December 5, 2024 9:58 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

 

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र फड़णवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शिव सेना नेता एकनाथ शिंदे और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
  • संसद ने सरकार को विमान के डिजाइन, निर्माण, निर्यात या आयात को विनियमित करने के लिए नियम बनाने का अधिकार देने संबंधी विधेयक पारित किया।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्यायिक प्रणाली से जुड़े सभी पक्षों से आम लोगों के हित में मुकदमों की सुनवाई बार-बार टालने से बचने को कहा।
  • भूटान नरेश जिग्‍मे खेसर नामग्‍याल वांगचुक और रानी जेटसन पेमा वांगचुक ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
  • इसरो ने श्रीहरिकोटा से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 मिशन उपग्रहों को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चौथे चरण के प्रतिबंधों को दूसरे चरण में बदलने की अनुमति दी।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने आज मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित समारोह में महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली।

 

महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल सी पी राधाकृष्‍णन ने श्री फडणवीस को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार ने उप-मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली। श्री फडणवीस ने तीसरी बार मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली है, जबकि श्री पवार छठी बार उप-मुख्‍यमंत्री बने हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। उनके अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी और पीयूष गोयल और भाजपा अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। कई एनडीए शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री और उप-मुख्‍यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस समारोह में फिल्‍म उद्योग की कई हस्तियां भी शामिल हुए।

 

*******

 

झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्‍व वाली सरकार के नवनियुक्‍त मंत्रियों ने आज शपथ ली। राज्‍यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची में राजभवन में इन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए मंत्रिमंडल में कुल ग्यारह मंत्रियों को शामिल किया गया है। इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के छह, कांग्रेस के चार और राष्ट्रीय जनता दल के एक मंत्री हैं। एक रिपोर्ट-

 

श्री सोरेन ने अपने मंत्रिमण्‍डल में उनमें चायबासा विधायक दीपक बरुवा, घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, गिरीडीह विधायक सुदिव्‍य सोनू, बिशनपुर विधायक चमरा लिंडा, गोमिया विधायक योगेंद्र महतो और मधुपुर विधायक हाफिजउल हसन अंसारी शामिल हैं। श्री सोरेन ने अपने मंत्रिमंडल विस्तार में दो महिला नेतियों को जगह दी है और कहा कि राज्य का विकास ही उनका पहला कर्तव्य है। शिल्पी आकाशवाणी समाचार रांची।

 

*******

 

संसद ने भारतीय वायुयान विधेयक 2024 को पारित कर दिया है। राज्‍यसभा ने आज इस विधेयक को पारित कर दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक केंद्र सरकार को किसी भी विमान के डिजाइन, निर्माण, रखरखाव, बिक्री, निर्यात या आयात को विनियमित करने और विमान संचालन की सुरक्षा के लिए नियम बनाने का अधिकार देता है।

 

विधेयक पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडु ने कहा कि सरकार नागर विमानन क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और वह देश को नागर विमानन का एक प्रमुख केंद्र बनाना चाहती है।

 

*******

 

राज्‍यसभा में भी फ्रांसीसी पत्रिका में प्रकाशित रिपोर्ट का मुद्दा उठाया गया। शून्‍य काल के दौरान भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि विदेश से राष्‍ट्रीय हित पर संदिग्‍ध हमले किए जा रहे हैं। श्री त्रिवेदी जब यह मुद्दा उठा रहे थे सभापति जगदीप धनखड ने यह कहते हुए कि यह गंभीर मुद्दा है, उन्‍हें निर्धारित समय से अधिक बोलने की अनुमति दे दी जिसका विपक्षी सदस्‍यों ने विरोध किया। सभापति ने विपक्षी सदस्‍यों को आश्‍वासन दिया कि उन्‍हें भी बोलने की अनुमति दी जाएगी। इस मुद्दे पर शोर-शराबे को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी। दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भारतीय वायुयान विधेयक को पारित किया गया। राज्‍यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित कर दी गई है।

 

*******

 

लोकसभा की कार्यवाही भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ आरोप लगाने के बाद विपक्ष के हंगामे के कारण दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। शून्यकाल के दौरान दुबे ने एक फ्रांसीसी प्रकाशन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी ताकतें भारतीय संसद और देश की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने की कोशिश कर रही हैं। कांग्रेस, डीएमके और अन्य दलों के सदस्यों ने एक प्रमुख व्यापारिक संगठन के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों और संभल हिंसा के मुद्दे पर सदन में हंगामा किया। हंगामा जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक और बाद में तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी। जब सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे शुरू हुई, तो रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने रेलवे (संशोधन) विधेयक, 2024 पर जवाब देने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी सांसदों ने हंगामा जारी रखा। हंगामा जारी रहने के कारण कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल नई दिल्ली में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। तीन दिवसीय महोत्सव में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों की संस्कृति, कपड़ा उद्योग, हस्तशिल्प, पर्यटन स्‍थलों और अनूठे उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।

 

*******

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्‍याय पालिका का आह्वान किया है कि वह सजा की बजाय न्‍याय पर अधिक ध्‍यान दें। आज भुबनेश्‍वर में नवनिर्मित न्‍यायालय परिसर का उद्घाटन करते हुए राष्‍ट्रपति ने यह बात कही।

 

राष्‍ट्रपति ने विधि समुदाय का आह्वान किया कि वे मुकदमों को बार-बार स्‍थगित करने से बचें क्‍योंकि इससे गरीबों को अकारण परेशानी होती हैं। राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारतीय न्‍याय संहिता ने देश में औपनिवेशिक न्‍यायिक प्रणाली को खत्‍म कर दिया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय न्यायपालिका में ब्लैक कोड सिंड्रोम के प्रति अपनी चिंता व्यक्त की है। राष्ट्रपति ने आम लोगों के लाभ के लिए न्यायिक आदेशों को स्थानीय भाषाओं में बनाने का भी आह्वान किया। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि चूंकि भारत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसलिए न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़नी चाहिए। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर

 

*******

 

भूटान नरेश जिग्‍मे खेसर नामग्‍याल वांगचुक और रानी जेटसन पेमा वांगचुक ने आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने भूटान की प्रगति और क्षेत्रीय विकास के बारे में भूटान नरेश के संकल्‍प की सराहना की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों ही देश अपनी अनूठी और टिकाऊ भागीदारी को लेकर प्रतिबद्ध है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

भारत-भूटान व्यापार और पारगमन समझौता दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार व्यवस्था स्थापित करता है। यह समझौता भूटानी निर्यात को कई अन्य देशों में शुल्क मुक्ति पारगमन का भी प्रावधान करता है। भारत आयात स्रोत और निर्यात गंतव्य दोनों रूप में भूटान का शीर्ष व्यापार भागीदार है। जल विद्युत क्षेत्र में सहयोग के अलावा भारत-भूटान विकास साझेदारी प्रमुख डिजिटल परियोजना रुपए की पूर्ण अंतर संचालन क्षमता के साथ नए और उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ी है। सुपर्णा के साथ अनुपम मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

******

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत विदेशी अर्थव्यवस्थाओं के लिए केवल उपभोक्ता बाजार नहीं बनना चाहता। आज नई दिल्ली में ‘भारत के वैश्विक उदय को बढ़ावा’ विषय पर भारत एट 100 शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि देश में वैश्विक सहयोग के लिए अच्‍छी व्यावसायिक प्रतिष्ठा और माहौल बनाने की आवश्यकता है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत चीन के साथ स्वस्थ व्यापार संबंध चाहता है लेकिन उस पर निर्भर नहीं रहना चाहता।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देवेंद्र फडणवीस के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में और एकनाथ शिंदे और अजित पवार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर उनको बधाई दी है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि सामूहिक प्रयासों से महायुति गठबंधन को महाराष्ट्र में ऐतिहासिक जनादेश मिला है।

 

*******

 

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। वे मंत्रिमंडल में चार नए मंत्रियों को शामिल करेंगे। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद में कुल सदस्‍यों की संख्‍या मुख्यमंत्री सहित 19 हो जाएगी।

 

********

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने आज श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रोबा-3 उपग्रह को ले जाने वाले पीएसएलवी सी 59 प्रक्षेपण यान का सफल प्रक्षेपण किया। इसरों के अध्‍यक्ष एस सोमनाथ ने कहा कि उपग्रह को सफलता पूर्वक निर्धारित कक्षा में स्‍थापित किया गया।

 

प्रक्षेपण के बाद इसरो ने कहा कि पीएसएलवी-सी59 ने यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 उपग्रहों को कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंचाने के लिए उड़ान भरी है। प्रोबा-3 यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी का एक महत्‍वपूर्ण कार्यक्रम है जिसके अंतर्गत दो उपग्रह अंतरिक्ष में भेजे गए हैं। आज का सफल प्रक्षेपण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का एक महत्‍वपूर्ण वाणिज्यिक कदम है, जिसे न्‍यू स्‍पेस इंडिया लिमिटेड के माध्‍यम से कार्यान्वित किया गया है। पीएसएलवी सी-59 उड़ान भरने के 18 मिनट बाद अपनी निर्धारित कक्षा में पहुंच गया है और उसने 545 किलोग्राम वजन के दो उपग्रहों को पृथ्वी से 600 किलोमीटर ऊपर पर सफलतापूर्वक स्‍थापित किया। ये दोनों उपग्रह सूर्य के बाहरी वातावरण का अध्ययन करेंगे। मुकेश कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

******

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चौथे चरण के प्रतिबंधों को दूसरे चरण में बदलने की अनुमति दे दी है। यह निर्णय वायु गुणवत्ता में हाल ही में हुए सुधार के बाद लिया गया है।

 

न्यायालय ने अपर महान्यायवादी ऐश्वर्या भाटी की इस दलील पर ध्यान दिया कि 30 नवंबर से औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से नीचे चल रहा है। न्‍यायालय ने आयोग को ऐतिहात के तौर पर ग्रैप के तीसरे चरण के अंतर्गत कुछ उपायों को शामिल करने पर विचार करने की सलाह दी है। यदि सूचकांक 350 से अधिक हो तो ग्रैप के तीसरे चरण को लागू किया जाना चाहिए और यदि यह 400 से अधिक हो तो ग्रह के चौथे चरण को फिर से लागू किया जाना चाहिए। समाचार कक्ष से नवीन सक्सेना।

 

*******

 

नागालैंड के नागा हेरिटेज गांव किसामा में चल रहा 25वां हॉर्नबिल महोत्‍सव लगातार पांचवें दिन भी स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। एक रिपोर्ट-

 

नागालैंड की सभी हिस्सों से यात्रा जनजातियों के उत्कृष्ट संस्कृति मंडलियां एण्‍ड आगंतुकों को समृद्ध संस्कृति लोक नृत्य और गीत, स्वदेशी खेलों के झलक दिखाकर मंत्रमुग्‍ध कर रही है। क्षेत्रीय भाषा …..…. आज 25वां हॉर्नबिल महोत्सव 2024 के भागीदार राज्‍य सिक्किम ने नागालैंड के लोगों और आगन्‍तुकों को अपने जीवन संस्कृति का प्रदर्शन करके सुर्खियां बटोर।- क्षेत्रीय भाषा ….आकाशवाणी समाचार के लिए असुनियो कोहिमा।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र फड़णवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शिव सेना नेता एकनाथ शिंदे और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
  • संसद ने सरकार को विमान के डिजाइन, निर्माण, निर्यात या आयात को विनियमित करने के लिए नियम बनाने का अधिकार देने संबंधी विधेयक पारित किया।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्यायिक प्रणाली से जुड़े सभी पक्षों से आम लोगों के हित में मुकदमों की सुनवाई बार-बार टालने से बचने को कहा।
  • भूटान नरेश जिग्‍मे खेसर नामग्‍याल वांगचुक और रानी जेटसन पेमा वांगचुक ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
  • इसरो ने श्रीहरिकोटा से यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रोबा-3 मिशन उपग्रहों को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चौथे चरण के प्रतिबंधों को दूसरे चरण में बदलने की अनुमति दी।
Most Read
View All arrow-right

No posts found.