January 2, 2025 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा। डी. गुकेश, मनु भाकर, हरमनप्रीत सिंह और प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा।

 

  • देश में पिछले दस वर्षों में रोजगार सृजन में 36 प्रतिशत की वृद्धि। 17 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए।

 

  • दिसंबर में यूपीआई के माध्‍यम से 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के सोलह अरब 50 करोड से ज्‍यादा वित्तीय लेनदेन किए गए।

 

  • सरकार ने जेल के कैदियों के जाति-आधारित भेदभाव से निपटने के लिए मॉडल जेल मैनुअल और मॉडल जेल तथा सुधार सेवा अधिनियम में संशोधन किया।

 

  • उत्तर भारत में भीषण शीतलहर जारी।

 

  • हॉकी इंडिया लीग में ओडिशा के राउरकेला में सूरमा हॉकी क्लब और यूपी रुद्रस के बीच मैच जारी।

 

*******

 

राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार की घोषणा कर दी गई है। सबसे युवा शतरंज विश्व चैम्पियन डी. गुकेश, एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर, लगातार दो ओलंपिक पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक स्‍वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार को इस साल देश का सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेलरत्न पुरस्कार से सम्‍मानित किया जाएगा। एक रिपोर्ट-

 

32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इनमें धावक जो ज्योति याराजी, मुक्केबाज नीतू और स्वीटी, शतरंज खिलाड़ी वंतिका अग्रवाल, हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे, अभिषेक, संजय, जर्मनप्रीत और सुखजीत सिंह शामिल हैं। पैरा तीरंदाज राकेश कुमार, पैरा एथलीट प्रीति पाल, दीप्ती जीवन जी, अजीत सिंह और सचिन खिलाड़ी को भी अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता पैरा तैराक मुरलीकांत पेटकर और 1970 और 1974 के एशियाई खेलों के पदक विजेता एथलीट सुचा सिंह को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम से सम्मानित किया जाएगा। पैरा शूटिंग कोच सुभाष राणा, शूटिंग कोच दीपाली देशपांडे, हॉकी कोच संदीप सांगवान, बैडमिंटन कोच एस मुरलीधरन और फुटबॉल कोच अरमांडो एगनेलो कोलासो को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार विजेता इस महीने की 17 तारीख को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से पुरस्कार प्राप्त करेंगे। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

देश में पिछले दस वर्षो में रोजगार सृजन में 36 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। श्रम और रोजगार मंत्रालय के अनुसार 2014 से 2024 तक 17 करोड़ से अधिक नौकरियां सृजित हुई हैं। एक रिपोर्ट-

 

मंत्रालय ने बताया है कि पिछले एक वर्ष में देश में लगभग चार करोड़ 60 लाख रोजगार सृजित हुए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि 2004 से 2014 तक रोजगार व‍ृद्धि दर सात प्रतिशत थी, जो 2014 से 2024 के बीच बढकर 36 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार मोदी सरकार के कार्यकाल में कृषि क्षेत्र में रोजगार में 19 प्रतिशत, विनिर्माण में 15 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, बेरोजगारी दर 2017-18 में छह प्रतिशत से घटकर 2023-24 में तीन दशमलव दो प्रतिशत हो गई है। रोजगार दर 2017-18 में 46 दशमलव आठ प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 58 दशमलव दो प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने कहा है कि स्नातक युवाओं की रोजगार क्षमता 2013 में 33 दशमलव 95 प्रतिशत से बढ़कर 2024 में 54 दशमलव 81 प्रतिशत हो गई है। पिछले 7 वर्षों में 18 से 28 वर्ष की आयु के चार करोड़ 70 लाख से अधिक युवा ईपीएफओ में शामिल हुए हैं। भूपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

*******

 

भारतीय राष्‍ट्रीय भुगतान निगम- एनपीसीआई ने कहा है कि यूनीफाईड पेमेन्‍ट इंटरफेस- यूपीआई ने पिछले साल दिसंबर में लगभग 16 अरब 73 करोड वित्तीय लेनदेन किए है। इनमें यूपीआई ने करीब 23 दशमलव दो-पांच लाख करोड़ रुपये के लेनदेन किया है। एनपीसीआई के अनुसार लेनदेन की संख्या में प्रतिवर्ष 39 प्रतिशत और लेनदेन की राशि में 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले महीने औसत दैनिक लेनदेन राशि 74 हजार 990 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

 

*******

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डी आर डी ओ से अनुसंधान और विकास में स्‍टार्टअप्‍स समेत अन्‍य क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने का आहवान किया है। श्री सिंह ने आज नई दिल्‍ली में डी आर डी ओ के 67वें स्‍थापना दिवस समारोह में नई तकनीक विकसित करने के लिए डी आर डी ओ की सराहना की। श्री सिंह ने वर्ष 2025 को सुधारों का वर्ष घोषित करने पर कहा कि इसे प्राप्‍त करने में डी आर डी ओ की महत्‍वपूर्ण भूमिका है।

 

*******

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में आगामी बजट के संबंध में वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के हितधारकों के साथ सातवें बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय वित्त सचिव, दीपम के सचिव, आर्थिक मामलों के सचिव और मुख्य आर्थिक सलाहकार शामिल हुए। बजट इस साल पहली फरवरी को संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है।

 

*******

 

गृह मंत्रालय ने कैदियों के बीच जाति-आधारित भेदभाव से निपटने के लिए मॉडल जेल मैनुअल-2016 और मॉडल जेल तथा सुधार सेवा अधिनियम- 2023 में संशोधन किया है। यह संशोधन सर्वोच्‍च न्‍यायालय के फैसले के अनुपालन में किया है। इसके अनुसार जेल अधिकारियों को अब जाति-आधारित भेदभाव, वर्गीकरण और अलगाव से सख्ती से निपटना होगा। मंत्रालय ने समानता सुनिश्चित करने के लिए आदतन अपराधी की परिभाषा को बदल दिया है।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल नई दिल्‍ली में विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। वे दिल्‍ली के अशोक विहार में झुग्‍गी-झोपड़ी निवासियों के लिए करीब एक हजार सात सौ नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौपेंगे। इन नवनिर्मित फ्लैटों के उद्घाटन के साथ ही दिल्‍ली विकास प्राधिकरण की अपने मूल स्‍थान पर- इन सीटू स्‍लम पुनर्वास परियोजना का दूसरा चरण पूरा हो जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस परियोजना का लक्ष्‍य झुग्‍गी निवासियों को बेहतर वातावरण और समुचित सुविधाओं के साथ घर उपलब्‍ध कराना है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में दो नगर पुनर्विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और सरोजिनी नगर में सामान्य पुल आवासीय भवन टाइप टू क्वार्टरों का भी निर्माण शामिल है। प्रधानमंत्री द्वारका में करीब 300 करोड रुपए की लागत से बनाए गए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के एकीकृत कार्यालय परिषद का भी उद्घाटन करेंगे, साथ ही 600 करोड रुपए की लागत से दिल्ली विश्वविद्यालय में तीन नई परियोजनाओं का भी शीला न्यायाधीश करेंगे। इनमें पूर्वी दिल्ली में सूरज महल विहार में पूर्वी परिसर के अंतर्गत एक शैक्षिक खंड और द्वारका स्थित पश्चिमी परिसर में एक अन्य शैक्षणिक खंड शामिल है। इन परियोजनाओं में नजफगढ़ में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ वीर सावरकर कॉलेज का निर्माण भी शामिल है। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने जम्‍मू कश्‍मीर में न केवल आतंकवाद को नियंत्रित किया है बल्कि घाटी में आतंक के पूरे परिवेश को ध्‍वस्‍त कर दिया है। श्री शाह ने आज नई दिल्‍ली में ”जम्‍मू कश्‍मीर एंड लद्दाख – थ्रो द एजेज” पुस्‍तक का लोकार्पण करते हुए यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर से अगस्‍त 2019 में अनुच्‍छेद 370 हटने के बाद आंतकी गतिविधियों में 70 प्रतिशत तक की उल्‍लेखनीय कमी आई है। 

 

नरेंद्र मोदी जी के दृढ़ संकल्प में 5 अगस्त 2019 को धारा 370 को समाप्त कर एक कलंकित अध्याय आजादी के बाद के इतिहास का समाप्त करने का काम किया है, और वहीं से कश्मीर का बाकी भारत के हिस्सों के साथी विकास का अध्याय शुरू होता है

 

भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष रघुवेन्‍द्र तंवर द्वारा लिखी गई इस पुस्‍तक के बारे में केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि इसमें सभी तथ्‍यों का विस्‍तृत ब्‍यौरा दिया गया है।

 

*******

 

आरिफ मोहम्मद खान ने आज बिहार के 42वें राज्यपाल के रूप में पद की शपथ ली। पटना के राजभवन में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। उधर, बिहार के पूर्व राज्‍यपाल राजेन्‍द्र विश्‍वनाथ आर्लेकर ने आज केरल के 23वें राज्‍यपाल के रूप में शपथ ली।

 

*******

 

वहीं, मिजोरम में आज मुख्‍यमंत्री लालदुहोमा ने आइजोल में निवर्तमान राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति को औपचारिक विदाई दी। उन्‍हें ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। सेवानिवृत्त जनरल विजय कुमार सिंह को मिजोरम का राज्‍यपाल बनाया गया है। वे 9 जनवरी को 23वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल कर्नाटक के बेंगलुरु में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान-नीमहंस के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति एक नये मनोचिकित्सा ब्लॉक, केंद्रीय प्रयोगशाला परिसर और छात्रावास भवन का उद्घाटन भी करेंगी। राष्‍ट्रपति थ्री-टी एम आर आई स्कैनर और डी एस ए मशीन राष्‍ट्र को समर्पित करेंगी।

 

*******

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में आपके लिए वर्ष 2024 की झलकियां प्रस्‍तुत कर रहा हैा आज हम सुक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्ध्यिों पर नजर डालेंगे।  

 

6 करोड़ 30 लाख से अधिक उद्यमों के साथ सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम एमएसएमई क्षेत्र उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी पैदा कर रहा है। कारीगरों और शिल्पकारों को अपनी व्यवसायों का विस्तार करने और अपने उपकरणों को उन्नत करने के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्म योजना शुरू की गई है। जिसमें अब तक 24 लाख से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। वहीं क्रेडिट गारंटी योजना के तहत सूक्ष्म और लघु उद्यमों को बिना गारंटी के 5 करोड रुपए तक का लोन भी दिया जा रहा है। इसके अलावा इन उद्यमों को सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक खरीद नीति अधिसूचित की गई है। जिसके तहत केंद्रीय मंत्रालयों विभागों और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों द्वारा एमएसएमई से 25% वार्षिक खरीद अनिवार्य है। ग्रामीण भारत में सामाजिक आर्थिक विकास को गति देने के लिए खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसकी वजह से पिछले 10 सालों में खादी और ग्रामोद्योग की बिक्री में चार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

उत्तर भारत में भीषण शीतलहर जारी है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमालय की तराई वाले पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कल तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की सम्‍भावना है।

 

मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले दो दिन तक मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के दक्षिणी हिस्सों में न जाने की सलाह दी है।

 

*******

 

कश्‍मीर में ठंड का कहर जारी है, पश्चिमी विक्षोभ के कारण घाटी में जमकर बर्फबारी हो रही है। एक रिपोर्ट-

 

यातायात विभाग ने कहा कि अच्‍छे मौसम और बेहतर सड़क की स्थिति के आधार पर श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ से कल वाहन यातायात की अनुमति दी जाएगी। श्रीनगर कारगिल मार्ग बर्फबारी के कारण बंद है। भारी बर्फबारी के कारण 84 किलोमीटर लंबा मुगल रोड लगातार पांचवें दिन यातायात के लिए बंद रहा। इस बीच, यात्रियों और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे कश्मीर क्षेत्र में अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और महत्वपूर्ण लिंक सड़कों की स्थिति बारे में पहले ही जानकारी प्राप्‍त करें। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

*******

 

हिमाचल प्रदेश में आज मौसम आमतौर पर साफ रहा, लेकिन दोपहर में हल्के बादल छाने से ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने 4 जनवरी से राज्य में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

 

*******

 

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज नई दिल्ली स्थित अमरीकी दूतावास जाकर अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री मिसरी ने पूर्व राष्ट्रपति कार्टर को श्रद्धांजलि अर्पित की और 1978 की उनकी भारत यात्रा और दिल्ली घोषणापत्र पर हस्ताक्षर को याद किया, जिसने भारत-अमरीका के बीच मजबूत संबंधों की नींव रखी।

 

*******

 

ओडिसा के राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में सुरमा हॉकी क्लब का मुकाबला यूपी रुद्रास से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक दूसरे क्‍वार्टर में यूपी रुद्रास ने एक-शून्‍य की बढ़त बना ली है।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा। डी. गुकेश, मनु भाकर, हरमनप्रीत सिंह और प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा।

 

  • देश में पिछले दस वर्षों में रोजगार सृजन में 36 प्रतिशत की वृद्धि। 17 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए।

 

  • दिसंबर में यूपीआई के माध्‍यम से 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के सोलह अरब 50 करोड से ज्‍यादा वित्तीय लेनदेन किए गए।

 

  • सरकार ने जेल के कैदियों के जाति-आधारित भेदभाव से निपटने के लिए मॉडल जेल मैनुअल और मॉडल जेल तथा सुधार सेवा अधिनियम में संशोधन किया।

 

  • उत्तर भारत में भीषण शीतलहर जारी।

 

  • हॉकी इंडिया लीग में ओडिशा के राउरकेला में सूरमा हॉकी क्लब और यूपी रुद्रास के बीच मैच जारी।

 

*******