March 15, 2026 8:42 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज से माई-भारत-बजट-क्‍वेस्‍ट के विजेताओं से बातचीत करेंगे।

 

जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस ने पूर्व मुख्‍यमंत्री फारुख अब्‍दुल्‍ला पर हुई गोलीबारी की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया।

 

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्‍य को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावित देशों से युद्धपोत भेजने का आग्रह किया।

 

ईरान ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्‍य अंतरराष्‍ट्रीय शिपिंग के लिए शुरू लेकिन, अमरीका और इस्राएल के जहाजों को अनुमति नहीं।

 

भारत ने अफगानिस्‍तान में पाकिस्‍तान के हमलों की निंदा की। हमले में कई लोगों की मौत।

 

और, इंग्‍लैंड से हार के बावजूद भारत ने एफ.आई.एच. महिला हॉकी विश्‍व कप के लिए क्‍वालीफाई किया।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी माई भारत बजट क्वेस्ट विजेताओं के साथ आज से बातचीत करेंगे। एक रिपोर्ट…

 

माई भारत बजट क्वेस्ट पहल का उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट पर चर्चा करने और विकसित भारत के निर्माण पर अपने विचार साझा करने के लिए प्रोत्साहन देना है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य युवा प्रतिभाओं को सहभागी शासन और आर्थिक नियोजन से जोड़ना है। इसके साथ ही, ये पहल नीति निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका को मजबूत करना और 2047 तक आत्मनिर्भर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगी। माई भारत बजट प्रतियोगिता में 12 लाख से अधिक युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया और 47 हज़ार निबंध जमा किए गए। इस वर्ष का बजट युवा शक्तिप्रेरित बजट माना जा रहा है। यह बजट शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, नवाचार और भविष्य के लिए तैयार विकास के अवसरों में निवेश के माध्यम से देश के युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष बल देता है। माय भारत प्लेटफॉर्म पर आयोजित माय भारत बजट क्वेस्ट एक अनूठी पहल के रूप में उभरी है। समाचार कक्ष से मैं वीरेन्द्र कौशिक।

 

*******

 

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुई गोलीबारी के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दलएसआईटी का गठन किया है। यह टीम जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक की निगरानी में काम करेगी। टीम को मामले की गहन जांच करने और निर्धारित समय में जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है। एस.आई.टी. बनाने का आदेश जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने जारी किया है। यह घटना 11 मार्च को हुई थी, जब फारूक अब्दुल्ला जम्मू के बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में शामिल हुए थे।

 

*******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने तेहरान द्वारा होर्मुज़ जलडमरूमध्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावित देशों से अपने युद्धपोत भेजने का आग्रह किया है। ईरान के साथ युद्ध अब तीसरे सप्ताह में पहुंच गया है। ट्रूथ सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन सहित अन्य देशों से होर्मुज़ में अपने युद्धपोत भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अमरीका तटीय क्षेत्रों पर बमबारी जारी रखेगा और ईरानी जहाज़ों तथा नौकाओं को निशाना बनाता रहेगा।

 

28 फरवरी से, अमरीका और इस्राएल ने ईरान पर एक बड़ा संयुक्त हमला शुरू किया था और ईरान की जवाबी कार्रवाई के साथ अब यह पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया है। ईरानी हमलों ने होर्मुज़ में समुद्री यातायात को प्रभावित किया है, जो कच्चे तेल और ऊर्जा आपूर्ति की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

 

फारस और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित संकरे समुद्री परिवहन मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को ईरान द्वारा लगभग अवरुद्ध कर दिए जाने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है।

 

*******

 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज़ जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए चालू है, लेकिन अमरीका और इस्राएल से जुड़े जहाज़ों को इस जलमार्ग से गुज़रने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उनकी यह टिप्पणी हालिया सैन्य घटनाक्रमों के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच आई है। एक अमरीकी न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि यह समुद्री मार्ग पूरी तरह से बंद नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य देशों के जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति है।

 

*******

 

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर आईआरजीसी नौसेना के कमांडर अलीरेज़ा तंगसिरी ने भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को सैन्य रूप से बंद नहीं किया गया है और यह केवल ईरान के नियंत्रण में है।

 

*******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरानी तेल निर्यात के महत्वपूर्ण केंद्र खर्ग द्वीप पर और हमले करने की चेतावनी दी है। दूसरी ओर ईरान ने शुक्रवार के हमले की प्रतिक्रिया में कार्रवाई करने की बात कही है। अमरीकी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि हालांकि ईरान, संघर्ष को समाप्त करने के लिए समझौता करने के लिए तैयार है, लेकिन अभी सहमति नहीं बनी हैं। ट्रम्‍प ने कहा कि अमरीकी हमलों से खर्ग द्वीप के अधिकांश हिस्से पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। ट्रंप ने तेल की बढ़ती कीमतों के बारे में आशंकाओं को भी आधारहीन बताया।

 

*******

 

स्विट्जरलैंड ने पश्चिम एशिया में सैन्य कार्रवाई के अंतर्गत अपनी सीमा के ऊपर से उड़ान भरने के अमरीका के दो अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया है। सरकारी बयान में कहा गया कि तटस्थता कानून के तहत किसी संघर्ष में शामिल पक्षों को सैन्य उद्देश्य से उसके क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हालांकि, स्विस सरकार ने बताया कि तीन अन्य उड़ानों को अनुमति दी है, जिनमें एक विमान के रखरखाव से जुड़ी उड़ान और दो परिवहन विमानों की उड़ानें शामिल हैं।

 

*******

 

श्रीलंका के ऊर्जा मंत्रालय ने घोषणा की है कि आज से ईंधन भरवाने वाले सभी वाहनों के लिए क्यूआर कोड पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जिन वाहनों के पास वैध पंजीकृत क्यूआर कोड नहीं होगा, उन्‍हें पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं दिया जाएगा। यह कदम पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति मार्गों में आई बाधाओं के बीच उठाया गया है।

 

*******

 

ईरान और अमरीका के बीच संघर्ष को देखते हुए भारतीय नौसेना के कई युद्धपोतों को फ़ारस की खाड़ी के पास तैनात किया गया है। ये पोत भारत की ओर आने वाले व्यापारिक जहाज़ों की मदद के लिए तैयार हैं।

 

*******

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि किसी भी खुदरा दुकान या वितरक के पास एलपीजी की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। संयुक्त सचिव ने नागरिकों से एलपीजी सिलेंडर की जल्दबाजी में बुकिंग नहीं करने और आवश्यकता पड़ने पर डिजिटल बुकिंग करने का आग्रह किया।

 

*******

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि आने वाले खरीफ मौसम के लिए देश में यूरिया का भंडार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।

 

फर्टिलाइजर की जहां तक सवाल है देश के अंदर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और किसानों को हम ये आश्वासन देना चाहते हैं कि आने वाले का कई एक महीनों के लिए हमारे पास पर्याप्त उर्वरक है और देश की खाद्य सुरक्षा को एक पुख्‍ते ढंग से आगे लेकर जाएंगे।

 

*******

 

भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की है। इन हमलों में कई नागरिकों की मृत्यु हो गई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह पाकिस्तान की ओर से एक और आक्रामक कार्रवाई है, जो संप्रभु अफगानिस्तान की अवधारणा के प्रति उसकी शत्रुतापूर्ण सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत इस बात को दोहराता है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।

 

*******

 

पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी श्रृंखला में हम लेखक श्री अशोक कुमार हल्‍दर से बातचीत करेंगे। साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए श्री अशोक कुमार हल्‍दर को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। श्री हल्दर ने कहा कि उन्हें यह पुरस्कार मिलने पर गर्व महसूस हो रहा है।

 

कभी नहीं सोचा कि हमारा ये पुरस्कार मिलेगा, हम कॉम के लिए काम करता था, ये ही हमारा उद्देश्य होता था।  लेकिन जो मिल गया हमारा इंस्पिरेशन वाला समाज को हम और कुछ दे सकते है ये ही सोच कर अभी मेरा खुशी होता है। समाज की तुलना के लिये हम सोचा समाज जागरण के लिए, आदमी के लिए हम सोचा, क्या हम देखा, क्या करना है और क्या नहीं करना है।

 

यह कार्यक्रम आज सुबह 9 बजकर दस मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।

 

*******

 

सिक्किम की फिल्म शेप ऑफ मोमोअंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में लगातार सफलता हासिल कर रही है। ग्लासगो फिल्म फ‍ेस्‍टि‍वल में प्रदर्शित होने के बाद इस फिल्म का चयन यूरोप के कई अन्य फिल्म महोत्सवों में भी किया गया है। एक रिपोर्ट –

 

सिक्किम का प्रमुख निर्देशक त्रिबेनी राय का बनाय हुआ फिल्म शेप ऑफ मोमो’, अपना अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी सफलता सिलसिला लगातार जारी रखे हुए है। ग्लासगो फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होने के बाद अब इस फिल्म को यूरोप के कई अन्य प्रतिष्ठित समारोहों में भी चुना गया है। यह महोत्सव ऑतूर सिनेमा, साहित्य और समकालीन विचारों को समर्पित है। इसी महीने के अंत में ये फिल्म ने इटली में आयोजित 35वें अफ्रीकन, एशियन और लैटिन अमेरिकन फिल्म फेस्टिवल में भी भाग लेगी, जहां इस फिल्म को विंडोज़ ऑन द वर्ल्डफीचर फिल्म प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। इसके बाद शेप ऑफ मोमोनीदरलैंड्स में  एम्स्टर्डम में होने वाले सिनेमा एशिया फिल्म फेस्टिवल में पहुंचेगी, जहां अप्रैल में उसका प्रीमियर भी होगा। मानस प्रतीम शर्मा के साथ, मैं मैनक चैटर्जी, आकाशवाणी समाचार गैंगटॉक से।

 

*******

 

हैदराबाद में कल खेले गए एफ.आई.एच. महिला हॉकी विश्व क्वालीफायर के फाइनल मुकाबले में भारत को इंग्लैंड से शून्य-दो से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने इस वर्ष होने वाले महिला हॉकी विश्व कप के लिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया है। टूर्नामेंट से चैंपियन इंग्लैंड, उपविजेता भारत, साथ ही साथ स्कॉटलैंड ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है।

 

*******

 

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

एलपीजी संकट से राहत की ओर बढा देश, दैनिक जागरण सहित सभी अखबारों में हैं। पत्र लिखता है- कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति शुरू। पैनिक बुकिंग से बचने की सलाह। लोकसत्‍य की सुर्खी है- टेंशन खत्‍म, भारत पहुंच रही एलपीजी की बडी खेप।

 

दैनिक भास्‍कर की खास खबर है कि अब होगी सख्‍त जांच। पत्र के अनुसार स्‍वास्थ्‍य मंत्रालय के सलाहकार बोर्ड ने सुझाव दिया है कि नई एन्‍टीबायोटिक दवांए बाजार में आने से पहले कडी जांच और सख्‍त अनुमति प्रक्रिया से गुजरेंगी।

 

राजस्‍थान पत्रिका की खबर है- महामारियों में रक्षा के कवच बने हमारे टीके। पत्र के अनुसार- भारत दुनिया का सबसे बडा वैक्सिन निर्यातक देश है।

 

हिन्‍दुस्‍तान ने कुछ अलग शीर्षक से लिखा है- अकसर सफर करने वालों को रियायतें देगा रेलवे। पत्र ने आगे जानकारी दी है कि यात्रियों को प्रति किलोमीटर सफर के हिसाब से रिवार्ड पॉइंट्स दिए जाएंगे।

 

देशबंधु ने तमिल साहित्‍कार आर. वैरामुथु को वर्ष 2025 के ज्ञानपीठ पुरस्‍कार देने पर लिखा है कि उनकी रचनाएं मौलिकता, भावनात्‍मक गहराई और सांस्‍कृतिक चेतना के कारण पाठकों के बीच अत्‍यंत लोकप्रिय रही हैं।

 

शतरंज में मयंक पूर्वोत्‍तर के पहले और भारत के 94वें ग्रैंड मास्‍टर बने। जनसत्‍ता सहित सभी अखबारों ने इसे सचित्र दिया है।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज से माई-भारत-बजट-क्‍वेस्‍ट के विजेताओं से बातचीत करेंगे।

 

जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस ने पूर्व मुख्‍यमंत्री फारुख अब्‍दुल्‍ला पर हुई गोलीबारी की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया।

 

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्‍य को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावित देशों से युद्धपोत भेजने का आग्रह किया।

 

ईरान ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्‍य अंतरराष्‍ट्रीय शिपिंग के लिए शुरू लेकिन, अमरीका और इस्राएल के जहाजों को अनुमति नहीं।

 

भारत ने अफगानिस्‍तान में पाकिस्‍तान के हमलों की निंदा की। हमले में कई लोगों की मौत।

 

और इंग्‍लैंड से हार के बावजूद भारत ने एफ.आई.एच. महिला हॉकी विश्‍व कप के लिए क्‍वालीफाई किया।

 

*******