March 1, 2026 9:28 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत; ईरान में 40 दिन के राजकीय शोक की घोषणा।
  2. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कई खाड़ी देशों के विदेश मंत्रियों से बातचीत की; संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने का आह्वान किया।
  3. पश्चिम एशिया में भारतीय दूतावासों ने भारतीय नागरिकों से दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
  4. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहाईरान और इस्राएल के बीच बढ़ते तनाव के कारण आज 444 उड़ानें रद्द होने की संभावना।
  5. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु और पुडुचेरी में सात हजार एक सौ करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  6. पाकिस्तान, श्रीलंका से जीत के बावजूद टी20 विश्व कप क्रिकेट से बाहर; न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा।
  7. आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत का सामना आज कोलकाता के ईडन गार्डनस में वेस्टइंडीज से होगा।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमरीका-इजराइल के हवाई हमलों में मौत हो गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि खामेनेई की मौत ईरानी जनता के लिए अपने देश को वापस लेने का बड़ा अवसर है। अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा कि बमबारी पूरे सप्ताह या उससे भी अधिक समय तक जारी रहेगी। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने भी अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार, हमलों में ईरान के लगभग 40 अधिकारी भी मारे गए हैं। ईरान में 40 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। एक रिपोर्ट-

खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत अमरीका और इस्राएल के संयुक्त हवाई हमले के बाद हुई है, जिसमें ईरानी सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया। एक वरिष्ठ इस्राएली अधिकारी के अनुसार, खामेनेई का शव बरामद कर किया गया है। इससे पहले, राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यमिन नेतन्याहू ने कहा था पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से बढ़ गया और पूरे क्षेत्र में व्यापक जवाबी कार्रवाई हुई। ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के कार्यालयों के पास तेहरान समेत कई शहरों में विस्फोटों की खबर मिली। ईरान सरकारी मीडिया ने कम से कम दो सौ एक लोगों की मौत और सात सौ से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना दी है। समाचार कक्ष से फरहत नाज़।

*******

इस तनाव के कारण कई देश भी प्रभावित हुए हैं, अबू धाबी, बहरीन और कुवैत में भी विस्फोटों की सूचना मिली है। संयुक्त अरब अमीरात, कतर और कुवैत ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। दुबई हवाई अड्डे पर उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। इराक ने भी अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।

*******

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कल क्षेत्रीय तनाव के बीच, खाड़ी देशों के कई विदेश मंत्रियों से बातचीत की और संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में अपनी बातचीत साझा की।

डॉ. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल-नाहयान के साथ खाड़ी क्षेत्र की बदलती स्थिति पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत इस बिगड़ती स्थिति से चिंतित है। उन्होंने भारतीय समुदाय के कल्याण के प्रति संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री की प्रतिबद्धता की सराहना की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने सऊदी अरब के विदेश मंत्री शहजादे फैसल बिन फरहान से भी खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और भारतीय समुदाय की सुरक्षा में भारत की रुचि पर बल दिया। विदेश मंत्री ने कल शाम कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी से भी बात की। उन्हें कतर की स्थिति से अवगत कराया गया। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर दिए गए उनके आश्वासन का वे सम्मान करते हैं। डॉ. जयशंकर ने बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुललतीफ बिन राशिद अल ज़ायनी से क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात चिंता का विषय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बहरीन सरकार ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। विदेश मंत्री ने कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह से भी बात की। डॉ. जयशंकर ने तनाव बढ़ने पर भारत की चिंता का उल्‍लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए कुवैत के विदेश मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की वे सराहना करते हैं। अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*******

पश्चिम एशिया में भारतीय दूतावासों ने भारतीय नागरिकों से क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास ने देश में अस्थायी रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों से अपनी पिछली सलाह का पालन करने और समय पर सहायता और संचार की सुविधा के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करने का अनुरोध किया है।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इसके साथ ही अबू धाबी, रियाद, दोहा, दमिश्‍क, बगदाद, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास ने मौजूदा भारतीय नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 

*******

नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है ईरान और इस्राएल के बीच बढ़ते तनाव के कारण आज चार सौ 44 उड़ानें रद्द होने की संभावना है।

मंत्रालय ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय-डी.जी.सी. यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस के साथ मिलकर काम कर रहा है।

*******

एयर इंडिया ने आज रात 11 बजकर 59 मिनट तक इस क्षेत्र के सभी गंतव्यों के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं। एक अन्य परामर्श में, एयर इंडिया ने कहा कि आज के लिए निर्धारित 28 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

*******

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरश ने ईरान पर अमरीका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमलों की निंदा की है। उन्‍होंने खाड़ी क्षेत्र तथा विश्व को एक बड़े युद्ध से बचाने के लिए तत्काल बातचीत शुरू करने का आह्वान किया है। श्री गुतेरश ने कहा कि अमरीका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमले संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में सात हजार 100 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री राजस्थान और गुजरात के दौरे के बाद कल रात चेन्नई पहुंचे। एक रिपोर्ट-

पुद्दुचेरी में, प्रधानमंत्री आज सुबह 2 हजार सात सौ करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें चेन्नई बीच-चेन्नई एग्मोर चौथी रेल लाइन का उद्घाटन भी शामिल है। यह परियोजना चेन्नई उपनगरीय रेल नेटवर्क की परिचालन क्षमता बढ़ाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर में तमिलनाडु के मदुरै पहुंचेंगे। जहां वे 4 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और आधारशिला रखेंगे। तमिलनाडु में प्रसारण सेवाओं को और मजबूत करने के लिए, प्रधानमंत्री कुंभकोणम, येरकौड और वेल्लोर में तीन नए आकाशवाणी एफ.एम. रिले ट्रांसमीटरों का उद्घाटन करेंगे। ये ट्रांसमीटर क्षेत्रीय कवरेज का विस्तार करेंगे और निर्बाध एफ.एम. प्रसारण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, राज्य के कई जिलों में सार्वजनिक प्रसारण सेवाओं तक पहुंच बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री मदुरै में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वे तिरुप्पारनकुंड्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना भी करेंगे। जॉय की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, पूजा। 

*******

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए, निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर. के बाद पश्चिम बंगाल की अपूर्ण अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। सूची के अनुसार, राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 44 लाख 52 हजार 609 है। इसके अतिरिक्त, 60 लाख 6 हजार 675 मतदाताओं के नाम अभी विचाराधीन हैं। संबंधित मतदाता अगले 15 दिन में शिकायत और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

*******

गुजरात सेमीकनेक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 का आज गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में शुभारंभ होगा। इस अवसर पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगि‍की मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ मिलकर शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

गुजरात सेमी कनेक्ट कॉन्फ्रेंस में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और माइक्रोन टेक्नोलॉजी जैसी दिग्गज कंपनियों सहित आठ देशों के दो हजार पांच सौ से अधिक प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। दो दिवसीय इस शिखर सम्मेलन में धोलेरा में विश्व स्तरीय लॉजिस्टिक्स विकसित करने और सेमीकंडक्टर फाइनेंसिंग के लिए गिफ्ट सिटी गिफ्ट सिटी के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए जापान, ताइवान और दक्षिण कोरिया के साझेदारों के साथ उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गोलमेज बैठकों का भी आयोजन किया गया है। यह सम्मेलन वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में भारत की स्थिति सुरक्षित करने और दीर्घकालिक तकनीकी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*******

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि भारत की ताकत मूल रूप से उसकी बौद्धिक संपदा में निहित है। हैदराबाद के गाचीबौली में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित विज्ञान वैभव अंतरिक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए, श्री रेड्डी ने कहा कि सी.वी. रमन की विरासत आज भी आत्मनिर्भर भारत को प्रेरित करती है।

*******

आकाशवाणी समाचार ने विशेष कार्यक्रमों की नई श्रृंखला पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणीकी शुरुआत की है। इस श्रृंखला में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार विजेताओं से विशेष बातचीत की जाएगी।

श्रृंखला के पहली कड़ी में हम आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटी से बातचीत करेंगे। ये पॉडकास्ट आज शाम 5 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड चैनल से प्रसारित किया जाएगा।

*******

वहीं, आकाशवाणी समाचार प्रकृति की बात, आकाशवाणी के साथकी नई श्रृंखला में। पद्म भूषण, अनिल प्रकाश जोशी से विशेष बातचीत होगी। जिसमें मृदा संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन, जीवनशैली और पर्यावरण संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

ये पॉडकास्ट आज सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड चैनल से प्रसारित किया जाएगा।

*******

आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत का सामना आज वेस्टइंडीज से होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से कोलकाता के ईडन ग्रार्डन में खेला जाएगा। इस मैच का नतीजा टूर्नामेंट में भारत का भविष्य तय करेगा।

वहीं, दूसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे खेला जाएगा।

पाकिस्तान सुपर-8 के मैच में श्रीलंका पर पांच रन से जीत हासिल करने के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।

इस जीत के बावजूद, पाकिस्तान सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सका, क्योंकि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों के तीन-तीन अंक रहे। वहीं, न्यूजीलैंड ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका था। इंग्लैंड ने सुपर – 8 अपने तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल इस महीने की 4 और 5 तारीख को निर्धारित हैं, जबकि फाइनल 8 मार्च को होगा।

*******

दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श जारी किया है। यातायात पुलिस ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर बहादुरशाह जफर और जेएलएन मार्ग पर यातायात का मार्ग परिवर्तन या प्रतिबंध रहेगा और दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।

*******

मौसम विभाग ने केरल, माहे, पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में आज बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ तूफान की आशंका व्‍यक्‍त की है। देश के उत्तर-पश्चिमी भागों में अगले सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। देश के पूर्वी मैदानी क्षेत्रों में अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है।

*******

होली के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए, उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने कल नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। श्री पांडे ने स्टेशन कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों से भी बातचीत की और उन्हें भीड़ के दौरान यात्रियों के प्रति सतर्क और संवेदनशील रहने को कहा।

*******

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में कल एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 20 लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। मरने वालों में ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर थे।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमुकेश कुमार।

  1. अमरीका और इस्राएल के ईरान पर हमले को राजस्‍थान पत्रिका ने महासंग्राम बताते हुए लिखा है- मध्‍य एशिया में छिड़ी जंग। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- दुनियाभर में चिंता, जंग पर करीब से नज़र रख रहा है भारत।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कल देशव्‍यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू करने को अमर उजाला ने सर्विकल कैंसर से जंग का आगाज बताया है।
  3. मार्च में झेलनी पड़ सकती है अप्रैल जैसी गर्मी। दैनिक जागरण ने इसे प्रमुखता से देते हुए लिखा है- लम्‍बा और तीखा हो सकता है गर्मी का मौसम, आम जनजीवन, कृषि और बिजली की मांग पर पड़ सकता है असर।
  4. नवभारत टाइम्‍स ने अकेलेपन और डिजिटल दुनिया से खुद को जोड़े रखने को आज-कल की प्रमुख समस्‍या बताते हुए लिखा है कि इंसान को इंसान की जरूरत है, जो मशीन नहीं ले सकती। इसलिए रिश्‍तों में इन्‍वेस्‍टमेंट की जरूरत है। हम आभासी दुनिया को असली दुनिया समझने लगे हैं। राजस्‍थान पत्रिका कहता है- पढ़ कर मिलते हैं सवालों के जवाब, इसलिए पढ़ना जरूरी मोबाइल नहीं।
  5. दैनिक भास्‍कर की खास खबर है- बचपन की यादें मिटती नहीं, खजाना बनकर जेहन में बस जाती हैं; जो व्‍यक्तित्‍व और जीवन की नींव गढ़ती रहती हैं।
  6. अमर उजाला की ये खबर चिंता पैदा करती है कि हमारी यादें छीन रहा वायु प्रदूषण, डिमेंशिया का खतरा चालीस प्रतिशत बढा। पत्र आगे लिखता है- सिर्फ फेफड़ों और दिल की बिमारी नहीं, सीधे दिमाग को नुकसान पहुंचा रहा प्रदूषण।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत; ईरान में 40 दिन के राजकीय शोक की घोषणा।
  2. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कई खाड़ी देशों के विदेश मंत्रियों से बातचीत की; संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम करने का आह्वान किया।
  3. पश्चिम एशिया में भारतीय दूतावासों ने भारतीय नागरिकों से दिशा-निर्देश का पालन करने का आग्रह किया।
  4. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा- ईरान और इस्राएल के बीच बढ़ते तनाव के कारण आज 444 उड़ानें रद्द होने की संभावना।
  5. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु और पुडुचेरी में सात हजार एक सौ करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  6. पाकिस्तान, श्रीलंका से जीत के बावजूद टी20 विश्व कप क्रिकेट से बाहर; न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा।
  7. आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत का सामना आज कोलकाता के ईडन गार्डनस में वेस्टइंडीज से होगा।

******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.