मुख्य समाचार
- पश्चिम एशिया में संघर्ष और तेज ईरान और अमरीका–इस्राएल ने मिसाइल तथा ड्रोन से नए हमले शुरू किए।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान में अमरीकी सैनिकों की तैनाती की संभावना पर कहा– जरूरत पड़ी तो सैन्य तैनाती के विकल्प पर विचार कर सकते हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के शहजादे और बहरीन तथा जॉर्डन के राजाओं के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की।
- दुबई और अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें फिर से शुरू होने से संयुक्त अरब अमीरात में फंसे यात्रियों को राहत। फंसे यात्रियों के लिए इंडिगो आज जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बजट पश्चात वेबिनार को संबोधित करेंगे, ‘आर्थिक विकास को बनाए रखने और मजबूत करने‘ पर होगी चर्चा।
- ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप आज बर्मिंघम में शुरू होगी।
*******
पश्चिम एशिया में संघर्ष और तेज हो गया है। ईरान और इस्राएल-अमरीका ने नए मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू कर दिए हैं। ईरान समर्थित मिलिशिया ने संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन सहित खाड़ी देशों में अमरीकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस्राएल और अमरीका ने ईरान के सैन्य और खुफिया ठिकानों सहित दर्जनों ठिकानों पर हमले किए हैं।
इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनका उद्देश्य ईरान की मिसाइल क्षमताओं को नष्ट करना, उसकी नौसेना को समाप्त करना और यह सुनिश्चित करना है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। एक निजी मीडिया चैनल को दिए साक्षात्कार में, श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष में अभी ‘बड़ी कार्रवाई‘ बाकी है। साथ ही श्री ट्रम्प ने आवश्यकता पड़ने पर ईरान में अमरीकी सेना भेजने की संभावना से भी इनकार नहीं किया।
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि सेना की ओर से अभी सबसे बड़ा हमला होना बाकी है।
श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान में अभियान चार से पांच सप्ताह तक चल सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इसे और भी लंबा किया जा सकता है। श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष में अभी बड़ा हमला होना बाकी है। इस बीच कतर की रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु सेना ने ईरान के दो सुखोई एसयू-24 लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। सऊदी अरब ने कहा कि उसने अपने रास तनुरा तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने वाले ड्रोन को रोका। ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने कहा है कि वह ईरान के हमलों का मुकाबला करने के लिए अमरीका का सहयोग करने के लिए तैयार है। समाचार कक्ष से मैं पूजा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच सऊदी अरब के प्रधानमंत्री राजकुमार मोहम्मद बिन सलमान और बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से भी टेलीफोन पर बात की और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। श्री मोदी ने जॉर्डन में शांति, सुरक्षा और वहां के लोगों के कल्याण के लिए भारत के पूर्ण समर्थन को दोहराया।
*******
इस बीच, दुबई और अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें कल रात से फिर शुरू हो गईं। पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हजारों भारतीयों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है कि दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें कई दिनों के बाद बहाल हो गईं। दुबई मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दुबई हवाई अड्डों ने कल शाम सीमित उड़ानें फिर से शुरू होने की पुष्टि की है।
*******
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि फंसे हुए यात्रियों की वापसी के लिए इंडिगो एयरलाइन ने आज जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है। ये उड़ानें आवश्यक स्वीकृतियों और मौजूदा हवाई क्षेत्र की स्थितियों के अधीन संचालित की जाएंगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इंडिगो यात्रियों की सुविधा के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने इस संबंध में नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एक उच्च स्तरीय बैठक की समीक्षा की।
*******
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में जान-माल को भी नुकसान पहुंचा है। इस्राएल की वायु सेना ने कहा कि उसने अमरीका के साथ संयुक्त अभियान में ईरान के 24 प्रांतों पर बारह सौ से अधिक मिसाइलें गिराईं है।
ईरान ने बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात सहित नौं देशों पर हमले किए हैं। इस्लामिक संगठन– रेड क्रिसेंट के अनुसार, अमरीका–इस्राएल के संयुक्त हमलों में ईरान के लगभग पांच सौ 55 लोग मारे गए हैं। वहीं अब तक का सबसे घातक हमला मीनाब के एक बालिका प्राथमिक विद्यालय पर हुआ है। इसमें लगभग 180 बच्चों की जान चली गई। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की पत्नी की भी हवाई हमले में लगी चोटों के कारण मौत हो गई है। ईरान के एक बैलिस्टिक मिसाइल हमले में इस्राएल के नौ लोग मारे गए और 20 से अधिक घायल हुए हैं। वहीं, कुवैत में हुए ईरानी हमलों में चार अमरीकी सैनिक भी मारे गए और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। कुवैत ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत और 32 लोगों के घायल होने की सूचना दी है। लेबनान में, स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हिज्बुल्ला के हमलों के बाद इस्राएल की जवाबी कार्रवाई में कम से कम 52 लोग मारे गए और 154 घायल हो गए। सरकार ने हिज्बुल्ला की सैन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। समाचार कक्ष से चंद्रशेखर शर्मा।
*******
ईरान ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अमरीकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया है। सऊदी अरब ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। इस हमले से सीमित आग लगने और मामूली नुकसान की खबर है।
*******
अमरीका ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के मद्देनजर वाणिज्यिक मामलों, नागरिक सुरक्षा और राजनयिक सुरक्षा विशेषज्ञों का 24 घंटे सातों दिन चलने वाला अंतर-एजेंसी कार्य बल सक्रिय कर दिया है। यह कार्य बल वाशिंगटन स्थित एक समर्पित संचालन केंद्र से कार्य कर रहा है, जहां एक संकट संचार टीम 110 से अधिक अंतर-एजेंसी प्रतिभागियों और प्रभावित दूतावासों के साथ प्रतिदिन समन्वय कॉल कर रही है।
इस बीच, अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक वीडियो संदेश में अमरीकियों से मध्य पूर्व के प्रमुख हिस्सों को तुरंत छोड़ने का आग्रह किया है और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण गंभीर सुरक्षा खतरों की चेतावनी दी है।
*******
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरश ने ईरान युद्ध के वैश्विक आर्थिक दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त करते हुए खाड़ी क्षेत्र के नेताओं के साथ कूटनीति का एक दौर चलाया है। श्री गुतेरश के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र इस क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को लेकर चिंतित है।
*******
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि सरकार पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। श्री पुरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश में प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और सामर्थ्य सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बजट के बाद आयोजित होने वाले वेबिनार को संबोधित करेंगे। वेबिनार का विषय है ‘आर्थिक विकास को सतत और सुदृढ़ बनाना’। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि वेबिनार में औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नेतृत्व को मजबूत करने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों की नींव को सुदृढ़ बनाने के लिए दूरदर्शी सुधारों पर बात की जाएगी।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर वन्यजीव संरक्षण के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दोहराया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि भारत की सनातन परंपरा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीना सिखाती है।
*******
पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए आपदा प्रतिरोधी अस्पतालों पर पहली क्षेत्रीय कार्यशाला अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान–एम्स गुवाहाटी में आयोजित की गई। यह कार्यशाला पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों की आपदा-तैयारी और लचीलेपन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
*******
रेलवे ने होली पर यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किेए हैं। पिछले पांच दिनों में, दिल्ली से लगभग 14 लाख यात्रियों ने यात्रा की। वहीं आज प्रमुख स्टेशनों पर 22 विशेष रेलगाडि़यां चलाने की योजना है।
*******
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में आट्टुकाल पोंगाला उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्य भर से लाखों महिला श्रद्धालु आट्टुकाल भगवती मंदिर में विशेष अनुष्ठान के लिए पहुंच रही हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में प्रसिद्ध अट्टुकल पोंगल उत्सव के लिए लाखों महिला श्रद्धालु एकत्रित हुई हैं। श्रद्धालु शहर की सड़कों और खुले स्थानों पर ईटों से बने अस्थाई चूल्हों पर मिट्टी के बर्तनों में चावल, गुड़ और नारियल से बना मीठा प्रसाद पोंगल तैयार करेंगी। परंपरा के अनुसार केवल महिलाएं ही पोंगल तैयार करती हैं। आज सुबह पौने दस बजे अडप्पु वेट्टू अनुष्ठान और अग्नि प्रज्वलन के साथ प्रसाद चढ़ाने की शुरुआत होगी। पोंगल चढ़ाने का अनुष्ठान आज दोपहर सवा दो बजे होगा। कुरूथी चढ़ाने के साथ ही यह उत्सव मध्य रात्रि तक संपन्न हो जाएगा। अधिकारियों ने यातायात नियमों, पेयजल सुविधाओं, चिकित्सा शिविरों और अतिरिक्त सुरक्षा सहित व्यापक व्यवस्थाएं की है। जिले के सरकारी कार्यालयों में स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया गया है।
*******
फिनलैंड के राष्ट्रपति डॉ. अलेक्जेंडर स्टब कल से भारत की चार दिन की राजकीय यात्रा पर आयेंगे। राष्ट्रपति स्टब नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 11वें रायसीना संवाद में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता होंगे।
इस दौरान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
*******
नेपाल निर्वाचन आयोग ने चुनाव आचार संहिता निगरानी अधिकारियों को मतदान दिवस तक आचार संहिता का प्रभावी ढंग से पालन करने का निर्देश दिया है। प्रतिनिधि सभा के लिए 5 मार्च को वोट डाले जायेंगे। निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव आचार संहिता में उल्लिखित प्रावधानों के अनुसार आचार संहिता का प्रभावी ढंग से पालन करने का निर्देश दिया है।
*******
बैडमिंटन में, भारत आज बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। सभी पांच स्पर्धाओं में भारत के 12 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु खाड़ी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दुबई में फंसी हुई हैं इसलिए टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगी। पुरुष सिंगल्स में, लक्ष्य सेन का सामना पहले दौर में विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यु ची के साथ होगा।
महिला सिंगल्स में, मालविका बंसोद का मुकाबला ओलंपिक चैंपियन और विश्व में तीसरे नंबर की खिला़ड़ी चीन की चेन युफेई से होगा। उन्नति हुडा, थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग के साथ खेलेंगी।
*******
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बिजली गिरने और तूफान का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने बताया कि सिक्किम में आज सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने की संभावना है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं–जया भारती।
- पश्चिम एशिया का ताज़ा घटनाक्रम आज प्रकाशित सभी अखबारों की सुर्खी है। महाविनाश का अलार्म शीर्षक से दैनिक भास्कर ने लिखा है- आज से तबाही की लपटें तेज़। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी, कहा- पैदल सेना उतारने से भी पीछे नहीं हटूंगा।
- मिसाइलों से टूटा शेयर बाजार शीर्षक से राजस्थान पत्रिका लिखता है- सोना-चांदी और कच्चे तेल में जोरदार उछाल, बाजार गिरा।
- हिन्दुस्तान की सुर्खी है- युद्ध क्षेत्र में फंसे भारतीय आज से वापस लाए जाएंगे।
- अमर उजाला लिखता है- युद्ध की चपेट में पूरा खाड़ी क्षेत्र। नेतन्याहू के दफ्तर पर ईरान का निशाना, सऊदी अरब में सबसे बड़ी रिफाइनरी पर किया ड्रोन हमला। पत्र लिखता है- तेज़ होगी जंग- सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देश युद्ध में दे सकते हैं अमरीका का साथ।
- पंजाब केसरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बयान दिया है- हम विश्व में शांति और स्थिरता के पक्षधर।
- जनसत्ता ने अपने संपादकीय पृष्ठ में वापसी की फिक्र शीर्षक से मध्य-पूर्व के देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी की चिंताओं का विश्लेषण किया है। पत्र लिखता है कि इससे पहले भी भारत ने विदेशों से अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है। मगर, इस बार हालात अलग हैं, ऐसे में कूटनीतिक पहल और संवाद के सहारे युद्ध प्रभावित इलाकों से भारतीयों की सुरक्षित वापसी का रास्ता निकालने की जरूरत है।
- देशबन्धु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की नई दिल्ली में हुई बैठक को प्रमुखता दी है। भारत-कनाडा का पचास अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य।
- लोकसत्य की सुर्खी है- दिल्लीवासियों को चार तोहफे। इनमें शामिल हैं-लखपति बिटिया, पिंक स्मार्ट कार्ड, मेरी पूंजी- मेरा अधिकार और होली तथा दिवाली पर नि:शुल्क गैस सिलंडर योजना।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पश्चिम एशिया में संघर्ष और तेज ईरान और अमरीका-इस्राएल ने मिसाइल तथा ड्रोन से नए हमले शुरू किए।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान में अमरीकी सैनिकों की तैनाती की संभावना पर कहा- जरूरत पड़ी तो सैन्य तैनाती के विकल्प पर विचार कर सकते हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के शहजादे और बहरीन तथा जॉर्डन के राजाओं के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की।
- दुबई और अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें फिर से शुरू होने से संयुक्त अरब अमीरात में फंसे यात्रियों को राहत। फंसे यात्रियों के लिए इंडिगो आज जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बजट पश्चात वेबिनार को संबोधित करेंगे, ‘आर्थिक विकास को बनाए रखने और मजबूत करने’ पर होगी चर्चा।
- ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप आज बर्मिंघम में शुरू होगी।
******