनाया। अलग-अलग हिस्‍सों में बसिवारा होली, बुढ़वा होली जैसे कई नाम से होली मनाने का रिवाज है। फाग और जोगीरा के साथ ढोल और मंजीरे का संगीत रंगो के इस त्‍यौहार को पारंपरिक स्‍वरूप भी प्रदान कर रहा है। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

***

खान मंत्रालय ने देश में खनन क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्‍य से गोवा सरकार के साथ मिलकर अन्वेषण लाइसेंस की पहली नीलामी शुरू की है। केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी और गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने गोवा में एक कार्यक्रम में इस पहल का अनावरण किया।

 

यह नीलामी 13 अन्वेषण लाइसेंस ब्लॉकों पर केंद्रित होगी, जिसमें पृथ्वी के दुर्लभ तत्व-जस्ता, तांबा और हीरा जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल होंगे। इस पारदर्शी ऑनलाइन बोली प्रक्रिया का उद्देश्य व्यवस्थित अन्वेषण में तेजी लाना और खनिज आयात पर भारत की निर्भरता को कम करना है। कार्यक्रम में एआई हैकाथॉन 2025 का उद्घाटन भी किया गया जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से खनिज को लक्षित करने का पता लगाएगा। कार्यक्रम के दौरान निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए तीन निजी अन्वेषण एजेंसियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समाचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी।

***

भारत ने पाकिस्तान के उन आरोपों को निराधार बताया है जिसमें वहां ट्रेन हाईजैक मामले में भारत का हाथ होने की बात कही गई है। पाकिस्तान के आरोपों पर मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारत, पाकिस्तान के निराधार आरोपों को साफ तौर पर खारिज करता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र कहां है। प्रवक्‍ता ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी आंतरिक समस्याओं और विफलताओं के लिए दूसरों पर उंगली उठाने और दोष मढ़ने के बजाय अपने अंदर झांकना चाहिए।

***

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कुछ समय पहले तीन दिवसीय दौरे पर असम पहुंच गए हैं। केंद्रीय मंत्री जोरहाट हवाई अड्डे से गोलाघाट जाएंगे और देरगांव में लचित बरफुकन पुलिस अकादमी में रात्रि विश्राम करेंगे। गृह मंत्री कल आइजोल के दौरे पर रहेंगे। श्री शाह आइजोल शहर स्थित असम राइफल्स के अड्डों को ज़ोखावसांग में स्थानांतरित करने अवसर पर आयोजित एक समारोह में शामिल होंगे।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा बहुत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि इससे मिजोरम के लोगों का लंबे समय का इंतजार खत्‍म होगा और असम राइफल्स को आइजोल शहर से ज़ोखावसंग स्थानांतरित किया जाएगा, जो राजधानी आइजोल से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके स्‍थानांतरण की मांग 1988 से की जा रही है। पिछले साल अक्टूबर में लालदुहोमा के नेतृत्व वाली जेडपीएम सरकार और असम राइफल्स के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे जो इस साल अप्रैल से प्रभावी होगा। गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाले असम राइफल्स के स्थानांतरण समारोह के साथ 3 दशकों के बाद मिजोरम में इतिहास का एक नया अध्याय लिखा जाएगा। मिजोरम से गिन गंगटे की रिपोर्ट के साथ सरफिरोजी।

***

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि उन्होंने अमरीका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के साथ पारस्परिक रूप से सकारात्‍मक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर एक सार्थक चर्चा की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि इस संबंध में सरकार का दृष्टिकोण इंडिया फर्स्ट, विकसित भारत और व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर आधारित है।

***

प्रधानमंत्री गति शक्ति के अन्‍तर्गत नेटवर्क योजना समूह की 89वीं बैठक में आज सड़क, रेल और मेट्रो के क्षेत्रों में प्रमुख ढांचागत परियोजनाओं का मूल्यांकन किया गया। आठ परियोजनाओं का मूल्यांकन किया, जिनमें से चार सड़क, तीन रेल और एक मेट्रो से संबंधित हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इन पहलों से रसद दक्षता को बढ़ावा मिलने, यात्रा के समय को कम करने और इन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक गतिविधि बढने की उम्मीद है।

***

चीन और रूस ने ईरान पर अमरीकी प्रतिबंधों को समाप्त करने और परमाणु वार्ता को फिर से शुरू करने का आह्वान किया है। चीन के उप विदेश मंत्री मा चाओषीयू ने रूस के उप विदेश मंत्री रयाबकोव सर्गेई एलेक्सीविच और ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी के साथ एक संयुक्त बयान में यह बात कही। तीनों देशों के प्रतिनिधियों की आज बीजिंग में हुई बैठक में कथित गैरकानूनी और एकतरफा प्रतिबंधों को हटाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। एक संयुक्त बयान में, तीनों देशों ने दोहराया कि आपसी सम्मान के सिद्धांत पर आधारित राजनीतिक और कूटनीतिक जुड़ाव तथा वार्ता ही इस मुद्दे को हल करने का एकमात्र व्यावहारिक विकल्प है।

***

उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ता – एटीएस ने फिरोजाबाद में आयुध कारखाने के एक कर्मचारी रवींद्र कुमार को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी- आईएसआई के एजेंट को संवेदनशील जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यूपी एटीएस के अवर महानिदेशक नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि रवींद्र कुमार को एक दूसरे एजेंट नेहा को कारखाने के दैनिक उत्‍पादन की जानकारी देते हुए पकडा गया।

***

इस वर्ष 24 जनवरी को महाराष्‍ट्र के भण्‍डारा जिले में स्थित आयुध फैक्‍ट्री में हुए विस्‍फोट के सिलसिले में चार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार मशीनों और अन्‍य कलपुर्जों की मरम्‍मत के दौरान भूल से यह घटना हुई थी। विस्‍फोट की इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी जबकि चार लोग घायल हो गए।

***

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष राजदूत स्टीव विटकॉफ से मॉस्को में मुलाकात की। रूस ने आज इस की पुष्टि की कि दोनों ने हाल ही में सऊदी अरब के जेद्दाह में हुई अमरीका-यूक्रेन शांति वार्ता पर चर्चा की।

 

बैठक में पुतिन को रूस और यूक्रेन के बीच प्रस्तावित 30-दिन के युद्धविराम के बारे में विस्‍तृत जानकारी दी गई।

 

***

इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुडानी ने इराक और सीरिया के आईएसआईएस नेता अबू खदीजा के मारे जाने की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार, इराक के सुरक्षा बलों ने आतंकी समूह से लड़ने वाले अमरीका के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर अब्दुल्ला मक्‍की मुस्लेह अल-रिफाई को मार दिया है। इस आतंकवादी को अबू खदीजा के नाम से भी जाना जाता है। उन्‍होंने मृतक को इराक सहित दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादियों में से एक बताया।

***

बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है। पुरुष सिंगल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन और महिला डबल्स में त्रिशा जॉली तथा गायत्री गोपीचंद को शिकस्त झेलनी पड़ी।

 

लक्ष्य सेन आज अपनी लय में नहीं दिखे और इसका खामि‍याजा उन्‍हें विश्व के सबसे प्रतिष्ठित बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर होकर भुगतना पडा। 2022 के फाइनलिस्‍ट लक्ष्य को चीन के ली शि फेंग ने आसानी से 10-21, 16-21 से मात दी। यह मुकाबला सिर्फ 35 मिनट तक चला। फेंग ने पहला गेम सिर्फ 17 मिनट में जीत लिया। उनके दमदार स्मैश के सामने लक्ष्य लाचार दिखे। दूसरे गेम में लक्ष्य ने वापसी की कोशिश की, लेकिन फेंग ने इस गेम को भी 27 मिनट में जीत लिया। मैच के दौरान लक्ष्‍य सेन को चोट के कारण चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी। महिला डबल्‍स में त्रिषा जॉली और गायत्री गोपीचंद को चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त लियू शेंग शू और तान निंग ने आसानी से 14-21, 10-21 से हराया। अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

***

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान छत्तीसगढ, झारखण्‍ड, विदर्भ, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्‍सों में गर्म हवा चलने अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में भी गर्म हवा चलने की संभावना है। पूर्वी भारत में तापमान के करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है।

***

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

• रंगों का त्योहार होली पूरे देश में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया।


• सरकार ने खनिज आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्‍य से प्रमुख खनिजों के लिए पहली अन्वेषण लाइसेंस नीलामी शुरू की।


• भारत ने बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजेक मामले में किसी भी तरह की संलिप्‍तता के पाकिस्तान के आरोप को खारिज किया।


• चीन, रूस और ईरान ने ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने और परमाणु वार्ता को फिर से शुरू करने का आह्वान किया।


• और, बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौति समाप्त, लक्ष्य सेन तथा ट्रीसा और गायत्री की जोडी क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर।


***