February 17, 2026 9:05 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन से मुलाकात करेंगे; दोनों नेता भारतफ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन भी करेंगे।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री कैटरीन वोट्रॉं बेंगलुरु में छठे भारतफ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सहअध्यक्षता करेंगे।
  3. सीबीएसई ने 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए पात्रता स्पष्ट की: बोर्ड की पहली परीक्षा सभी छात्रों के लिए अनिवार्य।
  4. बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान आज बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। ढ़ाका में शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे।
  5. श्रीलंका ने टी-20 क्रिकेट विश्व कप के ग्रुप बी मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर 8 स्‍टेज के लिए क्वालीफाई किया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। श्री मैक्रों आज से भारत की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह राष्ट्रपति मैक्रों का भारत का चौथा दौरा है। एक रिपोर्ट….

चर्चा रणनीतिक साझेदारी को और सुदृण करने तथा इसे नए और उभरते क्षेत्रों में विस्तारित करने पर भी केंद्रित होगी। शाम को प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के अध्यक्ष मैक्रों इंडियाफ्रांस यूरोप इनोवेशन 2026 का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के उद्योग जगत के नेताओं, स्टार्टअप प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं और अन्य नव प्रवर्तकों को संबोधित करेंगे। अंकीता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

*******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री कैटरीन वोट्रॉं आज बेंगलुरु में छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के सभी आयामों की समीक्षा की जाएगी और विशेष रूप से औद्योगिक साझेदारी के विस्तार को केंद्र में रखते हुए चर्चा होगी।

आज बेंगलुरु में भारत फ्रांस छठे डिफेंस डायलॉग द्वारा दोनों राष्ट्रों के बीच रक्षा संबंधी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। आज दोनों राज 10 साल की अपनी समझौते को दोहराने वाले हैं जिससे रक्षा संबंधी उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और फ्रांस के सैफरन इलेक्ट्रॉनिक साथ मिलकर हैमर मिसाइल तैयार करने पर बात करेंगे। वे …… टाटा एडवांस सिस्टम्स और एयरबस द्वारा तैयार किए गए एच 125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर असेंबली फैसिलिटी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा वर्चुअल किया जाएगा। यहां 2027 से हेलीकॉप्टर बना आरंभ होगा। सुधीन्द्र आकाशवाणी समाचार, बैंगलुरू।

*******

इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 नई दिल्ली के भारत मंडपम में जारी है। पांच दिवसीय यह सम्मेलन ग्‍लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है। इस आयोजन में बीस देशों के नेता भाग ले रहे हैं। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से…

कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारत के विकास की यात्रा में अहम भूमिका निभा रही है। इससे शासन व्यवस्था मजबूत हो रही है और आम लोगों तक सरकारी सेवाएं बेहतर तरीके से पहुंच रही है।  5 दिन का भारत एआई इंपैक्ट शिखर सम्मेलन दुनिया भर के नेताओं नीति निर्माताओं, तकनीकी कंपनियों, नवाचार कर्ताओं, और विशेषज्ञों को एक मंच पर ला रहा है। आज सम्मेलन के दूसरे दिन उच्च स्तरीय पैनल चर्चा जारी रहेगी। एआई से जुड़ी कई विशेष ज्ञान पुस्तिकाओं का भी लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही अप्लाइड एआई पर एक विशेष संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।

*******

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज नई दिल्ली में आयोजित भारत ए.आई इम्पैक्ट शिखर सम्‍मेलन में दो राष्ट्रीय पहलों की शुरूआत करेंगे। इन पहलों में भारत में स्वास्थ्य सेवा में ए.आई के लिए रणनीति और स्वास्थ्य एआई के लिए बेंचमार्किंग ओपन डेटा प्लेटफॉर्मबीओडीएच शामिल हैं। एस.ए.एच.आई एक राष्ट्रीय मार्गदर्शन ढांचा है, जो भारत की स्वास्थ्य प्रणाली में ए.आई को सुरक्षित, नैतिक रूप से अपनाने में सक्षम बनाता है।

*******

शिक्षा मंत्रालय आज भारत एआई इम्पैक्ट शिखर सम्‍मेलन में ‘भारत में एआई क्षेत्र में प्रगति’ विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित करेगा।

सत्र में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी भाग लेंगे।

मंत्रालय ने बताया है कि यह सत्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति के दृष्टिकोण और विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने इस वर्ष से लागू दसवीं की नई बोर्ड परीक्षा योजना के तहत पात्रता नियमों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। एक रिपोर्ट….

बोर्ड ने कहा है कि केवल वे छात्र जो पहली परीक्षा में काम से कम तीन विषयों में शामिल होंगे उन्हें ही दूसरी परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी। बोर्ड ने यह भी बताया कि दूसरी परीक्षा केवल कुछ विशेष श्रेणियां के विद्यार्थियों के लिए है जो छात्र पहली परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और अपने अंक सुधारना चाहते हैं वह इंप्रूवमेंट कैटेगरी के तहत पुनः परीक्षा दे सकते हैं। उन्हें विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और आशाओं सहित तीन मुख्य विषयों में सुधार का अवसर मिलेगा। जिन विद्यार्थियों को पहली परीक्षा में किसी विषय में कंपार्टमेंट मिला है वह कंपार्टमेंट श्रेणी के अंतर्गत दूसरी परीक्षा देकर उस परीक्षा को उत्तीर्ण कर सकते हैं, इसके अतिरिक्त जो छात्र परीक्षा पास कर चुके हैं लेकिन अपना समग्र परिणाम बेहतर करने के लिए किसी विषय को बदलना चाहते हैं उन्हें भी दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी। अंकित कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से आंध्र प्रदेश की दो दिन की यात्रा पर हैं। जहां वह अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा परेड-आईएफआर देखेंगी। राष्ट्रपति शाम को विशाखापत्तनम पहुंचेंगी। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू उनका स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर के रूप में कल आईएफआर 2026 में भाग लेंगी। वह विशाखापत्तनम तट पर भारत और मित्र देशों के जहाजों, पनडुब्बियों तथा विमानों के बेड़े का निरीक्षण करेंगी।

*******

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज गुजरात में राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों के उच्च स्तरीय राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। इसका आयोजन गांधीनग के महात्मा मंदिर में होगा।

मंथननाम का यह सम्‍मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहकार से समृद्धिके विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और सदस्य-केंद्रित बनाने के लिए संरचनात्मक सुधारों पर विचार करना है। एक रिपोर्ट…

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह दो लाख नए बहु उदृश्य समितियों की स्थापना और दुनिया की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के तहत आधुनिक गोदामों के देश व्यापी विस्तार की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही चर्चा का मुख्य केंद्र राज्यों को निर्यात और बीज के लिए नवगठित राष्ट्रीय निकायों के साथ जोड़ना और पैक्स का समयबद्ध कंप्यूटरीकारण करने पर होगा। इस सम्मेलन में सहकारी बैंकों के डिजटलीकारण राज्य सहकारी कानून में कानूनी सुधार अमूल और एनडीडीबी के सहयोग से डेयरी नेटवर्क के विस्तार पर भी विचार विमर्श किया जाएगा। बैठक का उद्देश्य सहकारी समितियां को जमीन स्तर पर रोजगार और ग्रामीण आत्मनिर्भरता के शक्तिशाली इंजन के रूप में परिवर्तित करना है अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*******

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जयपुर में देशभर के किसानों के लिए नए डिजिटल साथी, “भारत-विस्तार” का शुभारंभ करेंगे। किसानों को प्रौद्योगिकी से सशक्त बनाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया यह एआई-आधारित प्लेटफॉर्म मौसम संबंधी अपडेट, मंडी के भाव, कीट एवं रोग प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य, फसल संबंधी सलाह और सरकारी योजनाओं से संबंधित सभी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा।

*******

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी आज बायो एशिया 2026 अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के 23वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। दो दिन का यह वैश्विक सम्मेलन हैदराबाद अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का विषय है टेकबायो अनलीश्ड:  एआई ऑटोमेशन और जीवविज्ञान में क्रांति

*******

बांग्लादेश के ढाका में आज बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री शामिल रहेंगे। एक रिपोर्ट..

पूर्व प्रधानमंत्री खालदा जिया के पुत्र और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार 13वें संसदीय चुनाव में 297 में से 209 सीटों की बड़ी जीत के बाद शपथ लेने जा रही है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन दोपहर में जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधि मंडल को पद की शपथ दिलाएंगे। लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास बंग भवन की बजाय संसद परिसर में होगा। नवल सिंह परमार, आकाशवाणी समाचार, ढाका।

*******

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमरीका के साथ परमाणु वार्ता के दूसरे दौर के लिए जिनेवा पहुंचे हैं। यह वार्ता ऐसे समय पर हो रही है जब इस क्षेत्र में अमरीका की सैन्य तैनाती को लेकर तनाव बना हुआ है।

ईरान के अनुसार, यह वार्ता अप्रत्यक्ष रूप से ओमान की मध्यस्थता में होगी। अमरीका ने संकेत दिया है कि वह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय सहयोगियों को दिए जा रहे समर्थन सहित व्यापक मुद्दों पर चर्चा चाहता है।

*******

पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की रोशनी में सुधार की खबर है। दो डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद बताया कि उनकी आंख की स्थिति पहले से बेहतर है और दृष्टि में भी सुधार है। इमरान खान ने अपनी दाहिनी आंख में केवल 15 प्रतिशत दृष्टि होने की शिकायत दर्ज करवाई थी, जिससे बाद शीर्ष अदालत ने जांच का आदेश दिया था।

*******

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ इलाकों में गरज और बिजली गिरने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। राजस्थान में भी दिन के दौरान इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय कर्नाटक में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। ओडिशा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

*******

क्रिकेट में, श्रीलंका ने टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर आठ स्‍टेज के लिए क्वालीफाई किया।

कल रात पल्लेकेले में, श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर आईसीसी मैन्स टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में प्रवेश कर लिया है। 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, श्रीलंका ने 18 ओवरों में सिर्फ दो विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाकर मैच जीत लिया। पथुम निसांका ने टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ा जो सिर्फ 52 गेंदों में आया। वहीं, कुसाल वैंडिस ने अर्ध शतक लगाया। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया को मिशेल मार्श और ट्रैविस हेड के तेज अर्धशतकों ने मजबूत शुरुआत दिलाई। लेकिन मध्य ओवरों में श्रीलंकाई स्पिनरों ने रन गति पर लगाम कस दी। दुशान हेमंथा ने तीन विकेट और दुशमंथा चमीरा ने दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 181 रन पर ही पर रोक दिया। अहमद मोईन फारूकी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

  1. इंडिया ए.आई. इंपैक्‍ट समिट 2026 आज के सभी अखबारों के मुख पृष्‍ठ पर है। दैनिक जागरण की सुर्खी है- दिल्‍ली में ए.आई. महाकुंभ का शुभारंभ। प्रधानमंत्री मोदी ने किया इंडिया ए.आई. इंपैक्‍ट एक्‍सपो का उद्घाटन। हिन्‍दुस्‍तान ने प्रधानमंत्री के शब्‍दों को दिया है- भारत ए.आई. डिप्‍लोमेसी से विश्‍व का नेतृत्‍व करेगा। दैनिक ट्रिब्‍यून लिखता है- पीएम मोदी ने किया एआई फॉर ऑल का आह्वान।
  2. हिन्‍दुस्‍तान ने अपने संपादकीय में लिखा है- इस ऐतिहासिक आयोजन से देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बहुत बल मिलने वाला है। भारत कृत्रिम बुद्धिमतता के क्षेत्र में दुनिया का तीसरा सबसे प्रतिस्‍पर्धी देश बनकर उभरा है, साथ ही चौथी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था भी है। इसलिए भारत में ए.आई. शिखर सम्‍मेलन का आयोजन बहुत महत्‍वपूर्ण हो गया है।
  3. धर्मस्‍थलों में महिलाओं से भेदभाव पर नौ जजों की संविधान पीठ करेगी सुनवाई। अमर उजाला लिखता है- मुख्‍य न्‍यायाधीश की अध्‍यक्षता वाली पीठ ने सभी पक्षों को 14 मार्च तक लिखित दलीलें पेश करने को कहा।
  4. शादी से पहले संबंधों में किसी पर भरोसा न करें। सर्वोच्‍च न्‍यायालय की यह टिप्‍पणी राजस्‍थान पत्रिका में है। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा- शादी से पहले लड़का-लड़की एक-दूसरे के लिए अजनबी, सावधान रहें।
  5. 80 हजार करोड़ रुपये की ग्रेट निकोबार परियोजना को राष्‍ट्रीय हरित अधिकरण-एन.जी.टी. की मंजूरी को जनसत्‍ता ने पहले पन्‍ने पर दिया है। केन्‍द्र की महत्‍वकांक्षी ग्रेट निकोबार मेगा इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर परियोजना को मिली हरी झंडी।
  6. ड्रग तस्‍करी पर लगाम के लिए देशभर में बिछेगा सीसीटीवी कैमरों का जाल। गृहमंत्री अमित शाह का यह बयान अमर उजाला में है। दिल्‍ली पुलिस के उनासीवें स्‍थापना दिवस पर गृहमंत्री ने कहा- नई सुरक्षा व्‍यवस्‍था से नशे से जुड़े अपराधों पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन से मुलाकात करेंगे; दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन भी करेंगे।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा फ्रांस की रक्षा मंत्री केटरीन वोट्रॉन बेंगलुरु में छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे।
  3. सीबीएसई ने 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए पात्रता स्पष्ट की: बोर्ड की पहली परीक्षा सभी छात्रों के लिए अनिवार्य।
  4. बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान आज बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। ढ़ाका में  शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे।
  5. श्रीलंका ने टी20 क्रिकेट विश्व कप के ग्रुप बी मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया।

******

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.