मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 के ग्रैंड फिनाले में युवा नमोन्मेष्को से कहा कि उनके समाधान भारत के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में 45 विजेताओं को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया। ओडिशा और त्रिपुरा को अधिकतम सात-सात पुरस्कार मिले।
- लोकसभा ने रेलवे बोर्ड की शक्ति बढ़ाने और निकाय की कार्यप्रणाली तथा स्वतंत्रता में सुधार के लिए रेलवे संशोधन विधेयक 2024 पारित किया।
- भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भू-राजनीतिक तनाव और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से गुजर रहे गतिशील वैश्विक वातावरण में स्थिरता बनाने पर जोर दिया।
- भारतीय महिला और पुरुष टीमें हांगकांग में विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
- महिला क्रिकेट में, ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में भारत को 83 रन से हराकर श्रृंखला तीन-शून्य से जीती।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश बडे पैमाने पर डिजिटल रूप से जुड रहा है इसके साथ ही साइबर अपराध भी लगातार बढ रहे हैं। श्री मोदी ने आज स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले में वीडियों कांफ्रेंस के जरिए युवा नवोन्मेषकों के साथ बातचीत की प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व में अग्रणी डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
जब भी आप जैसे युवा इनोवेटर्स के बीच आने का अवसर मिलता है, मुझे भी बहुत कुछ जानने का मौका मिलता है। आप सभी से मेरी अपेक्षाएं भी बहुत होती है, आप सभी युवा इनोवेटर्स के पास 21वीं सदी के भारत को देखने का नज़रिया कुछ अलग है और इसलिए आपके सॉल्युशन्स भी अलग होते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि भारत तेज गति से तभी आगे बढ सकता है जब सभी के प्रयास शामिल हों। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश नई चुनौतियों का सामना कर रहा होता है तो नवाचार से जुडे युवा आसाधारण समाधान प्रस्तुत करते हैं।
जब से स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन शुरू हुआ है। करीब 14 लाख स्टूडेंट्स ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में हिस्सा लिया है। इस हैकाथॉन की वजह से सैंकडों नए स्टार्टअप्स का जन्म हुआ है। यह दिखाता है कि भारत का युवा किस तरह अपने देश की चुनौतियों के समाधान के लिए कमर कसके आगे बढ रहा है।
नवोन्मेषकों के योगदान की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा इन लोगों ने हमें कभी निराश नहीं किया बल्कि हमेशा मनोबल बढाया है।
****
इससे, पहले प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में तमिल कवि और स्वाधीनता सेनानी सुब्रमण्य भारती की संपूर्ण रचनाओं के संग्रह का विमोचन किया। उन्होंने कहा है कि सुब्रमण्य भारती का समृद्ध भारत और प्रत्येक व्यक्ति के सशक्तीकरण का दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। श्री मोदी ने कहा कि महाकवि सुब्रमण्य भारती की रचनाओं के संग्रह का विमोचन करते हुए वे बहुत ही सम्मानित महसूस कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुब्रमण्य भारती का पूरा जीवन मां भारती को समर्पित था।
सुब्रह्मण्य भारती जी ऐसे महान मनीषी थे जो देश की आवश्यकताओं को देखते हुए काम करते थे। उनका विजन इतना व्यापक था। उन्होंने हर उस दिशा में काम किया, जिसकी जरूरत उस कालखंड में देश को थी। भारतियार केवल तमिलनाडु और तमिल भाषा की ही धरोहर नहीं हैं। वो एक ऐसे विचारक थे, जिनकी हर सांस माँ भारती की सेवा के लिए समर्पित थी।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्थानीय निकायों की आत्मनिर्भरता और उनकी क्षमता के आधार पर ही विकसित भारत की नींव रखी जा सकती है। नई दिल्ली में आज शाम राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायते अपने राजस्व स्रोतों को विकसित करके ही आत्मनिर्भर बन सकती है।
उन्होंने कहा कि देश का लगभग 64 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती हैं। इसलिए भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए गांवों और ग्रामीणों को सशक्त बनाना बहुत जरूरी है। राष्ट्रपति ने कहा कि पूरे देश में गांवों में विवादों को स्थानीय स्तर पर हल कर लेना चाहिए।
गांव में अधिकांश विवाद ऐसे होते हैं जो स्थानीय स्तर पर सुलझा जा सकता है लेकिन फिर भी लोग कोर्ट-कचहरी जाते हैं। इससे न केवल धन और समय नष्ट होता है बल्कि कोर्ट और प्रशासन पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। मेरी आपसे अपेक्षा है कि आप ग्रामवासियों के आपसी झगड़ों का पंचायत के स्तर पर ही समाधान करें। आपके पास इसके लिए अधिकार भी है और यह आपका कर्तव्य भी है।
****
लोकसभा में आज ध्वनि मत से रेलवे संशोधन विधेयक 2024 पारित कर दिया गया है। विधेयक में रेलवे अधिनियम 1989 में संशोधन और रेलवे बोर्ड तथा उसके स्वतंत्र रूप से कार्य निष्पादन के अधिकार को बढाने के प्रावधान हैं। भारतीय रेलवे बोर्ड अधिनियम 1905 के सभी प्रावधान इस विधेयक के माध्यम से रेलवे अधिनियम 1989 में समाहित करने का प्रस्ताव है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस विधेयक को लाने का उद्देश्य कानूनी ढांचे को सरल बनाना है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्ष में रेलवे ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
पिछले एक वर्ष में ही पांच हजार तीन सौ किलोमीटर नए रेलवे ट्रेक बने जो कि पूरे स्विट्जरलैंड के रेलवे नेटवर्क से भी ज्यादा है। एक बहुत बडी उपलब्धि इस देश की कि प्रधानमंत्री जी के विज़न का बहुत बड़ा एक उदाहरण है कि कैसे प्रधानमंत्री जी ने देश के विकास के लिए विकसित भारत की नीव रखी है। सेफ्टी पे बहुत ध्यान दिया गया। जहां सात, आठ हजार, दस हजार करोड़ का इंवेस्टमेंट होता था अब एक लाख आठ हजार करोड का इंवेस्टमेंट होता है।
****
संसद के दोनों सदनों में आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी नोकझोंक हुई। जिसके बाद राज्यसभा को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया, जबकि लोकसभा को कई बार हुए हंगामे के बाद स्थगित करना पड़ा।
****
भारतीय जनता पार्टी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी मौजूदा संसद सत्र के दौरान संविधान का अपमान कर रही है। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी और उसके कुछ सहयोगियों ने निर्वाचन आयोग और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देने के लिए जनहित याचिका दायर करने की योजना तैयार की है।
****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि गुजरात में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर देश की समुद्री विरासत की प्रतिबद्धता का उदाहरण है और यह भावी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। आज नई दिल्ली में भारत समुद्री विरासत सम्मेलन 2024 को संबोधित करते हुए, श्री धनखड़ ने कहा कि भारत सात हजार किलोमीटर से अधिक समुद्र तट, तेरह प्रमुख नौकाओं और 200 अन्य नौकाओं के साथ एक समुद्री शक्ति है। उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र देश के व्यापार में 95 प्रतिशत का योगदान देता है।
इस अवसर पर बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह समुद्री क्षेत्र को आकार देने और भविष्य के लिए शिल्प समाधान तैयार करने में उत्कृष्टता को दर्शाता है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने सम्मेलन को संबोधित किया।
****
वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 पर संयुक्त संसदीय समिति ने आज लोकसभा सांसद जगदंबिका पाल की अध्यक्षता में बैठक की और वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 पर दारुल उलूम देवबंद के विचारों और सुझावों को सुना। वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 का उद्देश्य रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, बढ़ी हुई पारदर्शिता और अवैध रूप से कब्जे वाली वक्फ संपत्तियों को पुनः प्राप्त करने के लिए कानूनी तंत्र सहित महत्वपूर्ण सुधार लाना है। विधेयक का उद्देश्य देश भर में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और विनियमन में सुधार करना है।
****
केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नया भारत- मोदी का विजन और विकास नामक पुस्तक का विमोचन किया। श्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में करीब 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
हम माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जिस तरह से पिछले दस साल में भारत ने प्रगति की है, जिस गति के साथ में प्रगति की है। वो निश्चित रूप से पूरे विश्व को उसने चमत्कृत किया है और पूरे विश्व का भारत की तरफ देखने का नज़रिया बदला है।
इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला और कहा कि जनधन खाते देश के लोगों के लिए वित्तीय समावेशन की दिशा में एक कदम है।
****
भारतीय रिजर्व बैंक-आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आज भू-राजनीतिक तनाव, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और राजनीतिक अनिश्चितताओं से जूझ रहे वैश्विक वातावरण में स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आरबीआई नीतिगत मामलों में स्थिरता को प्राथमिकता देना जारी रखेगा। उन्होने कहा कि बैंक मौजूदा वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य के जवाब में सतर्क रहेगा।
इससे पहले दिन में संजय मल्होत्रा ने भारतीय रिजर्व बैंक के 26वें गवर्नर के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने शक्तिकांत दास का स्थान लिया है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रख्यात फिल्मकार राजकपूर के परिवार के साथ मुलाकात की। यह मुलाकात दिल्ली में राजकपूर की जयंती समारोह के आयोजन से पहले हुई। कपूर परिवार ने प्रधानमंत्री को राजकपूर फिल्म समारोह में आमंत्रित किया है जो इस महीने की 13 से 15 तारीख तक चालीस शहरों में आयोजित किया जायेगा। प्रधानमंत्री ने देश के लिए राजकपूर के योगदान की सराहना की।
राज साहब का 100वां जन्मदिन यानी हिंदुस्तान की फिल्म इंडस्ट्री की स्वर्णिम यात्रा का कालखंड है। डिप्लोमेटिक वर्ल्ड में सॉफ्ट पॉवर इसकी बहुत चर्चा होती है। जिस जमाने में सॉफ्ट पॉवर शब्द का जन्म नहीं हुआ होगा। राज कपूर साहब ने दुनिया में भारत के सॉफ्ट पावर की ताकत को इस्टैब्लिश कर दिया था। यानी एक बहुत बड़ी भारत को उनकी सेवा थी।
****
हांगकांग में वर्ल्ड स्कवॉश टीम चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष और महिला टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। अंतिम आठ में कल महिला टीम अमरीका से और पुरुष टीम फ्रांस से खेलेगी। पर्थ में तीसरे और अंतिम एक दिवसीय महिला क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 83 रन से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की। सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में ग्रैंडमास्टर डी गुकेश और वर्तमान विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिजेन के बीच 13वीं बाजी भी ड्रा रही।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 के ग्रैंड फिनाले में युवा नवोन्मेषकों से कहा कि उनके समाधान भारत के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में 45 विजेताओं को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया। ओडिशा और त्रिपुरा को अधिकतम सात-सात पुरस्कार मिले।
- लोकसभा ने रेलवे बोर्ड की शक्ति बढ़ाने और निकाय की कार्यप्रणाली तथा स्वतंत्रता में सुधार के लिए रेलवे संशोधन विधेयक 2024 पारित किया।
- भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भू-राजनीतिक तनाव और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से गुजर रहे गतिशील वैश्विक वातावरण में स्थिरता बनाने पर जोर दिया।
- भारतीय महिला और पुरुष टीमें हांगकांग में विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
- महिला क्रिकेट में, ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में भारत को 83 रन से हराकर श्रृंखला तीन-शून्य से जीती।
****