मुख्य समाचार:-
- इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में आज नेताओं का साझा घोषणा पत्र अपनाया जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिखर सम्मेलन में व्यापार जगत के नेताओं के साथ गोलमेज बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री ने मानव प्रगति और सतत विकास के लिए एआई का उपयोग करने की साझा प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
- निर्वाचन आयोग ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रारंभिक कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
- गृह मंत्री अमित शाह आज असम के कछार जिले में जीवंत ग्राम कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा राहत पैकेज के लिए 7 अरब डॉलर से अधिक की राशि देने की घोषणा की।
- और, क्रिकेट में, कर्नाटक 11 वर्ष बाद रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा।
*******
नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के पांचवें दिन आज नेताओं द्वारा साझा घोषणा पत्र अपनाया जाएगा। इसमें वैश्विक एआई शासन और सहयोग के लिए सामूहिक प्रतिबद्धताओं की रूपरेखा शामिल होगी। इसके अलावा उच्च स्तरीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर वैश्विक साझेदारी परिषद की बैठकें होंगी। साथ ही सदस्य देश जिम्मेदार और समावेशी एआई पर बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रगति की समीक्षा करेंगे। सम्मेलन में पांच सौ से अधिक एआई नेता भाग ले रहे हैं। प्रदर्शकों, नवोन्मेषकों और आगंतुकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बीच इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो कल तक खुला रहेगा।
******* *******
इससे पहले कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें की। प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ़, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पॉहमेलॉ और ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी और अबू धाबी के युवराज ने विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने पारंपरिक और नए सहयोग क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के नई पहलों का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ़ के साथ आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन के लिए एआई का उपयोग करने के दृष्टिकोण पर विचार विमर्श किया। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र कार्यान्वयन के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पॉहमेलॉ ने व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहित आर्थिक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और एआई नवाचार में भविष्य के लिए तैयार साझेदारियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी और ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस ने भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। श्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को दिए गए मजबूत समर्थन के लिए श्री मित्सोटाकिस को धन्यवाद भी दिया।
******* *******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल समिट में व्यापार जगत के शीर्ष प्रतिनिधियों के साथ गोलमेज सम्मेलन की भी अध्यक्षता की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि व्यापार जगत के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की बैठक के सम्मेलन में एआई, प्रौद्योगिकी और नवाचार जगत के विभिन्न हितधारक एक साथ आए। उन्होंने इस दौरान हुई चर्चाओं को ज्ञानवर्धक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इसमें जिम्मेदारी के साथ एआई के विस्तार, वैश्विक सहयोग की मजबूती और विकास के अवसरों को खोलने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मानव प्रगति और सतत विकास के लिए एआई का उपयोग करने की साझा प्रतिबद्धता को देखकर खुशी हुई।
ये समिट जिस भारत में हो रही है वो भारत वन सिक्स ऑफ हयूमेनिटी प्रेजेंट करता है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी का देश है। सबसे बड़े टैक टैलेंट पूल का केन्द्र है। सबसे बड़े टैक एनेबल इकोसिस्टम का उदाहरण है। भारत नई टेक्नोलोजी बनाता भी है और उसे अभूतपूर्व तेजी से अपनाता भी है। इस समिट का भारत में होना भारत के साथ ही पूरे ग्लोबल साउथ के लिए गर्व का विषय है।
******* *******
वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि फ्रांस और भारत, राफेल विमानों पर सहयोग बढ़ाना चाहते हैं। कल नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान उन्होंने बताया कि भारत ने एक सौ 14 राफेल जेट विमानों का ऑर्डर देने और उनके सह-उत्पादन में रुचि दिखाई है। श्री मैक्रों ने कहा कि इस नए ऑर्डर में ‘मेक इन इंडिया‘ मुख्य भूमिका निभाएगा।
राफेल के संबंध में हम विस्तार करना चाहते हैं। भारत ने कुछ दिन पहले राफेल मिसाइलों के एक नए जत्थे 114 की कमान संभालने और सह उत्पादन करने की अपनी इच्छा की पुष्टि की थी। इस नए जत्थे में भारत का निर्माण मुख्य होगा। इसके अलावा हम रख–रखाव क्षमताओं में सहयोग को बेहतर बनाना चाहते हैं। दृष्टिकोण में विविधता लाना चाहते हैं और इसे एक प्रकार के पारस्परिक समझौते पर आधारित सहयोग बनाना चाहते हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत यात्रा का वीडियो साझा करते हुए कहा, “धन्यवाद भारत।”
******* *******
भारत और स्वीडन ने हरित प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और विकास में सहयोग को मजबूत करने तथा भारत–यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता ढांचे के अंतर्गत संलग्नता को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। कल नई दिल्ली में स्वीडन की उप-प्रधानमंत्री, एब्बा बुश के साथ बैठक में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने निवेशक अनुकूल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश-एफ डी आई तंत्र के बल पर भारत के प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में उभरने पर जोर दिया।
******* *******
इस बीच, दिल्ली यातायात पुलिस ने आज एआई इम्पैक्ट समिट के मद्देनजर सुबह 8 बजे से 10 बजे और शाम 5 बजे से 9 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था के संबंध में परामर्श जारी किया है। इसमें यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने, प्रभावित मार्गों से बचने और ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
******* *******
गृह मंत्री अमित शाह आज असम के कछार जिले में जीवंत ग्राम कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम सीमावर्ती गांवों के सुधार और आजीविका के अवसर पैदा करने पर केंद्रित है। गृह मंत्री भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल की नतूनपुर सीमा चौकी का भी दौरा करेंगे। श्री शाह सुरक्षा व्यवस्था, अवैध अप्रवासन और सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सीमा पर बाड़ लगाने की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। वे बराक घाटी में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के चुनाव अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। इसके बाद श्री शाह त्रिपुरा के अगरतला जाएंगे और शाम को असम लौट आएंगे।
******* *******
निर्वाचन आयोग ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण– एसआईआर से संबंधित तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है। एक रिपोर्ट
निर्वाचन आयोग ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण–एसआईआर से संबंधित तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है। आयोग ने इन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों से प्रारंभिक कार्यों को पूरा करने को कहा है। ये राज्य और केन्द्रशासित प्रदेश हैं: आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, लद्दाख, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना और उत्तराखंड। आयोग ने कहा कि वर्तमान में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का काम चल रहा है। शिवांग और आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची बाजपेई।
******* *******
नौवीं हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी– आईओएनएस के नौसेना प्रमुखों का सम्मेलन आज विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा। कई देशों के नौसेना प्रमुखों के इस उच्च स्तरीय सम्मेलन में भाग लेने की उम्मीद है। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा – आईएफआर और मिलान 2026 के साथ हो रहा है। आईओएनएस हिंद महासागर क्षेत्र की नौसेनाओं का एक स्वैच्छिक और समावेशी मंच है। भारत के नौसेना प्रमुख, रॉयल थाई नौसेना से हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी की अध्यक्षता ग्रहण करेंगे। भारत 2026-2028 कार्यकाल के लिए इस मंच का नेतृत्व करेगा।
******* *******
आज विश्व सामाजिक न्याय दिवस है। यह दिन गरीबी, बहिष्कार, लैंगिक असमानता और बेरोजगारी जैसे गंभीर वैश्विक मुद्दों से निपटने के लिए समर्पित है। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2007 में इस दिन को सभी के लिए निष्पक्षता, मानवाधिकार और सामाजिक सुरक्षा के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए नामित किया था। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सहयोग से आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे।
******* *******
अमरीका में वाशिंगटन डीसी में बोर्ड ऑफ पीस की पहली बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने बोर्ड के सदस्यों की ओर से गाजा राहत पैकेज के लिए 7 अरब डॉलर से अधिक की राशि देने की घोषणा की।
पिछले वर्ष अक्तूबर में बेहद जटिलताओं के बाद हासिल हुई युद्ध विराम संधि के बाद से अमरीका और हमारे सहयोगी व्यापक मानवीय सहायता पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। नवंबर में संयुक्त राष्ट्र परिषद् ने सर्वसम्मति से शांति बोर्ड को मंजूरी दी और पिछले महीने दाओेस में हमने इस अत्यंत महत्वपूर्ण नए संगठन में बीस से अधिक सदस्यों का स्वागत किया।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने सर्व-सम्मति से पारित उस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए, जिसमें बोर्ड ऑफ पीस के मार्गदर्शन के लिए वित्तीय अखंडता और पारदर्शिता के सिद्धांतों को स्थापित किया गया है।
******* *******
इस बीच, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह 10 से 15 दिनों के भीतर अमरीका के साथ परमाणु समझौते पर सहमत हो जाए। राष्ट्रपति ट्रंप ने बोर्ड ऑफ पीस की उद्घाटन बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अमरीका समझौता करना चाहता है लेकिन अगर कोई समझौता नहीं हुआ तो यह ईरान के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा।
******* *******
घरेलू क्रिकेट में, कर्नाटक 11 साल बाद रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा है। टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ में कर्नाटक और उत्तराखंड का मुकाबला पांचवें और अंतिम दिन ड्रॉ रहा। पहली पारी में दोहरा शतक बनाने वाले कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल में कर्नाटक का सामना जम्मू-कश्मीर से होगा। यह मैच 24 फरवरी को कर्नाटक के केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जायेगा।
******* *******
आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप ग्रुंप-बी के अंतिम मुकाबले में आज ऑस्ट्रेलिया और ओमान आमने सामने होंगे। श्रीलंका के पल्लेकेले में यह मैच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
******* *******
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक केरल और माहे में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
******* *******
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ
धन्यवाद फरहत ..इंडिया ए.आई इम्पैक्ट समिट 2026 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य टेक दिग्गजों के विचार आज सभी समाचार पत्रों में छाए हुए हैं। एआई में भारत का जलवा, मोदी ने दिया उपयोग का मानव मंत्र। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। देशबंधु ने प्रधानमंत्री मोदी के शब्द प्रकाशित किए हैं- एआई में भविष्य देख रहा भारत। अमर उजाला ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विचार भी साझा किए हैं- तकनीक को सर्वसुलभ बनाने में भारत कर रहा असली क्रांति, सभी उद्यमियों ने कहा- एआई का लोकतंत्रीकरण जरूरी। जनसत्ता ने विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा मुफ्त सुविधाएं देने पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी प्रकाशित की हैं। पत्र लिखता है- रेवडी संस्कृति देशहित में नहीं, राज्यों को रोज़गार के अवसर देने चाहिए। दैनिक जागरण के शब्द हैं- सुप्रीम सवाल, मुफ्त की सुविधाएं मिलेंगी तो लोग काम क्यों करेंगे। न्यायालय ने कहा, चुनावों से पहले मुफ्त उपहारों की संस्कृति विकास में बाधा। दिल्ली, उत्तराखंड समेत 22 राज्यों में अप्रैल से एस.आई.आर की तैयारी। उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों में फिलहाल चल रही हैं प्रक्रिया- हिन्दुस्तान की सुर्खी है। नवभारत टाइम्स ने देश की शिल्प परंपराओं का “कारीगर बाजार” जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आज से शुरू होने का समाचार दिया है। पत्र लिखता है- 200 से ज्यादा कलाकार पहुंचेगे। सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक होगा आयोजन। लोकसत्य ने अपने संपादकीय पन्ने पर आज समाजिक न्याय का विश्व दिवस पर लेख प्रकाशित किया है। विषय है- न्याय बने विकास की कसौटी। पत्र लिखता है- सामाजिक न्याय की अवधारणा अवसरों, संसाधनों और अधिकारों के निष्पक्ष वितरण से जुडी है। धन्यवाद मनोज ।
******* *******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में आज नेताओं का साझा घोषणा पत्र अपनाया जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिखर सम्मेलन में व्यापार जगत के नेताओं के साथ गोलमेज बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री ने मानव प्रगति और सतत विकास के लिए एआई का उपयोग करने की साझा प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
- निर्वाचन आयोग ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रारंभिक कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
- गृह मंत्री अमित शाह आज असम के कछार जिले में जीवंत ग्राम कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा राहत पैकेज के लिए 7 अरब डॉलर से अधिक की राशि देने की घोषणा की।
- क्रिकेट में, कर्नाटक 11 वर्ष बाद रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा।
*******