February 19, 2026 9:01 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
  2. ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनने और समाज में इसके व्यापक उपयोग को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर स्थिति में ।
  3. भारतीय खाद्य निगम ने वैश्विक भुखमरी से निपटने के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ चावल आपूर्ति का महत्‍वपूर्ण समझौता किया।
  4. देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में आज से रमज़ान का पवित्र महीना शुरू ।
  5. आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत ने कल रात अहमदाबाद में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया।
  6. छठी राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप आज से जम्मूकश्मीर में डोडा जिले के शिबनोट में शुरू।

******* *******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया ए.आई. इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतरेस और दुनिया भर के कई शीर्ष उद्योगपति भी संबोधित करेंगे। बाद में वे इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का दौरा भी करेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

प्रधानमंत्री दोपहर से शुरू होने वाले नेताओं के पूर्ण सत्र में भाग लेंगे। इसमें राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और बहुपक्षीय संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि एक साथ मिलकर एआई पर राष्ट्रीय और वैश्विक प्राथमिकताओं के रूपरेखा तैयार करेंगे। जिसमें शासन, अवसंरचना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग शामिल है। वहीं, प्रधानमंत्री शाम को सीईओ राउंड टेबल में भाग लेंगे, इसमें वैश्विक प्रौद्योगिकी और उद्योग जगत की कंपनियों का वरिष्ठ अधिकारी सरकार के साथ मिलकर निवेश, अनुसंधान सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला और एआई प्रणाली के उपयोग पर चर्चा करेंगे। इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 की थीम है सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय, इसका उद्देश्य भारत को एआई के क्षेत्र में अग्रणी देश के रूप में स्थापित करना और एक ऐसे भविष्य की कल्पना करना है, जहां एआई मानवता को आगे बढ़ाए, समावेशी विकास को बढ़ावा दें और साझा धरती की रक्षा करें। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******* *******

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के लिए वैश्विक नेता लगातार नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पॉहमेलॉ आज राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में बताया कि राष्ट्रपति पार्मेलिन की यात्रा से भारत-स्विट्जरलैंड की साझेदारी पारस्परिक हित के विभिन्न क्षेत्रों में और अधिक मजबूत होगी।

******* *******

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि भारत एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनने और समाज में इसके व्यापक उपयोग को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर स्थिति में है। नई दिल्ली में आयोजित इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान श्री सुनक ने एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में एआई के प्रति अपार आशावाद और विश्वास है, जबकि पश्चिम में इस समय चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि भारत एआई में नेतृत्व के लिए अच्छी स्थिति में है।

भारत ने यह समझ लिया है कि प्रौद्योगिकी में नेतृत्व केवल इसके आविष्कार पर ही नहीं बल्कि इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप इसे अपने देश में कितनी प्रभावी ढंग से लागू करते हैं। इसे, व्यापक स्तर पर अपनाने पर ध्यान केंद्रित करके, और यहाँ मौजूद प्रतिभाओं, मजबूत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और प्रौद्योगिकी के प्रति उत्सुक और उत्साही लोगों के समर्थन से, भारत एआई में नेतृत्व के लिए अच्छी स्थिति में है।

******* *******

गूगल ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में घोषणा की है कि वह पांच वर्षों में 15 अरब डॉलर के निवेश से समुद्र के अंदर नए केबलों के माध्यम से भारत को अमरीका से जोड़ेगा। कंपनी ने इस अवसंरचना पहल को अमरीकाइंडिया कनेक्ट का नाम दिया है। इस पहल के माध्यम से विशाखापट्टणम में समुद्र के अंदर एक नया अंतरराष्ट्रीय गेटवे स्थापित किया जाएगा। कंपनी ने यह भी बताया कि भारत को सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से जोड़ने के लिए समुद्र के अंदर तीन नए मार्ग और चार रणनीतिक फाइबर-ऑप्टिक मार्ग स्थापित किए जाएंगे।

नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा कि यह पहल भारत, अमरीका और दक्षिणी गोलार्ध के कई स्थानों के बीच एआई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए समु्द्र के अंदर नए केबल मार्ग उपलब्ध कराती है।

******* *******

इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पॉन्ड्रिक ने कहा है कि भारत में इस्पात की खपत में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। यह वर्ष 2014-15 में सात करोड 70 लाख टन से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 15 करोड़ 20 लाख टन हो गया है। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में कल इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में इस्पात मंत्रालय के पवेलियन में आयोजित एक सत्र को संबोधित करते हुए कही।

श्री पॉन्ड्रिक ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की कच्चे इस्पात उत्पादन क्षमता वर्ष 2030-31 तक तीस करोड़ टन और वर्ष 2035-36 तक 40 करोड़ टन तक पहुंचने की उम्मीद है।

******* *******

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के मद्देनजर एक सामान्य परामर्श जारी किया है। इसमें पंजीकृत प्रतिनिधियों के लिए संशोधित प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था का उल्लेख किया गया है। परामर्श के अनुसार, भारत मंडपम  एक्सपो एरीना, पंजीकृत और एक्सपो प्रतिनिधियों के लिए बंद रहेगा, जबकि कन्वेंशन सेंटर में प्रवेश केवल आमंत्रण द्वारा ही होगा।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि उद्घाटन समारोह के लिए मान्य बैज रखने वाले आमंत्रित व्यक्तियों को सुबह 6 बजे से गेट नंबर 4 या गेट नंबर 10 से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

******* *******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

******* *******

भारतीय खाद्य निगम ने विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ एक महत्‍वपूर्ण समझौता किया है। इसके अंतर्गत भारत वैश्विक भुखमरी से निपटने के लिए दो लाख मीट्रिक टन चावल की आपूर्ति करेगा।

केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने इस समझौतें के बारे में जानाकरी दी।

खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा कि यह समझौता किसी को भी भूखा न रहने देने के देश के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत कुपोषण और खाद्य असुरक्षा से निपटने में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ खड़ा होगा।

******* *******

कॉफी उद्योग ने भारत और अमरीका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते का स्वागत किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए बेंगलुरु के कॉफी रोस्टर श्रीकांत राव ने कहा कि इस समझौते से कॉफी क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि टैरिफ में कमी से निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, जिससे इस क्षेत्र से जुड़े किसानों को दीर्घकालिक लाभ होगा।

******* *******

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया-एस.आई.आर. के अन्तर्गत बड़ी संख्या में मतदाताओं के दस्तावेज़ ऑनलाइन अपलोड करने में विफल रहने के लिए संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है।

सुनवाई समाप्त होने के चार दिन बाद भी लगभग एक लाख पंद्रह हजार दस्तावेज़ अभी तक अपलोड नहीं किए गए हैं।

आयोग ने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया था कि यदि कोई आवेदन अस्वीकृत किया जाता है, तो उसका विशिष्ट कारण स्पष्ट रूप से बताया जाना चाहिए।

******* *******

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने वृक्षारोपण संकल्प के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज नई दिल्ली के पूसा में एक विशेष कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। यह कार्यक्रम उस हरित यात्रा के जश्न के रूप में है जिसकी शुरुआत उन्होंने 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के अवसर पर की थी।

******* *******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने तोशिमित्सु मोटेगी को जापान के विदेश मंत्री के रूप में पुनः नियुक्त होने पर बधाई दी है। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के लिए भारत-जापान सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्‍य से उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

******* *******

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो-एनसीबी ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ब्राज़ील के एक यात्री से साढ़े चार किलोग्राम से अधिक कोकीन जब्त की है, जिसका अनुमानित मूल्य 23 करोड़ रुपये से अधिक है। एनसीबी की बेंगलुरु इकाई ने कल तड़के आरोपी को विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया। ब्यूरो ने बताया कि चार महिलाओं के हैंडबैग को विशेष रूप से संशोधित कर, उनमें कोकीन से युक्त कपड़े रखे गए थे। आरोपी को गहन पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

******* *******

छत्तीसगढ़ से पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आधिकारिक भ्रमण के तहत सिक्किम के ग्यालशिंग जिले का दौरा किया। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों के प्रमुख कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के साथ-साथ सिक्किम में चल रही विभिन्न विकास पहलों का अवलोकन करना था।

******* *******

खेल खबरों के साथ हैं, जया भारती।

शुरूआत आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप से, जहां मौजूदा चैंपियन भारत ने कल रात अहमदाबाद में ग्रुप ए के अंतिम मैच में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 193 रन बनाए। जवाब में, नीदरलैंड्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना सका। उधर, भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज कैनबरा में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के साथ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का दूसरा मैच खेलेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। छठी राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिपअल्टीमेट रिवर बैटल आज से जम्मूकश्मीर में डोडा जिले के शिबनोट में शुरू हो रही है। चार दिन तक चलने वाली इस चैंपियनशिप का उद्देश्य देश भर के शीर्ष राफ्टिंग प्रतिभाओं को प्रदर्शित करना और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना है।

******* *******

देश के कई हिस्सों में कल शाम चाँद दिखाई देने के साथ ही आज से रमज़ान का पवित्र महीना शुरू हो गया है।

आज रमजान के पवित्र महीने का पहला दिन है। रमज़ान इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना है और इस महीने के अंत में ईदउलफितर मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को शुभकामनाएं दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने रमजान मुबारक कहा और आशा व्यक्त की शुभ महीना समाज में एकता की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने यह भी कामना की सभी जगह शांति और समृद्धि बनी रहे। समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।

******* *******

जानकारी मौसम की…मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवा चलने और हल्‍की बूंदा-बांदी की संभावना जताई है। उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार तक अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की आशंका है। गुजरात और महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की उम्मीद है।

******* *******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******* *******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

  1. इंडिया एआई इम्‍पैक्‍ट समिट से जुडी खबरें आज भी अखबारों की सुर्खी बनी हैं। नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- दुनिया की नजर आज भारत पर। एआई इम्‍पैक्‍ट समिट के लिए दिल्‍ली में जुटे बडे नेता और सीईओ। प्रधानमंत्री मोदी ने किया स्‍वागत, आज समिट के उद्घाटन समारोह में लेंगे हिस्‍सा।
  2. हिन्‍दुस्‍तान ने प्रधानमंत्री मोदी के शब्‍दों को दिया है भारत-यूरोप संबंधो का स्‍वर्णिम युग शुरू। सात राष्‍ट्र अध्‍यक्षों से मुलाकात की। 
  3. दिग्‍गज आईटी कंपनी गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का बयान अमर उजाला में है- भारत बनेगा एआई वैश्विक शक्ति। कहा- भारत और अमरीका के बीच तेज गति के एआई संपर्क के लिए समुद्र के नीचे केबिल गेट-वे बिछाया जाएगा।
  4. वहीं, दैनिक जागरण की सुर्खी है एआई विकास के लिए कंपनियों ने खोली तिजोरी। गूगल, माइक्रोसाफ्ट, क्‍वालकॉम और एनवीडिया जैसी दिग्‍गज कंपनियां भारत में करेंगी निवेश।
  5. एआई समिट में चीनी रोबोट को अपना बताने वाली प्राइवेट यूनिवर्सिटी के खिलाफ कार्रवाई पर भी अखबारों की नजर है। देशबन्‍धु लिखता है- गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर गिरी गाज, एआई समिट से दिखाया गया बाहर का रास्‍ता।
  6. दुष्‍कर्म पर इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक विवादित आदेश के खिलाफ सर्वोच्‍च न्‍यायालय का फैसला दैनिक ट्रिब्‍यून सहित कई अखबारों में है। शीर्ष न्‍यायालय ने हाई कोर्ट के आदेश को रद्द करते हुए कहा- निजी अंग छूना भी रेप के प्रयास की श्रेणी में।  
  7. बदसलूक यात्रियों की उड़ान पर 30 दिन तक बैन लगा सकेंगी एयरलाइंस। दैनिक भास्‍कर की खबर है- नागर विमानन महानिदेशालय-डी.जी.सी.ए ने कड़े नियमों का दिया प्रस्‍ताव। दुर्व्‍यवहार करने पर छह माह तक बैन संभव।
  8. मैक्रों और मोदी शीर्षक से अमर उजाला ने सम्‍पादकीय में लिखा है- फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ दिखी गर्मजोशी और ऐतिहासिक समझौते महत्‍वपूर्ण हैं। संदेश साफ है कि बदलती भू-राजनीति में दोनों ही देश अमरीका और चीन से अलग बहुस्‍तरीय तथा बहुआयामी साझेदारी की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।  

******* *******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
  2. ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा – कि भारत एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनने और समाज में इसके व्यापक उपयोग को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर स्थिति में ।
  3. भारतीय खाद्य निगम ने वैश्विक भुखमरी से निपटने के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ चावल आपूर्ति का महत्‍वपूर्ण समझौता किया।
  4. देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में आज से रमज़ान का पवित्र महीना शुरू ।
  5. आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत ने कल रात अहमदाबाद में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया।
  6. छठी राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप आज से जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के शिबनोट में शुरू।

******* *******